चारामा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मेगा रोड शो, उमड़ा हुजूम

0
257
  • नागरिकों और महिलाओं ने छतों से मुख्यमंत्री पर की फूलों की वर्षा
  • बस्तरिहा मांदरी नृत्य ने बांधा समा, आंगादेव की झांकी निकली


कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी के पक्ष में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को चारामा में मेगा रोड शो किया। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आदिवासी लोकगीतों के साथ मांदरी नृत्य करते बस्तरिहा ग्रामीणों के दल और आंगादेव की झांकी मुख्यमंत्री के काफिले के साथ चल रही थी।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ रोड शो में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, उद्योग एवं आबकारी मंत्री कवासी लखमा, प्रत्याशी सावित्री मंडावी, सहित अन्य मंत्री व नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन को लेकर समूचे चारामा अंचल के ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा था। सीएम बघेल के रोड शो के पहले सावित्री मंडावी ने अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ पैदल चलते हुए रोड शो किया। लोगों का अभिवादन करते चल रहीं श्रीमती मंडावी के साथ बड़ा काफिला था। पीछे महिलाओं का हुजूम चल रहा था। महिलाएं नारे लगाते चल रही थीं। कांग्रेस समर्थक युवाओं तथा युवक कांग्रेस के पदाधिकारी – कार्यकर्ताओं ने विशाल बाईक रैली निकालकर नगर भ्रमण किया। युवाओं का झुंड मनोज भैया जिंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाते आगे बढ़ता रहा। जैसे ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चारामा पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और कांग्रेस के लोगों का उत्साह दुगुना हो गया। श्री बघेल ने खुले पिक अप वाहन पर सवार होकर रोड शो शुरू किया। इस वाहन पर भूपेश बघेल के साथ पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, मंत्री कवासी लखमा, अन्य मंत्री, कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी आदि सवार थे। पिक अप वाहन के आगे आगे सैकड़ों बाईक पर सवार युवा नारे लगाते हुए तथा लोक कलाकारों का दल मांदरी नृत्य करते चल रहे थे। आंगादेव की झांकी अलग छटा बिखेर रही थी। बस्तर की लोक संस्कृति की झलक लोगों का मन मोह ले रही थी। मुख्यमंत्री श्री बघेल और सावित्री मंडावी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए आगे बढ़ रहे थे। लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए लालायित नजर आ रहे थे। घरों की छतों पर खड़े होकर लोग मुख्यमंत्री पर फूलों की वर्षा कर रहे थे। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री श्री बघेल ने चारामा में चुनावी सभा को संबोधित भी किया।