City Media - Page 282 of 1848 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 282

स्वच्छ, सुंदर और रामणीय बनाएंगे अपने जगदलपुर शहर को: संजय पाण्डेय

0
  • भाजपा के महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने बताया अपना विजन
  • हर घर में उपलब्ध कराएंगे डस्टबिन, जगदलपुर बनेगा स्वच्छता में नंबर वन
  • नजूल भूमि पर काबिज लोगों को पट्टे और प्रधानमंत्री आवास: संजय पाण्डे
  •  सभी जलाशयों का होगा पुनरुद्धार, सौंदर्यीकरण
  • महिलाओं को संपत्ति कर में 25 फीसदी की छूट

जगदलपुर नगर पालिक निगम चुनाव में प्रचार के अंतिम दिन भाजपा के महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने प्रेसवार्ता का आयोजन कर भाजपा सरकार के संकल्प पत्र एवं अपने विजन के बारे में बताया। उन्होंने नगर निगम जगदलपुर को लेकर अपना विज़न और प्राथमिकताएं बताई।

संजय पाण्डे ने कहा कि महापौर के तौर पर उनकी पहली प्राथमिकता नगर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने की है। इसके क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक घर में डस्टबिन का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही नल-जल, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी सरकार के सहयोग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम में कांग्रेस के 9 सालों के कार्यकाल में कोई भी उल्लेखनीय कार्य नहीं किए गए। यहां तक कि अमृत मिशन जैसी केंद्रीय पेयजल योजनाओं को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

उन्होंने कहा कि गरीब तबके के लोगों को जो कि वर्षों से नजूल भूमि पर काबिज हैं, उन सभी को पट्टा प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें उसी भूमि पर प्रधानमंत्री आवास भी दिलाने का काम भाजपा की सरकार करेगी। भाजपा सरकार निगम में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करेगी। महापौर प्रत्याशी संजय पांडे ने कहा कि जगदलपुर में महिला प्रसाधन एक बड़ी समस्या है, जिसको भाजपा ने चिन्हांकित किया है। इसके लिए भाजपा शहर के प्रमुख स्थलों पर पिंक टॉयलेट का निर्माण करेगी। संजय पांडे ने नगर के जलाशयों को लेकर भी अपने विचार प्रस्तुत किए।उन्होंने सभी जलाशयों को पुनरुद्धार कर उसके आसपास रोजगार मूलक कार्य स्थापित करने की बात कही है। युवाओं को आकर्षित करने के लिए भाजपा जगदलपुर के प्रमुख स्थलों जैसे बस स्टैंड, अस्पताल, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय में फ्री वाई-फाई ज़ोन की स्थापना करेगी। संजय पाण्डे ने कहा कि निगम में हमेशा संपत्ति कर में बढ़ोत्तरी की जाती है, परन्तु भाजपा सरकार यदि निगम में आई तो महिलाओं के नाम वाली संपत्ति पर कर में 25 फीसदी तक की छूट दी जाएगी। पाण्डे ने कहा कि निगम में कार्य करने का उनके पास 20 वर्ष से ज्यादा अनुभव है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के सभापति के तौर भी कार्य किया और नेता प्रतिपक्ष के तौर पर भी कार्य किया है, इसलिए वह अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिद्वंदियों से अधिक अनुभवी हैं। संजय पांडे ने दावा किया कि इस चुनाव में भाजपा के पार्षद रिकॉर्ड संख्या में जीतकर आएंगे। साथ ही वह स्वयं भी पूरे प्रदेश की तुलना में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर महापौर बनेंगे।

बीजापुर में मुठभेड़, अब तक 31 नक्सली मारे जा चुके; दो जवान शहीद, दो घायल

0
  • छग-महाराष्ट्र के सीमावर्ती जंगल में चल रही मुठभेड़ 
  • भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार मौके से बरामद 

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के जंगलों में फोर्स और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में अब तक 31 नक्सली मारे जा चुके हैं और दो जवान शहीद हो गए हैं एवं दो जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को बीजापुर अस्पताल लाया जा रहा है।

