City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

छोटे देवड़ा में धूमधाम से मनाया गया गोंचा पर्व

0

गांव में परंपराओं और संस्कृति को कायम रखने की शानदार पहल

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में आदिवासी एवं ग्रामीण संस्कृति तथा परंपराओं को कायम रखने और नई पीढ़ी को इनसे जोड़े रखने की दिशा में शानदार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में प्रति वर्ष भांति इस वर्ष भी छोटे देवड़ा में गोंचा पर्व पर बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा के ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि शुरू से ही अपनी प्राचीन परंपराओं, लोक संस्कृति और पूजा पद्धति को लेकर शुरू से ही बेहद जागरूक रहे हैं।

यहां परंपरागत सभी धार्मिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाए जाते हैं। गांव के देव स्थलों पर अक्सर धार्मिक कार्यक्रम होते रहते हैं। बस्तर का पारंपरिक गोंचा पर्व तो यहां विशेष धूमधाम से मनाया जाता है। छोटे देवड़ा के कर्मठ युवा संतोष कुमार कश्यप के सरपंच चुने जाने के बाद गांव में शिक्षा, ग्रामीण विकास, योजनाओं के क्रियान्वयन, धार्मिक, सांस्कृतिक आयोजनों की लहर सी चल पड़ी है। इस वर्ष भी ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा में गोंचा पर्व सभी परंपराओं, रीति रिवाजों का निर्वहन करते हुए बड़े धूमधाम से मनाया गया। ग्राम देवी के मंदिर में विशेष पूजा अनुष्ठान किया गया।

गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।सारा दैनिक कामकाज बंद रखकर समस्त ग्रामवासियों, सरपंच संतोष कुमार कश्यप, उप सरपंच, पंचों, ग्राम पटेल, कोटवार, आठपहरिया, माता पुजारी, माता सिरहा, सियान-सजनों, युवाओं माता-बहनों ने गोंचा के आयोजन में सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सबकी पहचान हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और पूजा पद्धति से ही है। हमें अपनी परंपराओं पर अडिग रहना होगा। खासकर युवा साथियों को इसके लिए जागरूक रहकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बस्तर की आदिम संस्कृति और परंपराएं पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं, इसलिए हमें इन्हें अक्षुण बनाए रखना होगा। सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने गोंचा पर्व को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में योगदान के लिए सभी ग्रामवासियों, बड़े बुजुर्गों, ग्रामवासियों, सिरहा, पुजारियों, पटेल, अठपहरिया, कोटवार, माता, बहनों का आभार व्यक्त किया।

सर्वजनहित समिति ने उठाए जनहित के मुद्दे, निगम आयुक्त ने दिया समाधान का आश्वासन

0

मिलेगी नाली निर्माण को प्राथमिकता, फिर जगमगाएंगी बंद पड़ी हाईमास्ट लाइटें

राजनांदगाव नगर की सेवाभावी संस्था सर्वजनहित समिति के अध्यक्ष अशोक फड़नवीस ने राजनांदगांव शहर के अंबेडकर चौक (स्टेडियम चौक) से प्यारेलाल स्कूल चौक तक लगभग 30 वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित पत्थर की नाली की जर्जर एवं अव्यवस्थित स्थिति तथा नेशनल हाईवे द्वारा स्थापित अधिकांश हाईमास्ट लाइटों के लंबे समय से बंद रहने का मुद्दा नगर निगम आयुक्त श्री मरकाम के समक्ष प्रमुखता से उठाया। आयुक्त ने श्री फडणवीस द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

उल्लेखनीय है कि वर्षों पुरानी इस नाली में मलबा जमा होने, ढाल (स्लोप) व्यवस्थित नहीं रहने तथा ओवरब्रिज निर्माण के दौरान नाली के ऊपर भारी-भरकम सीमेंट के स्थायी ढक्कन लगाए जाने से इसकी नियमित सफाई संभव नहीं हो पाती। परिणाम स्वरूप बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती है। तेज वर्षा होने पर सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल यह क्षेत्र कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार से लगा हुआ है, जिससे जलभराव के कारण प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा यातायात भी गंभीर रूप से प्रभावित होता है। नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने माना कि वर्तमान नाली की संरचना के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है। उन्होंने नई नाली के निर्माण हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करने का आश्वासन दिया, ताकि भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान श्री फड़नवीस ने नेशनल हाईवे द्वारा स्थापित हाईमास्ट लाइटों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि अधिकांश हाईमास्ट लाइटें रात्रि में बंद रहने से प्रमुख मार्गों पर अंधेरा रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस पर निगम आयुक्त ने संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर हाईमास्ट लाइटों को शीघ्र चालू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सर्वजनहित समिति के अनीस खान, सूरज शर्मा, दयावान देवांगन, नवीन जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने विश्वास व्यक्त किया है कि नगर निगम प्रशासन अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करते हुए शहरवासियों को जलभराव और अंधेरे की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में प्रभावी पहल करेगा।

