City Media - Page 11 of 1802 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 11

सीटू का तीन दिवसीय सम्मेलन शुरू हुआ

0

श्रम कानून के खिलाफ होगी 12 फरवरी को विशाल हड़ताल

सेंटर ऑफ इंडिया ट्रेड यूनियन (सीटू) का आठवां छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय सम्मेलन का आज लौह नगरी दल्ली राजहरा में जोशीले अंदाज में आगाज हुआ । सम्मेलन का आयोजन दल्ली राजहरा में 1 फरवरी से 3 फरवरी तक किया जा रहा है,। जिसकी शुरुआत आज सीटू के राज्य अध्यक्ष के एस एन बनर्जी के द्वारा सभा स्थल सिंधु भवन में झंडा फहराकर किया गया । इसके पश्चात सदस्यों ने शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी । इसके बाद जैन भवन चौक से विशाल जुलूस निकाला गया। जिसमें लगभग 800 से अधिक सीटू के कार्यकर्ताओं ने अपनी भागीदारी निभाई ।

जो कि जैन भवन चौक से गुप्ता चौक होते हुए शहीद शंकर गुहा नियोगी चौक , श्रम वीर चौक होते हुए वापस सभा स्थल पहुंचे जहां जुलूस आम सभा में परिवर्तित हो गया ।आमसभा के मुख्य अतिथि कामरेड तपन सेन उपाध्यक्ष आल इंडिया सीटू, विशिष्ट अतिथि एस.एस बनर्जी (अध्यक्ष छत्तीसगढ़ सीटू ) का० एम.के. नंदी (महासचिव छ.ग. सीटू), काम. धर्मराज महापात्रा (सचिव छत्तीसगढ़ सीटू ), का०. एम. एस. शांत कुमार, काम. बी. एम मनोहर का. केपीजी पाणिकर संस्थापक सदस्य सीटू राजहरा थे। आमसभा में केंद्र सरकार के मजदूर विरोधी नीति और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए लाये जा रहे श्रम कानून में संशोधन के खिलाफ आवाज उठाई गई। कहा गया कि केंद्र सरकार कहती है, कि यह श्रम कानून मजदूर हितैषी है, लेकिन तह में जाएं, तो हर बातें मजदूरों को बंधुवा मजदूर बनाने की दिशा में कदम है ।

कामरेड तपन सेन ने कहा कि आज की स्थिति में संघर्ष बहुत ही महत्वपूर्ण है । हमें संघर्ष के मैदान में टिके रहना है तो संघर्ष में तेजी लाना होगा। हमें लेबर कोड का विरोध करना होगा । सरकार ने यूनियन को बुलाकर कहा कि बहुत खराब स्थिति है, लेबर कोड का विरोध मत करिए। लेकिन सरकार के नीति के खिलाफ हम लोग हड़ताल अवश्य करेंगे । राष्ट्रीय स्तर पर पूरे यूनियन मिलकर ऐलान किया है कि हड़ताल होगा । बिजली का निजीकरण आंगनबाड़ी मजदूर की कई मुद्दे हमारे मांग में है । जिनके खिलाफ हम लड़ रहे हैं, जो दादागिरी कर रहे हैं यह उसकी ताकत का नहीं, कमजोरी का प्रतीक है। सरकार कह रही है कि लेबर कोड सभी कर्मचारियों को कवर में लायेगा। लेकिन फैक्ट्री में पहले जो 10 मजदूरों पर कवरेज था उसे बढाकर 30 से 40 तक कर दिया गया है । मजदूरों की छटनी के लिए अब मालिकों को सरकार से परमीशन लेने की आवश्यकता नहीं होगा। पहले लिमिट था कि 100 तक मजदूर वाले संस्था में यह लागू होता था,उसे बढाकर 300 कर दिया है । क्या सरकार मजदूरों को कवर कर रही है । हमारे हिसाब से 80% मजदूर श्रम कानून से बाहर हो जाएंगे इन्हें बाहर फेंक दिया जाएगा । मतलब सिर्फ मालिक की मनमानी चलेगी । हम यह सब होने नहीं देंगे । यदि खदानों में, कारखानों में मजदूर जेब में हाथ रख कर बैठ जाएंगे तो कोई भी कंपनी नहीं चल सकता । इन्हीं विषयों पर 9 जुलाई की हडताल में देश के मजदूरों ने यह साबित कर दिया कि हम पीछे नहीं हटेंगे।फिर भी सरकार ने हठधर्मिता से लेबर कोड लागू करने का एलान कर दिया। इसलिए मजदूरों को गुलाम बनाने वाले नये लैबर कोड के खिलाफ हमें 12 फरवरी की हडताल को हर हाल में सफल करना होगा।एस एन बनर्जी ने कहा* कि लौह नगरी दल्ली राजहरा संघर्षों की नगरी है यहां कई मजदूर आंदोलन हुए जो इतिहास में दर्ज हुए हैं । ऐसे नगर में सभा को संबोधित करने में मैं गर्व महसूस कर रहा हूं । आज केंद्र सरकार ने पूरे मेहनतकशों के खिलाफ कारपोरेट जगत के पक्ष में लगातार निर्णय लेती जा रही है और उनको रोकने वाला कोई दिखाई नहीं दे रहा है ।बहुत ही विषम परिस्थितियों निर्मित हो रही है मेहनतकश देख रहा है कि यह क्या हो रहा है । इस देश में आपने देखा होगा किसानों के खिलाफ केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानून लाए थे । जिसका किसानों ने पूरा जोर लगाकर विरोध किया । अन्ततः सरकार को कृषि कानून रद्द करना पड़ा । अब वे मजदूरों के खिलाफ चार श्रम कानून को पारित किया है ।अचानक 21 नवम्बर की रात को बताया गया कि इस देश में श्रम कानून लागू हो गया है । वेतन से लेकर कार्य स्थल की स्थिति और महिलाओं की दशा तक को खराब करने में तुली है स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ भी सरकार खिलवाड़ कर रही है । इसलिए तीखा संघर्ष जरूरी है।

