City Media - Page 211 of 1847 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 211

कांग्रेस पार्टी इंद्रावती बचाओ अभियान की लड़ेगी बड़ी लड़ाई, चित्रकोट से लेकर जगदलपुर तक करेगी विशाल पदयात्रा–सुशील मौर्य

0
  • बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी को बचाने सामाजिक संगठन, व्यापारीगण सहित अन्य राजनीतिक दल व शहरवासी भी बनेंगे अभियान का हिस्सा …..
  • बस्तर और इंद्रावती नदी दोनों ही खतरे में,विशाल पदयात्रा कर कलेक्ट्रेट घेराव कर भाजपा की सोई सरकार को जगाने का करेगी कार्य

जगदलपुर आज बस्तर का लोकतांत्रिक अधिकार व बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी सूखने के कगार पर है..भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते बस्तर और इंद्रावती नदी दोनों ही बड़े खतरे में है…जिसको लेकर आगामी दिनों में कांग्रेस पार्टी बड़ी लड़ाई लड़ने को तैयार है..कांग्रेस पार्टी चित्रकोट के लोहंडीगुड़ा से लेकर जगदलपुर तक का विशाल पदयात्रा कर इंद्रावती के अस्तित्व को बचाने,किसानों के हुए फसल नुकसान के मुआवजा, बस्तर में बढ़ते भीषण जलसंकट सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगो को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर इस निरंकुश,जनविरोधी, पर्यावरण विरोधी, किसान विरोधी और सोई हुई भाजपा सरकार को जगाने का कार्य करेगी…उक्त बातें बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कही है …..

शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा बस्तर के आदिवासियों की जल,जंगल,जमीन को यह भाजपा सरकार उजाड़ रही है..बस्तर की सुंदरता के साथ खिलवाड़ बस्तर के जल जंगल जमीन के पूजक आदिवासियों का शोषण यह डबल इंजन की सरकार कर रही है.. बस्तर के लोकतांत्रिक मूल्यों व अधिकार के साथ बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी को बचाने समस्त सामाजिक संगठन,किसान, व्यापारीगण सहित अन्य राजनीतिक दल व शहरवासी भी इस विशाल पदयात्रा का अभियान का हिस्सा बने बनेंगे …

आज एक बार फिर से बस्तर के लोंगों का लोकतांत्रिक अधिकार खतरे में है बस्तर की प्राणदायिनी इंद्रावती नदी पूरी तरह से सूख चुकी है, पिछले कई दिनों से इंद्रावती से सटे किसान इंद्रावती नदी में पानी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, उड़ीसा में इनकी सरकार मतलब ट्रिपल इंजन की सरकार किसानों की मांग को अनसुना कर रही है,जल संसाधन मंत्री बस्तर से ही आते हैं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बस्तर से हैं जो कि स्वयं जगदलपुर के विधायक हैं उड़ीसा सीमा से चित्रकूट जलप्रपात के बीच 10 छोटे एनीकेट बने हैं जिनमें से वर्तमान स्थिति में चार एनीकेट पूरी तरह से सूख चुके हैं, मटनार बैराज और देउरगांव बैराज को प्रशासनिक स्वीकृति ये सरकार नहीं दे रही है और ना ही ओडिशा सरकार पर खातिगुड़ा डैम से पानी छोड़ने दबाव बनाया जा रहा है..बस्तर में सिंचाई सुविधाओं में विस्तार,इंद्रावती नदी में प्रस्तावित मटनार, देहरगांव, नगरनार बैराज पर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करने,किसानों को फसल नुकसान का सर्वेक्षण कर मुआवजे जैसे आदि महत्वपूर्ण मांगों के साथ ही अन्य मुद्दों को लेकर इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति अभियान 28 से 30 अप्रैल तक का विशाल पदयात्रा व कलेक्ट्रेट घेराव कर बड़ी लड़ाई लड़ेगी और इस निरंकुश व सोई हुई भाजपा सरकार को जगाने का कार्य करेगी…

