कांग्रेस की तरह उनकी घोषणाएं भी फर्जी : मंत्री केदार कश्यप

0
51
  • झूठे सपने दिखा रही है कांग्रेस : केदार कश्यप
  • अब तो माता बहनों को भी ठगने में लग गए हैं कांग्रेसी

जगदलपुर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता पर तीखा पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस की कई फर्जी घोषणाओं को छत्तीसगढ़ की जनता ने 2018 के चुनाव में भी सुना था। घोषणाएं पूरी नहीं हुईं। कांग्रेस पार्टी की तरह ही कांग्रेस की घोषणाएं भी फर्जी हैं। यह झूठ और फरेब का पुलिंदा है। जनता इसके कई प्रमाण देख चुकी है।

कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने महिलाओं को 500 देने का वादा किया था। 5 साल में एक भी महिला को 500 की राशि नहीं दी गई। जिन लोगों ने 5 साल 500 रुपए नहीं दिए, अब वे 8000 प्रतिवर्ष देने का वादा कर रहे हैं और यह कहने में उन्हें जरा भी शर्म नहीं आ रही है। यही कारण है कांग्रेस पूरी तरीके से हर जगह से खदेड़ी जा रही है। कश्यप ने कहा कि किसान के साथ न्याय की बात करने वाली कांग्रेस सरकार जब केंद्र में 10 वर्ष थी तब धान खरीदी का 10 वर्षों में किसानों को कल 4.4 लाख करोड़ ही भुगतान किया था। जबकि मोदी जी की सरकार ने 12 लाख करोड़ से ज्यादा का भुगतान किया। जब कांग्रेस सरकार में रहती है तब कुछ करती नहीं और जब विपक्ष में आती है तो बड़ी- बड़ी बातें कर झूठे सपने बेचने का काम जरूर करती है। कांग्रेस के युवा न्याय पर  कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवाओं के हक को कांग्रेस ने किस प्रकार मारा, किस प्रकार पीएससी घोटाला किया, किस प्रकार नौकरी देने का वादा पूरा नहीं किया, किस प्रकार युवाओं का 15 हजार करोड़ का बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया, किस प्रकार कांग्रेस सरकार से तंग होकर छत्तीसगढ़ के युवाओं को नग्न प्रदर्शन करना पड़ा, यह सबने देखा है। युवाओं ने अपने साथ हुए अत्याचार के खिलाफ ही सरकार को उखाड़ फेंका। युवाओं के साथ इतना अन्याय करने वाली कांग्रेस फिर से युवाओं के साथ न्याय की दुहाई देकर झूठी घोषणा कर रही है। यह हास्यप्रद है। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तो पत्रकारों के सवाल के जवाब में यह तक नहीं बता पाए कि कितनी गरीब महिलाओं को वह 1 लाख रुपए प्रतिवर्ष देंगे? क्योंकि देश में अगर वह 50 करोड़ महिलाओं को भी यह राशि देंगे तो उसके लिए 50 लाख करोड़ रुपए की आवश्यकता होगी और इतना ही देश का एक साल का बजट है। अतः यह सभी घोषणाएं कांग्रेस की तरह फर्जी हैं।