City Media - Page 2 of 1839 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 2

पॉलीटेक्नीक कॉलेज के “यातना गृह” की दशा सुधारने नहीं हुई पहल, अब हॉस्टल के भोजन में निकली इल्लियां

0

गर्ल्स पॉलीटेक्नीक कॉलेज के हॉस्टल की छात्राएं परेशान

मिलता है घाटिया भोजन, बाहर से टिफिन मंगवाने मजबूर हो गईं हैं छात्राएं

वार्डन धमकी देते हुए कहती हैं- मंगवा लो अपने बाप से

अर्जुन झा

जगदलपुर महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज जगदलपुर की छात्राओं को छात्रावास की नारकीय त्रासदी से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। प्राचार्य के आश्वासन और जिला प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी छात्रावास की बदहाली दूर नहीं हो पा रही है। उल्टे अब छात्राओं को जो भोजन परोसा जा रहा है, उसमें मरी हुई इल्लियां निकल रही हैं। शिकायत करने पर वार्डन छात्राओं से धमकी भरे अंदाज में कहती हैं- मंगवा लो अपने बाप से अच्छा खाना। मजबूर छात्राएं अब बाहर से टिफिन मंगवाने लगी हैं।

जगदलपुर के धरमपुरा स्थित महिला पॉलीटेक्नीक छात्रावास में पचासों छात्राएं रह कर अध्ययन करती हैं। इस हॉस्टल में अधीक्षिका की लापरवाही के कारण भीषण गर्मी के इस दौर में पीने, नहाने और कपड़े धोने के पानी के लिए छात्राओं को बुरी तरह परेशान होना पड़ रहा है। छात्राएं पीने के पानी से लेकर अपने नित्यकर्म के पानी के लिए घंटों टैंकर का इंतजार करती रहती हैं। छात्राएं बताती हैं कि छात्रावास की पानी टंकी की सफाई कई माह से नहीं की गई है, नतीजतन टंकी से गंदा और बेहद बदबूदार पानी आता है। इस पानी का उपयोग करने से छात्राएं रोगग्रस्त हो रही हैं। कभी कभी हॉस्टल अधीक्षिका जो दवाइयां देती है वह भी एक्सपायरी होती हैं। भोजन की व्यवस्था भी रामभरोसे है। अधीक्षिका द्वारा प्रतिमाह रसोई खर्च करीब 2 हजार हजार रुपए प्रति छात्रा लिए जाते हैं। बदले में मिलता है स्तरहीन और बेस्वाद भोजन।

जल संकट और अन्य दिक्कतों के चलते गर्मी प्रारंभ होते ही दर्जनों छात्राओं ने हॉस्टल छोड़ दिया है, क्योंकि गर्मी से राहत के लिए हॉस्टल में कूलर तो दूर की बात, पंखे तक नहीं हैं और पानी की तंगी अलग से परेशान किए हुए है। सुशासन सरकार में शिक्षा के साथ उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं पर विभागीय अत्याचार इतना बढ़ गया है कि वे छात्रावास को यातना गृह समझने लगी हैं। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य संजय त्रिवेदी ने पूर्व में भरोसा दिलाया था कि स्वच्छ पानी की व्यवस्था हेतु टंकी की सफाई कराई गई है। वाटर प्यूरीफायर मशीन को ठीक कराया गया है। कॉलेज आदिम जाति कल्याण विभाग से संबंधित नहीं है अतः छात्राओं को मेस चार्ज वहन करना पड़ता है, एक्सपायरी दवाई की जानकारी मुझे अभी मिली है मै दो दिन के भीतर ही अधीक्षिका के साथ बैठक कर व्यवस्था दुरुस्त करवा दूंगा। मगर आज तक व्यवस्था दुरुस्त होना तो दूर अब छात्राओं को जो भोजन दिया जा रहा है, उसमें मरे हुए कीड़े मकौड़े निकलने लगे हैं। दो दिन पूर्व ही हॉस्टल में परोसे गए भोजन में मरी हुई इल्लियां निकलने की घटना सामने आई है। रोजाना की तरह छात्राएं अपनी थाली में भोजन लेकर आई थीं, और खाते खाते उन्होंने मरे हुए कीड़े को देखा।जब छात्राओं ने इसकी शिकायत हॉस्टल की केयर टेकर सुश्री कश्यप से की तो उन्होंने छूटते ही कहा कि तुम लोग षडयंत्र पूर्वक छात्रावास को बदनाम करने की कोशिश कर रही हो, मैं अब तुम लोग को देखती हूं। उन्होंने छात्राओं से यहां तक कह डाला कि अपने बाप के घर से अच्छा खाना लेकर आओ। जानकारी तो यह भी सामने आई है कि छात्राओं को दोनों समय केवल चावल ही परोसा जाता है, रोटी मांगने पर कश्यप मैडम टिफिन बंधवा कर खाना मंगवाने की बात कहती हैं। कुछ पीड़ित छात्राएं बाहर से टिफिन मंगवाने लगी हैं।

