जिले के डौंडी विकासखंड के ग्राम गुजरा में आज जिला स्तरीय ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद भोजराज नाग शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी स्कूली बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें मिठाई खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद नाग ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश (यूनिफॉर्म) वितरित किए। साथ ही, ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, ताकि उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा हो सके। कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण ‘न्यौता भोज’ रहा, जहां सांसद ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे संवाद किया।इस गरिमामयी समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, ग्रामीण और स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
दल्ली राजहरा, : हिंदू सेना, नगर इकाई दल्ली राजहरा ने राजस्थान के श्री गंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म और मानव तस्करी की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस संबंध में संगठन ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को एस.डी.एम. दल्ली राजहरा के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर शीघ्र न्याय की मांग की है।हिंदू सेना बालोद जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा पसीने ने कहा कि प्राप्त जानकारी और समाचारों के अनुसार गंगानगर में एक नाबालिग बालिका के साथ की गई यह बर्बरता पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बालिकाएं हमारी धरोहर हैं। जब उनके साथ इस तरह के अपराध होते हैं तो समाज का हर वर्ग आहत होता है।ज्ञापन में हिंदू सेना छत्तीसगढ़ प्रदेश महामंत्री निलेश श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार से इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की मांग की। संगठन ने राष्ट्रपति से निम्न बिंदुओं पर हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।
हिंदू सेना की प्रमुख मांगें: 1. *शीघ्र न्याय:* पूरे प्रकरण की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराकर 6 माह के भीतर निर्णय लिया जाए। 2. *कठोर दंड:* जांच में दोषी पाए जाने पर सभी आरोपियों को पोक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता के तहत अधिकतम दंड, मृत्युदंड दिया जाए। 3. *विशेष कानून:* केंद्र सरकार नाबालिगों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म और तस्करी के लिए न्यूनतम मृत्युदंड का प्रावधान वाला विशेष कानून बनाए। श्रीमती नंदा पसीने ने कहा कि जब तक दोषियों को उदाहरण स्वरूप सजा नहीं मिलेगी, तब तक ऐसे अपराध रुकेंगे नहीं। उन्होंने राष्ट्रपति से अपील की कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य और केंद्र सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें।ज्ञापन सौंपने के दौरान हिंदू सेना के मातृशक्ति नगर अध्यक्ष संगीता रजक, उपाध्यक्ष साक्षी खटवानी, जिला उपाध्यक्ष ममता पटेल, पुष्पा साडिलय महामंत्री,, गायत्री जैन संगठन सचिव, मंजू, पूजा तेजवानी कोषाध्यक्ष, ज्योति राजा भोज उपाध्यक्ष,सुनीता भाड़ेकर सचिव, समाजसेवी आशा सिंह, वार्ड 26 की पार्षद टी, ज्योति एवं मीडिया प्रभारी शिखा सोनी एवं समस्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
नारी संगम सीजन-3 के मुख्य प्रशिक्षक, प्रेरक वक्ता एवं इंटरनेशनल ट्रेनर राजेश अग्रवाल सर के मार्गदर्शन में आयोजित हुई समीक्षा बैठक
रायपुर। जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल द्वारा आयोजित “नारी संगम सीजन-3” की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में शंकर नगर स्थित विम्तारा भवन में नारी संगम कार्यक्रम की समीक्षा एवं मेंबर्स सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंटरनेशनल ट्रेनर राजेश अग्रवाल सर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं, उपलब्धियों एवं भविष्य में इसे और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।गौरतलब है कि इंटरनेशनल ट्रेनर राजेश अग्रवाल सर द्वारा “लव यू जिंदगी” थीम पर आयोजित इस भव्य एवं प्रेरणादायक ट्रेनिंग में लगभग 300 संस्थाओं से 2000 से अधिक महिलाओं की सहभागिता रही, जिसने एक नया इतिहास रचते हुए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया।कार्यक्रम के दौरान जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल की जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) भी आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों, नारी संगम के पश्चात वामा द्वारा आयोजित किए जाने वाले विभिन्न आयोजनों एवं सामाजिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान उन सभी सदस्यों एवं पीडीज को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्हें मोमेंटो प्रदान कर उनके समर्पण, मेहनत एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष रूप से सराहा गया।नारी संगम की ऐतिहासिक सफलता के बाद जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल द्वारा आगे आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा प्रकल्पों पर भी चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा आगामी आयोजनों को और अधिक भव्य एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।