हिलोरें मारकर स्वागत और शांत रहकर विदाई

0

जगदलपुर मैं दलपत सागर हूं, सूरज की सुबह वाली नई किरणें मुझमे ऊर्जा भर देती हैं। मेरा जल हिलोरें मारते हुए उगते सूर्यदेव का स्वागत करता है। पूरे दिन सूर्यदेव मेरे जल को अपनी ऊर्जा से भर देते हैं। सांझ ढलने के साथ ही मैं विरह वेदना से तड़पने लगता हूं, सूर्यदेव के अस्ताचल का सफर पूरा हो जाने पर मेरा जल ऐसे स्तब्ध और शांत हो जाता है जैसे कोई प्रिय दूर जा रहा हो।

दरअसल ये दोनों तस्वीरें जगदलपुरके ऐतिहासिक दलपत सागर तालाब की हैं। एक तस्वीर सूर्योदय के दौरान की है और दूसरी सूर्यास्त के समय की। सूर्योदय के समय दलपत सागर में लहरें ऎसी उठती हैं, गोया दलपत सागर सूरज का स्वागत कर रहा हो। वहीं सूर्यास्त में तालाब का जल ऐसे स्थिर हो जाता है मानो किसी प्रिय के दूर चले जाने का गम हो। शहर के निवासी इस तालाब के ऐसे दृश्य देखकर खुश हो उठते हैं। दलपत सागर का पानी अब नहाने और उपयोग योग्य नहीं रहा है। पिछले 20 साल से आई गई नगर सरकारों की पहल काम नहीं आई। अब नए महापौर संजय पाण्डेय ने अपने तरीके से इस सागर स्वरूप तालाब के उद्धार की नई पहल की है। उम्मीद है यह पहल काम आएगी। फिलहाल दलपत सागर सिर्फ पर्यटकों का सैरगाह बनकर रह गया है।महापौर संजय पांडे ने भी पदभार ग्रहण करने के बाद इस दिशा में नया प्रयोग प्रारंभ किया है। देखते हैं कि इस सुहानी छटा के दर्शन को महापौर अपने अंदाज किस तरह संवारते हैं।

दल्ली राजहरा नगर पालिका में 15वें वित्त की राशि से हुए खरीदी घोटाले की होगी जांच

0
  • नपा उपाध्यक्ष मनोज दुबे की शिकायत पर नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने लिया एक्शन
  • नगर पालिका में करीब ढाई करोड़ का घोटाला

अर्जुन झा

दल्लीराजहरा सरकारी धन की किस कदर लूट मचाई जाती है, इसका एक बड़ा उदाहरण दल्ली राजहरा नगर पालिका में सामने आया है, जहां सीएमओ, लेखपाल, सहायक अभियंता और ठेकेदार की चौकड़ी ने शासन को करीब ढाई करोड़ रुपए का चूना लगा दिया है। अब इन भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदार पर शामत आने वाली है। वार्ड-3 वल्लभ नगर के पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे पिंटू ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के संज्ञान में लाया है। मंत्री श्री साव ने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