खड़गांव थाना प्रभारी संजय यादव की अनूठी पहल: वर्दी के साथ प्रकृति की सेवा भी

0

खड़गांव,मई 2026:थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यादव ने जनवरी 2025 से मई 2026 तक अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। प्रकृति के प्रति उनका लगाव क्षेत्र में मिसाल बना हुआ है।दुर्ग से लाए 20 बरगद-पीपल के पौधे जिले में बरगद-पीपल के पौधे न मिलने पर यादव ने दुर्ग नर्सरी से 20 पौधे मंगवाए। वर्ष 2025 में उन्होंने खड़गांव NH-930 के किनारे और आसपास के तालाबों के पार इनका रोपण किया।

रोपण के बाद भी निभाई पूरी जिम्मेदारी पौधे लगाने के बाद उन्होंने थाना स्टाफ की मदद से प्रत्येक पौधे के चारों ओर मजबूत घेरा बनवाया। इतना ही नहीं, हर सप्ताह स्वयं पानी और खाद डालकर उनकी देखभाल करते रहे। जन-जागरूकता भी फैलाई यादव ने थाना स्टाफ, युवराज एवं स्कूली बच्चों को लगातार वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों से क्षेत्र में हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़ी।अब सीतागांव थाना प्रभारी के रूप में वे इस नेक कार्य को आगे भी जारी रखेंगे।

क्या बोले अधिकारी:”थाना प्रभारी का यह कार्य पुलिस की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है। कानून के साथ प्रकृति की सेवा भी जरूरी है।”

– वरिष्ठ अधिकारी

निरीक्षक संजय कुमार यादव- कार्यकाल: जनवरी 2025 – मई 2026, थाना प्रभारी खड़गांव- कार्य: 20 बरगद-पीपल पौधों का रोपण, NH-930 व तालाब पार- विशेष: दुर्ग से पौधे लाए, साप्ताहिक देखभाल, ट्री-गार्ड लगवाए- वर्तमान: थाना प्रभारी, सीतागांव में भी जारी रहेगा अभियान

निरीक्षक संजय कुमार यादव पौधों की देखभाल करते हुए।

विश्व पर्यावरण दिवस पर शासकीय कंगला मांझी महाविद्यालय डौंडी में हुआ वृक्षारोपण

0

डौंडी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय कंगना मांझी महाविद्यालय डौंडी परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं बालोद जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।


इस अवसर पर जिला अधिकारी सुरेश देशमुख, सह जिला अधिकारी शैलेंद्र सोनवानी, दिनेश तापड़िया, महाविद्यालय के प्राचार्य योगेश्वर साहू, सुरेश निर्मलकर, अब्दुल इब्राहिम, निखिल भारद्वाज, संजय बंजारे एवं सह प्रचार प्रमुख राजेश्वरी देशमुख सहित महाविद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया गया। उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।

