City Media - Page 212 of 1847 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 212

आसमान पर एयरफोर्स के हेलीकाप्टरों की दहाड़ और धरती पर बम, गोलियों के धमाके, नक्सली थर थर कांपे

0
  •  बीजापुर तेलंगाना बॉर्डर में पांचवे दिन भी जारी रही नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई
  • बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने की संभावना

अर्जुन झा-

जगदलपुर लगता है सुरक्षा बलों ने बस्तर संभाग से नक्सलियों के खात्मे की जिद पाल ली है। तभी तो आसमान पर वायुसेना के हेलीकाप्टर दहाड़ रहे हैं और धरती पर बम, गोलों और गोलियों के धमाके गूंज रहे हैं जंगल के परिंदे बेचैन होकर बदहवासी के आलम में इधर उधर उड़ रहे हैं। यह दृश्य है बस्तर संभाग के बीजापुर जिले और पड़ोसी राज्य तेलंगाना के बॉर्डर का। नक्सलियों की मौजूदगी वाली दो तीन पहाड़ियों को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश की फोर्स ने चारों ओर से घेर लिया है। नक्सलियों के बचकर निकलने के लिए कोई रास्ता नहीं छोड़ा गया है।

इलाके में बीते पांच दिनों से नक्सलियों और उनके ठिकानों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। वायुसेना के 4- 5 हेलीकाप्टर लगातार आसमान में उड़ान भर रहे हैं। इन हेलीकाप्टरों से नक्सलियों पर बम गोले गिराए जा रहे हैं और अत्याधुनिक हथियारों से गोलियों की बौछार भी की जा रही है। हेलीकाप्टरों की दहाड़ से आसमान कांप रहा है और बमों के धमाकों तथा गोलियों की तड़तड़ाहट से धरती डोलती सी प्रतीत हो रही है। जंगल के परिंदे बेचैनी और बदहवासीके आलम में जहां तहां उड़ते नजर आ रहे हैं। केंद्रीय और राज्यों के सुरक्षा बलों का यह जॉइंट ऑपरेशन बीते पांच दिनों से लगातार जारी है। आज पांचवे दिन आज सुबह 7 बजे से अब तक वायुसेना के चार हेलीकॉप्टर सीमावर्ती इलाके के आसमान में उड़ते देखे गए। ये हेलीकाप्टर इस अंतिम लड़ाई में जमीन पर मोर्चा सम्हाल कर नक्सलियों पर प्रहार कर रहे जवानों के लिए रसद और गोला बारूद एवं हथियार भी पहुंचा रहे हैं।आसमान में लगातार हेलीकॉप्टरों की गूंजती दहाड़ बता रही है कि फोर्स की बड़ी कामयाबी की खबर जल्द ही आने वाली है। कल रात 10 बजे तक भी भारी फायरिंग और बम धमाकों की आवाज गूंजती रही। ग्रामीणों के मुताबिक फोर्स ने किसी भी प्रकार की जानकारी या वीडियो साझा न करने के लिए कह रखा है। ऑपरेशन संवेदनशील मोड़ पर आ चुका है और इस बड़ी कार्रवाई में दर्जनों नक्सलियों के मारे जाने, पचासों के घायल होने और नक्सली ठिकानों व भंडारों के तबाह होने की पूरी संभावना है। सूत्र बताते हैं कि जिस जगह पर यह ऑपरेशन चलाया जा रहा है, वहां डेढ़ से दो हजार नक्सली मौजूद हैं और उनमें हिड़मा और देवा जैसे दर्जनों टॉप नक्सली लीडर भी शामिल हैं। कल खबर आई थी कि हिड़मा और देवा बचकर भाग निकलने में सफल हो गए हैं, मगर यह खबर महज कयास ही निकली। सूत्रों के मुताबिक ये दोनों बड़े नक्सली नेता अभी भी वहीं पर मौजूद हैं और या तो वे मारे जा चुके हैं, या फिर घायल हो गए हैं। सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अंचल के ग्रामीणों को ऑपरेशन वाली जगह की ओर न जाने के लिए कहा गया है।

