City Media - Page 193 of 1847 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 193

कवासी लखमा के करीबी कांग्रेस नेता तामो के घर पर एसीबी और ईओडब्ल्यू का छापा

0
  • प्रदेश कांग्रेस के सचिव हैं राजकुमार तामो 

जगदलपुर कांग्रेस सरकार के दौरान हुए छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले के तार बस्तर संभाग के सुकमा जिले के बाद अब दंतेवाड़ा जिले से भी जुड़ गए हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो व ईओडब्ल्यू की टीम ने शनिवार को दंतेवाड़ा के कांग्रेस नेता राजकुमार तामो के निवास पर दबिश दी।

दंतेवाड़ा के कुम्हाररास स्थित राजकुमार तामो के मकान में सुबह 9 बजे यह टीम पहुंची। कांग्रेस प्रदेश सचिव राजकुमार तामो शराब घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबी माने जाते हैं। एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा के बयान के आधार पर सर्च वारंट होने का हवाला देकर जांच की बात कही। इसके बाद जमीन रजिस्ट्री व अन्य दस्तावेजों को लेकर फोटोकॉपी करवाने भेजा। उसके बाद राजकुमार तामो से घंटों पूछताछ भी की गई। इस मामले में राजकुमार तामो ने बताया कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। उनके खुद के कुछ वाहनों के कई इंस्टालमेंट फाइनेंस कंपनियों में ओवरड्यू चल रहे हैं।

विष्णु देव साय के सुशासन पर वन विभाग के अधिकारी ने चलवा दी आरी; कटवा दिए हरे भरे पेड़

0
  • बकावंड के डिप्टी रेंजर की अनुमति पर उठे सवाल
  •  काट दिए गए सागौन और सरगी प्रजाति के पेड़ 

अर्जुन झा

बकावंड एक ओर जहां छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन तिहार मना रही है, वहीं वन मंत्री के गृह संभाग में ही वन विभाग के कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हरे भरे विशाल पेड़ों को कटवा कर साय सरकार की छवि धूमिल करने में लगे हैं। डिप्टी रेंजर ने ग्रामीणों के विरोध को नजर अंदाज करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन पर आरी चलवा दी है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

मामला बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत उलनार का है, जहां पेड़ काटने की अनुमति देने को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। बकावंड वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत उलनार में एक व्यक्ति ने अपने घर के सामने शासकीय भूमि पर लगे छोटे झाड़-झंखाड़ और पेड़ों को व्यक्तिगत उपयोग के लिए काटने हेतु आवेदन दिया था। यह व्यक्ति ग्राम के उप सरपंच का पड़ोसी बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना वन समिति की जानकारी और बिना किसी सार्वजनिक सूचना के डिप्टी रेंजर ने जांच कर सीधे पेड़ों को काटने की अनुमति दे दी। इस आदेश की आड़ में सागौन और सरगी प्रजाति के विशाल पेड़ों पर भी आरा चलवा दिया गया। इन पेड़ों के गोलों को देखकर ही अनुमान लगाया जा सकताहै कि पेड़ कितने विशाल रहे होंगे। वन समिति के अध्यक्ष श्यामदास बघेल समेत समिति के अन्य सदस्य कोमो राम, ललित, शंकर, सुदरन, शिवराम, तुलसी, मंगला और रघुनाथ ने बताया कि उन्हें न तो स्थल जांच की सूचना दी गई, न ही आदेश की जानकारी मिली। जब वन समिति अध्यक्ष को ही इस संबंध में जानकारी नहीं थी, तो फिर यह प्रक्रिया कैसे पूरी हो गई? यही सबसे बड़ा सवाल बनकर सामने आया है। बीट गार्ड से जब वन समिति अध्यक्ष ने फोन पर पूछताछ की, तो उसने बताया कि डिप्टी रेंजर ने आदेश दिया है, आवेदन लगा था इसलिए अनुमति दी गई है। आरोप यह भी है कि डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड के संरक्षण में हरे-भरे जीवित पेड़ काटे गए हैं, जो वन अधिनियम का खुला उल्लंघन है। काटे गए पेड़ों में सरगी और सागौन के पेड़ भी शामिल होने की बात कही जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपए से भी ज्यादा है।

ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्रवाई की जांच की मांग की है और कहा है कि वन समिति की अनदेखी कर अधिकारी मनमानी कर रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं। यह मामला उस समय सामने आया है जब पूरे राज्य में शासन की पारदर्शिता और जिम्मेदारी को लेकर सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। अब देखना होगा कि वन मंत्री और संबंधित विभाग के उच्च अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

