City Media - Page 18 of 1840 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 18

दल्ली राजहरा बस स्टैंड में होटल संचालक के साथ मारपीट

0

दल्लीराजहरा। नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक होटल में चाय-नाश्ते के पैसे मांगने पर होटल संचालक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना में होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बस स्टैंड क्षेत्र स्थित “आदिल होटल” के संचालक अब्दुल यूसुफ ने राजहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह मंगलवार दोपहर अपने होटल में कैश काउंटर पर बैठा हुआ था।इसी

दौरान वार्ड क्रमांक 20 निवासी अजय बिहारी, निजाम शरीफ, पिट्टू सोनी उर्फ लक्ष्मीनारायण सोनी एवं विजय बिहारी होटल पहुंचे और वहां चाय-नाश्ता किया।होटल संचालक द्वारा जब उनसे पैसे मांगे गए तो आरोपी भड़क गए और विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने होटल बंद करा देने की धमकी देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सभी ने मिलकर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। विरोध करने पर अजय बिहारी ने अपने छोटे भाई विजय बिहारी को फोन कर मौके पर बुलाया। कुछ अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर होटल संचालक अब्दुल यूसुफ के साथ जमकर मारपीट की।मारपीट में होटल संचालक के सिर, दाहिने जबड़े और दोनों आंखों के नीचे गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना मिलते ही राजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कीपुलिस

ने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 119(1), 191(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र के व्यापारियों और होटल संचालकों में आक्रोश का माहौल है।

भाजपा नगरनार मंडल में पांच मोर्चों की नई कार्यकारिणी

0

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी ने नगरनार मंडल में पांच मोर्चों की नवीन कार्यकारिणी व पदाधिकारियों की घोषणा की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय की अनुमति से भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने नगरनार मंडल में महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा व अनुसूचित जाति मोर्चा की नई कार्यकारिणी की घोषणा की है।

भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी घरत, उपाध्यक्ष पुष्पा मिश्रा, रेवती सेठिया, सुमन ठाकुर, महामंत्री राधा वड्डे व वृंदा साहू नियुक्त की गई हैं। मंत्री कमली ठाकुर, धनकेशरी, प्रमिला, कोषाध्यक्ष दलजीत चालकी, सह कोषाध्यक्ष सुषमा यादव नियुक्त की गई हैं। भाजपा किसान मोर्चा, मंडल अध्यक्ष का दायित्व घनश्याम सेठिया को सौंपा गया है। उपाध्यक्ष लिंगेश्वर सेठिया, त्रिपति नागेश, शिरो नाग, थनुर्जय बघेल, महामंत्री बलराम नाग व जयंत जोशी बने हैं। वहीं मंत्री खगेश्वर देवांगन, भगवती कश्यप, प्रेम सेठिया, राजेंद्र नाग, सोनधर कश्यप, कोषाध्यक्ष भीषम नेताम, सह कोषाध्यक्ष दयालु कश्यप, मीडिया प्रभारी मेहत्तर नाग, सह मीडिया प्रभारी बनसिंह ठाकुर नियुक्त हुए हैं। पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल अध्यक्ष दुजेश्वर देवांगन, उपाध्यक्ष धनुर्जय देवांगन, पुनीत साहू, आनंद राव, राजेश सेठिया, महामंत्री किरत सागर यादव व मुरली मनोहर दास को बनाया गया है। कोषाध्यक्ष गौतम ठाकुर, सह कोषाध्यक्ष गोविंद देवांगन, मंत्री सूरज सेठिया, नारायण ठाकुर, भूपेंद्र ठाकुर, आशीष ठाकुर, जयमन सेठिया व मीडिया प्रभारी बनें हैं। अजजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीलकंठ ध्रुव, उपाध्यक्ष गुखबंधु रामप्रसाद गोयल, अनंतराम मौर्य, उमेश नाग, महामंत्री रामचंद्र बघेल व सूरज नाग बनाए गए हैं। मंत्री पद पर मनीराम बघेल, मन्नू राम बघेल, सम्पत कश्यप, रैनू बघेल, लछिंदर भारती, कोषाध्यक्ष प्रेम नाग, सह कोषाध्यक्ष मनदेव बघेल, मीडिया प्रभारी गिरीश घरत, सोशल मीडिया प्रभारी आसमान भारती व कार्यालय प्रभारी नीलकंठ नाग की नियुक्ति की गई है। अजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कश्यप, उपाध्यक्ष हरिसिंह बेसरा, पीलादास नेताम, देवकी कश्यप, महामंत्री देवराज सोनवानी व जयराम बघेल, मंत्री मनीष चालकी, महादेव नाग, आनंद नाग, कोषाध्यक्ष तिलक बेसरा, सह कोषाध्यक्ष जगतराम बेसरा, कार्यालय मंत्री हरिनाथ नायर, मीडिया प्रभारी प्रीतम पात्रे, सह मीडिया प्रभारी रिंकू चालकी, सोशल मीडिया प्रभारी योगेंद्र नाग, सह सोशल मीडिया प्रभारी धरम सिंह कश्यप, छात्रावास प्रभारी छेवदास बघेल, महिला प्रमुख रिंकी बेसरा, आईटी सेल प्रभारी महेश नागेश नियुक्त हुए हैं।