आईईडी ब्लास्ट में जवान घायल

इधर बीजापुर जिले में जारी ऑपरेशन में सपोर्टिंग के लिए जा रही फोर्स की टुकड़ी में शामिल डीआरजी का एक जवान आईईडी ब्लास्ट में घायल हो गया है। यह टुकड़ी गलगम से कर्रेगुट्टा पहाड़ी की तरफ़ जा रही थी। इसी दौरान जवान आईईडी की जद में आ गया। आईईडी ब्लास्ट से जवान के पैरों में चोट आई है। घायल जवान का गलगम स्थित सीआरपीएफ कैंप में इलाज चल रहा है। खबर है कि घायल जवान को बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से बीजापुर लाने की तैयारी चल रही है।

दल्ली-राजहरा के समग्र विकास को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री और क्षेत्रीय सांसद से भेंट कर सौंपा ज्ञापन

0

दल्लीराजहरा नगर के समग्र एवं बहुआयामी विकास को लेकर भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री  अरुण साव एवं क्षेत्र के सांसद भोजराम नाग से बालोद में शिष्टाचार भेंट कर नगर की वर्षों पुरानी समस्याओं, विकास की संभावनाओं और जनता की आकांक्षाओं से अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख एवं वरिष्ठ नेता यशवंत जैन ने संयुक्त रूप से किया। प्रतिनिधिमंडल में राजहरा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए उपमुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा, “यह गौरव का विषय है कि दल्ली-राजहरा नगर पालिका में 25 वर्षों में पहली बार भारतीय जनता पार्टी को जनादेश मिला है। यह सिर्फ राजनीतिक विजय नहीं बल्कि जनता की अपेक्षाओं और विश्वास का परिणाम है। हम इस ऐतिहासिक अवसर को नगर के चहुँमुखी विकास में परिवर्तित करने हेतु कृतसंकल्पित हैं।” उन्होंने कहा कि नगर की कई आधारभूत समस्याएं लंबे समय से अनदेखी रही हैं, जिन पर अब निर्णायक कार्यवाही की आवश्यकता है।

ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

दल्ली-राजहरा में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा मिल सके, और नगर शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित हो सके। नगर को ‘एजुकेशन हब’ के रूप में विकसित किया जाए जिसमें उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सुविधाएं शामिल हों। 100 बिस्तरों वाले सर्वसुविधायुक्त सरकारी अस्पताल का निर्माण जिससे नगरवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। 20 एकड़ भूमि उद्योग स्थापना के लिए आवंटित की जाए जिससे क्षेत्र में रोजगार सृजन हो और आर्थिक गतिविधियों को बल मिले। वार्ड क्रमांक 13 में नहावन घाट का निर्माण करना जिससे आसपास के 4 वार्डो को इसका लाभ प्राप्त होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु ‘नालंदा परिसर’ की स्थापना ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के विद्यार्थी सशक्त शैक्षणिक माहौल में तैयारी कर सकें। जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए ताकि आम नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों में परेशानी न हो। विषय की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिनिधिमंडल की सराहना करते हुए कहा, “दल्ली-राजहरा को शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में अग्रणी बनाना भाजपा की प्राथमिकता है। भाजपा सरकार जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करने में विश्वास रखती है। मैं स्वयं इन मांगों को केंद्र व राज्य स्तर पर उठाने हेतु प्रतिबद्ध हूँ।”

जिला नेतृत्व ने रखा विकास का विजन

जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख , वरिष्ठ नेता यशवंत जैन एवं पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने संयुक्त रूप से कहा, “भाजपा सिर्फ चुनावी जीत की राजनीति नहीं करती, हम सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ जनता के साथ हैं। दल्ली-राजहरा को एक विकसित और आत्मनिर्भर नगर बनाने का जो सपना हम सबने देखा है, उसकी नींव आज के संवाद और मांगों से और मजबूत होगी।” इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष मुस्ताक अहमद,ललित जैन,सोमेश जायसवाल,मनोज सिंग एवं भाजपा के विभिन्न वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर मांगों का समर्थन किया और उनके शीघ्र क्रियान्वयन की अपेक्षा जताई। उपमुख्यमंत्री ने भी प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता से विचार कर यथासंभव शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

