दल्लीराजहरा, 28 जून। दल्लीराजहरा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर तलवारनुमा धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:01 बजे से 1:20 बजे के बीच मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 26 स्थित रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर दुर्गा मंदिर के पास एक युवक हाथ में लोहे की धारदार तलवारनुमा हथियार लेकर राहगीरों और मोहल्ले के लोगों को डरा-धमका रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार तलवारनुमा हथियार बरामद कर जब्त किया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतीन गुप्ता (25 वर्ष), पिता दीपक गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक 21, शास्त्री नगर, दल्लीराजहरा के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया है।