कामरेड धर्मराज महापात्रने कहा कि 1886 से शुरु हुए संघर्ष के बाद जो अधिकार मजदूरों ने प्राप्त किए हैं सरकार उन अधिकारों को खत्म करने की साजिश क्यों कर रही है ..? सरकार से श्रम कानूनों को हमने कुर्बानियों से हासिल किया है। हमें भीख में नहीं मिला है। न्यूनतम वेतन, ग्रेजविटी, भविष्य निधि, कर्मचारी की आजीविका का अधिकार मेहनतकशों ने जो भी अधिकार हासिल किया यह संघर्ष और लाल झंडे की कुर्बानियों से मिली है । हमने संघर्ष किया है लेकिन आज देश की सत्ता में बैठे लोग एक ऐसी नीतियां बना रहे हैं जो हमारे अधिकारों को कमजोर कर पूंजीवाद को मजबूत कर रही हैं। 12 फरवरी को छत्तीसगढ़ में हड़ताल होगी और राजहरा बंद होगा और हम यह ऐलान करते हैं की यह धरती धनवानों की नहीं है, यह मजदूर और किसानो की है । मोदी और भाजपा से ही हिन्दुस्तान नहीं बनता यहां के सैकड़ो मजदूर और किसानो के मेहनत से हिन्दुस्तान है। मध्यान भोजन में काम करने, आंगनवाड़ी में काम करने वाले कार्यकर्ता और सहायिकाएं विभिन्न क्षेत्र के खदानों में काम करने वाले सब पर हमले जारी हैं ।दल्ली राजहरा के इस धरती से जो सम्मेलन का आह्वान होगा उसकी आवाज सिर्फ छत्तीसगढ़ में नहीं बल्कि पूरे भारत देश के कोने-कोने तक पहुंचेगी। ।इस सम्मेलन में सीटू दल्ली राजहरा के संस्थापक सदस्य कामरेड के पी जी पाणिकर का साल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया । सीटू का यह सम्मेलन कई मायने में महत्व रखता है जहां केंद्र सरकार की नीतियों से मजदूर वर्ग शोषण की कगार पर जा रहा है, वही पूंजीपतियों और मालिकों को लूट की छूट दी जा रही है। जिससे खिलाफ 12 फरवरी को देश की ट्रेड यूनियनों के द्वारा हड़ताल किया जाएगा । सम्मेलन को सफल बनाने मेंआयोजन समिति के अध्यक्ष एम एस शांतकुमार, दल्ली राजहरा के कामरेड ज्ञानेंद्र सिंह प्रकाश सिंह क्षत्रिय पुरुषोत्तम सिमैया विनोद मिश्रा एवं पूरे सीटू के सदस्यों का संपूर्ण योगदान रहा जो तीन दिवसीय सम्मेलन को सफल बनाने में लगे हुए हैं ।

