बालोद (अर्जुंदा) दिवाली के दिन अर्जुंदा कस्बे में उस समय सनसनी फैल गई जब 45 वर्षीय व्यापारी डगेश्वर उर्फ़ पप्पू देवांगन का शव इलेक्ट्रिक कार के बाहर संदिग्ध हालत में मिला। मृतक समाधान कृषि केंद्र (डौंडीलोहारा व निकुम) के संचालक थे। सुबह करीब 6.30 बजे घर से निकले पप्पू जब दोपहर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।

दोपहर करीब 2 बजे ग्राम चोरेल के सुनसान इलाके में उनकी कार मिली, जिसके बाहर उनका शव पड़ा था।मौके से दो खाली कीटनाशक की बोतलें बरामद की गईं। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की है। मृतक का शरीर पूरी तरह काला पड़ चुका था। बताया गया कि उनकी पत्नी से तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा था और वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।पप्पू देवांगन अपनी बुजुर्ग माँ और 9 साल की बेटी के एकमात्र सहारा थे। सोमवार शाम को अर्जुंदा में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है। दिवाली की खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।




