बस्तर के विकास का रोडमैप है छग सरकार का बजट: जयराम दास

0
66

गेम चेंजर साबित होंगे बजट में बस्तर के लिए किए गए प्रावधान: दास

जगदलपुर भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री जयराम दास ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के बजट में पूरी तरह से विकास की छवि परिलक्षित हो रही है। यह बजट बस्तर के विकास का रोडमैप है। सुकमा जिले के जगरगुंडा और अबूझमाड़ क्षेत्र में 100-100 करोड़ की लागत से एजुकेशन सिटी के साथ जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर बैराज के लिए 100 करोड़ की स्वीकृति ये दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पूरी तरह से गांव-गरीब और जनता के लिए समर्पित सरकार है।

भाजयुमो नेता जयराम दास ने बजट को स्वागत योग्य बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आदिवासी अंचल को मुख्यधारा से जोड़ने का ठोस संकल्प है।जयराम दास ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के अभाव से जूझता रहा, लेकिन इस बजट में अधोसंरचना, कृषि, शिक्षा और युवाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण सड़कों, सिंचाई योजनाओं, वन उपज के समर्थन मूल्य और कौशल विकास योजनाओं को बस्तर के लिए गेम चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उद्योग, पर्यटन और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की नीति सराहनीय है। इससे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे और पलायन रुकेगा। दास ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नए विद्यालयों, छात्रावासों और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार भी आदिवासी विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत करेगा।भाजयुमो नेता जयराम दास ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, जिला अस्पतालों के उन्नयन और दूरस्थ क्षेत्रों में एंबुलेंस सेवाओं की मजबूती से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि यह बजट बस्तर में शांति, विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा। अंत में जयराम दास ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बस्तर को सिर्फ सुरक्षा के नजरिए से नहीं, बल्कि विकास और अवसरों के केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है, और यह बजट उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here