राजहरा क्वारी केंटीन का हाल बेहाल

0
  • अफसर ए सी में मस्त, श्रमिक तपती गर्मी से त्रस्त।

भिलाई इस्पात संयंत्र अधीनस्थ राजहरा यंत्रीकृत खदान में संचालित क्वारी केंटीन में इस तपती गर्मी में कर्मचारी, बिना एयर कूलर, पंखे की तपती गर्म हवा के नीचे बैठकर नाश्ता करने को मजबूर है।

इस केंटीन का एयर कूलर, वाटर कूलर, व किचेन का एग्जास्ट फैन महीनों से खराब पडा है।इस संबंध में संबंधित अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति मे कोई सुधार नहीं किया गया।

पिछले कुछ वर्षों से खदानों में कर्मचारी कल्याण से संबधित मामलों मे खदान प्रबंधन का रवैया बेहद उदासीन व नकारात्मक हो चुका है।शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान तभी लिया जाता है, जब कर्मचारी कामबंद हडताल पर उतर जाते हैं। दरअसल खदानों में होने वाली कामबंदी व हडताल प्रबंधन द्वारा ही आमंत्रित की जाती है।

आश्चर्य की बात है कि श्रमिक कल्याण के लिए नियुक्त श्रम कल्याण अधिकारी, जिन्हें कार्य क्षेत्र में जाकर श्रमिकों की समस्याओं का निदान करवानें का प्रयास करना चाहिए, उन श्रम कल्याण अधिकारियों को उच्च अधिकारियों ने अपना सहायक बनाकर आफिस कार्यों में संलग्न करके रख लिया गया है।इन्हे कार्य क्षेत्र में जाने, समस्याओं को जानने व कर्मचारियों से संवाद का समय ही नहीं मिल पाता है।जिसके परिणामस्वरूप कार्य क्षेत्र में गंभीर समस्याओं का अंबार लगता जा रहा है, लेकिन ए सी कमरों में बैठे अधिकारियों को इससे कोई फर्क नहीं पडता है। शायद प्रबंधन श्रमिकों के आक्रोश व कामबंदी को झेलने का आदी हो चुका है।

जहां एक ओर केन्द्र सरकार के श्रम मंत्रालय ने हाल ही में सभी कारखानों व खदानों के कर्मचारियों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष व अतिरिक्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया है, वहीं दूसरी ओर खदान प्रबंधन की पुरानी व्यवस्था बनाए रखने भी कोई रूचि नहीं है। इस प्रकार हमारा खदान प्रबंधन अपने आप को केंद्र सरकार से ऊपर समझ बैठा है।यदि जल्द समस्याओं का निरकरण नहीं हुआ तो फिर राजहरा क्वारी के समस्त कर्मचारी कामबंदी के लिये बाध्य होंगे ।

खदानों में श्रमिक कल्याण की बदतर स्थिति पर जल्द ही हमारी यूनियन द्वारा केंद्र सरकार व संबंधित विभागों को विस्तृत प्रतिवेदन प्रेषित किया जायेगा।

 

हटाए जाएंगे नगर में लगे अवैध होर्डिंग्स, राजस्व सलाहकार समिति की बैठक में फैसला

0
  •  समिति की बैठक में पार्षदो ने रखी अपनी बात
  •  पहलगाम हमले के मृतकों को दी गई श्रद्धांजलि 

जगदलपुर राजस्व सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को नगर पालिक निगम जगदलपुर के राजस्व सभापति कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न एजेंडो पर चर्चा हुई।