आठ आदिवासी परिवार लौट आए मूल धर्म में, ईलाज के नाम पर हुआ था ब्रेनवाश

0

अबूझमाड़ तक फैला है मतांतरण का जाल

घर वापसी पर हुआ धूमधाम से स्वागत

अर्जुन झा-

जगदलपुर नक्सली आतंक से मुक्त बस्तर के आदिवासी अब मतांतरण के भी कुचक्र से बाहर निकलते जा रहे हैं। मनो वैज्ञानिक तरीके से ब्रेनवाश कर धर्मांतरित किए गए आदिवासी तेजी से अपनी जड़ों की ओर लौट रहे हैं। ऐसे ही एक घटनाक्रम में अबूझमाड़ जैसे दुरूह और अति संवेदनशील क्षेत्र के आठ आदिवासी परिवार अपने मूल धर्म में लौट आए हैं।

बस्तर संभाग में अबूझमाड़ वह क्षेत्र है, जहां के कई गांवों में अफसरों और जनप्रतिनिधि के तक कदम नहीं पड़ पाए हैं। वहां एक तो नक्सली काबिज रहे हैं और दूसरे मतांतरण कराने वाले लोग। ये लोग सेवा, ईलाज आदि के नाम पर भोले भाले आदिवासियों का ब्रेनवाश कर उन्हें अपने समाज व धर्म में शामिल करते आए हैं। कथित चंगाई सभाओं में बीमारियां ठीक करने का दावा करते हुए हजारों आदिवासियों काकन्वर्जन करा लिया गया है। लेकिन अब बयार उलटी बहने लगी है। कन्वर्ट हो चुके आदिवासियों का उस मायाजाल से मोहभंग होता जा रहा है और वे फिर अपनी जड़ों से जुड़ने लगे हैं। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के 84 परगना छोटेडोंगर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सामाजिक घटनाक्रम सामने आया है। 11 मई को ग्राम धनोरा और ग्राम जम्हरी के आठ आदिवासी परिवारों ने ईसाई धर्म त्याग कर पुनः अपने मूल धर्म और आदिवासी संस्कृति को अपना लिया है। ग्राम पंचायत धनोरा में आयोजित एक सामाजिक बैठक में समाज के वरिष्ठों, मांझी, मुखियाओं और ग्रामीणों की उपस्थिति में इन परिवारों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। पारंपरिक पूजा-पाठ और सामाजिक विधि-विधान के साथ शुद्धिकरण कर उन्हें आदिवासी समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल किया गया।

