नारायणपुर पुलिस की पहल पर आयोजित अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (एबीएल) सीजन-3 के लिए खिलाड़ियों की ऑक्शन प्रक्रिया मंगलवार को डीआरजी ट्रेनिंग एरेना में संपन्न हुई। ऑक्शन में छह टीमों ने हिस्सा लिया और 110 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 77 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इस दौरान टीम मालिकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।लीग में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रहेगी। रायपुर के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष माखीजा ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। वहीं एम.वी. अभिषेक, जसमीत सिंह, सुजय तांबोली और वेंकट गौरव को भी ऊंची बोली मिली।सीजन-3 में गारपा जायंट्स, हांडावाड़ा रैकेटियर्स, तुलार टाइटन्स, कच्चापाल ब्लास्टर्स, कुतुल नाइट राइडर्स और जनता डिफेंडर्स समेत छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता की एक विशेषता मिश्रित युगल वर्ग भी है, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक साथ खेलते नजर आएंगे।लीग के मुख्य मुकाबले 10 से 12 सितम्बर तक रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर में आयोजित होंगे। विजेता टीम को 1.21 लाख रुपये, उपविजेता को 85 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 59 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर प्रदान कर क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
साइबर ठगी में इस्तेमाल म्यूल अकाउंट का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर नारायणपुर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपी के खाते में करीब 95.65 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।पुलिस के अनुसार थाना नारायणपुर में दर्ज एक प्रकरण की जांच के दौरान टीसीपीसी कॉलोनी, बंगला पारा निवासी मनोज निषाद (32 वर्ष) के बैंक खाते की जांच की गई। जांच में दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच खाते में 95 लाख 65 हजार रुपये से अधिक की संदिग्ध राशि का लेन-देन पाया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम के हस्तांतरण और निकासी के लिए किया जा रहा था।पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लालच या कमीशन के बदले अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या यूपीआई किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, क्योंकि ऐसे मामलों में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई का सामना कर सकता है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में मुख्य आरोपियों के साथ-साथ म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पेड़ों को राखी बांधकर विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कुसुमकसा/बालोद। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अनूठी पहल करते हुए पेड़ों को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने स्वयं बड़ी राखी तैयार कर विद्यालय परिसर एवं आसपास के पेड़ों पर राखी बांधी और प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया।कार्यक्रम में संजय बैस, कमलकांत साहू, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस एवं शमशेर खान अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर संजय बैस ने अपने उद्बोधन में कहा कि “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है।

यदि आज के बच्चे एक-एक पेड़ की रक्षा का संकल्प ले लें, तो आने वाले वर्षों में हमारा गांव, हमारा प्रदेश और हमारा देश हरियाली से समृद्ध होगा। पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, छाया, फल और स्वच्छ वातावरण देते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।”कमलकांत साहू, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस और शमशेर खान ने भी विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी संदेश बताया।

बीएसपी राजहरा में चोरी का खुलासा, नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तारकंप्यूटर उपकरण, एलईडी फ्लड लाइट व चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद; चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ व्यवसायी भी गिरफ्तार
