बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां होर्डिंग पर पोस्टर लगाते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक होर्डिंग पर चढ़कर पोस्टर लगा रहा था, तभी अचानक वह विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गया।

करंट इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुंडरदेही पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मरच्यूरी में रखवा दिया गया है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान महाजीत (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर असुरक्षित तरीके से किए जा रहे कामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