वार्ड-3 के पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे पिंटू ने दो दिन पहले उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मिल कर नगर पालिका दल्ली राजहरा में चल रही गड़बड़ी की लिखित शिकायत की। मंत्री श्री साव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए। मनोज दुबे पिंटू ने शिकायत में बताया है कि नगर पालिका दल्ली राजहरा ने 15वें वित्त मद से टाइड ग्रांट ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अंतर्गत वाहन उपस्कर के रूप में बेलिंग मशीन, पानी टैंकर, ई कार्ट फार गार्बेज, मोबाइल टायलेट ,इंसीनेटर यूनिट, नाला मेन, सक्शन मशीन ट्वीन बिन (स्टील), ट्राइसाइकिल, टोइंग ट्रेलर मशीन जेम पोर्टल से खरीदी हेतु 2 करोड़ 47 लाख की निविदा जारी की थी। इसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी, लेखपाल एवं सहायक अभियंता द्वारा ठेकदार को लाभ पहुंचाने हेतु भारी अनियमितता बरतते हुए ठेकदार को भुगतान किया गया है। सहायक अभियंता द्वारा अपने चहते ठेकेदार को लाभ पहुंचाने हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी से सांठगांठ कर खुद को जेम पोर्टल का बायर बनाया गया ओर ठेकेदार के दिए नियम शर्तों को बिना सक्षम स्वीकृति लिए अलग अलग सामानों हेतु एक समान नियम शर्तों की झड़ी लगाकर ठेकेदार को लाभ पहुंचाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा बिना सामान आए ही लेखपाल के साथ मिलकर ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया, जिसके बाद समान नगर पालिका में पहुंचा है। इसकी पुष्टि भंडार शाखा की पंजी से की जा सकती है। भुगतान की तारीख ओर स्टॉक पंजी की तारीख से मिलान किया जा सकता है। नगर पालिका में वरिष्ठ अभियंता के रहते आए हुए सामानों का गुणवत्ता परीक्षण भी सहायक अभियंता द्वारा ही किया गया जो कि इसके बायर भी हैं। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि इनके द्वारा बिना सामान आए ही भुगतान किया जा चुका था। इस हेतु गुणवत्ता परीक्षण भी स्वयं ही इनके द्वारा किया गया। इन सारी प्रक्रियाओं में इन अधिकारियों ने इतनी जल्दबाजी की गई कि बिल को न विधिवत रूप से किसी लिपिक द्वारा बढ़ाया गया न ही बिल को भंडार शाखा से बढ़ाया गया है। इन भ्रष्ट अधिकारियों को ठेकेदार को बिना सामान आए भुगतान करने की इतनी जल्दी थी कि बिना पीआईसी और परिषद से सक्षम स्वीकृति लिए ही अग्रिम भुगतान कर दिया गया। जिस दिन नगर पालिका में समान आया उसी दिन स्वच्छता दीदियों द्वारा समान खराब होने की शिकायत सामूहिक रूप से नगर पालिका अध्यक्ष से की गई थी और सीएमओ ने दूसरा सामान मंगवाने का वादा कर इन कर्मचारियों पर दबाव बनवाकर उनसे ही इसको काम में लाने के लिए कहकर इसका उपयोग करवाया गया।

दुबे ने कहा है कि मार्केट में जो टैंकर 16 लाख 50 हजार रुपए में मिलता है, उसे नगर पालिका अधिकारी द्वारा 45 लाख में और ई रिक्शा जो 128100 में मार्केट में मिलता है उसे 433000 में खरीद कर शासन को लाखों की चपत लगाई गई है। शासन के भंडार नियम का और केंद्र शासन के 15वे वित्त के तहत आदेश का पालन नहीं किया गया। मनोज दुबे पिंटू ने

उप मुख्यमंत्री अरुण साव को बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र वाडेकर को पूर्व में कोंडागांव नगर पालिका में आर्थिक अनियमितता बरतने पर शासन द्वारा सस्पेंड किया गया है और उन्होंने हाईकोर्ट से स्टे लेकर फिर से आर्थिक अनियमितता बरतते हुए शासन को लाखों की चपत लगाई है।

ब्राह्मण समाज दल्लीराजहरा द्वारा 30 अप्रैल को भगवान परशुराम जी का प्रकाट्योत्सव मनाया जाएगा

0

दल्लीराजहरा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्राह्मण समाज दल्लीराजहरा के तत्वावधान में स्थानीय श्रमवीर चौक के समीप वार्ड क्र.22 स्थित ब्राह्मण समाज भवन में आगामी 30 अप्रैल 2025 दिन बुधवार को वैशाख शुक्ल पक्ष (अक्षय तृतीया) के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम जी का प्रकाट्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।इस अवसर पर प्रातः 9.00 बजे से भगवान परशुरामजी की वैदिक विधि विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ एवं सुंदरकांड पाठ व श्री हनुमान चालीसा का पाठ के पश्चात हवन,आरती व प्रसाद वितरण होगा तथा दोपहर 1:00 बजे से शाम 4.00 बजे तक महाप्रसाद व भोजन का कार्यक्रम रखा गया है। ब्राह्मण समाज के सभी सदस्यों से निवेदन है कि भगवान परशुराम जी के प्रकाट्योत्सव पर आयोजित सभी कार्यक्रम में सहपरिवार गरिमामय उपस्थिति प्रदान कर कार्यक्रम को सफल बनाएं। ब्राह्मण समाज के प्रवक्ता कमल शर्मा ने ब्राह्मण समाज दल्लीराजहरा के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी व पदाधिकारियों की ओर से उपरोक्त जानकारी दी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दिखाई संवेदनशीलता, स्थगित कर दी हक की लड़ाई

