पलक झपकते गायब कर दिया सोने के गहनों वाला डिब्बा
जगदलपुर नगर में त्यौहारी सीजन आते ही लेडी थीफ गैंग सक्रिय हो गई है। दीपावली त्यौहार पर बाजारों में उमड़ रही भीड़ का फायदा उठाकर यह चोरनी गिरोह लाखों के गहनों पर हाथ साफ करने लगे हैं। ऐसा ही एक बड़ा मामला जगदलपुर के पैलेस रोड स्थित संजय मार्केट से सामने आया है, जहां मोती ज्वैलर्स में 4-5 महिलाओं के समूह ने बेहद शातिराना अंदाज में सोने के गहनों से भरे डिब्बे पर हाथ साफ कर दिया। डिब्बे में करीब एक करोड़ रुपए के गहने होने की खबर है। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, दीपावली के त्यौहार को देखते हुए संजय मार्केट सहित शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़ भाड़ का फायदा उठाकर चोरनी महिलाओं का एक समूह मोती ज्वैलर्स पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में करीब 4 से 5 महिलाएं दिखाई दे रही हैं। इनमें दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल दिख रही हैं।बताया जा रहा है कि इन महिलाओं ने दुकान में खरीदारी के बहाने ऐसा माहौल बनाया कि कर्मचारियों का ध्यान दूसरी ओर चला गया। इसी दौरान गिरोह की एक महिला ने बेहद चालाकी से सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा उठा लिया और पीछे खड़ी अपनी एक साथी लड़की को थमा दिया। इसके बाद लड़की डिब्बा लेकर दुकान से बाहर निकल गई। गिरोह की अन्य महिलाएं भी धीरे-धीरे वहां से निकल गईं।
डिब्बे में थे एक करोड़ के जेवर
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी का तरीका साफ दिखाई देने की बात सामने आई है। फुटेज में एक महिला आभूषणों का डिब्बा उठाकर पीछे खड़ी लड़की को देती नजर आ रही है। इसके बाद लड़की दुकान से बाहर निकल जाती है। महिलाओं ने इतनी सफाई से इस वारदात को अंजाम दिया कि दुकान के मालिक और कर्मचारियों को इसकी जरा भी भनक नहीं लग पाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोती ज्वेलर्स से चोरी हुए डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण होने की बात सामने आ रही है। इस अनुमान के आधार पर चोरी गए सोने की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक रूप से कितने ग्राम सोने के आभूषण गायब हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दुकान में आभूषणों के स्टॉक का मिलान और जांच जारी है। यदि 1200 ग्राम सोने की चोरी की पुष्टि होती है, तो यह जगदलपुर में अब तक सबसे बड़ी ज्वेलरी चोरी की घटनाओं में शामिल हो सकती है।
सराफा बाजार में हड़कंप
घना की जानकारी सामने आने के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान ज्वेलरी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे समय में इस तरह के गिरोह सक्रिय होकर दुकानदारों को निशाना बना सकते हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही बाजार और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि महिलाओं के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।
सतर्कता बेहद जरूरी
दीपावली के सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच ज्वेलरी दुकानदारों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले गिरोह दुकानों को निशाना बना सकते हैं। मोती ज्वेलर्स में हुई यह घटना व्यापारियों के लिए भी सतर्क रहने का संकेत है। अब बड़ा सवाल यह है कि सीसीटीवी में कैद हुई इन महिलाओं की पहचान कब होगी और सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा कब बरामद होगा? पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।