रजत जयंती वार्षिकोत्सव में आस्था का महासंगम

0

380 जोड़ों ने कराई सत्यनारायण कथा

मंत्रोच्चार से गूंजायमान होता रहा बालाजी मंदिर

जगदलपुर बालाजी मंदिर के रजत जयंती वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर आज मंदिर परिसर पूर्णतः भक्तिरस में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर भगवान सत्यनारायण कथा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व सहभागिता देखने को मिली। रामा चारलू आचार्य एवं उनके साथ पधारे पंडितों के समूह द्वारा विधि-विधान से भगवान सत्यनारायण कथा का वाचन किया गया।

इस पावन अनुष्ठान में 380 जोड़ों ने सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सर्वप्रथम भगवान श्री गणेश जी का आह्वान किया गया, तत्पश्चात समस्त देवी-देवताओं का आह्वान कर कथा के पांच अध्यायों का वाचन किया गया। प्रत्येक अध्याय के पश्चात भगवान के श्री चरणों में पूजन सामग्री अर्पित की जाती रही। पूजन उपरांत आयोजित महाभंडारे में लगभग 5000 श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की सेवा में मंदिर समिति, आंध्र समाज एवं स्वयंसेवक पूरे समर्पण भाव से जुटे रहे।

आज होगा महाभंडारा

मंदिर समिति ने जानकारी दी कि 1 फरवरी रविवार को महाभंडारे के साथ रजत जयंती वार्षिक उत्सव का समापन होगा, जिसमें ऐतिहासिक रूप से लगभग 30,000 भक्तों के भोजन प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। इसके लिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। टेंपल ट्रस्ट ने समस्त भक्तजनों से इस महाभंडारे में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

केन्द्रीय बजट विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव

0

केन्द्रीय बजट ऐतिहासिक व स्वागतेय, समावेशी विकास को समर्पित बजट – किरण सिंह देव*'”सबका साथ – सबका विकास” को पूर्णतः परिभाषित करता है केन्द्रीय बजट – कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप

सर्वस्पर्शी केन्द्रीय बजट में हर वर्ग के लिये समान अवसर और विकास के लिये प्रावधान शामिल – केदार कश्यप

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संसद में प्रस्तुत केन्द्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुये कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश केन्द्रीय बजट ऐतिहासिक है। इस विकासमुखी बजट में ऐसे सभी प्रावधानों को समाहित किया गया है, जिसकी अपेक्षा जनता करती है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है, जिसमें समावेशी विकास पर जोर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने केन्द्रीय बजट को सर्वस्पर्शी बताते हुये कहा कि प्रस्तुत केन्द्रीय बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। राष्ट्र की विकास की गति निरंतर आगे बढ़ती रहे, इस आधार को मज़बूत रुप देने बजट में प्रावधान समाहित है।

