जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों को रास्ते में घेरकर किया हमला, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
दल्लीराजहरा नगर के पुराना बाजार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में तीन युवक घायल हुए हैं, जिनमें दो को गंभीर चोटें आने के कारण शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बिरजू साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(2) एवं 126(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता पुनीत यादव (पिता विजय यादव), निवासी वार्ड क्रमांक 10, पुराना बाजार, दल्ली राजहरा ने बताया कि 1 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी मोहन नायक और ऋषि यादव के साथ झरन मंदिर के पास मोहन नायक का जन्मदिन मनाने गए थे।
जन्मदिन मनाने के बाद तीनों रात करीब 11:30 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 12 स्थित शिव मंदिर चौक के पास उनकी मुलाकात बिरजू साहू से हुई। बताया गया है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद तीनों युवक वहां से अपने घर जाने लगे। आरोप है कि बिरजू साहू उनके पीछे पहुंचा और घर के सामने रास्ते में उन्हें रोककर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और तीनों युवकों पर हमला कर दिया गया।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमले में पुनीत यादव के सिर, मोहन नायक के सिर एवं चेहरे तथा ऋषि यादव के गाल, सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायलों को परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से शहीद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर चोटों को देखते हुए घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।घटना के बाद आरोपी के फरार होने की बात शिकायत में कही गई है। थाना राजहरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार कंवर द्वारा की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के वास्तविक कारणों, विवाद की परिस्थितियों और हमले में प्रयुक्त साधनों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद एक बार फिर पुराना बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, आपसी विवाद और असामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण और रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।