0
  • पहलगाम की घटना को देखते हुए लिया फैसला 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जहां सत्तारुढ़ भाजपा के खिलाफ अक्सर आक्रामक नजर आते हैं, वहीं जब बात राष्ट्र से जुड़ी हो तो उनकी संवेदनशीलता भी नजर आती है। इसी संवेदना के चलते उन्होंने बस्तर के हक की लड़ाई स्थगित कर दी है।

जम्मू कश्मीर के पहलगाम की घटना ने पूरी दुनिया को उद्वेलित कर रखा है। इस घटना के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के नेतृत्व में 26 अप्रैल से निकाली जाने वाली इंद्रावती नदी बचाओ किसान अधिकार यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन और पदयात्रा प्रस्तावित थी, जिसे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने स्थगित किया है। उनका कहना है कि सर्वप्रथम देश हित है।

बघेल ने दी प्रशासन को सूचना

इस बीच इंद्रावती बचाओ किसान अधिकार संघर्ष समिति के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने प्रदर्शन और यात्रा के स्थगन की सूचना प्रशासन को दे दी है है। एसडीएम लोहंडीगुड़ा के माध्यम से कलेक्टर एसपी को भेजे गए पत्र में लिखा है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुये आंतकी घटना के कारण देश में शोक लहर बनी है, जिसे देखते हुए 26 से 28 अप्रैल तक प्रस्तावित इंद्रावती नदी बचाओं किसान अधिकार यात्रा को आगामी तिथि तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।लखेश्वर बघेल ने जिले के किसानों, आदिवासियों, मजदूरों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा है कि प्रदर्शन की नई तिथि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  दीपक बैज द्वारा जल्द घोषित की जाएगी।

रिश्तेदार को वार्ड बॉय में फर्जी ढंग से भर्ती कराकर दो वर्षों में कराया प्रमोशन 

0
  • स्वास्थ्य विभाग में हुई भर्ती की फाईल गायब होने की खबर
  • बाबू के कई काले कारनसमों में विभाग के अधिकारी का संरक्षण

जगदलपुर/नारायणपुर नारायणपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग में भर्ती में एक बड़ा खेला किया गया है। अधिकारी के संरक्षण में वहां पदस्त बाबू के द्वारा अपने करीबी दो रिश्तेदारों को फर्जी ढंग से वार्ड बॉय के पद पर भर्ती कराये जाने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों रिश्तेदार को पहली पोस्टिंग ओरछा ब्लॉक में स्वास्थ्य केन्द्र में नियुक्ति दिलाकर दोनों को दो वर्ष के समयावधि में प्रमोशन दिलाने का भी बड़ा खेला किया गया है। खबर है कि जिला बनने के बाद वर्ष 2008 में स्वास्थ्य विभाग में हुई भर्ती की फाईल भी गायब हो चुकी है और दोनों सगे रिश्तेदार का तबादला प्रदेश से बाहर कराये जाने की खबर है। उक्त बाबू वर्तमान में लिपिक के पद पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नारायणपुर मुख्यालय

स्वास्थ्य विभाग में पदस्त लिपिक की मनमानी के आगे अधिकारी भी मौन 

में पदस्त है। भर्ती के अलावा विभाग में कई बड़े कारनामे हैं जिनके दबंगई के आगे अधिकारी भी चुप्पी साधे बैठे हैं।

कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर जिला बनने के बाद वर्ष 2008 में स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर कई भर्तियां शासन के निमयों के अनुसार कराई गई है। वर्षों से पदस्त एक बाबू लंबे समय से भर्ती से लेकर जीवन दीप समिति मद में बड़ा खेला कर शासन को करोड़ो का चपत लगाया गया है। जिसमें भर्ती प्रक्रिया का एक मामले की जानकारी हाथ लगी है। कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 में नारायणपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कई पदों पर भर्ती कराई गई थी। जिसमें वार्ड बॉय के पद पर भर्ती किया जाना था। जानकारी के अनुसार बाबू अपने दो रिश्तेदारों को नियमों को दरकिनार कर वार्ड बॉय के पद पर ओरछा ब्लॉक में भर्ती कराया था जिसमें रोस्टर निमयों

का भी पालन नहीं कर फर्जी ढंग से भर्ती कराकर पात्र लोगों को भर्ती कराने से वंचित किय गया था।

