संविधान और लोकतंत्र की हत्या तो कांग्रेस ने की थी आपातकाल थोपकर: किरण सिंह देव

0
43
  • 50 वर्ष पहले इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने लगाया था आपातकाल
  • कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता आज भी कायम: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि तात्कालिन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आज से ठीक पचास साल पहले 25 जून 1975 को अपनी कुर्सी बचाने व सत्ता पर बने रहने के लालच में संविधान व लोकतंत्र की हत्या करते हुए देश में आपातकाल थोप दिया था। कांग्रेस पार्टी के इस काले अध्याय में न केवल लोकतांत्रिक संस्थाओं को रौंदा, बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की निष्पक्षता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलकर यह स्पष्ट कर दिया कि जब जब कांग्रेस की सत्ता संकट मे होती है, वह संविधान और देश की आत्मा को ताक पर रखने से पीछे नहीं हटती। आज 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है, सिर्फ तरीकों में बदलाव हुआ है, मगर कांग्रेस की नीयत आज भी वैसी ही तानाशाही वाली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मंगलवार को यहां भाजपा जिला कार्यालय में पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सत्ता लोभ कांग्रेस का स्थायी चरित्र है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 12 जून 1975 को इंदिरा गांधी को चुनाव में भ्रष्ट आचरण व सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करने का दोषी ठहराया और उन्हें 6 वर्ष तक किसी भी निर्वाचित पद पर रहने से अयोग्य घोषित कर दिया था, जिससे घबराकर सत्ता पर काबिज रहने के लिये इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को आतंरिक अशांति का हवाला देकर राष्ट्रपति से देश में आपातकाल लगवा दिया था। जिसके बाद रातोंरात प्रेस की बिजली काट दी गई, नेताओं को बंदी बना लिया गया और देश में तानाशाही लाद दी गई। संविधान के अनुच्छेद 352 का दुरूपयोग कर लोकतंत्र को रौंदा गया, संसद व न्यायपालिका को अपंग बनाने का घृणित कृत्य कांग्रेस ने किया। कांग्रेस का यह काला चेहरा व चरित्र देश की जनता को जानना व समझना होगा।

परिवार के चरणों में कांग्रेस

किरण सिंह देव ने कहा कि जिस संविधान की शपथ लेकर इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनी थी, उसी संविधान की आत्मा को कुचलते हुए उन्होंने लोकतंत्र को बंधक बनाकर तानाशाही में बदल दिया था। आज भी कांग्रेस शासित राज्यों में कानून व्यवस्था का हाल यह है कि वहां विरोध का दमन, धार्मिक तुष्टिकरण व सत्ता का अहंकार खुलेआम दिखता है। आपातकाल के दौरान एक परिवार को संविधान से ऊपर रखने वाली कांग्रेस आज भी राहुल- प्रियंका के इर्दगिर्द सिमटी हुई है और कांग्रेस का समूचा तंत्र परिवार के चरणों में समर्पित है।

अब संविधान बचाने का ढोंग

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि आपातकाल में इंदिरा गांधी ने संविधान में 39वां और 42वां जैसा क्रूर और अलोकतांत्रिक संशोधन किए। कांग्रेस के वैचारिक एजेंडे को थोपने के लिए संविधान में संशोधन कर धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी जैसे शब्द जोड़े गए। लोकतंत्र व संविधान की हत्या करने वाली कांग्रेस के नेता आज संविधान की किताब लेकर उसे बचाने का झूठा स्वांग रचने से बाज नही आ रहे हैं। संविधान बचाओ का नारा देने वाली कांग्रेस वही पार्टी है, जिसने संविधान को सबसे पहले रौंदा था।

देश को विदेश में बदनाम करना आदत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि आज कांग्रेस के चेहरे बदल गए हैं लेकिन तानाशाही की प्रवृत्ति और सत्ता का लोभ जस का तस है। पचास साल बाद आपातकाल को याद करना इसलिए भी आवश्यक है कि यह महज इतिहास की एक घटना मात्र नहीं है बल्कि कांग्रेस की मानसिकता का प्रमाण है। सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाना और देश की छवि अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर खराब करना कांग्रेस की नई डिजिटल इमरजेंसी रणनीति बन चुकी है। जब देश हर मोर्चे पर प्रगति कर रहा है, तब कांग्रेस, सरकार की हर उपलब्धि को झुठलाने में लगी है। यह वही नकारात्मक मानसिकता है जिसने 1975 में देश को पीछे खींचा था। देश की सुरक्षा, सैन्य कार्रवाई या विदेश नीति पर कांग्रेस जिस तरह सेना पर सवाल उठाती है, न्याय पालिका पर हस्तक्षेप, फ्री स्पीच के नाम पर अराजकता और मीडिया ट्रायल को बढ़ावा देकर कांग्रेस आज नए तरीकों से देश में वही आपातकाल लागू करना चाहती है।

गांधी परिवार की सोच से बंधी है कांग्रेस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी व गांधी परिवार की मानसिकता आज भी “हम ही राष्ट्र हैं” की सोच से बंधी है, उन्हें जनता का स्पष्ट बहुमत भी हमेशा लोकतंत्र का संकट नज़र आता है। भष्ट्राचार के मामलों में जब भी गांधी परिवार पर जांच होती है, कांग्रेस लोकतंत्र खतरे में है का शोर मचाती है। यही भाषा व तरीका इंदिरा गांधी ने हाईकोर्ट से अयोग्य घोषित होने के बाद अपनाया था। जब जब कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई है, उसने न जनादेश का सम्मान किया है और न विपक्ष की गरिमा बनाए रखी है। पत्रवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विद्याशरण तिवारी, जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष रजनीश पाणिग्रही, जिला मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी, पूर्वी नगर मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव मौजूद रहे।