बीमारी बनी थी वजह

मूल धर्म में लौटने वालों में लक्ष्मीनाथ उसेंडी, मसी उसेंडी, रामदई उसेंडी और रुचि उसेंडी जैसे नाम प्रमुख हैं। रामदई उसेंडी ने बताया कि वर्षों पहले परिवार में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण वे मिशनरी प्रार्थना सभाओं और ‘चंगाई कार्यक्रमों’ जाने लगी थीं। वहां प्रार्थना से बीमारियां ठीक होने का दावा किया गया था। सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेता गायता प्रदीप उसेंडी और राकेश उसेंडी ने इस वापसी को धर्म स्वतंत्रता विधेयक और समाज में बढ़ती जागरूकता का परिणाम बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूर-दराज के इलाकों में अशिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव का लाभ उठाकर बाहरी तत्व ग्रामीणों को भ्रमित करते हैं। वर्तमान में, अबुझमाड़ क्षेत्र में धर्मांतरण एक संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है, जिसे रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

सहकारी बैंक की समीक्षा बैठक में खरीफ ऋण, धान उठाव और पैक्स कम्प्यूटराइजेशन पर ज़ोर

0

कई अहम विषयों पर की गई विस्तृत समीक्षा

जगदलपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर प्रधान कार्यालय के निर्देशानुसार माह मई-2026 की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रातः 11 बजे जिला बस्तर तथा दोपहर 3 बजे दंतेवाड़ा शाखा भवन में दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिलों के नोडल अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों एवं पर्यवेक्षकों की बैठक हुई।बैठक में वर्ष 2025-26 की मांग वसूली की बैंक एवं समिति स्तर पर समीक्षा करते हुए अल्पकालीन खरीफ ऋण वितरण वर्ष 2026 की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके अलावा धान उठाव एवं लेखा मिलान, खाद-बीज भंडारण एवं वितरण, वास्तविक स्टॉक एवं पास मशीन स्टॉक के मिलान संबंधी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।साथ ही पोर्टल फेस-11 में एंट्री, पुनर्गठित समितियों को समयबद्ध योजना के तहत क्रियाशील बनाने, पैक्स कम्प्यूटराइजेशन अंतर्गत बैंक मिलान, ऑडिट, रियल टाइम एंड डे, शाखा एवं समिति निरीक्षण की प्रगति पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में आधार सीडिंग एवं डीईएएफ फंड अंतर्गत अनक्लेम्ड डिपॉजिट खातों के विरुद्ध पूर्ण किए गए केवाईसी तथा शेष ग्राहकों की सूची प्रेषण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।समीक्षा बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी केएस ध्रुव, अतिरिक्त प्रबंधक एसए रजा, विपणन अधिकारी एसके कनौजिया एवं मुख्य लेखापाल गौरव शर्मा द्वारा की गई। अधिकारियों ने सभी विषयों में लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी जिलों के नोडल अधिकारी, शाखा प्रबंधक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर को वक्फ बोर्ड ने बनाया बंधक: मुस्लिम समाज