इस बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में संपत्ति कर के मूल्यांकन, नजूल भूमि के चिन्हकन के लिए योग्य अधिकारी की नियुक्ति, जनप्रतिनिधि, धार्मिक, सामाजिक, खेलकूद, शासकीय आयोजनो में लगे होर्डिंग प्रिंटिंग दुकान से प्रति होर्डिंग की दर तय करने एवं एक हफ्ते में होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए गए। जलकर को लेकर सहायक राजस्व निरीक्षक को तीव्र गति से जल कर वसूलने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास, अटल आवास के संपत्ति कर वसूलने के लिए कर्मचारी की नियुक्ति पर विचार, चोटिल गोधन के तत्काल चिकित्सा एवं उपचार के लिए नगर निगम में हेल्प डेस्क खोलने की योजना, निकाय के निर्वाचित जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारी कर्मचारियों के परिवार के विवाह एवं सामाजिक कार्य हेतु वीर सावरकर एवं टाउन हॉल के लिए प्रति समारोह दर तय करने जैसे निर्णय लिए गए।बैठक की समाप्ति के पहले जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमलो के पीड़ितों को 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा यह राजस्व समिति नगर निगम की राजस्व नीतियों और कार्यों पर सलाह देती है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम की राजस्व आय को बढ़ाने और कर योग्य संपत्तियों के मूल्यांकन के बारे में निर्णय लेना रहा। राजस्व सलाहकार समिति द्वारा लिए गए आज के निर्णय को महापौर परिषद में रखा जाएगा, जहां उन्हें अंतिम मंजूरी दी जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से पार्षद आलोक अवस्थी, पार्षद गिरिजा गुप्ता, पार्षद रोशन सिसोदिया, पार्षद दिलीप दास, पार्षद लोकेश चौधरी सहित राजस्व अधिकारी विनय श्रीवास्तव, लेखापाल अनिल पिल्लै, सहायक राजस्व अधिकारी राकेश यादव, राजस्व उप निरीक्षक कुलदीप पाणिग्रही, सहायक राजस्व निरीक्षक चंदन सहित कर्मचारी उपस्थित थे।

झपटमार, स्कूटी चोर और दो अपचारी बालक गिरफ्तार

0
  • मोबाईल फोन और स्कूटी बरामद की पुलिस ने 

जगदलपुर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुगोविंद सिंह चौक पर मोबाइल की झपटमारी तथा स्कूटी चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार करने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है।

पिछले दिनों प्रार्थिया सारिका नाग तथा सोबेंद्र ठाकुर ने थाना बोधघाट में क्रमशः गुरु गोविंद सिंह चौक के पास व रोड किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर पास के दुकान में मोबाइल रिचार्ज करने गई थी। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी स्कूटी क्रमांक सीजी 17 केजेड 6736 को चोरी कर ले गया है तथा गुरुगोबिंद सिंह चौक के एम बैटरी दुकान के पास से पीछे से आकर एक अज्ञात व्यक्ति दो अन्य लोगों के साथ इसके वीवो कंपनी के मोबाइल फोन को झपटमारी कर ले गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में तत्काल कार्यवाही हेतु टीम तैयार की गई। टीम के द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिर सूचना के आधार पर राकेश मंडावी पिता हंसू मंडावी उम्र 25 वर्ष निवासी गंगानगर वार्ड जगदलपुर से पूछताछ की गई। राकेश ने विधि से संघर्षरत दो बालकों के साथ अपराध करने की बात कबूल करते हुए चोरी की स्कूटी और मोबाईल फोन बरामद करवाए। आरोपी को गिरफ्तार कर तथा घटना में सहयोगी दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर क्रमशः न्यायिक रिमांड पर न्यायालय तथा किशोर बोर्ड न्यायालय पेश में किया गया। इन्हें पकड़ने में निरीक्षक लीलाधर राठौर,

उप निरीक्षक अरुण मरकाम, एएसआई दिनेश उसेंडी,प्रधान आरक्षक नितेश मेश्राम, पवन श्रीवास्तव, हरेंद्र मेड़तिया और आरक्षक प्रकाश नायक व नारायण कलामे का योगदान रहा।

कलेक्टर ने कोलावल और मैलबेड़ा में लगाई जन चौपाल, ग्रामीणों से की चर्चा

0
  •  शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जरूरतों की ली जानकारी 
  • पटवारी को मौके पर ही कर दिया निलंबित 

बकावंड जिला प्रशासन द्वारा बस्तर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का आंकलन करने और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में जनचौपाल का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत कोलावल और मैलबेड़ा में आयोजित जन चौपाल का निरीक्षण कलेक्ट हरिस एस ने किया।

