डौंडीलोहारा के राजापारा की घटना, खेलते समय हुआ हादसा; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नगर पंचायत डौंडीलोहारा के राजापारा में एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की पानी से भरे टब में गिरने से मौत हो गई। घर के आंगन में खेलते समय बच्ची टब में गिर गई। कुछ देर बाद परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब वह टब में छटपटा रही थी। परिजन आनन-फानन में उसे डौंडीलोहारा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है और माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता लक्की ठाकुर किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर में बच्ची की मां, दादी, बड़ी मम्मी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इस दौरान बच्ची आंगन में खेल रही थी। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, इसी बीच खेलते-खेलते बच्ची पानी से भरे टब में गिर गई। कुछ समय बाद जब परिजनों का ध्यान बच्ची की ओर गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस घर का आंगन कुछ देर पहले तक मासूम की किलकारियों से गूंज रहा था, वहां अब सन्नाटा और शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर डौंडीलोहारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से राजापारा सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।