दो वर्ष में हुआ प्रमोशनः 

स्वास्थ्य विभाग के बाबू का खेला यही नहीं रूका जिन दो रिश्तेदारों को भर्ती फर्जी ढंगसे कराकर ओरछा में पदस्त कराया गया वह अपने कार्यालय में उपस्थित तक नहीं हुए खबर है कि अनुपस्थित अवधि में बकायदा समय पर वेतन का आहरण कर शासन को लाखों का चपत लगाने की खबर है। दो वर्ष के समयावधि पूर्ण होने के पहले ही दोनों का प्रमोशन करा दिया गया है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि वर्ष 2008 की हुई भर्ती मामले की फाईल भी गायब हो चुकी है। दफ्तर से ऐसी फाईल गायब होना कई शंकाओं को जन्म देता है। उक्त बाबू द्वारा भर्ती ही नहीं जीवन दीप समिति मद में भी बड़ा खेला किया गया है जिसमें विभाग के अधिकारी का भी संरक्षण होने की खबर है। उक्त बाबू की भर्ती दंतेवाड़ा जिले के

गीदम में मलेरिया वर्ककर के रूप में हुई थी। जो वहां से जुगाड़ जमाकर प्रमोशन पाकर वर्षों से एक ही स्थान पर बाबूगिरी कर मालामाल होकर शासन के खजाने में सेंधमारी करने में जुटा है।

आईएएस अफसर के दबाव में जांच टली:-

विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले के तेज तर्रार आईएएस अफसर को मामला संज्ञान में आने पर काले कारनामों की फाईल ओपन करने की साहस तो जुटाई थी मामले की पड़ताल भी शुरू हो चुकी थी। इनके एक करीबी आईएएस अफसर के हस्तक्षेप के बाद मामले की जांच में रूकावट आने की खबर है । देखना होगा कि बाबू काला चिट्टा का फाईल कब सार्वजनिक होगा।

फाईल तलाशने में जुटा विभाग 

कार्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि ओरछा में पदस्त दो वार्ड बॉय की भर्ती फर्जी ढंग से नियमों के विरूद्ध हुआ था जिसका फाईल गायब हो चुकी है। खबर है कि वर्तमान में दोनों सरगुजा संभाग में सहायक ग्रेड 3 के रूप में कार्य कर रहे हैं। फिलहाल मामले में की जांच संयुक्त कलेक्टर द्वारा किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री  अरूण साव ने किया नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा

0
  • आम जनता के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के दिए निर्देश

बालोद, 26 अप्रैल 2025  प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री  अरूण साव ने शुक्रवार 25 अपै्रल को बालोद जिले के प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में नगरीय प्रशासन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर संबंधित विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मौजूदा ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम जनता को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की समस्या से जुझना न पडे़, इसके लिए सभी को समुचित मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को इस कार्य को विशष्ेा प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।  साव ने अधिकारियों को पेयजल समस्या के निराकरण हेतु पूर्वानुमान लगाकर समय पूर्व समस्या के निराकरण हेतु प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले के नगरीय निकायों तथा लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लिए स्वीकृत एवं प्रगतिरत् निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, अपर कलेक्टर  चंद्रकांत कौशिक सहित लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता सहित नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक के अलावा संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में उपमुख्यमंत्री साव ने जिले के सभी नगरीय निकायों में पेयजल की व्यवस्था, 15वें वित्त के कार्य, नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, अटल परिसर के निर्माण कार्य आदि के प्रगति के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से बारी-बारी से जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने नगर पालिका बालोद के व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को बालोद शहर में जिला मुख्यालय के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा शहरवासियों को बेहतर से बेहतर सुविधा प्रदान करने हेतु जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से सीटी डेव्हलपमेंट प्लान के कार्य के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को शहरवासियों के अपेक्षाओं के अनुरूप सीटी डेव्हलमेंट प्लान बनाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। श्री साव ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उपमुख्यमंत्री ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सुबह नगर भ्रमण कर नगर के व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्री साव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासकीय कार्यों में कोताही बिल्कुल भी बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शासकीय कार्यों का संपादन करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए अपने आप को निरंतर अपडेट करने की आवश्यकता बताई।

