पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय में एम.कॉम. की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया
दल्ली राजहरा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 13, चिखलाकसा निवासी दिलप्रीत कौर भाटिया ने पूरे बालोद जिले को गौरवान्वित किया है। पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर द्वारा आयोजित मास्टर ऑफ कॉमर्स (एम.कॉम.) परीक्षा में उन्होंने यूनिवर्सिटी में ए ग्रेड/श्रेणी के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। बताया गया कि इस उपलब्धि के साथ उन्होंने बालोद जिले का नाम विश्वविद्यालय स्तर पर रोशन किया है।विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्हें यह स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल रमेन डेका, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। दिलप्रीत कौर भाटिया को विश्वविद्यालय की ओर से मास्टर ऑफ कॉमर्स की उपाधि भी प्रदान की गई।विशेष बात यह है कि दिलप्रीत कौर भाटिया वर्तमान में दल्ली राजहरा के नया बाजार स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित किया है कि लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।उनकी इस उपलब्धि से चिखलाकसा, दल्ली राजहरा सहित पूरे बालोद जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता क्षेत्र की अन्य छात्राओं एवं युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।