पूरे आयोजन में खुशी, उत्साह एवं आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय मेंटर राजेश अग्रवाल , प्रेसिडेंट डॉ. धृति वैभव शर्मा, फाउंडर प्रेसिडेंट लीना वाढेर, चैप्टर कन्वेनर रूपाली दुबे, चैप्टर इंचार्ज आंचल पंजवानी, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर जया अरोड़ा, समस्त पास्ट प्रेसिडेंट्स एवं पूरी जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल की टीम को जाता है, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा।प्रोग्राम की मीडिया प्रभारी सुमन दीवान एवं दीया मूलचंदानी ने उक्त जानकारी प्रदान की।
शिक्षण, टीकाकरण, उपस्थिति और अन्य मसलों पर दिए कड़े निर्देश
जगदलपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल दास ने जगदलपुर ब्लॉक के सभी संकुल समन्वयकों की आपात बैठक ली। दास ने संकुल समन्वयकों को शाला संचालन और कई अन्य महत्वपूर्ण मसलों पर कड़े दिशा निर्देश दिए। बीईओ अनिल दास ने एमबीयू की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने यू डाइस प्रोग्रेशन, छात्रवृति की स्थिति एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में पर जागरूकता और प्रचार करने, हर दिन प्रार्थना सभा, उल्लास साक्षरता कार्यक्रम, वीसीके की अद्यतन जानकारी प्रेषित करने के निर्देश दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी अनिल दास ने गणवेश एवं पाठय पुस्तक वितरण, बोलेगा बचपन कार्यक्रम, जाति एवं आय प्रमाण पत्र, प्रार्थना सभा में लाउड स्पीकर के उपयोग और विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित जानकारी भेजने की हिदायत दी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि नएमएसइ में अधिक से अधिक बच्चों का मॉक टेस्ट कराया जाए।इस दौरान एबीईओ राजेश गुप्ता ने उल्लास साक्षरता, एनएमएसई, नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों के चयन पर विस्तृत जानकारी दी।। बीआरसी राजेंद्र ठाकुर ने वर्तमान में चल रहे शिक्षा कार्य और राज्य शासन के निर्देशों पर जानकारी दी और कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने को कहा। कार्यक्रम में जगदलपुर विकासखंड के समस्त सीएसी उपस्थिति थे। यह जानकारी भूपेश पाणिग्रही ने दी।
जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन को दी गई भावभीनी विदाई
नवपदस्थ सीईओ तन्मय खन्ना का आत्मीय स्वागत
जगदलपुर नगर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर जिला पंचायत के निवर्तमान सीईओ प्रतीक जैन को जहां आत्मीय विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थ सीईओ तन्मय खन्ना का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी ने इस अवसर को और भी गरिमामयी बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर. के संभागायुक्त डोमन सिंह ने निवर्तमान सीईओ जैन के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने प्रतीक जैन के धैर्य और प्रशासनिक कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कई कठिन चुनौतियों का सामना मुस्कान के साथ कर दिखाया और अनेक सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही नवपदस्थ सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना के प्रति विश्वास जताते हुए उम्मीद की कि वे जिले के ग्रामीण विकास को नई दिशा देंगे। कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि प्रतीक जैन एनआरडीए एवं जीएसटी में पदस्थापना के दौरान पहले से ही अपनी प्रशासनिक कुशलता से अमिट छवि बना चुके हैं।बस्तर में पदस्थापना के बाद उन्होंने अपनी शांत और सहज शैली के साथ उल्लेखनीय दायित्व निभाई। बीते करीब डेढ़ साल में अनेक आयोजन में उनका प्रशासनिक कौशल स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। कलेक्टर छिकारा ने विश्वास व्यक्त किया कि नए सीईओ भी बस्तर जिले के समग्र विकास सहित अन्य प्रमुख कार्यों को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग एवं नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जैन के साथ काम करना एक सुखद अनुभव रहा, उनकी प्रशासनिक कुशलता के फलस्वरूप हर समस्या का समाधान भी आपसी विमर्श से निकाला गया।
निवर्तमान सीईओ प्रतीक जैन अपने कार्यकाल के खट्टे-मीठे अनुभव साझा करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बस्तर जिले में बिताया गया समय उनके जीवन का अमूल्य हिस्सा है और बस्तर उन्हें हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेषकर जिले की जनता से मिले अपार स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
टीम भावना से करेंगे काम: खन्ना
कार्यक्रम में नव पदस्थ सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना ने सभी का आभार मानते हुए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि प्रतीक जैन के द्वारा शुरू किए गए कार्यों को अवसर के तौर पर अनवरत रूप से जारी रखेंगे। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी कार्यशैली टीम भावना पर आधारित होगी और शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका ध्येय होगा। आयोजन में सहायक कलेक्टर यशवंत सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला प्रशासन परिवार द्वारा निवर्तमान सीईओ जिला पंचायत बस्तर प्रतीक जैन को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर बस्तर के सभी जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, जनपद सीईओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बार बार ट्रक को रिवर्स कर मवेशियों को कुचलता रहा ड्राइवर