नगरनार प्लांट में परिवहन समितियों के रवैये से परेशान हैं ट्रक- ट्रेलर मालिक

0

वाहन मालिकों ने समितियों के खिलाफ खोला मोर्चा

जिला प्रशासन को ट्रक, ट्रेलर सौंपने की तैयारी

जगदलपुर नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत परिवहन समितियों की कथित मनमानी और अनिमियता से ट्रक ट्रेलर मालिक परेशान हो चले हैं। ट्रक ट्रेलर मालिक सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।उन्होंने अपने सारे ट्रक और ट्रेलर जिला प्रशासन को सौंपने का मन बना लियाहै। ट्रक ट्रेलर एकता मंच ने कहा है कि बस्तर जिले का गौरव नगरनार स्टील प्लांट के स्थापित होने से बस्तर वासियों को जो एक नई आस और उम्मीद जागी थी, वह अब पूरी टूटती हुई नजर आ रही है। जिसका कारण है कि शहर-गांव के व्यक्तियों द्वारा पाई पाई जोड़कर परिवहन व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए फाइनेंस में वाहन खरीदा गया था अब उस वाहन का क़िस्त पटाने के लिए भी उनके पास कोई विकल्प नही बचा है।नगरनार प्लांट में माल का परिवहन करने हेतु जय झाड़ेश्वर परिवहन समिति, बस्तर परिवहन संघ, बस्तर ट्रेलर-ट्राला संघ परिवहन का कार्य कर रहे हैं। इनके अधीन अनेक वाहन परिवहन कार्य मे लगे हुए हैं।

लेकिन इन समितियों की कार्यप्रणाली के कारण वाहनों के मालिकों को अब अपना वाहन चलाने में मशक्कत करना पड़ रही है।ट्रक ट्रेलर एकता मंच ने कहा है कि इन समितियों द्वारा पैनल में चल रहे वाहनों का संचालन सही ढंग से नही किया जा रहा है। समितियों द्वारा तय दर और नियत समय पर गाड़ी मालिकों को भाड़ा नही दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों की उपेक्षा कर अन्य बाहरी गाड़ियों को चैनल में जोड़ा गया है। समितियों द्वारा बाहरी 16 चक्का वाहनों का संचालन किया जा रहा है। सभी 16 चक्का क्षेत्रीय वाहनों का प्लांट में माल लोडिंग के लिए सही तरीके से निर्धारण नही किया जा रहा है। विगत कुछ महीनों पहले बिना किसी मापदंड के चैनल में ट्रेलर की संख्या बढ़ा दी गई है। इन सभी विषयों को ले कर 150 से अधिक वाहनों के मालिकों ने समितियों से परेशान हो कर बैठक की और बस्तर सांसद, जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, जिला प्रशासन को पत्र लिखकर इस मामले से अवगत कराया है। सभी वाहन मालिकों ने 15 दिन के भीतर इन खामियों को दूर करने की गुहार लगाई है। 15 दिन के भीतर अगर यह व्यवस्था दुरुस्त नही होती है तो सभी वाहन मालिक अपने वाहनों को जिला प्रशासन के सुपुर्द कर देंगे।

पंडरी तराई तालाब को मिला पुनर्जीवन, नागरिकों में छाई खुशी

0

20 साल पुरानी मांग पूरी कर दी महापौर संजय पांडेय ने

तालाब के कायाकल्प, गहरीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जल संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 35 छत्रपति शिवाजी वार्ड स्थित पंडरी तराई तालाब के जीर्णोद्धार, गहरीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वर्षों से उपेक्षित पड़े इस तालाब के पुनर्जीवन से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार पंडरी तराई तालाब कभी क्षेत्र का प्रमुख जलस्रोत हुआ करता था, जहां वर्षा जल संग्रहित कर ग्रामीणों की आवश्यकताओं की पूर्ति की जाती थी। समय के साथ तालाब की स्थिति खराब होती गई और इसका जलभराव क्षेत्र भी लगातार कम होता गया।