मुठभेड़ छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे बीजापुर जिले के नेशनल पार्क के फरसेगढ़ इलाके में चल रही है। बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी और एसटीएफ और बस्तर फाइटर की संयुक्त टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान आज 9 फरवरी को अल सुबह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा सम्हाल लिया और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया। फरसेगढ़ इलाके के जंगल में नक्सलियों के साथ कई घंटे से मुठभेड़ चल रही है। खबर मिली है कि अब तक 31 नक्सली मारे जा चुके हैं और दर्जनों नक्सली घायल हुए हैं। मारे गए सभी नक्सली वर्दीधारी हैं और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।मुठभेड़ में फोर्स को भी नुकसान हुआ है। दो जवानों की शहादत और दो जवानों के घायल होने की खबर है।घायल जवानों को फरसेगढ़ से एयर लिफ्ट कर बीजापुर लाया गया है। बीजापुर में हेलीपेड से लेकर जिला चिकित्सालय तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था। हेलीपेड पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस तैनात की गई थी। फरसेगढ़ मे जहां मुठभेड़ चल रही है, वह इलाका छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित है। महाराष्ट्र पुलिस और वहां तैनात सुरक्षा बलों को भी इस मुठभेड़ की जानकारी देते हुए अलर्ट कर दिया गया है। महाराष्ट्र में सीमावर्ती इलाकों को वहां की पुलिस और फोर्स ने सील कर दिया है। बचे खुचे नक्सलियों के महाराष्ट्र भागने की गुंजाईश जरा भी नहीं रह गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, कांकेर, कोंडागांव आदि जिलों में भी तगड़ी घेराबंदी की गई है। मुठभेड़ वाले इलाके ने नक्सलियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी सक्रिय है और माना जा रहा है कि मुठभेड़ में इसी कमेटी से जुड़े नक्सली शामिल हैं।

मिले सभी 31 नक्सलियों के शव

नक्सली मुठभेड़ में घायल दोनो जवान की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें हायर सेंटर में बेहतर इलाज के लिए पहुंचाया गया है और उनका इलाज जारी है। नेशनल पार्क मुठभेड़ स्थल से अब तक 31 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में एके-47, एसएलआर, इंसास राइफलल्स, 303, बीजीएल लांचर हथियार और विस्फोटक पदार्थ बरामद किए गए हैं। मृत नक्सलियों की पहचान की जा रही है। मुठभेड़ स्थल पर री इनफ़ोर्समेंट के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया गया है। इलाके में सर्च अभियान जारी है।

संगठनों के प्रतिनिधियों से मिले कांग्रेस प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू

0

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू और पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने रविवार को कई सामाजिक, खेल एवं व्यापारिक संगठनों के लोगों से मुलाकात कर कांग्रेस के लिए समर्थन मांगा।

मलकीत सिंह गैदू और रेखचंद जैन ने बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों व सदस्यों के बीच आयोजित बैठक में शहर के विकास को लेकर अपने नए विज़न को साझा करते हुए अपनी विस्तृत बात रखी एवं कांग्रेस के पक्ष में समर्थन मांगा। गैदू एव जैन ने चेंबर प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की नगर सरकार बनने पर व्यापार एवं व्यापारियों के हित में ठोस कदम उठाए जाएंगे। कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू ने सरयूपारिण ब्राह्मण समाज के परिवारजनों के साथ बैठक कर शहर के विकास को लेकर अपने नए विज़न को साझा करते हुए अपनी विस्तृत बात रखी एवं कांग्रेस के पक्ष में समर्थन मांगा। गैदू और जैन ने कोष्टा समाज के परिवारजनों के साथ भी बैठक की।कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू शहर विकास को लेकर अपनी बात रखी एवं समर्थन की अपील की। तेजस नव युवक मंडल के सदस्यों ने भी हाता क्रिकेट ग्राउंड में मलकीत सिंह का स्वागत किया। आज ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी मलकीत सिंह गैदू के पक्ष में रैली और सभाओं को संबोधित किया।

किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष की दौड़ में तीन निर्दलीय भी

