दशापाल गांव में विद्युत सब स्टेशन की बाउंड्री में बाधक बनी अनाधिकृत सड़क

0
53
  •  सब स्टेशन निर्माण का कार्य अटका, विद्युत विभाग ने जताई चिंता
  • जनहित के महत्वपूर्ण कार्य में अड़ंगेबाजी से ग्रामीण भी नाराज

बकावंड विकासखंड बकावंड के ग्राम दशापाल में क्षेत्र की विद्युत समस्या के समाधान के लिए स्थापित किए गए 33/11 किलोवाट सब स्टेशन के बाउंड्री निर्माण कार्य में अनाधिकृत अतिक्रमण बाधा बन गया है। विद्युत विभाग ने इस संबंध में प्रशासन से दखल देने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दशापाल में कुल 2.360 हेक्टेयर भूमि विद्युत विभाग के सब स्टेशन निर्माण हेतु चिन्हांकित की गई थी, जिसमें से 0.400 हेक्टेयर क्षेत्र राजस्व वन भूमि (छोटे झाड़ के जंगल) के रूप में भी शामिल है। इस भूमि का आवंटन पत्र 27 दिसंबर 2022 को ही विद्युत विभाग को सौंपा दिया गया था। विभाग द्वारा यहां 33/11 केवी क्षमता वाला आधुनिक सब स्टेशन स्थापित कर लिया गया है। हालांकि अब जबकि बाउंड्री वॉल का निर्माण शेष है, एक व्यक्ति द्वारा सब स्टेशन से लगे क्षेत्र में बिना अनुमति के सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस वजह से विभाग को सब स्टेशन की सुरक्षा और सीमांकन कार्य में गंभीर अड़चनें आ रही हैं। विद्युत विभाग का कहना है कि यह सब स्टेशन ग्रामीण अंचल के सैकड़ों परिवारों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया है, और इसमें किसी भी प्रकार की बाधा जनहित के खिलाफ है। विभागीय अधिकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि अनाधिकृत निर्माण को तत्काल रोका जाए और विद्युत अधोसंरचना की सुरक्षा हेतु बाउंड्री निर्माण में सहयोग प्रदान किया जाए।स्थानीय ग्रामीणों ने भी मांग की है कि इस परियोजना में किसी तरह की रुकावट न आने दी जाए, क्योंकि यह पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।जनपद सदस्य अनिल बिसाई से चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि सब स्टेशन बना हुआ है यह तो मालूम है, लेकिन कौन रोड बना रहा है इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।