स्थानीय ग्रामीणों और वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल द्वारा लंबे समय से तालाब के संरक्षण और विकास की मांग की जा रही थी। नगर निगम प्रशासन द्वारा महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन में तालाब का गहरीकरण, तटबंध निर्माण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में तालाब के मध्य भाग में लगभग आठ फीट तक गहरीकरण किया जा रहा है, जबकि चारों ओर मजबूत तटबंध बनाए जा रहे हैं, ताकि वर्षभर जल संरक्षण सुनिश्चित हो सके। बताया जाता है कि स्कूलपारा, बादलपारा और पटेलपारा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग पिछले लगभग 20 वर्षों से तालाब के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे। निर्माण कार्य ठेकेदार अशोक पांडे द्वारा नगर निगम की निगरानी में किया जा रहा है। वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल ने बताया कि तालाब में पहले सीमित मात्रा में पानी ठहर पाता था, लेकिन गहरीकरण के बाद इसकी जल संग्रहण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद यह तालाब जल संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि तालाब के पुनर्जीवन से भूजल स्तर में सुधार होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र का समग्र विकास होगा। महापौर संजय पांडेय और नगर निगम की इस पहल को ग्रामीण और शहरी विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

पलारी में कांग्रेस का परचम, अध्यक्ष पद सहित परिषद में भी बहुमतवार्ड क्रमांक 4 में टाई के बाद लॉटरी से हुआ पार्षद का फैसला

0

बालोद नगर पंचायत पलारी के आम निर्वाचन में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 506 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद अपने नाम किया। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई तथा जीत का जश्न मनाया गया।अध्यक्ष पद की जीत के साथ ही परिषद में भी कांग्रेस को बहुमत मिला है। 15 वार्डों वाली नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थित 9 प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि भाजपा को 5 सीटों पर सफलता मिली। एक वार्ड में मुकाबला बेहद रोचक रहा, जहां दोनों प्रत्याशियों को समान मत प्राप्त हुएवार्ड

क्रमांक 4 में टाई, लॉटरी से हुआ निर्णयनगर पंचायत पलारी के वार्ड क्रमांक 4 में प्रत्याशी तीरथ राम साहू एवं खिलेंद्र कुमार साहू को समान रूप से 127-127 मत प्राप्त हुए। दोनों अभ्यर्थियों के बीच बराबरी की स्थिति बनने पर निर्वाचन नियमों के तहत लॉटरी पद्धति से विजेता का चयन किया गया। लॉटरी प्रक्रिया में तीरथ राम साहू को विजयी घोषित करते हुए वार्ड क्रमांक 4 का पार्षद निर्वाचित किया गया।बम्हनीडीह में भाजपा की बड़ी जीतवहीं नगर पंचायत बम्हनीडीह में भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना ने कांग्रेस उम्मीदवार रामलाल सहारे को 789 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।सहसपुर लोहारा में भी भाजपा का कब्जानगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 754 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई मतगणनापलारी नगर पंचायत की मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। संपूर्ण गणना कार्य के दौरान सामान्य प्रेक्षक श्रीमती शलमा फारुकी (आईएफएस), अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक, रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम गुरूर आर.के. सोनकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।पलारी में कांग्रेस की जीत को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जबकि बम्हनीडीह और सहसपुर लोहारा में भाजपा की सफलता ने दोनों प्रमुख दलों के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को और रोचक बना दिया है।