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई

0

अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर कड़ा प्रहार।

मध्यप्रदेश के रायसेन एवं भोपाल से एनडीपीएस प्रकरण के 02 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बालोद पुलिस को मिली सफलता।

पूर्व में 72.621 किलोग्राम गांजा, 04 मोटरसाइकिल एवं 06 मोबाइल सहित कुल ₹40.52 लाख की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत गिरोह के अंतिम आरोपी तक पहुंचकर कार्रवाई, सभी 07 आरोपी गिरफ्तार।*बालोद। पुलिस अधीक्षक *श्री किरण गंगाराम चव्हाण* (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डौण्डीलोहारा श्री बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में मिशन नवचेतना के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बालोद पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना डौण्डीलोहारा के एनडीपीएस प्रकरण में फरार चल रहे 02 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को मध्यप्रदेश के रायसेन एवं भोपाल से गिरफ्तार किया गया है।पूर्व में 09 जून 2026 को साइबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की संयुक्त टीम ने ग्राम भेड़ी मुख्य मार्ग के पास कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों के कब्जे से 72.621 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹36,31,050), 04 मोटरसाइकिल एवं 06 मोबाइल फोन सहित कुल ₹40,52,050 मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया था तथा पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना का नाम सामने आया था।प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण द्वारा विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण एवं लगातार पतासाजी के आधार पर टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया।

टीम ने रायसेन एवं शुकी सेवरिया (भोपाल) में दबिश देकर फरार आरोपी एवं गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर बालोद लाया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिन पर विवेचना जारी है।इस कार्रवाई के साथ ही इस प्रकरण में कुल 07 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि “मिशन नवचेतना” के तहत बालोद पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के संपूर्ण नेटवर्क को ध्वस्त करना, युवाओं को नशे से बचाना तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

मध्यप्रदेश से गिरफ्तार आरोपी:- 1. सतनाम गोड़, पिता धिरा गोड़, उम्र 31 वर्ष, निवासी राहुल नगर, वार्ड-14, जिला रायसेन (म.प्र.)।2. भगवान सिंह बंजारा उर्फ भग्गु, पिता माघता लाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी एकता नगर, शुकी सेवरिया, जिला भोपाल (म.प्र.)।👮 सराहनीय भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक सुनील तिर्की, सउनि अनित राम यादव, आरक्षक बेनीराम साहू, साइबर सेल से सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, पुरन देवांगन, भोपसिंह साहू एवं गुलजारी साहू की सराहनीय भूमिका रही।🚔 बालोद पुलिस का संदेश”मिशन नवचेतना के तहत नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार एवं अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” ’’सुरक्षित युवा,समृद्ध बालोद’’बालोद पुलिस📞 आपातकालीन सेवा:- 112 |साइबर हेल्पलाइन:- 1930मिशन नवचेतना:- हेल्पलाइन नंबर – 1933

प्रधान अध्यापकों की त्रि-जोन बैठक में शिक्षा गुणवत्ता, डिजीटल शिक्षण और नवाचार पर जोर

