वार्ड क्रमांक 11 में अजगर मिलने से मचा हड़कंप, कुछ समय पहले वार्ड क्रमांक 2 में भी किया गया था रेस्क्यू
दल्लीराजहरा। नगर में लगातार अजगर सांप के निकलने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 11 का है, जहां रेलवे पुल के नीचे लोगों के आवागमन वाले मार्ग पर एक अजगर सांप दिखाई दिया। अजगर को देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी गई।सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़कर वहां से हटाया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार अजगर का पेट असामान्य रूप से फूला हुआ और खुला-सा दिखाई दे रहा था, जिसके बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। आशंका जताई गई कि अजगर ने संभवतः कोई छोटा जानवर निगल लिया होगा। हालांकि, उसने वास्तव में क्या निगला था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।रेलवे पुल के नीचे से वार्डवासियों और अन्य लोगों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे स्थान पर अजगर के मिलने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। रेस्क्यू टीम की तत्परता से अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।पहले वार्ड क्रमांक 2 में भी मिला था अजगरगौरतलब है कि कुछ समय पूर्व दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 2 में भी इसी तरह अजगर सांप का रेस्क्यू किया गया था। लगातार अलग-अलग वार्डों में अजगर के सामने आने से लोगों में चिंता के साथ-साथ यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर नगर के आबादी वाले क्षेत्रों में बार-बार अजगर क्यों पहुंच रहे हैं।स्थानीय लोगों ने नगर के ऐसे क्षेत्रों में, जहां झाड़ियां और सुनसान स्थान हैं, साफ-सफाई तथा नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि लोगों को इस तरह के खतरों से बचाया जा सके।