बैठक में उपमुख्यमंत्री  साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में पेयजल के व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम जनता को पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े इसके लिए समय पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए।  साव ने जिन ग्रामों में हैण्डपंप आदि खराब है उन स्थानों पर पानी की आपूर्ति हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री  साव ने जिले में पेयजल आपूर्ति हेतु वर्तमान में 70 ट्यूबवेल की स्वीकृति प्रदान करने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन से 70 ट्यूबवेल की स्वीकृति मिलने के उपरांत इसका निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। श्री साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पानी टंकी आदि के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर इसकी जाँच कर तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में समुचित मात्रा में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु दूरगामी योजना बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। जिससे संयुक्त जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग से विभाग के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में शत प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्य के प्रति निष्ठा एवं समर्पण के साथ पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए आम जनता में शासन प्रशासन के प्रति बेहतर छवि निर्माण तथा विश्वास का भाव जागृत करने में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

 

साहू समाज का इतिहास अत्यंत वैभवशाली एवं गौरवपूर्ण:  अरूण साव

0
  • उपमुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय बालोद में नवनिर्मित साहू सदन का किया लोकार्पण
  • नवनिर्मित भवन में छात्रावास एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 25 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की

बालोद, 25 अपै्रल 2025   प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं नगरीय प्रशासन मंत्री  अरूण साव ने कहा कि साहू समाज का इतिहास अत्यंत वैभवशाली एवं गौरवपूर्ण है।  साव आज जिला मुख्यालय बालोद के जुर्री पारा में नवनिर्मित साहू सदन के लोकार्पण एवं कर्मा महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष  टहल सिंह साहू ने किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सांसद  भोजराज नाग, कसडोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक  संदीप साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  तोमन साहू, पूर्व विधायक श्री बिरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख और पवन साहू सहित साहू समाज के जिला अध्यक्ष श्री सोमन साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा समाज प्रमुखगण उपस्थित थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री  अरूण साव ने इस नवनिर्मित साहू सदन में छात्रावास निर्माण एवं भवन के विस्तार हेतु 25 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने इस भवन के विस्तार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए समय-समय पर हर्ष संभव मदद उपलब्ध कराने की बात भी कही। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री  साव एवं अतिथियों के द्वारा फीता काटकर नवनिर्मित साहू सदन का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री  अरूण साव ने साहू समाज को एक मेहनतकश, ईमानदार एवं देशभक्त समाज बताते हुए साहू समाज के विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री साव ने कहा कि जब महाराणा प्रताप हल्दी घाटी के युद्ध में मुगल सम्राट अकबर के साथ युद्ध करते हुए अपना सब कुछ खो गए थे। ऐसे विषम परिरिस्थतियों में हमारे समाज के गौरव दानवीर भामाशाह ने महाराणा प्रताप को अपार धन-संपदा देकर उन्हें पुनः सबल एवं सक्षम बनाया था। उन्होंने कहा कि इसके फलस्वरूप महाराणा प्रताप सम्राट अकबर के खिलाफ पुनः युद्ध कर उन्हें कठिन चुनौती दे पाए थे।  साव ने कहा कि हमारे समाज के गौरव भक्त माता कर्मा कोे भगवान जगन्नाथ को खिचड़ी खिलाने का सौभाग्य एवं गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा का योगदान एवं उनके गौरवगाथा साहू समाज सहित सभी समाजों के लिए अत्यंत अनुकरणीय है।  साव ने साहू समाज के विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहू समाज आज अपने मेहनत एवं त्याग और तपस्या के बलबूते से अग्रणी है। उन्होंने कहा कि साहू समाज आज राज्य की सबसे बड़ी समाज है लेकिन अब साहू समाज को राज्य के सबसे बड़े समाज होने के साथ-साथ बेहतर एवं श्रेष्ठ समाज भी बनाना है। इस अवसर पर श्री साव ने जिला मुख्यालय बालोद में बेहतर एवं विशाल जिला साहू सदन के निर्माण हो जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके लिए उन्होंने साहू समाज के सभी लोगों के योगदानों को प्रसंशा करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश साहू समाज के अध्यक्ष  टहल सिंह साहू ने जिला मुख्यालय बालोद में इस विशाल साहू सदन के निर्माण में उपमुख्यमंत्री  अरूण साव एवं समाज के प्रत्येक लोगों के योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद  भोजराज नाग ने साहू समाज के विशेषताओं एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साहू समाज के मेहनत एवं ईमानदारी के बलबूते पर साहू समाज के बेटा  नरेन्द्र मोदी को आज तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज के उन्नति हेतु 10 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र कसडोल के विधायक श्री संदीप साहू ने बालोद जिले के साहू समाज के संगठन एवं समाज के नवनिर्माण में जिले के साहू समाज के लोगों के योगदान एवं भूमिका की भूरी-भूरी सराहना की। कार्यक्रम का स्वागत भाषण करते हुए साहू समाज के जिला अध्यक्ष श्री सोमन साहू ने समाज के मांगों एवं आवश्यकताओं की ओर अतिथियों का ध्यान आकृष्ट कराया।

