जगदलपुर,जिला बस्तर, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:30 बजे अमर वाटिका, बस्तर में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।समारोह के दौरान पुलिस महानिरीक्षक बस्तर बी.एन. मीणा द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इसके पश्चात प्रशिक्षु सूबेदार श्री ओम कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों द्वारा शहीदों को सलामी दी गई। उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।समारोह में उपस्थित अतिथियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से भेंट कर उनसे आत्मीय चर्चा की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। अतिथियों ने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्रियजनों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की।


शहीद परिवारों का त्याग, धैर्य और समर्पण समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा, आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर बी.एन. मीणा, पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बस्तर सुखनंदन राठौर तथा सीएसपी जगदलपुर सुमित कुमार सहित जिले के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी-कर्मचारीगण तथा शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। पुलिस विभाग, बस्तर









