पहले दिन 7 किसानों ने बेचा 263 क्विंटल धान15 नवंबर से प्रदेशभर में शुरू हुआ धान खरीदी महाअभियान, कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को मिलेगी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता
साल्हे। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर से प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान प्रारंभ हो गया। इसी कड़ी में बालोद जिले के डौंडी विकासखंड अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति साल्हे के धान खरीदी केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। खरीदी के पहले ही दिन किसानों में उत्साह देखने को मिला। प्रथम दिवस केंद्र में कुल 7 किसानों का पंजीयन हुआ, जिनके द्वारा 263 क्विंटल धान बिक्री के लिए केंद्र में लाया गया।

धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त नगर पंचायत डौंडी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष देवांगन, समिति की अध्यक्ष श्रीमती दुलेश्वरी अंगद टेकाम, समिति प्रबंधक अशोक साहू, भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राकेश द्विवेदी, डौंडी मंडल उपाध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद साहू, शक्ति केंद्र प्रभारी अंगद टेकाम, देवानंद ठाकुर, सुंदरलाल बेलचंदन, अग्रहित केराम, सुखीराम कोमा सहित समिति के सदस्यगण एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं समिति के पदाधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर तौल कांटे पर धान की तुलाई के साथ खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने किसानों से चर्चा कर धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए खरीदी केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही किसानों से शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धान विक्रय करने की अपील की गई।

इस वर्ष छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा किसानों के हित में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही धान का समर्थन मूल्य और राज्य सरकार की सहायता राशि मिलाकर किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से लाभ देने की व्यवस्था की गई है। योजना के तहत पात्र किसानों को उनके पंजीकृत रकबे एवं निर्धारित नियमों के अनुसार आदान सहायता का लाभ मिलेगा। यदि किसान निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान का विक्रय करते हैं, तब भी पात्रता के अनुसार सहायता राशि का लाभ दिए जाने का प्रावधान है।धान खरीदी केंद्र साल्हे में पहले दिन 7 किसानों द्वारा 26
3 क्विंटल धान लाया जाना खरीदी अभियान की अच्छी शुरुआत रही। किसानों ने उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में भी केंद्र में तौल, बारदाना एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होंगी, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।