जन चौपाल में कलेक्टर ने स्कूल की व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था, बच्चों का जाति प्रमाण पत्र निर्माण की स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों में पूरक पोषण आहार की उपलब्धता, बच्चों और लक्षित माताओं के स्वास्थ्य की जांच, टीकाकरण, स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य जांच, दवाइयों की उपलब्धता, संस्थागत प्रसव, पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप, सोलर ड्यूल पंप, जल जीवन मिशन के कार्यों, उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न सामग्री की नियमित उपलब्धता, बिजली की उपलब्धता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं, मनरेगा, पीएम आवास योजना के सर्वे, आवास योजना की प्रगति, सामाजिक पेंशन के भुगतान, पीएम किसान सम्मान निधि के लिए पंजीयन, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड के साथ ही ग्रामीण स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की गांव में नियमित उपस्थिति का जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांग एवं आवश्यकता को देखते हुए राताखंडी से मांझीगुड़ा तक सड़क बनाने के लिए निर्देश दिए। साथ ही मैलबेड़ा डोंगरीपारा में विद्युत की व्यवस्था पूरा करने आश्वस्त किया। वहीं कोलावल के ग्रामीणों द्वारा पटवारी के कार्य में लापरवाही की शिकायत मिलने पर पटवारी को निलंबित करने के निर्देश कलेक्टर हरिस एस ने दिए।इन ग्राम पंचायतों में आयोजित जनचौपाल में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी सहित विकासखंड स्तरीय एवं ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारियों के दलों द्वारा संबंधित ग्राम पंचायतों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्कूल,आयुष्मान कार्ड की उपलब्धता, स्वास्थ्य जांच इत्यादि मूलभूत सुविधाओं के साथ ही शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक सहायता कार्यक्रम पेंशन भुगतान, पशु टीकाकरण स्थिति का जायजा लिया गया। वहीं चौपाल में ग्रामीणों से चर्चा कर मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, एसडीएम बकावंड श्री ऋषिकेश तिवारी, सीईओ जनपद परेश्वर कुर्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने बकावंड ब्लॉक के दौरान ब्लॉक मुख्यालय में स्थित समरसता भवन में ब्लॉक के सभी दलों द्वारा शासकीय संस्थानों का निरीक्षण और चौपाल में की गई कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सिंधी बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ

0
  •  पहलगाम हमले के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि 

जगदलपुर गुरूवार को एसपीएल कोर कमेटी द्वारा आयोजित सिंधी बॉक्स क्रिकेट का शुभारंभ हुआ।उद्धघाटन के अवसर पर झूलेलाल जी की आरती की गई। उद्धघाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप मे सिंधी समाज के अध्यक्ष मनीष मूलचंदानी, संरक्षक उधाराम मूलचंदानी एवं गोवर्धन दास नवतानी, सुंदर लाल भोजवानी, उपाध्यक्ष सुनील दंडवानी, हरेश नागवानी, मनोज मूलचंदानी, नीलम बसंतवानी, शिवम बसंतवानी एवं समाज के वरिष्ठ उपस्थित थे। मैच शुरू होने से पहले सभी खिलाड़ियों ने पहलगाम हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी एवं मैच के दौरान खिलाड़ियों ने काली पट्टी पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। मीडिया प्रभारी मयंक नत्थानी ने बताया कि समाज के सभी उम्र के खिलाड़ी इस खेल मे भाग ले सकें इस उदेश्य से एसपील कोर कमेटी द्वारा ये आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट वृन्दावन कालोनी स्थित टर्फ मैदान पर खेला जा रहा है। यह क्रिकेट का सबसे छोटा फॉर्मेट है जो कि सिर्फ आठ ओवर का होगा एवं एक टीम में 8 ही खिलाड़ी होंगे। यह टूर्नामेंट अगले 5 दिनों तक चलेगा। उद्धघाटन के अवसर पर सिंधी पंचायत टीम एवं सेवा समर्पण टीम के मध्य सद्भावना मैच खेला गया। यह मैच सेवा समर्पण टीम ने जीत लिया। दूसरा मैच सरगम बॉयज एवं सिंधी 8 के बीच खेला गया। यह मैच सरगम बॉयस ने आसानी से जीत लिया। निखिल कलवानी मैन ऑफ द मैच रहे।तीसरा मैच इलाइट 8 वर्सेस श्रीराम सेना के मध्य खेला गया, जिसमें इलाइट 8 के कप्तान कुणाल बजाज की शतकीय पारी की बदौलत टीम ने 164 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया एवं यह मैच जीत लिया। कुणाल बजाज ने 104 रन बनाए एवं मैन ऑफ द मैच रहे। इस आयोजन मे विशाल दुल्हानी, सनी बजाज, अमित गोविंदानी, यश मेथानी, निखिल कलवानी, निखिल जयसिंघानी, करण बजाज, गौरव लालवानी, सतीश दुल्हानी, आतिश रामचंदानी, निकेत नागवानी, कुणाल बजाज, हर्ष दंडवानी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