0
  •  चुनावी समर में ताल ठोंक रही हैं पांच वीरांगनाएं

जगदलपुर बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले की नगर पालिका परिषद किरंदुल में सभी उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार जोरों पर है। पूरा नगर बैनर पोस्टर से अटा पड़ा है। यहां तीन राजनीतिक पार्टियों के अलावा तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। सभी उम्मीदवार मतदाताओं को लुभाने के लिए वादों का पिटारा लिए हुए जनसंपर्क कर रहे हैं। कोई संकल्प पत्र के नाम पर तो कोई घोषणा पत्र का पर्चा लिए हुए घर-घर जाकर मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है।

किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस ने पूर्व पालिका अध्यक्ष मृणाल राय की धर्मपत्नी राजेंद्र मृणाल राय को उम्मीदवार बनाया है। राजेंद्र मृणाल राय ने बीते कार्यकाल में पार्षद रहते हुए वार्ड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह की धर्मपत्नी रूबी सिंह को अध्यक्ष पद हेतु उम्मीदवार बनाया है। नगर में रूबी के पति शैलेंद्र सिंह का काफी नाम है। शैलेंद्र निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष पद पर जीत हासिल कर चुके हैं। कुछ अरसे पहले इन्होंने भाजपा में प्रवेश किया है। सीपीआई ने इस बार अध्यक्ष पद हेतु एनएमडीसी परियोजना में कार्यरत कर्मचारी जीआर राणा की धर्मपत्नी निर्मला राणा पर को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। निर्मला राणा पूर्व में भाकपा की ओर से पार्षद रह चुकी हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में टिकट बंटवारे से नाराज भाजपा नेत्री मीरा तिवारी भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमा रही हैं। किरंदुल नगर में पिछले 30 वर्षों से भाजपा के लिए सक्रिय रूप से काम करने का अनुभव इन्हें प्राप्त है। इन 30 वर्षों में भाजपा की कई पदों को सुशोभित कर चुकी है। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लक्ष्मी देवी भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रही हैं। लक्ष्मी देवी नगर में एक समाजसेवी के रूप में काम करती हैं।

दंतेवाड़ा की सबसे अमीर नपा

दंतेवाड़ा जिले की सबसे अमीर नगर पालिका परिषद किरंदुल में कब्जा जमाने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी अपने वादों का पिटारा लिए गली-गली घूम कर प्रचार करते हुए अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रही हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी जीत का दावा कर रही हैं। जनता किसके वादों पर भरोसा करती है और 11 फरवरी को जीत का सेहरा किसके सर पहनाती है।

बीजापुर में मुठभेड़, कई नक्सलियों के मारे जाने की संभावना

0
  • छग-महाराष्ट्र के सीमावर्ती जंगल में चल रही मुठभेड़

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के जंगलों में फोर्स और नक्सलियों की मुठभेड़ की खबर सामने आई है। मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। मुठभेड़ छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे जंगल में चल रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ बीजापुर जिले के फरसेगढ़ इलाके में चल रही है। बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी और एसटीएफ की टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान आज 9 फरवरी को अल सुबह नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा सम्हाल लिया और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया। फरसेगढ़ इलाके के जंगल में नक्सलियों के साथ करीब साढ़े तीन घंटे से मुठभेड़ चल रही है। ऎसी खबर है कि अब तक कई नक्सली मारे जा चुके हैं और उन्हें भारी नुकसान भी पहुंचा है। जहां मुठभेड़ चल रही है, वह इलाका छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित है। महाराष्ट्र पुलिस और वहां तैनात सुरक्षा बलों को भी इस मुठभेड़ की जानकारी देते हुए अलर्ट कर दिया गया है। महाराष्ट्र में सीमावर्ती इलाकों को वहां की पुलिस और फोर्स ने सील कर दिया है। बचे खुचे नक्सलियों के महाराष्ट्र भागने की गुंजाईश जरा भी नहीं रह गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, कांकेर, कोंडागांव आदि जिलों में भी तगड़ी घेराबंदी की गई है। मुठभेड़ वाले इलाके ने नक्सलियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी सक्रिय है और माना जा रहा है कि मुठभेड़ में इसी कमेटी से जुड़े नक्सली शामिल हैं।