भाजपा जिला कार्यालय में आज रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने पत्र वार्ता को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने बजट प्रस्ताव के प्रावधानों की चर्चा करते हुए कहा कि इस बजट में सरकार ने मुख्य रूप से कर सुधारों, विनिर्माण और तकनीक पर जोर दिया है। मध्यम वर्ग के लिए व्यक्तिगत आयकर स्लैब में बदलाव कर नई आयकर व्यवस्था को और अधिक आकर्षिक बनाने पर जोर दिया गया है। 12 लाख रूपए तक की सालाना आमदनी पर अब कोई कर नहीं लगेगा। वेतनभोगी कर्मचारियों की मानक कटौती की सीमा बढ़ाकर 75 हजार रूपए करने का प्रस्ताव भी स्वागतेय है। उसी प्रकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए कर कटौती की सीमा दुगुनी कर 1 लाख रूपए कर दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि लिथियम आयरन बैटरी समेत 12 महत्वपूर्ण खनिजों पर सीमा शुल्क समाप्त किए जाने से ईवी औ इलेक्ट्रानिक्स सस्ते होंगे। राज्यों को बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1.5 लाख करोड़ रूपए का 50 साल तक के लिए पूर्व घोषित ब्याज मुक्त ऋण जारी रखा जाएगा। छत्तीसगढ़ के लिए बजट में किए गए प्रावधानों का जिक्र करते हुए कहा कि केन्द्रीय बजट 2026-27 में छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कई रणनीतिक प्रावधान किए गए हैं। चूँकि छत्तीसगढ़ एक खनिज संपन्न और जनजातीय बहुल राज्य है, इसलिए केंद्र सरकार का ध्यान यहाँ की कनेक्टिविटी, जनजातीय कल्याण और औद्योगिक विकास पर केंद्रित है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन करते हुये धन्यवाद ज्ञापित किया। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केन्द्रीय बजट में समाज के विभिन्न वर्गों महिलाओं, युवाओं और वंचित समुदायों के लिये व्यापक नीतियां और वित्तीय आबंटन का प्रावधान है। सबका साथ सबका विकास के नारे को परिभाषित किया गया है। केन्द्रीय बजट में नारी शक्ति को आर्थिक विकास का स्तंभ माना गया है। स्व सहायता समूहों की तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। एक करोड़ युवाओं को शीर्ष पांच सौ कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करने का विस्तार किया गया है, जिसमें पांच हजार रुपये मासिक भत्ता शामिल हैं। युवा उद्यमी को अपना व्यवसाय बढ़ाने के सरल प्रावधान लाये गये हैं। कैबिनेट मंत्री कश्यप ने कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना नौवां केन्द्रीय बजट प्रस्तुत किया है, यह क्षण ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 में विकसित भारत का स्वप्न पूरा करने का लक्ष्य लेकर सभी को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। मौजूदा केन्द्रीय बजट प्रधानमंत्री श्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने की ओर महत्वपूर्ण कदम है। पत्र वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, पूर्व विधायक डा. सुभाऊ कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, सुधीर पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, योगेन्द्र पाण्डेय, आर्येन्द्र आर्य, रजनीश पाणिग्रही, परीस बेसरा, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव शामिल रहे।

देश के विकास, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम है बजट: संजय पाण्डेय

0

विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेगा बजट : संजय पाण्डेय

जगदलपुर केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय ने देश के सर्वांगीण विकास, गरीब, किसान, युवा, महिला कल्याण एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला और हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला बजट है।

महापौर पाण्डेय ने कहा कि बजट में गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, युवाओं और महिलाओं के हितों को विशेष रूप से प्राथमिकता दी गई है। बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन एवं डिजिटल भारत को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।उन्होंने कहा कि नगर विकास, स्वच्छता, आवास, पेयजल, सड़क, रेल और शहरी अधोसंरचना के लिए किए गए प्रावधानों से नगर निकायों को मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मेयर पाण्डेय ने कहा कि बजट में किए गए प्रावधानों से जगदलपुर जैसे नगरों के भी विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।महापौर ने बजट में कृषि क्षेत्र, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, स्वरोजगार और युवाओं के लिए कौशल विकास पर दिए गए जोर की सराहना करते हुए कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

संजय पाण्डेय ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक ग्रोथ को बढ़ावा देगा। सबके विश्वास पर खरा उतरने वाला, सबका साथ, सबका विकास की भावना को सशक्त करने वाला यह बजट देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देगा। अंत में संजय पाण्डेय ने केंद्रीय बजट 2026 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत को विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

