बालोद, 29 अक्टूबर। जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामले में थाना रनचिरई में अपराध क्रमांक 136/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 70(2), 137(2) एवं 127(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम परसदा निवासी गितेश्वर साहू (19 वर्ष) एवं चंद्रशेखर साहू (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में संलिप्त एक अन्य नाबालिग को विधि के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी रनचिरई निरीक्षक उत्तम गावड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण को प्राथमिकता दें तथा नाबालिगों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।






