कर्जमाफी की घोषणा से घबराए भाजपा नेता : रेखचंद जैन

0
70
  •  जनहितैषी योजनाओं का मिलता रहेगा लोगों को लाभ
  • लाभ न लेने की बात लिखकर जनता को दें भाजपाई

जगदलपुर संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा की गई कर्जमाफी की घोषणा से भाजपा की घबराहट साफ दिख रही है। प्रदेश में जनता के हित में बीते पांच साल में चलाई गई सभी योजनाओं का लाभ कांग्रेस को अवश्य मिलेगा। अबकी बार 75 पार का नारा साकार होगा क्योंकि समूचे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की आंधी बह रही है। इसे देखते हुए भाजपा के प्रदेश व जिला स्तर के नेता घबरा गए हैं और उलूल- जलूल बयानबाजी कर रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रेखचंद जैन ने एक बयान में कहा है कि कांग्रेस के शासनकाल में जनोपयोगी योजनाओं से गांव व शहर के लोगों को लाभ देकर गरीबी के कुचक्र से निकाला गया है। भाजपा समाज के इस महत्वपूर्ण तबके को बदहाली में ही रखने पर यकीन करने वाली पार्टी है। जबकि कांग्रेस गरीबों के आर्थिक उत्थान के लिए काम करती है। श्री जैन ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री ने जो 75 पार का नारा दिया है, वह साकार होता देख भाजपा नेता सकते में आ गए हैं। भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री का चेहरा जनता के सामने न रखना इसका प्रमाण है। कांग्रेस की योजनाओं से घबराए भाजपाई इन योजनाओं में मीन मेख निकालकर खानापूर्ति कर रहे हैं। किसान कर्ज माफी, धान बोनस आदि से यदि उन्हें परहेज है, तो यह बात उन्हें जनता को लिखकर देनी चाहिए कि वे इन योजनाओं का लाभ भाजपा के लोग नहीं उठाएंगे। श्री जैन ने दावा किया है कि पिछले चुनाव के समय की गई कांग्रेस की घोषणाओं का लाभ किस भाजपा नेता ने कितना उठाया है, इसकी पूरी सूची उनके पास है। अगर भाजपा के नेता यह चाहते हैं कि किसने कितना कर्ज माफ करवाया तो उसे भी उजागर किया जा सकता है।