पूर्व विधायक भीमा मंडावी की बेटी ने की आत्महत्या

0
91
  • देहरादून के लिए रवाना हुए मंडावी परिवार के लोग

जगदलपुर दंतेवाड़ा जिले के दिवंगत विधायक भीमा मंडावी की बेटी दीपा मंडावी ने देहरादून में आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल सका है। वह उत्तराखंड के देहरादून में रहकर फिजियोथेरेपी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।

         रविवार को पेइंग गेस्ट हॉस्टल में ही उसके आत्महत्या करने की खबर मिली। दीपा की मां ओजस्वी भीमा मंडावी राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक दीपा मंडावी कुछ दिन पहले ही दंतेवाड़ा अपने घर आई थी। देहरादून में वह अपनी सहेलियों के साथ किराए के कमरे में रहती थी। लेकिन सप्ताहभर पहले ही वो पीजी रूम में शिफ्ट हो गई थी।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, पूर्व विधायक देवती कर्मा, जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा समेत भाजपा व कांग्रेस के अन्य नेता दिवंगत भीमा मंडावी के चितालंका स्थित निवास पर पहुंच गए थे। ओजस्वी मंडावी अपने परिजनों के साथ देहरादून के लिए रवाना हो गईं।

त्रासदी से गुजर रहा मंडावी परिवार

भीमा मंडावी की पहली पत्नी का निधन वर्ष 2012 में भीमा के पहले विधायक कार्यकाल के दौरान सड़क हादसे में हो गया था। उनकी 3 बेटियां व 1 बेटा में से बड़ी बेटी ने वर्ष 2013 में रायपुर में पढ़ाई करते हुए ही छात्रावास में सुसाइड किया था। वहीं अब दूसरे नंबर की बेटी दीपा ने भी सुसाइड कर लिया है। दीपा से छोटा एक भाई और एक बहन है। वहीं भीमा की दूसरी पत्नी ओजस्वी मंडावी से उनकी एक बेटी है।

नक्सलियों ने की थी भीमा की हत्या

भाजपा विधायक के रूप में दूसरे कार्यकाल के दौरान भीमा मंडावी की हत्या नक्सलियों ने 9 अप्रैल 2019 को कर दी थी। लोकसभा चुनाव के प्रचार में निकले भीमा की गाड़ी को नक्सलियों ने बारूदी विस्फोट से उड़ा दिया था। कुआकोंडा इलाके के श्यामागिरी में हुए इस हमले में भाजपा विधायक, 3 सुरक्षा कर्मी और उनके ड्राइवर की मौत हो गई थी।