वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में गुस्सा
जगदलपुर बस्तर जिले के डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों के सामने भरी दिवाली में आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। उनकी दीपावली काली हो गई है। समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन काम के बदले मिलने वाला मेहनताना समय पर नहीं मिलने से उन्हें परिवार का भरण-पोषण करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बस्तर संभाग के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान डिमरापाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में सफाई कर्मचारियों की भूमिका बेहद अहम होती है। मरीजों के वार्ड, शौचालय, परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी इन्हीं कर्मचारियों पर होती है। इसके बावजूद यदि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता, तो यह उनके परिवारों के लिए गंभीर आर्थिक समस्या बन जाती है। कर्मचारियों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर कब तक उन्हें अपने ही मेहनताने के लिए इंतजार करना पड़ेगा? रोजाना काम करने के बावजूद वेतन भुगतान में देरी होने से घर का किराया, बच्चों की पढ़ाई, राशन और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है।अब सवाल यह है कि सफाई कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने की जिम्मेदारी किसकी है? संबंधित ठेका एजेंसी और अस्पताल प्रबंधन को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए कर्मचारियों का बकाया वेतन तत्काल दिलाने की पहल करनी चाहिए। अस्पताल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से अपेक्षा है कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान किया जाए, ताकि अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले इन कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।