0

3 माह में चुनाव कराने के नाम पर लिया था चार्ज, बीत गए 17 माह

मुख्यमंत्री साय से हस्तक्षेप की अपील

जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी जगदलपुर के चुनाव की मांग को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने आज पत्रकार भवन में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। समाज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से वक्फ बोर्ड को अंजुमन इस्लामिया कमेटी का चुनाव कराने के लिए आदेशित करने की मांग की है।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड द्वारा जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के निष्पक्ष चुनाव हेतु आज से 17 महिने पहले एक चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया था, जिसके माध्यम से 3 माह में चुनाव करा कर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के गठन हेतु निर्देशित किया गया था। नगर पालिका निगम चुनाव की आचार संहिता लागू होने एवं ईद उल फितर के मद्देनजर चुनाव संचालन समिति को 3 माह की और मोहलत वक्फ बोर्ड द्वारा दी गई। जिसके उपरांत वक्फ बोर्ड द्वारा उक्त चुनाव संचालन समिति को एड्हाक कमेटी का दर्जा देकर जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के संचालन हेतु मनोनीत कर दिया गया। इसके बाद से आज दिनांक तक जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी का संचालन एड्हाक कमेटी कर रही है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडल ने सीधा वक्फ बोर्ड पर आरोप लगाते हुए कहा कि जगदलपुर की जमात को चुनाव संचालन समिति के नाम पर गुमराह कर वक्फ बोर्ड के द्वारा एड्हाक कमेटी को बैठा दिया गया है और एक तरह से पिछले 17 माह से जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड द्वारा बंधक बना कर रखा गया है तथा समाज द्वारा चुनाव कराने की मांग पर पूरी तरह से खामोशी इख्तियार कर ली गई है।समाज के प्रतिनिधि मंडल के द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड के बंधन से छुड़ाने और जल्द से जल्द निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की गई है। बस्तर दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आने पर उन्हें चुनाव हेतु ज्ञापन तथा वक्फ बोर्ड की कार्यशैली के खिलाफ शिकायत करने की भी बात कही गई है। प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से जियाउल हक, असद रजा, शेख शाहिद अली, एसके हसन राजा, जावेद खान, समीर खान और सद्दाम रजा उपस्थित रहे।

माई दंतेश्वरी की धरा पर आदिवासियों का धर्मांतरण बर्दाश्त नहीं: शुभम नाग

0

अवैध कफन दफन को लेकर प्रांत संयोजक श्री नाग का बस्तर दौरा

जगदलपुर बजरंग दल के प्रांत संयोजक शुभम नाग के एक दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित सीताराम शिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक की शुरुआत संगठन की परंपरा के अनुसार दीप प्रज्ज्वलित कर ब्रह्मनाद एवं विजय महामंत्र के साथ की गई

प्रांत संयोजक शुभम नाग ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कार्यकर्ताओं और युवाओं को संगठन से जुड़कर राष्ट्र एवं धर्म सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से साप्ताहिक मिलन केंद्र को और मजबूती से करने को कहा। क्योंकि साप्ताहिक मिलन हिंदू समाज को संगठित करने का प्रमुख केंद्र है एवं मठ मंदिरों की सुरक्षा भी होगी। नाग ने आगे कहा कि बजरंग दल का ध्येय वाक्य सेवा, सुरक्षा, संस्कार है। इसी ध्येय से बजरंग दल पर कार्य करता है। बजरंग दल हिंदू समाज का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। बस्तर में हो रहे अवैध कफन दफन के मामले आए दिन देखने को मिलते हैं।

ईसाई मिशनरी जानबूझकर गांवों का माहौल खराब करने का कार्य करती है। कांकेर आमाबेड़ा, नारायणपुर जैसी अप्रिय घटनाओं को अंजाम देने के फिराक में रहती हैं, जिससे प्रदेश की छवि धूमिल होती है। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र माता दंतेश्वरी माताऔर मावली की पवित्र भूमि है। भगवान श्रीरामचंद्र जी ने अपने वनवास काल का लंबा समय बस्तर की धरती पर गुजारा। बस्तर देवी देवताओं की भूमि है। यहां के लोग माटी को अपनी मां मानते हैं और मां के साथ कोई खिलवाड़ करे, यह बर्दास्त योग्य नहीं है। श्री नाग ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का पालन करना चाहिए। मिशनरी अपनी हरकतों से बाज आ जाए अन्यथा भोगने के लिए तैयार रहे। बैठक के दौरान संगठन की आगामी कार्य योजना एवं गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा कर रायपुर में होने वाले बजरंग दल प्रशिक्षण वर्ग में सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण लेने का आग्रह किया। विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप ने बस्तर में हो रहे अवैध धर्मांतरण का पुरजोर विरोध करके कहा कि बजरंग दल अब बर्दाश्त करने वाला नहीं है। हमारे भोले भाले आदिवासी समाज को गुमराह करना बंद करें। जिला बस्तर शंकर लाल गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं को धर्म विरोधी लोगों से निपटने के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया। बैठक में प्रांत संयोजक शुभम नाग, विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप, जिला अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता, जिला धर्म प्रसार देवेंद्र कश्यप, जिला संयोजक विष्णु ठाकुर, सह संयोजक योगेश रैली, नगर संयोजक जगदीश ठाकुर, सह संयोजक अजय सिंह, गौरक्षा प्रमुख शत्रुघ्न कश्यप, सह प्रमुख पवन, काशी चालकी, हेमराज कश्यप एवं नगर के दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित थे।