दो टन बारूद, 12 टन राशन

0
  • आखिर क्या थी केजीएच में छुपे नक्सलियों की मंशा
  • ऑपरेशन कर्रेगुट्टा हिल ने हिलाकर रख दी नक्सलियों की बुनियाद
  • सीआरपीएफ के एक्शन से नक्सलियों की बड़ी साजिश हुई ध्वस्त 

अर्जुन झा-

जगदलपुर विपक्ष भले ही कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर सीआरपीएफ द्वारा चलाए गए एंटी नक्सल ऑपरेशन पर सवाल उठा रहा है, मगर इस ऑपरेशन ने बस्तर और छत्तीसगढ़ को बड़े खतरे से बचा लिया है। कर्रे गुट्टा पहाड़ी पर स्थित नक्सलियों के ठिकानों से दो टन बारूद, घातक हथियारों का जखीरा और 12 टन अनाज मिलना कोई मामूली बात नहीं है। इस 2 टन बारूद से पूरे छत्तीसगढ़ के जर्रे जर्रे को तबाह किया जा सकता था। ये तो भला ही सीआरपीएफ, डीआरजी और एसटीएफ के उन जांबाज अधिकारियों और जवानों का जिन्होंने राज्य को बड़े खतरेसे बचा लिया।

बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी, जिसे केजीएच या कर्रेगुट्टालु हिल के नाम से भी जाना जाता है छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश के नक्सलियों का बहुत बड़ा ठिकाना रहा है। यहां नक्सलियों ने दर्जनों बंकर तीन लेथ मशीनों और उपकरणों से युक्त हथियार बनाने की फैक्ट्रियां अनाज गोदाम और हथियार भंडार बना रखे थे। सुरक्षा बलों ने लगातार 21 दिनों तक ऑपरेशन केजीएच चलाकर जो शौर्य और पराक्रम दिखाया है, वह नमन करने योग्य है। सीआरपीएफ जवानों ने इस ऑपरेशन 31 दुर्दांत नक्सलियों को ढेर कर दिया और उनके हथियार भंडारों, हथियार बनाने के कारखाने, बड़े नक्सली संगठनों के हेड क्वाटर, बंकर्स, पीएलजीए की टेक्निकल डिपार्टमेंट यूनिट, शस्त्र भंडार को भी जमीदोज कर दिया। नक्सलियों ने पहाड़ी पर बनाए गोदामों में दो टन बारूद और 12 टन अनाज जमा कर रखा था। इससे नक्सलियों की मंशासाफ जाहिर हो जाती है कि वे लंबे समय तक बस्तर में विध्वंस मचाने की पूरी तैयारी कर चुके थे। विस्फोटकों के जानकार बताते हैं कि दो टन बारूद से छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से को पूरी तरह तबाह किया जा सकता था। नक्सली एक तरफ तो बार बार शांति वार्ता की दुहाई देते रहे और दूसरी ओर कर्रेगुट्टा पहाड़ी के अपने ठिकानों में बारूद और रसद जमा करते रहे। साफ जाहिर होता है कि शांति वार्ता के बहाने सुरक्षा बलों के ऑपरेशन पर विराम लग जाए और नक्सली इधर खूनी खेल खेलते रहें। इसके 4-5 उदाहरण बस्तर के बीजापुर एवं सुकमा जिलों से हाल के दिनों में सामने भी आ चुके हैं, जब ऑपरेशन कर्रेगुट्टा हिल थमते ही नक्सलियों ने चार बेकसूर लोगों को मार डाला। यह भी कहा जा रहा है कि नक्सली अपने बारूद, हथियारों और रसद के भंडारों को बचाने के लिए शांति वार्ता की पेशकश बार बार कर रहे थे। दाद देनी होगी हमारे बहादुर जवानों को, जिन्होंने खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में भी अपनी बहादुरी और शौर्य से नक्सलियों का सामना किया। केजीएच की बेहद कठिन परिस्थितियों और 45 डिग्री से अधिक तापमान के बावजूद जवानों का मनोबल उत्कृष्ट बना रहा और उन्होंने पूरे साहस के साथ ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाया। कुर्रेगुट्टालू पहाड़ पीएलजीए बटालियन-1 डीकेएसजेडसी, टीएससी और सीएआरसी जैसे बड़े नक्सल संगठनों का यूनिफाइड हेडक्वार्टर था, जहां नक्सल ट्रेनिंग दी जाती थी, हिंसा की रणनीति तैयार की जाती थी और हथियार भी बनाए जाते थे। सूत्र बताते हैं कि केजीएच में अपना बेस और तमाम स्ट्रक्चर तैयार करने में नक्सलियों को कम से कम ढाई साल तक मेहनत करनी पड़ी होगी। कुर्रेगुट्टालू पहाड़ नक्सलियों के सबसे मजबूत सशस्त्र संगठन पीएलजीए बटालियन, सीआरसी कंपनी एवं तेलंगाना स्टेट कमेटी सहित अनेक शीर्ष काडर्स की शरणस्थली थी। केएचजी लगभग 60 किमी लंबा और 5 किमी से लेकर 20 किमी चौड़ा बेहद दुष्कर पहाड़ी क्षेत्र है। इसकी भौगोलिक परिस्थिति बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण है। ऎसी जगह पर भी नक्सलियों ने पचासों ठिकाने बना रखे हैं, जिनमें से 214 नक्सली ठिकाने और बंकर नष्ट किए जा चुके हैं। तलाशी के दौरान 450 आईईडी, 818 बीजीएल शेल, 899 बंडल कॉडेक्स, डेटोनेटर और दो टन बारूद 12 हज़ार किलोग्राम राशन बरामद किए गए हैं।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा पहुंचे जगदलपुर, मेयर संजय पांडे ने किया स्वागत