सर्व आदिवासी समाज की बैठक में स्व शासन और युवाओं की भागीदारी पर जोर

0

ग्रामसभाको ताकतवर बनाने की उठी मांग

जगदलपुर बस्तर जिले# की जनपद पंचायत तोकापाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत रान सरगीपाल, चित्रधारा में सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बस्तर क्षेत्र के आदिवासी समाज में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना, सामाजिक सशक्तिकरण पर चर्चा करना तथा ऐतिहासिक भूमकाल दिवस को प्रभावी और संगठित रूप से मनाने के लिए रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक में समाज के प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा प्रतिनिधियों एवं महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति देखने को मिली।बैठक के दौरान प्रकाश ठाकुर ने सामाजिक सर्वेक्षण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समाजिक सर्वे अब डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिससे समाज की वास्तविक स्थिति, जरूरतों और समस्याओं का सटीक आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में तकनीक का सही उपयोग समाज को संगठित करने का एक सशक्त माध्यम बन सकता है। इस सर्वेक्षण में युवाओं की भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताते हुए उन्होंने युवाओं से आगे आने का आह्वान किया, ताकि भविष्य की योजनाओं को ठोस आधार मिल सके। सामाजिक कार्यकर्ता तुलसी ठाकुर ने ग्रामसभा की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा को स्व शासन की दिशा में एक स्पष्ट और व्यावहारिक रोडमैप तैयार करना चाहिए। बस्तर क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक स्तर पर कई चुनौतियां मौजूद हैं, जिनका समाधान तभी संभव है जब ग्रामसभा सशक्त और आत्मनिर्भर होगी। उन्होंने कहा कि स्वशासन के माध्यम से समाज अपने निर्णय स्वयं ले सकेगा और विकास की दिशा तय कर पाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता अनुभव सोरी ने समाज में सकारात्मक सोच और दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वराज की कल्पना केवल विचारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे व्यवहारिक रूप से लागू करना होगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप चलकर ही ग्राम सभा को स्वशासन की ओर ले जाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने, आपसी एकता बनाए रखने और सामाजिक बदलाव के वाहक बनने का आग्रह किया। युवा प्रभाग के जिला अध्यक्ष बसंत कश्यप ने संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था एवं सहयोग राशि एकत्रित करना आवश्यक है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना चाहिए, ताकि सामाजिक गतिविधियाँ निरंतर और प्रभावी रूप से चलती रहें। बैठक में संतु मौर्य ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि युवाओं को सामाजिक स्तर पर एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि युवा संगठित होकर लक्ष्य निर्धारित करें और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, तो समाज को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। युवाओं की ऊर्जा और सोच समाज के भविष्य की दिशा तय कर सकती है। बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने एकजुट होकर समाज के उत्थान, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, स्वशासन को मजबूत करने तथा भूमकाल दिवस को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। यह बैठक बस्तर के आदिवासी समाज के लिए एक सकारात्मक, प्रेरणादायक और दिशा देने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है। इस अवसर पर प्रकाश ठाकुर, तिमोती लकड़ा, गंगा नाग, संतू मौर्य, बसंत कश्यप, लक्ष्मीनाथ कश्यप, तुलसी मंडावी, हेमराज बघेल, लंबोदर बघेल, किरण मौर्य, प्रज्ञा मंडावी, साहदई गोयल, संतोषी नाग, बामदेव भारती, कमलेश कश्यप, लखेश्वर कश्यप, बानसिंह मौर्य, रूपचंद्र नाग, पूरन सिंह कश्यप सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

बजट को सराहा चैंबर ऑफ़ कॉमर्स प्रदेश मंत्री स्वाधीन जैन ने

0

दल्ली राजहरा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के प्रदेश मंत्री व भाजपा नेता स्वाधीन जैन ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को ऐतिहासिक बजट के लिए बधाई दी। बजट में मध्यम वर्ग को टैक्स में राहत और एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने के कदमों की सराहना की गई। 12 लाख तक की आय पर टैक्स छूट और व्यापार के नए अवसरों से हर वर्ग को फायदा होगा, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

व्यापम द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शीपूर्ण तरीके से परीक्षा सुनिश्चित कराने हेतु जारी किया गया आवश्यक दिशा-निर्देश

0

01 फरवरी को आयोजित की जाएगी छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा

बालोद, 30 जनवरी 2026 छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा आयोजित परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शीपूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने व्यापम द्वारा 01 फरवरी 2026 को आयोजित छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होेने वाले जिले के सभी अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सफलतापूर्वक परीक्षा के आयोजन में सहयोग करने को कहा है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अंतर्गत परीक्षार्थी, परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन करे। जिससे उन्हें परीक्षा दिवस को कोई असुविधा न हो। परीक्षार्थी, परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 02 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुँचे ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके। जारी दिशा निर्देश में बताया गया है कि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। चूंकि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से प्रारंभ होगी अतः मुख्य द्वार सुबह 09 बजे तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 03 बजे प्रारंभ होगी अतः दोपहर 02.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देना अनिवार्य है। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति है। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना अनिवार्य है। स्वेटर हेतु हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। परीक्षार्थी फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पांइट पेन लेकर ही आए। उल्लेखनीय है कि व्यापम द्वारा 20 जिलों में 01 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन दो पाली में किया जाएगा। जिसमें प्रथम पाली (प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 01 लाख 19 हजार तथा द्वितीय पाली (माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 02 लाख 05 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।