वन महकमे ने लकड़ी माफियाओं पर कसी नकेल

0

मामला संज्ञान में आते ही रेंजर रजक ने की त्वरित कार्रवाई

पांच लोगों पर वन अधिनियम के तहत दर्ज किया गया मामला

अर्जुन झा-

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मैलबेड़ा के जंगल में हुई पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग के क्षेत्रीय रेंजर सौरभ रजक ने शानदार एक्शन लिया है। मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। चार आरोपी उड़ीसा के हैं और एक मोखागांव का निवासी है। रेंजर सौरभ रजक की इस कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीण जमकर तारीफ कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग एक महीने से उड़ीसा के चार लोग मैलबेड़ा के जंगल में लगातार पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे थे। इस अवैध कटाई में करपावंड और सोनपुर क्षेत्र के भी कुछ लोग मदद कर रहे थे। ये लोग जंगलों से काटे गए पेड़ों की चिरान बना कर तस्करी कर रहे थे।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद वन विभाग के एक कर्मी ने लकड़ी काटने में उपयोग किए जा रहे आरा को जप्त कर लिया था। हमारे समाचार पत्र ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामला संज्ञान में आते ही क्षेत्रीय रेंजर सौरभ रजक तुरंत एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने अपनी टीम के साथ मौका मुआयना किया और काटे गए पेड़ों का पंचनामा बनाया। श्री रजक ने जांच पड़ताल कर जंगल माफियाओं को चिन्हित किया और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया। नामजद आरोपियों में नकुल पिता महादेव भतरा, जलंधर पिता रामधर भतरा, सोनाधर पिता रामधर भतरा एवं बालचंद पिता बुधराम भतरा और अर्जुन पिता गंगाधर परजा शामिल हैं। अर्जुन परजा करपावंड थाना क्षेत्र के मोखागांव का निवासी है। बाकी चारों आरोपी उड़ीसा के सिंगसारी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकी के निवासी हैं। पहले क्षेत्र के जो ग्रामीण इस अवैध कटाई को लेकर नाराज चल रहे थे, वे अब रेंजर सौरभ रजक द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से बेहद खुश हैं। ग्रामीणों ने रेंजर रजग की जमकर तारीफ करते हुए उनसे इसी तरह की सजगता की अपेक्षा की है।

फिर दिखा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के युवा जोश का जलवा, जहां बैठे थे धरने पर, वहां जीते कांग्रेस के 8 पार्षद

0

शिवनंदनपुर नगर पंचायत में लहराया कांग्रेस का परचम

अर्जुन झा-

जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटीके युवा अध्यक्ष दीपक बैज के युवा जोश का जलवा एकबार फिर देखने को मिला है।सरगुजा में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बड़ा कमाल कर दिखाया है। सरगुजा की नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत में कांग्रेस के आठ उम्मीदवार पार्षद चुनकर आए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के गृहनगर जगदलपुर के इंदिरा वार्ड के उप चुनाव में भी कांग्रेस ने झंडा गाड़ दिया है।