दल्लीराजहरा। बीएसपी राजहरा के टेलीकॉम एक्सचेंज कार्यालय और खदान क्षेत्र में बिजली खंभों से एलईडी फ्लड लाइट चोरी करने वाले गिरोह का राजहरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कंप्यूटर उपकरण, एसी, एलईडी फ्लड लाइट सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ व्यवसायियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, बीएसपी राजहरा के असिस्टेंट जनरल मैनेजर समीर कुमार चौबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26-27 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर टेलीकॉम एक्सचेंज कार्यालय में घुसकर विंडो एसी, सीपीयू, की-बोर्ड, माउस, हार्ड डिस्क, रैम, प्रोसेसर, मॉनिटर, मदरबोर्ड सहित अन्य कंप्यूटर सामग्री चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70,350 रुपये बताई गई।इसी प्रकार असिस्टेंट जनरल मैनेजर शैलेन्द्र पाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27-28 अगस्त की दरम्यानी रात डम्पर रोड राजहरा खदान क्षेत्र में बिजली के खंभों पर लगी 12 नग 150 वाट की सूर्य कंपनी की एलईडी फ्लड लाइट, जिसकी कीमत करीब 36 हजार रुपये है, चोरी कर ली गई।दोनों मामलों में थाना राजहरा में अपराध क्रमांक 210/2026 में धारा 331(4), 305(E), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 211/2026 में धारा 305(E) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिसमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में थाना राजहरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ले के कुछ युवक चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने दिव्यांशु सिंह (19), लुजीत साहू (18), शर्मा नेताम उर्फ लकवा (35), सन्नी थापा (20), सुनील महानंद (35) तथा एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपियों ने चोरी से इनकार किया, लेकिन अलग-अलग कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार कर लिया।चोरी का सामान बरामदपुलिस ने दिव्यांशु सिंह, लुजीत साहू, शर्मा नेताम उर्फ लकवा और नाबालिग के कब्जे से एक विंडो एसी, छह की-बोर्ड, एक माउस, तीन लेन पीसीआई, दो हार्ड डिस्क, दो आई-5 प्रोसेसर, तीन मॉनिटर, दो 500 जीबी हार्ड डिस्क, तीन एसर कंपनी के मदरबोर्ड और एक स्क्रूड्राइवर टूल बॉक्स बरामद किया। चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 Y 0622 भी जब्त की गई।वहीं सन्नी थापा और सुनील महानंद के कब्जे से सूर्य कंपनी की 12 नग 150 वाट एलईडी फ्लड लाइट बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने चोरी की एलईडी लाइट खरीदने में संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया है, जबकि नाबालिग के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिकापूरी कार्रवाई में थाना राजहरा के निरीक्षक सुनील तिर्की, उप निरीक्षक प्रदीप कंवर, प्रधान आरक्षक राकेश साहू, आरक्षक सुरेन्द्र देशमुख, पवन आनंद धीर, संतोष वानखेड़े एवं खिलावन निषाद की सराहनीय भूमिका रही।पुलिस की नागरिकों से अपीलराजहरा पुलिस ने नागरिकों और दुकानदारों से अपील की है कि बिना बिल या रसीद के कोई सामान न खरीदें। सस्ते दाम के लालच में बिना दस्तावेज सामान खरीदना भारी पड़ सकता है, क्योंकि ऐसा सामान चोरी का हो सकता है। चोरी का सामान खरीदने या उसे खपाने में सहयोग करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है और उसे जेल जाना पड़ सकता है।
डौंडीलोहारा में आवारा कुत्ते का आतंक, 13 लोगों को काटा, 3 की हालत नाजुक
ब्रेकिंग बालोद डौंडीलोहारा। नगर में बुधवार को एक आवारा कुत्ते के आतंक से हड़कंप मच गया। कुत्ते ने नगर के अलग-अलग स्थानों पर 13 लोगों को अपना शिकार बना लिया। इनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। कुत्ते के हमले में कुछ लोगों के हाथ तो कुछ के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा में भर्ती कराया गया।जानकारी के अनुसार, घायलों में से जिन लोगों की स्थिति सामान्य थी, उनका उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।गंभीर रूप से घायल लोगों में भगवती यादव (60 वर्ष), निवासी टिकरापारा, किराना दुकान में काम करने के बाद वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें काटकर घायल कर दिया।इसी तरह शशिकला, निवासी संजय नगर, शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थीं, तभी कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से उनके हाथ और पैर में चोटें आई हैं।वहीं मानो बाई (60 वर्ष), निवासी चिल्हाटीकला, किसी काम से डौंडीलोहारा स्थित बैंक आई हुई थीं। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उन्हें भी अपना शिकार बना लिया। उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं।बताया जा रहा है कि कुत्ते ने नगर के अलग-अलग स्थानों पर राह चलते लोगों पर हमला किया। घटना के बाद नगरवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने नगर में घूम रहे आवारा कुत्तों पर तत्काल कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे किरण देव
प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने खबरों को बताया निराधार
हॉस्पिटल के बेड पर रहकर भी पार्टी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं किरण सिंह देव
जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा कर किसी और को जिम्मेदारी दी जाने की खबरों तथा कयासों की हवा निकल गई है। कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा खबर फैलाई जा रही थी कि किरण सिंह को अस्वस्थता के कारण पदमुक्त किया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही स्पष्ट किया है कि पार्टी में ऎसी कोई हलचल ही नहीं हो रही है, सारी खबरें मनगढ़ंत और निराधार हैं। श्री देव अच्छी रिकवरी कर रहे हैं और जल्द पूर्णतः स्वस्थ होकर छत्तीसगढ़ लौटेंगे तथा पार्टी का कामकाज पूर्ववत सम्हालते रहेंगे।
विदित हो कि कुछ मीडिया चैनलों और अखबारों में किरण सिंह देव को उनके स्वास्थ्यगत कारणों से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से मुक्त किया जा रहा है। उनकी जगह केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू या किसी अन्य बड़े नेता को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने की तैयारी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व कर चुका है। इन खबरों को प्रदेश भाजपा के मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने सिरे से खारिज कर दिया है। श्री पाणिग्रही ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सारी बातें बेबुनियाद और बे सिर पैर की हैं। श्री देव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और आगे भी बने रहेंगे। हेमंत पाणिग्रही ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर यह जानकारी दी है। हमारे संवाददाता को श्री पाणिग्रही ने बताया कि श्री किरण सिंह देव जी की हेल्थ में अच्छी रिकवरी हो रही है और वे जल्द ही पूर्णतः स्वस्थ होकर लौटेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में इलाजरत रहते हुए भी श्री देव पार्टी गतिविधियों का बेहतरीन तरीके से संचालन कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले हुई प्रदेश भाजपा की बैठक से श्री देव नई दिल्ली के हॉस्पीटल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़े थे। श्री पाणिग्रही ने कहा कि किरण सिंह देव के नेतृत्व में राज्य में भारतीय जनता पार्टी और भी मजबूत बनकर उतरी है। उनके अध्यक्ष रहते ही विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी ने छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक जीत हासिल की है, छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल
डौंडी। थाना डौंडी क्षेत्र के अवारी नाला के पहले शनिवार शाम करीब 5 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।मृतक की पहचान नरेंद्र नुरेटी पिता कोमल नुरेटी, उम्र 25 वर्ष, निवासी मरारामखेड़ा, बलोदा के रूप में हुई है। वहीं घायल उमेंद्र कुमार गायकवाड़, उम्र लगभग 57 वर्ष, निवासी अवारी बताए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही 112 और 108 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना पर डौंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
नशीली गोलियों और गांजे की लत बना रही है बस्तर के युवाओं को मनोरोगी
सिरफिरों ने कर रखा है शहरवासियो की नाक में दम
अर्जुन झा
जगदलपुर नशीली गोलियों, कैप्सूल्स और गांजे की लत बस्तर के युवाओं को मनोरोगी बना रही है। नशेड़ी युवा उल जलूल हरकतें करते रहते हैं। जगदलपुर शहर में आजकल मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की तादाद काफी बढ़ गई है।ऐसे लोगों को कोतवाली थाना तथा नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आसपास लगने वाली चाय और फल दुकानों के नजदीक अजीबो गरीब हरकतें करते देखा जा सकता है। इन लोगों ने संभ्रांत शहरवासियों की नाक में दम कर रखा है।
दरअसल सल्फी, ताड़ी और महुआ शराब पीकर मस्त लेकिन संयमित रहने वाले बस्तर के लोग अपना घरेलू कामकाज, खेती बाड़ी तथा वनोपज संग्रह में लीन रहा करते थे। सल्फी और ताड़ी पाचक एवं शरीर को शीतलता प्रदान करने वाले पेय माने जाते हैं। मगर अब कई बस्तरिहा युवा इन परंपरागत पेय पदार्थों से इतर जाकर आधुनिक नशा करने लगे हैं। वे नाइट्रोवेट-10 जैसी नशीली गोलियों, कैप्सूल्स, कफ सिरप, गांजा आदि का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। नाइट्रोवेट-10 और अन्य नशीली गोलियां, सिरप तथा कैप्सूल मनो मस्तिष्क पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। इनका असर ऐसा होता है कि नशापान करने वाला व्यक्ति अपने हाथों और चेहरों को ब्लेड, चाकू आदि से काटने लग जाता है। साथ ही वह पागलों जैसी हरकतें भी करने लगता है। इन चीजों का लगातार सेवन करने से व्यक्ति अंततः मनोरोगी और पूर्णतः पागल बन जाता है। बस्तर में नशीली दवाएं उपलब्ध कराने और इनका सेवन करने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