बैज और महंत आज जगदलपुर में

0

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैजएवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत आज जगदलपुर प्रवास पर आ रहे हैं। डॉ. महंत सुबह 10.45 बजे आने वाले हैं, जबकि श्री बैज दोपहर 12 बजे आएंगे। दोनों नेता नगर निगम जगदलपुर के महापौर प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क करेंगे और नुक्कड़ सभाएं लेंगे।

शराब ले डूबी केजरीवाल सरकार को: विजय शर्मा

0

जगदलपुर दिल्ली विधानसभा के चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत से छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा गदगद हैं। शर्मा ने कहा कि जिस तरह छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला करने वाली कांग्रेस सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका, वैसे ही दिल्ली में भी शराब घोटाला करने वाली केजरीवाल सरकार को जनता ने उखाड़ फेंका है। जनता जागरूक हो हो चुकी है, अच्छे एवं बुरे लोगों की पहचान करने लगी है। भाजपा सुशासन और सबको साथ लेकर सबका विकास करने वाली पार्टी है।

पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल, नगरीय निकायों और पंचायतों में चुनकर आएगी कांग्रेस: दीपक बैज

0
  •  जगदलपुर नगर निगम की सत्ता कांग्रेस ही सम्हालेगी 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा विरोधी माहौल है। साय सरकार के कामकाज से जनता नाखुश और दुखी है। नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में कांग्रेस 95 फीसदी सीटें जीतने जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज आज शनिवार को रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ में जो नकारात्मक राजनीति की है, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाने का काम किया है, तुष्टिकरण की नीति अपनाई है, विष्णु देव साय सरकार का अब तक का परफॉरमेंस अच्छा नहीं रहा है, उसके चलते पूरे प्रदेश में भाजपा विरोधी माहौल तैयार हो चुका है।. जनता भाजपा के हाथों में राज्य की सत्ता सौंपकर अब पछता रही है। श्री बैज ने कहा – मैं पूरे राज्य का दौरा कर रहा हूं, कल ही नारायणपुर, सुकमा गया था, हर जगह की जनता भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए आतुर नजर आई है। इसकी शुरुआत नगरीय निकायों तथा ग्राम, जनपद और जिला पंचायतों के चुनावों से होने जा रही है। कांग्रेस के प्रति हर जगह अनुकूल परिस्थितियां हैं। अधिकतर नगरीय निकायों और ग्राम, जनपद एवं जिला पंचायतों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रचंड वोटों से जीतने जा रहे हैं। दीपक बैज ने जगदलपुर नगर निगम का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां हमारे प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू और 90 प्रतिशत से ज्यादा वार्डों में पार्षद प्रत्याशी जीतकर आएंगे, यह मेरा दावा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के आरक्षण का अधिकार छीनकर उनके साथ अन्याय किया है। भाजपा और उसकी सरकार हार के डर से कांग्रेस प्रत्याशियों को डराने धमकाने का काम कर रही है। हार के डर से भाजपा हमारे लोगों को डराने धमकाने का काम कर रही है। प्रदेश में किसकी सरकार है ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो पा रहा है, हमें लगता है कि रिमोट कंट्रोल से छत्तीसगढ़ की सरकार चल रही है। यहां न तो पीएम आवास बनाए जा रहे हैं और ना ही भाजपा की चुनावी घोषणा के अनुरूप दर पर धान खरीदी की गईं है। जनता में सरकार और भाजपा के खिलाफ असंतोष है, जिसका फायदा कांग्रेस को इन चुनावों में मिल रहा है।

भक्तों ने देवी को समर्पित किए लाखों का कैश और जेवरात

0
  • भक्तों ने देवी को समर्पित किए लाखों का कैश और जेवरात खोली गईं मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटियां
  • दानपेटियों में अर्जी वाली अनेक चिट्ठियां भी मिलीं