सरगुजा जिले की नई बनी नगर पंचायत शिवनंदनपुर में ऐन चुनाव के बीच एक बड़ा राजनैतिक बखेड़ा खड़ा हो गया था। वहां कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के दबाव में आकर पुलिस ने कांग्रेस के जिला पदाधिकारी के खिलाफ यह कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ की आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं पर होने वाली ज़्यादती तथा जन समस्याओं को लेकर हमेशा संघर्ष करते रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विश्रामपुर शिवनंदनपुर के जिला पदाधिकारी पर केस दर्ज होने के मामले में भी मोर्चा खोल दिया था। जानकारी मिलते ही दीपक बैज बिना समय जाया किए तुरंत विश्रामपुर पहुंच गए थे। पुलिस कार्रवाई के विरोध में श्री बैज कार्यकर्ताओं के साथ थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इस कदर आक्रोशित हो चले थे कि उन्होंने थाने से ही शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव संचालन की घोषणा कर दी थी। दीपक बैज के इस तेवर को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव बाबा भी विश्रामपुर पहुंच गए थे। कांग्रेस के कड़े तेवर के आगे सरकार को झुकना पड़ा और आर्म्स एक्ट का मामला रद्द कर दिया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के इस कदम से विश्रामपुर और शिवनंदनपुर रातों रात समूचे छत्तीसगढ़ और नई दिल्ली तक सुर्खियों में आ गए। शिवनंदनपुर नगर पंचायत में हुए चुनाव के नतीजे आज घोषित किए गए। यहां 15 वार्डों में से 8 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद चुनकर आए हैं। हालांकि यहां कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है, मगर अध्यक्ष पद कांग्रेस की स्थानीय स्तर की गुटबाजी की भेंट चढ़ गया। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा लगातार पूरे प्रदेश में कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर किए गए धरना आंदोलन और की गई पदयात्राओं के चलते आम लोगों के बीच कांग्रेस के प्रति जो विश्वास पैदा हुआ है, उसी ही परिणाम स्वरूप आज नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आए और कांग्रेस की बड़ी जीत हुई है। कांग्रेस की यह जीत युवा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और उनके साथियों की जीत है जो लगातार लोगों से जुड़े रहे और उन्होंने जनता के हित में कार्य करते रहे हैं। इसी तरह जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में पार्षद पद के लिए हुए उप चुनाव में कांग्रेस के रामकृष्ण तिवारी की बड़ी जीत हुई है। बता दें कि जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक किरण सिंह देव का गृह क्षेत्र है।

बालोद जिले में अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई, दो दिनों में जेसीबी, चैनमाउंटेन मशीन, हाइवा और ट्रैक्टर जब्त

0

बालोद, 04 जून। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा बीते दो दिनों में डौण्डी और गुंडरदेही विकासखंड क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त कई वाहनों को जब्त किया गया है।खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जून को डौण्डी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलोदा के आश्रित ग्राम अरजगुंडरा में औचक निरीक्षण के दौरान रेत के अवैध उत्खनन में लगी एक नारंगी रंग की जेसीबी 215 एलसी चैनमाउंटेन मशीन (इंजन क्रमांक 95404111) को जब्त किया गया।

उक्त वाहन को कोटवार, उपसरपंच एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में सुपुर्द किया गया।इसके बाद 3 जून की रात्रि लगभग 11:30 बजे गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम खेरूद में तांदुला नदी किनारे खनिज विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान एक जेसीबी और हाइवा अवैध उत्खनन एवं परिवहन गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन टीम ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना अर्जुंदा में सुरक्षार्थ रखवा दिया।वहीं ग्राम खेरूद के ही एक अन्य स्थान पर खनिज मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगी एक जेसीबी और ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया।

इन वाहनों को भी आगे की कार्रवाई के लिए थाना अर्जुंदा में सुरक्षित रखा गया है।जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि सभी प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग की जांच टीम लगातार निगरानी कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों की चोरी और अवैध दोहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैंक की लापरवाही से गुम हो गया जीवन प्रमाण पत्र

0

पेंशनर अब्दुल सत्तार भटकते रहे पेंशन पाने

संघ की पहल पर मिल गई सात माह की पेंशन

जगदलपुर बैंक प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा बेकसूर पेंशनरों को किस तरह भुगतना पड़ता है इसकी बानगी पेंशनर अब्दुल सत्तार खान के मामले में देखने को मिली है। मामला सेंट्रल बैंक मुख्य शाखा जगदलपुर का है। तुर्रा यह कि बैंक प्रबंधन न तो पेंशनरों से सीधे मुंह बात करने को तैयार रहता है और न ही अपनी गलती स्वीकार करने को। हताश, परेशान पेंशनर जब अपने संघ के संपर्क में आते हैं तब मामला तूल पकड़ता है।