स्कूलों में डेंगू, मलेरिया के खिलाफ जागरूकता

0

जगदलपुर आयुक्त नगर पालिक निगम जगदलपुर के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बस्तर, जगदलपुर का आदेश तथा मार्गदर्शन में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन जगदलपुर द्वारा शहरी क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय एव प्राइवेट स्कूलों में “सामुदायिक साझेदारी दूर करेगी डेंगू की बीमारी” थीम पर डेंगू की रोकथाम एवं बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत् स्कूली बच्चों को डेंगू नियंत्रण पर शिक्षित करने जिला शहरी कार्यक्रम प्रबंधक पीडी बस्तिया ने बताया कि एकलव्य आवासीय छात्रावास, पीएम श्री नवोदय विद्यालय धरमपुर, दीप्ति कान्वेंट, विद्या ज्योति, निर्मल विद्यालय स्कूलों मे डेंगू से बचाव हेतु अपने आसपास पानी का जमाव न होने देने, घर के कूलर, पुराने बर्तनों, पुराने टायरों, प्लास्टिक की बोतलों, नारियल की खोल में पानी जमा न होने देने और नियमित सफाई के साथ मच्छरदानी का उपयोग और फूल आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह दी गई।

इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग से डॉ. विराट तिवारी, डॉ. एंजेल पलक, सुपरवाइज़र नरेश मरकाम, प्रशांत श्रीवास्तव, वर्षा नामदेव, सुंदर मरकाम, संगीता राय, तामेश्वरी मरावी, मोहन कश्यप, स्कूलों के शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग तथा स्कूल प्रबंधन का विशेष सहयोग रहा।

भीषण गर्मी के बीच चार दिन से जवान मोर्चे पर डटे रहकर नक्सलियों से कर रहे हैं दो दो हाथ

0
  •  आपरेशन के बीच 40 जवान हो गए डिहाइड्रेशन से पीड़ित 
  • भद्राचलम के अस्पताल में कराए गए हैं भर्ती 

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में बीजापुर तेलंगाना सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ चलाया जा रहा अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन चौथे दिन भी जारी रहा। भीषण गर्मी में भी शूरवीर जवान नक्सलियों से दो दो हाथ कर रहे हैं। इस ऑपरेशन के दौरान 40 से ज्यादा जवान डिहाइड्रेशन का शिकार हो गए हैं।

बीते 96 घंटे से लगातार जवान माओवादियों के खिलाफ जारी अभियान में अपना शौर्य दिखा रहे हैं।डिहाइडरेशन पीड़ित जवानों को सेना के हेलिकॉप्टर से तेलंगाना के भद्राचलम के अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। जवान पिछले चार दिनों से भीषण गर्मी में नक्सलियों से लोहा ले रहे हैं। इन जवानों की सहायता के लिए हेलीकॉप्टर से रसद व अन्य सामान पहुंचाया जा रहा है। तेलंगाना के वेंकटापुरम के हेलीपैड में हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। इस बड़े आपरेशन में तीन राज्यों की संयुक्त टीम ने कर्रेगुट्टा, नड़पल्ली और नंबी के पहाड़ियों को घेराबंदी कर रखी है। इस बीच नक्सली संगठन उत्तर पश्चिम सब जोनल ब्यूरो द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बीजापुर तेलंगाना सीमा पर जारी सैनिक अभियान को तुरंत रोकने की अपील की गई है। जोनल ब्यूरो प्रभारी रुपेश ने अपने वक्तव्य में कहा कि सरकार को शांति वार्ता के लिए आगे आना चाहिए। समस्या का समाधान शांति वार्ता से ही संभव है। जोनल ब्यूरो ने कहा कि शांति वार्ता से जो काम हो सकता है सरकार उसे दमन व हिंसा का सहारा ले रही है। बीजापुर तेलंगाना सीमा पर एक बड़ा आपरेशन लांच किया गया उसे तुरंत रोकना चाहिए। माओवादी ब्यूरो ने इस कगार सैनिक अभियान को एक महीने के लिए स्थगित करने की बात कही है। सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद के साथ प्रतीक्षा करेंगे। माओवादी की इस प्रेस विज्ञप्ति से यही आशंका जताई जा रही है कि बड़े केडर के माओवादी अपने ठिकानों पर सुरक्षित नहीं है।