4 मवेशी गंभीर घायल, ट्रक चालक गिरफ्तार
अर्जुन झा-
जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले से एक दर्दनाक खबर आई है, जहां राष्ट्रीय रसजमार्ग पर बैठे करीब डेढ़ दर्जन मवेशियों को एक ड्राइवर ने अपने ट्रक से कुचल कर मार डाला। यह एक दुर्घटना नहीं, बल्कि गौवंश की सुनियोजित हत्या का मामला बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक ड्राइवर अपने ट्रक को कई बार आगे पीछे कर मवेशियों को ट्रक से कुचलता रहा। यह बेहद दर्दनाक और खौफनाक वाकिया सुकमा जिले के कोंटा ब्लॉक में हुआ है। यहां नेशनल हाईवे-30 पर बैठे 18 मवेशियों को ट्रक से कुचल कर मार डाला गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 1 बजे ट्रक क्रमांक सीजी 12 एएक्स 4808 के चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए 18 गौवंशों को कुचल दिया, जिसमें 14 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद थाना कोंटा में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार उरांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के कब्जे से ट्रक और संबंधित दस्तावेज जप्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना राष्ट्रीय रसजमार्ग क्रमांक 30 पर ग्राम पंचायत ढोंडरा स्थित राजू ढाबा के आगे बीती रात हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चालक ने कई बार वाहन रिवर्स कर गौवंशों को कुचला। इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीण आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रायपुर रेलवे भूमि पर वर्षों से चल रहे टैक्स और नोटिस की समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स की दल्ली राजहरा इकाई ने सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी से मुलाकात की। चेंबर के महामंत्री भूपेंद्र कुमार डहरवाल उर्फ राजा ने रायपुर में डीसीएम से मिलकर व्यापारियों की परेशानी से अवगत कराया।*क्या है पूरा मामला* दल्ली राजहरा इकाई के अनुसार रेलवे यहां की जमीन पर प्रतिवर्ष व्यापारियों से टैक्स लेती थी। 2006-07 के बाद कई व्यापारियों ने टैक्स जमा करना बंद कर दिया। इसी कारण रेलवे ने वर्तमान में 119 व्यापारियों को जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया है। रेलवे का कहना है कि बकाया टैक्स के साथ फाइन जमा करना होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो आवंटित निजी भूमि खाली करनी पड़ेगी। इसके बाद 5 साल की लीज पर जमीन दी जाएगी और हर 5 साल में उसका नवीनीकरण होगा।*चेंबर ने रखी ये मांगें* चेंबर प्रतिनिधियों ने डीसीएम को बताया कि कई व्यापारी ऐसे भी हैं जिन्होंने नए मकान और प्लांट बनाए हैं लेकिन उनका नाम रेलवे रिकॉर्ड में नहीं है। कुछ लोगों के नाम कट भी गए हैं। इस वजह से समस्या और जटिल हो गई है।*डीसीएम ने दिया आश्वासन* सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने चेंबर के प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि व्यापारी बकाया टैक्स और फाइन जमा कर आवेदन प्रस्तुत करें। आवेदन मिलने के बाद 10 से 15 दिनों के अंदर इसका निराकरण कर दिया जाएगा।महामंत्री भूपेंद्र डहरवाल ने बताया कि डीसीएम ने सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया है। चेंबर अब व्यापारियों से जरूरी दस्तावेज और बकाया जमा करवाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करवाएगा। महामंत्री भूपेंद्र डहरवाल चेंबर पदाधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जितनी जल्दी समाधान होगा व्यापारियों को उतनी राहत मिलेगी।
श्रमिक नेता संजय सिंह और सुखचैन सिंह ने दी अनशन की चेतावनी
दल्ली राजहरा नगर के वार्ड क्रमांक 4 एकलव्य नगर में अमित नामक व्यक्ति द्वारा संचालित अवैध शराब कारोबार से वार्ड में अशांति का माहौल बन गया है। वार्ड के बिगड़ते माहौल को देखते हुए अवैध शराब विक्रय को 15 दिनों में बंद न कराए जाने और संबंधित व्यक्ति के खिलफ कार्रवाई न होने पर वार्ड 3 निवासी श्रमिक नेता संजय सिंह और एकलव्य नगर के निवासी समाजसेवी सुखचैन सिंह ने तहसील कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन की चेतावनी दी है। इस बाबत कलेक्टर और एसपी को आवेदन दिया गया है।