महावीर सिंह राठौर के निधन से शोक की लहर

0

दल्लीराजहरा कर्मशील समाजसेवी महावीर सिंह राठौर के निधन की खबर से शुभचिंतकों और परिचितों में शोक की लहर छा गई है। नगर के युवा समाजसेवी एवं उद्योगपति आशुतोष माथुर ने राठौर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। माथुर ने कहा है कि चाचाजी का हमारे बीच न रहना अत्यंत पीड़ादायक है। उनसी जुड़ी अनेक स्मृतियां मानस पटल पर चलने लगीं। वे एक दमदार निडर व्यक्तित्व, विपरीत परिस्थितियों का सामना हिम्मत से करने और हिम्मत बंधाने वाले शख्सियत थे।

मै उन भाग्यशाली लोगों में से एक हूं कि उनका प्यार व अपनापन मुझे प्राप्त हुआ। मेरे लिए तो हिम्मत का दूसरा नाम थे चाचाजी। मेरे निजी और व्यवसायिक जीवन के हर सुख और तकलीफ में साथ रहने, मेरी गलतियों पर पूरे अधिकार से डांटने और फिर मजबूती से साथ देने व तमाम विपरीत परिस्थितियों से बाहर निकालने वाले देवदूत थे चाचा जी। उनका होना मात्र ही मेरा मनोबल ऊंचा रखता था। मेरे जीवन में आई कई विपरित परिस्थितियों में उनका निडरता से साथ देना और मुझे उन परिस्थितियों से बाहर निकालने की अनेक शौर्य गाथाएं है जो मेरे मानसपटल पर आज जीवंत हो रही हैं और हमेशा मेरे साथ रहेंगी। उनके साथ इतनी स्मृतियां है कि पूरी किताब कम पड़ जाए। चाचाजी को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि और ईश्वर से कामना की वे उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।

बेटी पूर्वा ने किया सबको गौर्वान्वित

0

राजहरा निवासी अजय सिंह परिहार एवं श्रीमती प्रेमा सिंह की सुपुत्री पूर्वा सिंह ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 95% अंक अर्जित कर सबको गौरवान्वित किया है। कुमारी पूर्वा सिंह शुरू से ही मेधावी छात्र रही है उन्होंने डीएव्ही स्कूल दल्ली राजहरा में 10वीं तक की शिक्षा ग्रहण की है।,10वीं में भी उन्होंने 93% अंक अर्जित किये थे। तत्पश्चात आगे की शिक्षा के लिए सेक्टर 10 स्कूल भिलाई में प्रवेश हासिल किया।

कड़ी मेहनत करते हुए 12वीं के कॉमर्स संकाय में 95% अंक हासिल कर,उन्होंने अपने स्कूल, शहर, और परिवार का नाम रोशन किया है । कुमारी पूर्वा सिंह दल्ली राजहरा में सिंह ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रबंधक अजय सिंह परिहार एवं वीरांगना ग्रुप भिलाई की सक्रिय सदस्या श्रीमती प्रेमा सिंह की सुपुत्री है। कुमारी पूर्वा सिंह के बड़े भाई हर्षित परिहार पारुल यूनिवर्सिटी गुजरात में इंजीनियरिंग बी टेक के द्वितीय वर्ष के छात्र है। बेटी पूर्वा सिंह की इस सफलता पर सभी इष्ट मित्रों एवं वीरांगना समूह भिलाई के पदाधिकारी ने बधाइयां एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है ।