जल कर वसूली के लिए महापौर संजय पांडेय ने ली महत्वपूर्ण बैठक

0
  • अभियान चलाकर अमले ने जप्त किए 31 टुल्लू पंप
  •  पानी के टैक्स के पौने पांच करोड़ रुपए हैं बकाया
  •  जलकर वसूली के लिए अब बरती जाएगी सख्ती 

 जगदलपुर वित्तीय वर्ष 2024-25 की जलकर वसूली बहुत ही कम है। वर्ष 2024 -25 के पूर्व के बकाया व वर्तमान वित्तीय वर्ष के जलकर की शत प्रतिशत वसूली करने सोमवार से अभियान चालू किया गया। 4 करोड़ 72 लाख 72 हजार जलकर वसूली की जा रही है।

नगर पालिक निगम जगदलपुर के पीएचई अमले द्वारा अभियान चलाकर जलकर वसूली की जाएगी। जिसके तहत गुरुवार को महापौर संजय पांडे की उपस्थिति में एवं आयुक्त नगर निगम प्रवीण वर्मा के दिशा निर्देश पर नगर पालिका निगम जगदलपुर में जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा की उपस्थिति में पीएचई एवं राजस्व अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में बताया गया कि 2024 -25 मे जलकर की मांग 7 करोड़ 67 लाख 45 हजार है। अभी तक की जलकर वसूली 31 मार्च तक 2 करोड़ 91 लाख 73 हजार हो पाई है, जिसका प्रतिशत 38.16 है। नगर के 48 वार्डों में जल कनेक्शन लेने वालों की संख्या 22311 है। जिसमें 3051 लोगो से 10000 से ऊपर जलकर बकाया है। कुल 4 करोड़ 12 लाख 08 हजार की जलकर वसूली बकाया है। सहायक राजस्व निरीक्षक एवं पंप ऑपरेटर मिलकर जलकर की वसूली करेंगे। अभी तक 31 टुल्लू पंप जप्त किए गए हैं। प्रवीर वार्ड मे 66 उपभोक्ताओं से 18 लाख 69 हजार 279 रूपये, विजय वार्ड 42 उपभोक्ताओं से 12 लाख 21 हजार 306, शिव मंदिर वार्ड 42 उपभोक्ताओं से 12 लाख 62 हजार 523 रुपये,भैरम देव वार्ड 72 उपभोक्ताओं से 18 लाख 40 हजार 785, वीर सावरकर वार्ड 42 उपभोक्ताओं से 11 लाख 72 हजार 654 रूपये जलकर वसूली बाकी है। सभी 48 वार्ड मिलाकर 3051 उपभोक्ताओं से जलकर वसूली की जानी है। महापौर संजय पांडे ने कहा कि जल कार्य सभापति सुरेश गुप्ता एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा एवं अधिकारियों के साथ हमारी आज बैठक हुई, जिसमें जल्द से जल्द जलकर वसूली करने का निर्देश दिया गया है। एक महीने के अंदर अधिकारियों को जलकर वसूलने कहा गया है। टुल्लू पंप जप्ती का भी निर्देश दिया गया है। जलकर अगर नहीं देते हैं तो चिन्हित करके नल कनेक्शन काटे जाएंगे।अवैध नल कनेक्शनों को भी काटा जाएगा। जलकर सभापति सुरेश गुप्ता एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने बकायादारों से जलकर की राशि जमा कराकर असुविधा से बचने की अपील की है। इस बैठक में मुख्य रूप से राजस्व निरीक्षक विनय श्रीवास्तव, कुलदीप पाणिग्रही, सब इंजीनियर संजीव कर्ण उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS