दल्ली राजहरा क्षेत्र के ग्राम परसुली में हादसा, कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
दल्ली राजहरा। थाना दल्ली राजहरा क्षेत्र के ग्राम परसुली में तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 20 सितंबर की शाम करीब 6:50 बजे ग्राम परसुली स्थित किराना दुकान के पास मुख्य मार्ग पर पवन कुमार सोनकर अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल क्रमांक CG-24-S-1107 से खड़े थे।

उनके साथ नमन कुमार सोनकर तथा हिमांशु सोनकर भी मौजूद थे। इसी दौरान ग्राम परसुली की ओर से दल्ली राजहरा की तरफ आ रही कार क्रमांक CG-08-AT-7360 के चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।हादसे में मोटरसाइकिल सवार पवन कुमार सोनकर के सिर, सीना एवं पैर में चोटें आईं, जबकि अन्य घायलों को भी चोट लगने की जानकारी पुलिस रिपोर्ट में दर्ज है। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और कार चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार साहू द्वारा की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।