धार्मिक आयोजनों से होता है परंपराओं का संरक्षण: किरण सिंह देव

0

भागवत कथा और हरिनाम संकीर्तन में शामिल हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष

जगदलपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव शुक्रवार शाम ग्राम पंचायत आड़ावाल में आयोजित भागवत कथा एवं बंगीय समाज के अष्ट प्रहरी श्री श्री हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर विधिवत पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने ग्राम पंचायत आड़ावाल के दुर्गा मंडप में आयोजित भागवत कथा में शामिल होकर भागवत कथा का श्रवण किया।

देव ने वहां बंगीय समाज द्वारा आयोजित हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर पूजा अर्चना की। बंगीय समाज द्वारा तीन दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया है। जिसमें शुक्रवार को हरिनाम संकीर्तन का विधिवत पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव शामिल होकर पूजा अर्चना की। साथ ही उन्होंने समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों से भेंट मुलाकात कर चर्चा भी की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों से संस्कारों और परंपराओं का संरक्षण होता है तथा नई पीढ़ी में धर्म के प्रति निष्ठा बढ़ती है। देव के साथ इन कार्यक्रमों में महापौर संजय पांडे, संग्राम सिंह, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सेठिया, सुब्रतो विश्वास भी शामिल हुए।

जीवन में खेल का जीवन में विशेष महत्व: किरण देव

0

उलनार में क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में शामिल हुयें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव

जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के ग्राम उलनार में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने शामिल होकर टूर्नामेंट में विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया ।

टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं आप सभी खेल भावना के साथ इस प्रतियोगिता में खेले हैं, यह गर्व की बात है। उलनार में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। आप सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन से खेल को खेला। जीवन में खेल अनुशासन लाता है ।

पढ़ाई के साथ जीवन में खेल का भी होना जरूरी है। खेल हमें बहुत कुछ सीखने की प्रेरणा देता है। आप सभी खिलाड़ी ने मेहनत और लगन से खेला। क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में डिमरापाल की टीम विजयी रही। डिमरापाल ने देवड़ा की टीम को हराकर ट्राफी पर कब्जा किया। अतिथियों ने विजेता व उप विजेता टीमों को ट्राफी देकर सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष निलांबर सेठिया, मंडल अध्यक्ष हरि मंडावी, चंद्रकांत सेठिया, सुब्रतो विश्वास, शरद श्रीवास्तव, सतीश सेठिया एवं आयोजन समिति के सदस्य व जनमानस उपस्थित थे।

बजट विकसित भारत के सपने के लिए मिल का पत्थर: श्याम जायसवाल

0

पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष की प्रतिक्रिया

दल्लीराजहरा भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा बालोद जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल ने आम बजट 2026 की सराहाना करते हुए कहा है कि मोदी सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति” की समृद्धि के लिए समर्पित बजट है। श्याम जायसवाल ने बजट में ओबीसी समुदायों के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिए जाने की सराहना की। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

श्याम जायसवाल ने बजट में युवाओं के लिए इंटर्नशिप योजनाओं और शिक्षा ऋण में रियायतों का स्वागत किया है, जिससे देश भर के युवाओं को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में कहा कि बजट में अधोसंरचना और रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए किए गए प्रावधानों से छत्तीसगढ़ में कनेक्टिविटी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। बजट में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए आवंटन में वृद्धि और भंडारण सुविधाओं के निर्माण के प्रस्तावों को किसानों के हित में बताया। कुल मिलाकर यह बजट देश हित में है। मोदी जी ने जो सपना देखा है विकसित भारत 2047 का उस सपने को साकार करने में यह बजट मिल का पत्थर साबित होगा।

MOST POPULAR

HOT NEWS