0

बीईओ भारती देवांगन ने ली त्रि जोन प्रधान पाठकों की बैठक

350 प्राथमिक स्कूलों की होगी ग्रेडिंग, कमजोर विद्यालयों के लिए बनेगी सुधार योजना

जगदलपुर बस्तर विकासखंड के 350 प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान अध्यापकों की त्रि-जोन स्तरीय बैठक शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन की अध्यक्षता में मुंडागांव, भानपुरी एवं बस्तर जोन में आयोजित की गई। बैठक में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बढ़ाने तथा विद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विकासखंड के सभी 350 प्राथमिक विद्यालयों की ग्रेडिंग की जाएगी। ग्रेडिंग के आधार पर कमजोर विद्यालयों की पहचान कर उनके लिए विशेष सुधार योजना तैयार की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने यू-डाइस पोर्टल पर कक्षा पहली के विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि, विभागीय पोर्टलों पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों का पंजीयन, वीएसके ऐप से नियमित उपस्थिति तथा जाति प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा को मिशन मोड में संचालित करने, अधिक से अधिक विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन कराने तथा नियमित कोचिंग एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालयों में स्मार्ट टीवी के माध्यम से डिजीटल शिक्षण, एफएलएन सामग्री का उपयोग, मुस्कान पुस्तकालय का संचालन, स्वच्छ विद्यालय परिसर, शौचालयों की मरम्मत तथा प्रिंट-रिच वातावरण विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रत्येक संकुल में एक मॉडल स्कूल विकसित करने एवं “बोलेगा बचपन” कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बल दिया गया। बैठक में ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने, छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने, बैंक खाते खुलवाने तथा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर भी रणनीति बनाई गई। साथ ही मध्यान्ह भोजन योजना की गुणवत्ता, एमडीएम की समय पर ऑनलाइन प्रविष्टि एवं विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में बीईओ भारती देवांगन ने कहा कि एक शिक्षक की प्रेरणा हजारों बच्चों का भविष्य बदल सकती है। संकल्प, समर्पण और नवाचार के साथ कार्य कर बस्तर विकासखंड को शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश का आदर्श मॉडल बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों से छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

रक्त की कमी को दूर करने 19 जुलाई को दल्लीराजहरा में लगेगा ‘विशाल रक्तदान शिविर’, रक्तवीरों को मिलेगा हेलमेट

0

दल्लीराजहरा। क्षेत्र में रक्त की कमी को देखते हुए और मानव सेवा की भावना के साथ ‘डोनेट ब्लड वेलफेयर फाउंडेशन डीबी ग्रुप दल्लीराजहरा’ द्वारा आगामी 19 जुलाई 2026, दिन रविवार को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संस्था ने शहर और आसपास के सभी नागरिकों से इस महादान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है ताकि जरूरतमंदों के लिए रक्त की कमी को दूर किया जा सके।

रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेशइस शिविर की खास बात यह है कि संस्था द्वारा रक्तदाताओं (रक्तवीरों) को न केवल प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उन्हें एक-एक हेलमेट भी उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य रक्तदान के साथ-साथ लोगों को जीवन रक्षा के प्रति जागरूक करना भी है।शिविर से जुड़ी मुख्य जानकारियां:दिनांक: 19 जुलाई 2026 (रविवार)समय: सुबह 09:30 बजे से शाम 07:00 बजे तकस्थान: शहीद ब्लड सेंटर, शहीद अस्पताल के पास, दल्लीराजहराआयोजक: डोनेट ब्लड वेलफेयर फाउंडेशन डीबी ग्रुप, दल्लीराजहरासंपर्क सूत्र (अधिक जानकारी के लिए): 7566311162संस्था की अपील: “इंसानियत ही हमारा धर्म है, मानव सेवा ही माधव सेवा है।” आपका एक यूनिट रक्त किसी को नया जीवन दे सकता है। स्वस्थ नागरिक आगे आएं और इस महादान का हिस्सा बनें।

विशेष लोक अदालत में चार प्रकरणों का हुआ निराकरण, 7.88 लाख रुपये का कराया गया भुगतान

0

दल्लीराजहरा। व्यवहार न्यायालय दल्लीराजहरा (खंडपीठ क्रमांक-07) में शनिवार को परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में कुल 8 प्रकरण विचारार्थ रखे गए, जिनमें से 4 प्रकरणों का पक्षकारों के बीच आपसी राजीनामा एवं सुलह के माध्यम से सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।

इन प्रकरणों में अनादरित चेक से संबंधित कुल 7 लाख 88 हजार 506 रुपये की राशि का भुगतान कराया गया।विशेष लोक अदालत की पीठ का गठन पीठासीन अधिकारी श्रीमती श्रद्धा सिंह श्रीवास्तव (विशेष न्यायाधीश, दल्लीराजहरा, जिला बालोद) तथा सदस्य अधिवक्ता राकेश द्विवेदी एवं मनोज प्रताप सिंह के रूप में किया गया।लोक अदालत के सफल संचालन में अधिवक्ता पवन कुमार गोयल, हिंमानी पाण्डेय, जगेन्द्र भारद्वाज, लोकेन्द्र भुआर्य, सुनील नंदी तथा न्यायालयीन कर्मचारी श्री मनीष कुमार दर्रो, राजपाल साहू, खेमराज साहू, मणिशंकर देशमुख, श्रीमती कमलेश्वरी गांवरे एवं हरिश सोनकर का सराहनीय सहयोग रहा।न्यायालय ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विवादों का आपसी सहमति से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो रहा है, जिससे पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिलने के साथ समय और धन की भी बचत हो रही है।

