कांग्रेस देगी हर महिला को साल में एक लाख रुपए : दीपक बैज

0
24
  • युवाओं के बाद महिलाओं और किसानों के लिए कांग्रेस की पांच- पांच गारंटी
  •  कांग्रेस की सरकार बनने पर युवा, महिला, किसान होंगे आत्मनिर्भर :बैज
    जगदलपुर कांग्रेस ने युवाओं के बाद महिलाओं, किसानों की समृद्धि के लिए पांच- पांच गारंटियां दी है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी देश की महिलाओं से वादा करती है कि कांग्रेस की केंद्र सरकार महिलाओं के लिये महालक्ष्मी योजना लागू करेगी। इसके तहत हर महिला को साल में एक लाख रू. अर्थात प्रति माह 8333 रू. दिए जाएंगे। भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में माताओं, बहनों को महीने में मात्र 1 हजार रू. साल में 12000 रू. देगी। कांग्रेस की सरकार इसका 8 गुना ज्यादा महिलाओं को देगी। कांग्रेस की सरकार केंद्रीय नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं की करेगी। आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मिड डे मील कार्यकर्ताओं को केन्द्रीय सहायता कांग्रेस की सरकार बनने पर दुगुनी की जाएगी। महिलाओं के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रत्येक पंचायत में कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी। देश के सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए हास्टल बनाए जाएंगे।
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के साथ किसानों की सुख समृद्धि के लिए भी 5 गारंटी देती है। कांग्रेस की सरकार बनने पर एमएसपी को कानूनी दर्ज़ा दिया जाएगा। इसके लिए संसद में एक विशेष कानून पारित किया जाएगा। डॉ. एमएस स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले के अनुसार एमएसपी तय की जाएगी। किसानों के ऋण माफ़ करने और आवश्यक ऋण माफ़ी की राशि निर्धारित करने के लिए एक स्थायी कृषि ऋण माफ़ी आयोग की स्थापना की जाएगी। फ़सलों का नुक़सान होने पर 30 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में गारंटीड भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना को फ़िर से डिज़ाइन किया जाएगा। कांग्रेस कृषि उत्पादों के लिए एक आयात -निर्यात नीति लागू करेगी, जिसमें किसानों के हितों की रक्षा और चिंताएं सर्वोपरि होंगी। यह स्थिर और पूर्वानुमान पर आधारित होने के साथ-साथ किसानों के हितों पर आधारित होगी। किसान जीएसटी मुक्त होंगे। कृषि में इस्तेमाल होने वाले सामानों पर टैक्स से छूट के लिए जीएसटी व्यवस्था में संशोधन किया जाएगा।
    यह समृद्धि और सम्मान की गारंटी है
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस ने हर गरीब परिवार की एक महिला को महालक्ष्मी मानकर उनके खाते में साल के 1 लाख रू डालने का संकल्प लिया है। महिलाएं ‘घर का बैंक’ होती हैं जिनके पास गया एक- एक रुपया परिवार को मज़बूत बनाने में ही लगता है और मज़बूत परिवार ही मज़बूत समाज का आधार है। महिला को अब किसी के आगे हाथ फैलाने या नज़र झुकाने की ज़रूरत नहीं होगी। पढ़ाई, कमाई और दवाई का बोझ घर की महिला खुद अपने कंधों पर उठाने में सक्षम होगी। महिलाओं के हाथ में एक लाख का मतलब परिवार के सामने अचानक आई किसी विपदा से निपटने का इंश्योरेंस भी है। यह योजना बड़ी संख्या में छोटे निवेश वाले बिजनेस शुरू करने में सहायक बन कर गांव-गांव की महिलाओं को उद्यमी भी बनाएगी। कांग्रेस देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए महिलाओं की आकांक्षाओं में निवेश पर विश्वास रखती है। महालक्ष्मी सिर्फ एक योजना नहीं है बल्कि आधी आबादी के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि की गारंटी है।