0

जगदलपुर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा जगदलपुर सर्किट हाउस पहुंचे। जहां महापौर संजय पाण्डे और अन्य भाजपा नेताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

उलनार की बेटियों ने दिखाया कमाल, बोर्ड परीक्षाओं में चांदनी और निमिषा अव्वल

0

बकावंड डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार का बोर्ड परीक्षाओं में बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा दसवीं में निमिषा झाली और बारहवीं में चांदनी सेठिया प्रथम रहीं। अन्य छात्राओं ने भी बढ़िया परफॉरमेंस दिखाया है।

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2024-25 के परिणामों में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र में शिक्षा का परचम लहराया है। विद्यालय की कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और समस्त क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। कक्षा 10वीं से कुल 18 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 5 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस वर्ष की टॉपर्स सूची में छात्राओं का दबदबा रहा जिसमें प्रथम स्थान: निमिषा झाली 71.6 प्रतिशत, द्वितीय स्थान दीक्षित सेठिया 68.4 प्रतिशत तथा तृतीय स्थान कृतिका जोशी 64 प्रतिशत ने प्राप्त किया। बेटियों के इस प्रदर्शन ने एकबार फिर यह सिद्ध किया है कि अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसी प्रकार कक्षा 12वीं से 10 विद्यार्थियों में से 3 ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है। कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान पर चांदनी सेठिया 73 प्रतिशत द्वितीय स्थान पर कृति सोरी 71.4 प्रतिशत तथा तृतीय स्थान पर विनीता सेठिया 60 प्रतिशत रही।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज शंकर ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता हमारे शिक्षकों की कठिन मेहनत, छात्रों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का समेकित परिणाम है। विद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र में होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल करने में सफल रहा है। यहां के विद्यार्थियों ने विगत वर्षों में जिले की प्रवीणय सूची में भी सर्वोच्च स्थान प्राप्त किए हैं। छात्रों की सफलता में अभिभावकों का योगदान भी सराहनीय रहा, जिन्होंने हर परिस्थिति में बच्चों को प्रोत्साहित किया। सभी के सहयोग से विद्यालय एक सशक्त शैक्षणिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार ने एकबार फिर यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिबद्धता, समर्पण और परिश्रम के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।

जगदलपुर में आज निकलेगी विशाल सिंदूर तिरंगा यात्रा

0

जगदलपुर आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर आज जगदलपुर में सिंदूर तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया है।

इस गरिमामय सिंदूर तिरंगा यात्रा के आयोजक राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सजग नागरिक एवं महापौर संजय पाण्डेय ने बताया कि गौरवशाली ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में 17 मई को सिंदूर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा शाम 5 बजे शहीद स्मारक सिरहासार चौक जगदलपुर से प्रारंभ होकर राष्ट्र को समर्पित होगी।

महापौर संजय पाण्डेय ने इस आयोजन में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनो, आम नागरिकों, शासकीय कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, भूतपूर्व सैनिकों एवं सुरक्षा बलों के लोगों से सहभागिता की अपील की है। महापौर ने नगर एवं आसपास की सभी माताओं एवं बहनों से विशेष निवेदन किया है कि वे आपरेशन सिंदूर की सफलता पर आयोजित सिंदूर रैली तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय गौरव का हिस्सा बनें। संजय पाण्डेय ने बताया कि यह यात्रा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बलों के सम्मान में आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी समाज के सभी वर्ग से अनुरोध किया है कि राष्ट्रहित में आयोजित यात्रा में भाग लेकर इसे सफल बनाएं।

चाकू से जानलेवा हमला करने वाले बदमाश ओड़िशा से गिरफ्तार

0

जगदलपुर चाकू दिखाकर सुमीत पाण्डे, एवं धीरज ठाकुर को अश्लील गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने, चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस बस्तर को सफलता प्राप्त मिली है।