यहां तक कि पड़ोसी राज्य ओडिशा से लाकर नशीली दवाएं बस्तर में खापाई जाती हैं। पुलिस ने ऐसे कई मामले पकड़े भी हैं। जगदलपुर शहर मनो विकृति वाले युवकों की संख्या में आश्चर्यजनक ढंग से वृद्धि देखने में आई है। ये लोग सड़कों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंच कर ऎसी ऎसी हरकतें करने लग जाते हैं कि आम नागरिक शर्मसार हो उठते हैं। नौकरीपेशा लोग, अखबारी पेशे से जुड़े लोग, कामकाजी महिलाएं जो रोज चाय दुकान में चाय लेने अथवा फल दूध खरीदने आती है इनकी हरकतों से काफी परेशान हैं। ये लोग हल्ला करने और जबरदस्ती पैसे मांगने जैसी हरकत तो करते ही हैं, जबरन छीना झपटी भी करने पर भी आमादा हो जाते हैं। लोगों ने मांग की है ऐसे लोगों को यहां से दूर विस्थापित किया जाए, ताकि स्त्री पुरुष अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या निर्विघ्न पूरी कर सकें।
अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 2 बाइक और एक्टिवा बरामद
बालोद। मोटरसायकल चोरी के मामलों में बालोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसायकल और एक एक्टिवा सहित कुल तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। कार्रवाई में सायबर सेल बालोद के साथ थाना अर्जुन्दा और गुण्डरदेही पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को अर्जुन्दा में एक मकान के सामने खड़ी मोटरसायकल क्रमांक CG 07 BP 7301 चोरी हो गई थी। इस मामले में थाना अर्जुन्दा में अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। इसी दिन बालोद जिला न्यायालय के पास से फैशन प्रो मोटरसायकल क्रमांक CG 24 F 5368 भी चोरी हुई थी, जिस पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 445/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चव्हाण के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर चोरी गए वाहनों और आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर संदेही की पहचान की।
पुलिस ने उमेश यादव उर्फ सन्नाटा (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 56, एसटीएफ बघेरा, हाई स्कूल के पास, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 20 अगस्त को दुर्ग जेल से रिहा होने के बाद उसने 23-24 अगस्त की दरम्यानी रात अर्जुन्दा से एक मोटरसायकल चोरी की। इसके बाद 24 अगस्त को बालोद जिला न्यायालय के पास से दूसरी मोटरसायकल चोरी की। इसके बाद धमतरी से कुरूद जाकर एक एक्टिवा चोरी कर वह अर्जुन्दा क्षेत्र स्थित अपने ससुराल जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे चोरी के वाहनों सहित पकड़ लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो मोटरसायकल और एक एक्टिवा समेत तीन चोरी के दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इनमें राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद और रनचिरई थाना क्षेत्रों में दर्ज आठ आपराधिक प्रकरण शामिल हैं।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू, एसडीओपी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में थाना अर्जुन्दा, थाना गुण्डरदेही एवं सायबर सेल बालोद की टीम का विशेष योगदान रहा।
रक्षाबंधन पर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प, बहनों को उपहार में भेंट किए पौधे
: दल्ली राजहरा, ब्लॉक – डौंडी, जिला – बालोद (छ.ग.)रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व है। इस पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाते हुए दल्ली राजहरा निवासी पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू एवं साहू परिवार ने एक प्रेरणादायी पहल की।इस अवसर पर प्रदीप साहू, सतीश साहू, उमाशंकर साहू, आशीष साहू, बहन पूजा साहू, गोरीमा साहू सहित साहू परिवार के सभी सदस्यों ने एकत्रित होकर बहन की रक्षा के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा का भी संकल्प लिया।परिवार ने इस परंपरा को नया रूप देते हुए इस रक्षाबंधन पर बहनों को उपहार के रूप में फलदार एवं छायादार पौधे भेंट किए। बहनों ने इस अनोखे उपहार को हर्षपूर्वक स्वीकार किया और संकल्प लिया कि वे इन पौधों का विधिवत रोपण कर, उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करेंगी।

इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग, क्लाइमेट चेंज और लगातार बढ़ रहा तापमान पूरी मानवता के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। ग्लेशियरों का तेजी से पिघलना, हाल ही में नेपाल में आया जल प्रलय इसी का परिणाम है। इसे रोकने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण है।उन्होंने कहा, “जैसे एक भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है, वैसे ही हम सभी को एक पौधे को अपना कर उसकी रक्षा का वचन लेना चाहिए। यही सच्चे अर्थों में धरती माता की रक्षा होगी।”साहू परिवार की इस पहल की डौंडी ब्लॉक और दल्ली राजहरा क्षेत्र में सराहना हो रही है और यह संदेश दे रही है कि त्योहारों को यदि पर्यावरण से जोड़ा जाए तो उसका महत्व कई गुना बढ़ जाता है।प्रेषक:प्रदीप साहू, पर्यावरण प्रेमीदल्ली राजहरा, डौंडी, जिला – बालोद