सुशासन तिहार में दूर की समस्याएं हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

0

अभनपुर नगर पालिका में हुआ शिविर का आयोजन

विधायक इंद्र कुमार साहू की रही मौजूदगी

अभनपुर सुशासन तिहार के तहत अभनपुर नगर पालिका परिषद में शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया तथा हितग्राहियों को शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू ने विभिन्न विभागों के कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पीएम स्वामी आत्मानंद विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर के पार्षदगण रूपनारायण साहू, मीना साहू, गब्बू ध्रुव, भाजपा कार्यकर्ता बिहारी साहू, किशोर साहू, ईश्वर साहू, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोयल भट्ट, राजा राय, नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, तहसीलदार, एसडीएम, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्र सरकार के संरक्षण में हो रहे हैं नीट पेपर लीक: सुशील मौर्य

0

मोदी सरकार कर रही है युवाओं के भविष्य से खिलवाड़: मौर्य

जगदलपुर कांग्रेस नेता सुशील मौर्य ने कहा है कि लगातार दूसरे वर्ष नीट-यूजी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की घटना मोदी सरकार की पूरी तरह विफलता और लापरवाही को उजागर करती है।बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य ने एक बयान जारी कर कहा है कि यह कोई संयोग नहीं, बल्कि सिस्टेमेटिक घोटाला है, प्रयोग है, जो भाजपा सरकार के संरक्षण में चल रहा है। सुशील मौर्य ने कहा- भूल एकबार हो सकती है, लेकिन लगातार दूसरी बार पेपर लीक होना स्पष्ट प्रमाण है कि नीट घोटाले में केंद्र सरकार की मिलीभगत है। देश के लाखों मेधावी छात्र एक साल तक रात-दिन मेहनत करते हैं।

परीक्षा के बाद पेपर लीक की खबर सुनकर उनकी मेहनत और सपने दोनों चूर-चूर हो जाते हैं। इस गंभीर लापरवाही की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और एनटीए के अधिकारियों को लेनी चाहिए।

पिछली बार के दोषी को इनाम

सुशील मौर्य ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि 2024 में नीट पेपर लीक मामले में एनटीए के तत्कालीन महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को हटाया तो गया, लेकिन जैसे ही जनता का गुस्सा शांत हुआ, उन्हें स्टील मंत्रालय में एडजस्ट कर दिया गया। इसके बाद उन्हें छत्तीसगढ़ भेजा गया, जहां वे वर्तमान में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के महत्वपूर्ण पद पर आसीन हैं। सुशीलमौर्य ने कहा- यह घटनाक्रम साफ दिखाता है कि पेपर लीक के असली गुनहगारों को भाजपा सरकार संरक्षण प्रदान करती है और उन्हें बड़े-बड़े पदों पर पुरस्कृत करती है।

छात्रों के भविष्य से सौदा

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में ही बार-बार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं। शिक्षा माफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए वे बेखौफ होकर इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहे हैं। भाजपा का फॉर्मूला साफ है कि जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम। लेकिन इस खेल की कीमत देश के मेहनती छात्रों को चुकानी पड़ रही है। 22 लाख छात्रों को दोबारा परीक्षा की मानसिक और आर्थिक यातना झेलनी पड़ेगी। श्री मौर्य ने कहा है कि एनटीए की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। सुशील मौर्य ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पेपर लीक मामले के दोषियों के खिलाफ तुरंत सीबीआई जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दोबारा परीक्षा कराने का पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करे।

MOST POPULAR

HOT NEWS