डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया पर खोली भाजपाई जनप्रतिनिधियों की पोल
जगदलपुर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव बस्तर प्रवास पर पहुंचे हुए हैं और उनके द्वारा जगदलपुर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को देख उनके हाथ सिर्फ निराशा ही लग रही है जिससे हताश और निराश होकर उप मुख्यमंत्री निर्माण कार्यों की लेटलतीफी, खराब गुणवत्ता और अनियमितता को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और ठेकेदारों पर नाराजगी दिखा रहे हैं। और तो और वे अपनी नाराजगी को सोशल मीडिया पर भी प्रदर्शित कर रहे हैं। इसे लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपुर के जनप्रतिनिधियों और सरकार को आड़े हाथों लिया है। जावेद खान ने कहा है कि अरुण साव ने जगदलपुर के भाजपाई जनप्रतिनिधियों की सोशल मीडिया पर पोल खोल कर रख दी है अरुण साव की प्रतिक्रिया बता रही है कि भाजपाई जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं।

इसका खामियाजा बस्तर की जनता भुगत रही है। यदि स्थानीय जनप्रतिनिधि निर्माण कार्यों को लेकर गंभीर होते तो आज अरुण साव को निराश नहीं होना पड़ता। जावेद खान ने कहा है कि इंद्रावती नदी पर पुराने पुल की जगह पर निर्माणाधीन नए पुल की स्वीकृति कांग्रेस सरकार के दौरान दी गई थी और जिसे 2024 तक बनाकर जनता को समर्पित किया जाना था परंतु आज 2026 अपने आधे वर्ष पर पहुंच गया और साय सरकार ने भी अपना आधा कार्यकाल समाप्त कर लिया परंतु निर्माण कार्य आज आधा से ज्यादा नहीं हो पाया है। क्योंकि ना तो सांसद ने निर्माण कार्य में तेजी लाने कोई पहल करी ना ही विधायक ने इसे जल्द बनाने अधिकारियों और ठेकेदारों पर दबाव बनाया। 100 करोड़ खर्च करने के बावजूद अमृत मिशन से अब तक पानी नहीं आ पाया है। ठेकेदार बदले जा चुके हैं, समय-सीमा बढ़ाई गई पर आज भी योजना अधूरी पड़ी हुई है। वहीं अग्रसेन चौक से पल्ली नाका तक 5 करोड़ की लागत से बन रहे फोर लेन सड़क के आजू-बाजू के पेड़ों को काटने में जो उत्सुकता दिखाई गई, यदि ऐसा ही उत्साह सड़क निर्माण पर दिखाया गया होता,
तो आज बारिश से पहले ड्रेनेज सिस्टम बन कर तैयार हो गया होता और उप मुख्यमंत्री की नाराजगी का सामना ना करना पड़ता। साथ ही विशाखापट्टनम किरंदुल रेल मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज भी लेट लतीफी का शिकार बन चुका है जो दर्शाता है कि बस्तर के भाजपाई जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। जो जनप्रतिनिधि अपनी ही सरकार में विकास कार्यों को लेकर गंभीर नहीं हैं उनकी पोल सोशल मीडिया पर खोलकर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने खोलकर रख दी है। जावेद ने कहा है कि अरुण साव आज जिले के अधिकारियों ठेकेदारों की नहीं बल्की अपनी ही सरकार के जनप्रतिनिधियों की बखिया उधेड़ रहे हैं वे एक तरह से उन्हें आईना दिखा रहे हैं और जनता को भविष्य के लिए ऐसे अवसरवादी नेताओं से आगाह भी कर रहे हैं।

