जगदलपुर बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा में स्थित पावन शक्तिपीठ दंतेश्वरी माता मंदिर मंदिर की दान पेटियां शुक्रवार को खोली गईं। दान पेटियों में मिली नगदी और जेवरात की गिनती कई घंटे तक चली। इस बार भी भक्तों ने मां दंतेश्वरी को मुक्त हस्त से दान राशि अर्पित की है। नोटों की गणना में नगदी लगभग 17 लाख रुपए और सोने चांदी के कुछ जेवरात पाए गए, जिसे खजाने में जमा करवा दिया गया।

मुहरबंद दानपेटियां टेंपल कमेटी व्यवस्थापक व तहसीलदार विनीत सिंह, प्रधान पुजारी हरेंद्र नाथ, सहायक पुजारी लोकेंद्र नाथ की मौजूदगी में खोली गई। इसके पूर्व 5 अगस्त 2024 को दान पेटियों की राशि की गणना हुई थी। इस बार गणना के मौके पर बीरो मांझी, महादेव नेताम, मुकुंद ठाकुर, सुखराम ठाकुर, शिवचंद्र कतियाररास, डीआर नाग, त्रिनाथ ठाकुर, विजय पटनायक समेत टेंपल कमेटी से जुड़े लोग और गणमान्य नागरिकों ने मौजूद रहकर इस गणना में सहयोग किया।

मिले अर्जी वाले कई पत्र

दान पेटियों में इस बार भी भक्तों द्वारा डाले गए दर्जन भर अर्जी वाले पत्र मिले हैं।मांई दंतेश्वरी को संबोधित पत्रों में भक्तों ने अर्जी लगाई थी। इन चिटिठयों में किसी ने कर्ज से मुक्ति पाने, तो किसी ने सरकारी नौकरी पाने की कामना की। किसी ने संतान का ब्याह करवाने की बात लिखी, तो किसी ने खुद के पसंदीदा जीवनसाथी के साथ जीवन बिताने की तो, किसी ने व्यापार व्यवसाय में सफलता की कामना की थी।

गांधी माध्यमिक शाला में वार्षिक समारोह

0

जगदलपुर महात्मा गांधी माध्यमिक शाला में दिनांक 7 फरवरी को वार्षिक महोत्सव का आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी मानसिंग भारद्वाज.थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड स्त्रोत समन्वयक शरद श्रीवास्तव, संकुल प्राचार्या सुधा परमार तथा संकुल समन्वयक विकास चंद्राकर ने शिरकत की।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम विशिष्ट अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर सरस्वती वंदना की गई। इसके पश्चात शाला की छात्राओं द्वारा अतिथियों के लिए स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात प्राथमिक शाला के छात्रों द्वारा बचपन पर आधारित एक नृत्य पेश किया गया। वीरता पर आंठवी कक्षा की छात्रा द्वारा एकल नृत्य प्रस्तुत किया गया। शहर में स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देने लिए छठवीं तथा सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा एक नृत्य किया गया। इसके पश्चात सातवीं कक्षा की एक छात्र द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने पूरे कार्यक्रम को राममय बना दिया। नशे के जाल से मुक्त करने हेतु आंठवी कक्षा के छात्रों द्वारा एक शिक्षाप्रद नाटक प्रस्तुत किया गया जिसे सारे दर्शकों द्वारा सराहा गया। तत्पश्चात बीते सत्र के प्रदर्शन के आधार पर छात्रों को विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। अंत में बस्तर की संस्कृति पर आधारित छात्राओं द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन के पश्चात छात्रों को स्वल्पाहार कराया गया।

समस्त कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साज सज्जा में शाला की शिक्षिका मनीषा ठाकुर का योगदान रहा। सांस्कृतिक नृत्य और नाटक का समस्त प्रबंधन शाला के शिक्षक अनुपम साहा तथा नवीन राठौर द्वारा किया गया। समस्त कार्यक्रम के विधिवत संचालन में शाला के शिक्षकगण सावित्री पेगड़, सुमन राठौर एवं गीता ठाकुर की भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान सम्पूर्ण प्रभार एवं दायित्व प्रधान पाठक दीपक वाजपेयी का था। समारोह में शिरकत किए हुए हर अतिथियों ने पूरे प्रयोजन का आनंद उठाया। यह जानकारी संकुल समयवंक भूपेश पाणिग्रही ने दी।

MOST POPULAR

HOT NEWS