डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप

0
2495

बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला एक महिला आरक्षक की शिकायत पर दर्ज हुआ है। आरोप है कि डिप्टी कलेक्टर ने शादी का झांसा देकर एक साल तक शारीरिक शोषण किया और बाद में विवाह से इंकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, डिप्टी कलेक्टर दिलीप उईके, जो डौंडी ब्लॉक के रहने वाले हैं और वर्तमान में बीजापुर जिले में पदस्थ हैं, पर यह गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिला आरक्षक ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

बालोद की एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि महिला ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि आरोपी ने एक साल तक शादी का भरोसा दिलाकर संबंध बनाए और अब विवाह से मुकर गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी कलेक्टर की गिरफ्तारी भी जल्द संभव मानी जा रही है।