 

पहलगाम आतंकी हमले के मृतकों को भाजपा ने दी श्रद्धाजंलि

0
  • भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, दो मिनट का मौन धारण कर कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धाजंलि

जगदलपुर जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकी हमले में धर्म पूछ कर किये गये नरसंहार में 28 पर्यटकों की हृदय विदारक मृत्यु पर आज गुरूवार को भाजपा जिला कार्यालय में नगर मण्डल द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया व दो मिनट का मौन धारण कर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

श्रद्धांजलि सभा में भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय,छग भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, छग राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी,नगर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन,योगेन्द्र पाण्डेय,रजनीश पाणिग्रही,नरसिंह राव, नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा, आर्येन्द्र आर्य,सफीरा साहू आदि सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एयर फोर्स अधिकारियों ने बस्तर में अग्निवीर वायु सेवा भर्ती प्रक्रिया की दी जानकारी, युवाओं में जागरूकता और जोश का हुआ संचार

0

जगदलपुर, 26 अप्रैल 2025/भारतीय वायुसेना की अग्निपथ योजना के अंतर्गत बस्तर जिले में अग्निवीर वायु भर्ती को लेकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 21 से 25 अप्रैल तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में एयर फोर्स के वरिष्ठ अधिकारियों श्री सुशांत सिंह और श्री आनंद कुमार ने जिले के विभिन्न उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया से लेकर सैन्य जीवन के अनुभवों तक की महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल को शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर से हुई, जिसके बाद 22 अप्रैल को सेजेस लेहंडीगुड़ा, 23 अप्रैल को सेजेस बकावंड, 24 अप्रैल को सेजेस बस्तर, और 25 अप्रैल को सेजेस तोकापाल में कैंप आयोजित किए गए। प्रत्येक स्थान पर 100 से 200 विद्यार्थियों के समूहों को प्रशिक्षित किया गया।

भर्ती प्रक्रिया की विशेष जानकारी

एयर फोर्स अधिकारियों ने युवाओं को अग्निवीर वायु बनने की पात्रता, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वेतन-भत्ते, करियर ग्रोथ और अनुशासन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। 17 से 21 वर्ष की आयु वर्ग के विद्यार्थियों को अग्निपथ योजना के तहत भारतीय वायुसेना में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशासनिक सहयोग और विशेष पहल

इस अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलेक्टर श्री हरिस एस और जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के नेतृत्व में और रोजगार अधिकारी के सहयोग से जिले के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस अभियान में नोडल अधिकारी के रूप में श्री जयनारायण पानीग्राही सक्रिय रहे।

युवाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार

कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और एयर फोर्स अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपने सवालों के उत्तर प्राप्त किए। इस पहल से विद्यार्थियों में न केवल देश सेवा की भावना जागृत हुई, बल्कि उन्हें एक उज्ज्वल करियर की दिशा भी दिखाई दी। बस्तर जैसे सुदूरवर्ती आदिवासी अंचल में चलाए गए इस जागरूकता अभियान ने साबित किया कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो यहां के युवा भी देश की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं। जिला प्रशासन की यह पहल युवाओं को रक्षा क्षेत्र में करियर के नए आयाम प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। गत दिवस समापन कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल ने बस्तर प्रतीक चिन्ह से एयर फोर्स अधिकारियों को सम्मानित किया एवं भविष्य में भी इस तरह के कार्य क्रम आयोजित करने का आग्रह किया, साथ ही प्राचार्य विधु शेखर झा ने आभार प्रदर्शन किया।

MOST POPULAR

HOT NEWS