संजय सिंह और सुखचैन सिंह ने आवेदन में बताया है कि दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 04 मेंअमित नामक व्यक्ति द्वारा लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब बेचने का काला कारोबार चलाया जा रहा है। इस अवैध कृत्य के कारण वार्ड का माहौल पूरी तरह अराजक और डरावना हो चुका है। स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि: महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। अमित के ठिकाने पर सुबह से देर रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब पीकर ये तत्व वार्ड की महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसते हैं और अभद्रता करते हैं, जिससे महिलाओं का घर से निकलना और सुरक्षित महसूस करना असंभव हो गया है।शराबियों की गाली-गलौज, आपसी मारपीट और अश्लील व्यवहार का सीधा असर वार्ड के स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चे डर के साये में स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं और उनका शैक्षणिक माहौल पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। स्थानीय नागरिकों द्वारा बार-बार आपत्ति जताने के बावजूद अमित के हौसले बुलंद हैं। उसे तथाकथित स्थानीय राजनीतिक नेता का संरक्षण प्राप्त है। इसी के चलते प्रशासनिक शिथिलता और कानून के भय के अभाव देखा जा रहा है। आवेदन में कथित अवैध शराब माफिया अमित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसे तुरंत जेल भेजने की मांग की गई है। 15 दिनों के भीतर अमित का यह अवैध कारोबार स्थायी रूप से बंद नहीं कराए जाने पर दोनों आवेदकों ने 25 जुलाई से जिला मुख्यालय या स्थानीय तहसील कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
डौंडी/बालोद। कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट के दौरान एक युवक का पैर फिसलने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर 12:47 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर रेस्क्यू दल एवं 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया कि तीन युवक फोटोशूट के लिए पहाड़ी पर चढ़े थे।
इसी दौरान फोटो खिंचवाते समय एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसलने से वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।घटनास्थल पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम तथा मौजूद लोगों ने संयुक्त प्रयास से घायल युवक को पहाड़ी से सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव रेफर कर दिया गया।घायल युवक की पहचान धीरज यादव के रूप में हुई है। घटना के दौरान 108 एंबुलेंस के चालक तथा टीम बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवक का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
न बाउंड्री, न शौचालय में पानी, सांसद और विभाग से मांगी मदद
जगदलपुर बस्तर जिले की ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा के खैरगुड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भवन की बदहाल स्थिति बच्चों और कार्यकर्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है। भवन के जर्जर होने के साथ ही परिसर में बाउंड्री वॉल और शौचालय में पानी की व्यवस्था न होने से केंद्र का संचालन प्रभावित हो रहा है। आंगनबाड़ी भवन कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है। दीवारों पर दरारें आ चुकी हैं। स्थिति को गंभीर देखते हुए महिला बाल विकास बस्तर परियोजना अधिकारी सावित्री बघेल ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर इस भवन में बच्चों को बैठाने पर रोक लगा दी है। उन्होंने केंद्र को तत्काल किराए के भवन में शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग को इस संबंध में अवगत कराया गया है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण रात में असामाजिक तत्व परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और शौचालय को गंदा कर देते हैं। सुबह केंद्र खुलने पर कार्यकर्ताओं को पहले सफाई करनी पड़ती है। शौचालय में ताला नहीं है और पानी भी उपलब्ध नहीं है। इससे 3 से 6 वर्ष के बच्चों और स्टाफ दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए बोरिंग और बाल्टी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर हाल ही में खैरगुड़ा पहुंचे बस्तर सांसद महेश कश्यप के समक्ष आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने केंद्र की स्थिति रखी और नए भवन की स्वीकृति की मांग की थी। मधोता सेक्टर पर्यवेक्षक भारती बघेल ने बताया कि केंद्र की स्थिति की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। नए भवन के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा चुका है। सुशासन तिहार के दौरान भी इस संबंध में आवेदन दिया गया था। ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा के सरपंच ईस्पर मंडावी ने कहा कि भवन की स्थिति से प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि गांव में नल-जल योजना शुरू होने के बाद आंगनबाड़ी के शौचालय में पानी की व्यवस्था कर दी जाएगी।ग्रामीणों और अभिभावकों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खैरगुड़ा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए जल्द नए भवन की स्वीकृति दी जाए। साथ ही परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण और शौचालय में नियमित पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।आईसीडीएस नियमों के अनुसार प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में सुरक्षित भवन, पेयजल और शौचालय की सुविधा होना अनिवार्य है। बस्तर जैसे आदिवासी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र स्वास्थ्य और शिक्षा की पहली कड़ी माने जाते हैं। ऐसे में खैरगुड़ा केंद्र की स्थिति चिंता का विषय है।