पेंशनर्स संघ ने कहा है कि बैंक प्रबंधन अपने रवैये में तत्काल सुधार करे, अन्यथा पेंशनर सेंट्रल बैंक से खाते हटाकर अन्य बैंक में खोलने के लिए बाध्य हो जाएंगे। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ बस्तर संभाग के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मंत्री रामनारायण ताटी ने कहा है कि पेंशनरों को प्रत्येक वर्ष नवंबर माह में जीवितता प्रमाण पत्र जमा करना होता है। अब्दुल सत्तार खान जो संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं, उन्होंने भी नियमानुसार बैंक में जीवितता प्रमाण पत्र जमा किया था। किंतु बैंक प्रबंधन की लापरवाही से अब्दुल सत्तार खान का जीवितता प्रमाण पत्र गुम हो गया। प्रमाण पत्र गुम होने पर बैंक की जिम्मेदारी यह थी कि तत्काल संबंधित पेंशनर को इसकी सूचना दे जो नहीं दिया गया। 27 अप्रैल 2026 को बैंक से अब्दुल सत्तार खान के पास फोन आता है कि आपका जीवितता प्रमाण पत्र न होने के कारण आपका पेंशन बैंक खाते में जमा नहीं हो रही है, आप फौरन बैंक पहुंचकर जीवितता प्रमाण पत्र जमा करें। अब्दुल सत्तार खान ने पुनः जीवितता प्रमाण पत्र जमा किया।

इसके बाद भी अप्रैल माह के अंत में अन्य पेंशनरों के साथ अब्दुल सत्तार खान की पेंशन बैंक खाते में जमा नहीं हुई। मामला संगठन के संज्ञान में लाए जाने पर संगठन की ओर से ताटी ने सेंट्रल बैंक पहुंचकर शाखा प्रबंधक से इसका कारण जानना चाहा। उन्होंने जीवितता प्रमाण पत्र जमा न होने का कारण बताया। श्री ताटी ने कहा कि अब्दुल सत्तार खान ने समय पर जीवितता प्रमाण पत्र जमा कर दिया था, बैंक से मिसिंग हुआ तो उसकी सजा अब्दुल सत्तार खान क्यों भुगते? इस पर प्रबंधक ने कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया। श्री ताटी ने कहा देखिए जीवितता प्रमाण पत्र जमा करने के लिए जितनी जिम्मेदारी पेंशनर की है, उतना ही जिम्मेदारी बैंक की भी है। यदि कोई पेंशनर अत्यंत बुजुर्ग है, अशक्त है या लंबी बीमारी से ग्रसित है तो इन परिस्थितियों में बैंक की जवाबदारी बनती है कि वह अपने कर्मचारी को पेंशनर के घर भेजकर जीवितता प्रमाण पत्र ले। मगर आप लोग प्रायःऐसा नहीं करते।

जिसका खामियाजा बेकसूर पेंशनरों को भुगतना पड़ता है। ताटी स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब्दुल सत्तार की पेंशन आखिर कब आएगी?प्रबंधक ने मई माह के अंत में जमा करने का भरोसा दिलाया। ताटी ने कहा यह रवैया ठीक नहीं है अपने रवैये में सुधार करें, अन्यथा संघ से जुड़े सभी पेंशनर सेंट्रल बैंक से खाते हटाकर अन्य बैंक में खोलने के लिए बाध्य हो जाएंगे। संघ के आरएन ताटी, किशोर जाधव, अब्दुल सत्तार खान, शिव कुमार मिश्रा, रमापति दुबे, एलएस नाग, एसडी माझी, पीएस ठाकुर ,एमडी राठौर, सुरेश कुमार दलाई, बीएस नेताम, धरम सिंह मंडावी, अनिता राज करमजीत कौर, सरिता पांडे, सुषमा झा, जयमनी ठाकुर, शुभ्रा कुंडू, उषा चिखलीकर, रेखा सेन, के. बेलसरिया एवं जय ईशाक ने भी बैंक प्रबंधन के रवैए को गैरजिम्मेदाराना बताया है।

MOST POPULAR

HOT NEWS