डौंडी। डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मयारटोला (छिंदगांव) के पास बुधवार दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में 7 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का बताया जा रहा है। वैन में 20 से अधिक बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि कुल 21 बच्चे वाहन में बैठे थे। अचानक वाहन के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ।
हादसे में लिंम्हाटोला निवासी 7 वर्षीय देवांशी साहू की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।प्रारंभिक जांच में वाहन चालक की लापरवाही सामने आ रही है। चर्चा है कि नियमित चालक के स्थान पर स्कूल का अन्य कर्मचारी वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मृत बच्ची के पिता चिमनलाल साहू का भी लगभग तीन माह पूर्व ट्रैक्टर पलटने से निधन हो गया था। एक ही परिवार में कम समय में हुई दो दुखद घटनाओं से गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मामले में दोषियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