देखें बड़े सपने और करें मेहनत, कदमों पर होगी मंजिल: एसडीएम सिन्हा

0

एसडीएम ने किया हायर सेकंडरी स्कूल बड़े मोरठपाल का निरीक्षण

विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और मेहनत करने की दी प्रेरणा

जगदलपुर बस्तर जिले विकासखंड तोकापाल अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बड़े मोरठपाल का तोकापाल एसडीएम शंकर लाल सिन्हा एवं नायब तहसीलदार गजेंद्र सिंह कंवर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में “एक नाम मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अपनी माताओं के नाम पर पौधारोपण किया और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम शंकर लाल सिन्हा ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक विद्यार्थी को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, अनुशासन का पालन करना चाहिए और जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। यदि आज आप पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी से अध्ययन करेंगे, तो भविष्य में आपमें से कोई कलेक्टर बनेगा, कोई आईएएस, आईपीएस, एसडीएम, डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक या अन्य महत्वपूर्ण पदों पर पहुँचकर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेगा।

सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं करते। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने समय का सदुपयोग करें, माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करें तथा अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ें। यही गुण आपको एक जिम्मेदार नागरिक और सफल इंसान बनाएंगे।पौधारोपण के अवसर पर एसडीएम ने कहा कि एक पौधा लगाना प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिलेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं हरित वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया। विद्यालय की प्राचार्य शबाना अली ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, खेल एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर नायब तहसीलदार गजेंद्र सिंह कंवर, विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कफन दफन के नाम पर बार बार उकसाया जा रहा है बस्तर के आदिवासियों को

0

मतांतरित महिला के शव को गांव के श्मशान में दफनाने की जिद

विरोध में उतर आया आदिवासी समुदाय

अर्जुन झा

बकावंड तमाम प्रलोभनों, साम, दाम, दंड, भेद के बावजूद अपने मूल धर्म के प्रति आस्थावान बने रहे बस्तर के आदिवासियों को अब दूसरे तरीके से उकसाने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। कभी कफन दफन के नाम पर, तो कभी पूजा पद्धति को लेकर विवाद की स्थिति पैदा की जा रही है। अब बकावंड विकासखंड के ग्राम उलनार में दो दिन तक ऎसी ही विवाद की स्थिति बनी रही। दरअसल उलनार गांव के मतांतरित परिवार की 62 वर्षीय महिला लखी कश्यप का तीन दिन पहले निधन हो गया था। परिवार के लोग लखी के शव को गांव के मरघट में दफनाने को लेकर अड़ गए थे।

इसी बात पर विवाद शुरू हुआ। दोनों पक्षों में बातचीत के बाद करकापाल स्थित ईसाई कब्रिस्तान में शव दफनाने को लेकर सहमति बन गई है। इस मामले में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी नगरनार संतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में अब सहमति बन गई है। शव को करकपाल कब्रिस्तान में ले जाकर दफनाया जाएगा। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश जारी किया है मतांतरितों परिवारों के मृत परिजनों का कफन दफन उनके मौजूदा धर्म के कब्रिस्तान में कराया जाए। इस निर्देश का पालन न कर मतांतरित परिवार जोर जबरदस्ती कर निवास ग्राम के सार्वजनिक मुक्तिधाम में ही शव के अंतिम संस्कार पर अड़ जाते हैं। यह एक तरह से गांव के परंपरागत आदिवासी समुदाय को उकसाने का कृत्य है। एक अकेले उलनार में ही नहीं, बल्कि बस्तर के पचासों गांवों में इसी शव दफनाने के मामले सामने आ चुके हैं और विवाद की स्थिति निर्मित हो चुकी है। आदिवासियों का कहना है कि जो लोग अपने मूल धर्म और संस्कृति को त्याग चुके हैं, वे हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा को आघात पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं प्रशासन कोर्ट के आदेश का पालन न करवा कर मातांतरित लोगों के समर्थन में खड़ा नजर आता है। पूर्व की कांग्रेस सरकारों की तुष्टिकरण नीति ने पुलिस और प्रशासन में इस तरह की भावना कूट कूट कर भर रखी है, जिससे अधिकारी आज तक उबर नहीं पाए हैं। ऐसे मामलों में हर बार बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद तरह उसी ग्राम में दफ्न जैसे हिंदूवादी संगठनों को मूल आदिवासियों के समर्थन में खड़े होना पड़ता है। बताते हैं कि करीब ढाई तीन सौ परिवारों वाले उलनार गांव के लगभग 40 आदिवासी परिवार धर्मांतरित हो चुके हैं।मृतका लखी बाई के पति सदन कश्यप की भी छह दिन पहले निधन हुआ था और उसके शव को गुपचुप तरीके से गांव में ही दफना दिया गया था। इसे लेकर स्थानीय आदिवासी समुदाय में काफी रोष देखने को मिल रहा है। उलनार में विवाद के दौरान सरपंच मधुसूदन नेताम, उपसरपंच देवधन कश्यप, विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप, जिला धर्म प्रसार प्रमुख देवेंद्र कश्यप, जिला सत्संग प्रमुख तुलसीराम बघेल, ग्राम पटेल कौड़ीराम पटेल, ग्राम पुजारी लिंगों राम, योगेंद्र, प्रभात कश्यप, कोमाराम भारती, ग्रामसभा अध्यक्ष कृष्ण भारती, जंगल अध्यक्ष श्यामदास बघेल, एवं बजरंग दल उलनार उपखंड के समस्त कार्यकारिणी एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित थे।

वर्सन

बन गई है बात

उलनार गांव के आदिवासी समुदाय और मतांतरित परिवार के बीच सहमति के बाद बात बन गई है। लखी के परिजन उसके शव को करकापाल कब्रिस्तान में दफ़नाने के लिए सहमत हो गए हैं और विवाद खत्म हो गया है। *-संतोष सिंह,

टीआई, नगरनार थाना

वर्सन

पहले भी हुआ था विवाद

कुछ दिन पूर्व मृतका लखी कश्यप के पति सदन कश्यप का निधन हुआ है उस समय भी कुछ विवाद हुआ था, लेकिन उसके शव को ग्राम उलनार में ही दफनाया गया था। लखी कश्यप के शव को दफनाने नहीं देने ग्रामीण लामबंद हो गए थे। अंततः उसे करकापाल के कब्रिस्तान में दफनाने ले जाया गया है।

बस्तर में फिर मिला हथियारों का जखीरा

0

सुरक्षा बलों ने किया नक्सलियों के हथियार डंप का पर्दाफाश

जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में नक्सलियों का एक और बड़ा डंप बरामद किया गया है। इस डंप में हथियारों का जखीरा मिला है। नारायणपुर जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को फिर बड़ी कामयाबी मिली है। जिला पुलिस और बीएसएफ की 58वीं वाहिनी द्वारा चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान कच्चापाल के जंगलों में नक्सलियों के एक गुप्त हथियार भंडार का भंडाफोड़ हुआ है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इसमें .303 और .315 रायफल, एक देशी बैरल लांचर, मैगजीन और विभिन्न बोर के करीब 31 जीवित कारतूस शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नक्सलियों द्वारा पूर्व में छुपाए हथियार अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है। बरामद हथियारों को जप्त कर कोहकामेटा थाने में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबों को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

शहर की बेटी बनेगी अब डॉक्टरनीट परीक्षा 2026 में प्रियंका को मिली कामयाबी

0

जगदलपुर।कड़ी मेहनत, लगन और परिवार के निरंतर सहयोग के बल पर गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 36, कंगोली निवासी प्रियंका नाग ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रियंका ने 720 अंकों में से 367 अंक अर्जित करते हुए 81.80 परसेंटाइल प्राप्त किया और परीक्षा उत्तीर्ण की।
प्रियंका नाग, उपेंद्र नाग एवं श्रीमती लखमी नाग की सुपुत्री हैं। अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से संबंधित प्रियंका को ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3,61,553 तथा ST श्रेणी रैंक 12,308 प्राप्त हुई है।
परीक्षा में प्रियंका का जीवविज्ञान विषय में प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। उन्होंने जीवविज्ञान में 87.04 परसेंटाइल, भौतिकी में 73.86 परसेंटाइल तथा रसायन विज्ञान में 63.10 परसेंटाइल अर्जित किए।
प्रियंका ने अपनी सफलता का विशेष श्रेय अपने दादा पिलु राम नाग, दादी फूलमती व परिवार को दिया है. उसने बताया कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग ने कठिन समय में आत्मविश्वास बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
प्रियंका की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है। शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्रियंका की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प एवं नियमित परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। प्रियंका ने बताया कि उनका लक्ष्य चिकित्सा क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि से कांगोली एवं आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

MOST POPULAR

HOT NEWS