मामला दलपत सागर राम मंदिर के सामने कृष्णा नाई ठेला के पास जगदलपुर थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मामला दर्ज है। आरोपी से चाकू , मोटर सायकल जप्त की गई है। आरोपी का नाम अमित शर्मा पिता स्व. वेदप्रकाश शर्मा ग्राम आसना तामाकोनी पारा बताया गया है। दूसरा आरोपी विवके कश्यप उर्फ गबदू पिता सुशील कुमार कश्यप उम्र 21 साल निवासी लालबाग आमागुड़ा जगदलपुर है। प्रार्थी हिमांशु नागे पिता भुवनेश्वर नागे उम्र 25 साल निवासी पनारापारा प्रवीर वार्ड जगदलपुर,थाना कोेतवाली, जिला बस्तर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 मई की रात्रि 9.30 बजे दलपत सागर राम मंदिर के सामने कृष्णा नाई ठेला के पास जगदलपुर में हिमांशु नागे, अपने दोस्त धीरज ठाकुुर, कमलेश नायक के साथ समुंद चैक कृष्णा सेलून के पास खडे थे, सुमित पांडे सेलून के अंदर फेसियल करवा रहा था, तभी अमित शर्मा व गबदू उनके अन्य साथी पास आए और पुरानी रंजिश के चलते गाली गलौज करने लगे और सभी आरोपियों ने मिलकर सुमीत पाण्डे और धीरज ठाकुर से मारपीट करने लगे और जान से मारने की धमकी देकर हत्या करने की नियत से धारदार चाकू से प्राणघातक वार कर चोंट पहुंचाई थी। प्रार्थी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। मोबाईल लोकेशन के आधार पर आरोपी अमित शर्मा एंव विवेक कश्यप उर्फ गबदू को बोरीगुमा उड़ीसा से पकड़कर थाना लाया गया।

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने समाधान शिविर का किया औचक निरीक्षण

0
  •  शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने सुशासन तिहार कारगर 

जगदलपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की परिकल्पना को साकार करने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने, शासन- प्रशासन का जनता के बीच संवाद स्थापित करने समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

नगर पालिका बीजापुर के वार्ड क्रमांक 5, 6 एवं 7 के वार्डवासियों एवं जनसाधारण की समस्याओं के समाधान एवं समाधान पेटी में प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु सुशासन तिहार के तीसरे चरण में जैतालूर मार्ग पर स्थित हल्बा समाज भवन परिसर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। प्रभारी मंत्री की आकस्मिक उपस्थिति से जनसाधारण में उत्साह देखने को मिला। मंत्री केदार कश्यप द्वारा दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुसार जन साधारण की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने उनकी मांगों को पूरा करने के लिए विगत दो माह से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम चरण में 8 से 11 अप्रैल तक समाधान पेटी के माध्यम से प्राप्त आवेदनों को निराकृत करते हुए आवेदकों को अवगत भी कराया जा रहा है। प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। बीजापुर प्रवास के दौरान जिले के विकास को नई दिशा देने बीजापुर में शांति, सौहार्द्र और अहिंसा की स्थापना के साथ जिले के सर्वांगीण विकास हेतु गहन समीक्षा करते हुऐ जिले के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। बीजापुर जिला का गठन एवं उनके निरंतर विकास के बारे में बताते हुए कहा कि हमारी सरकार ने बीजापुर को जिले का स्वरूप प्रदान किया। पहले आतंक और भय का वातावरण होता था लेकिन अब निरंतर विकास शासकीय योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन अधोसंरचना सड़क, पुल, पुलिया, बिजली, पानी, अस्पताल, स्कूल जैसी नागरिक सुविधाओं के विस्तार से बीजापुर जिले का स्वरूप लगातार बदल रहा है। सकारात्मक बदलाव, का यह सिलसिला जारी रहेगा। मंत्री कश्यप ने हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाते हुए कहा जिसमें राजस्व विभाग अर्न्तगत जन्म के तुरंत बाद जाति प्रमाण पत्र प्रदाय करते हुऐ बताया कि पहले जाति प्रमाण पत्र के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। अब आसानी से घर पर पहुंचा कर दिया जा रहा है। इसी तरह रसोई गैस कनेक्शन हर किसी को नहीं मिल पाता था प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत प्रत्येक घरों में रसोई गैस मिल रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के बारे में बताते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि गंभीर बीमारी के ईलाज के लिए लोगों को घर, जमीन, जायदाद बेचने पड़ जाते थे अब 5 लाख रूपए तक निःशुल्क एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सरकार द्वारा दी जा रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं का समुचित लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुसार सरकारी तंत्र की पहुंच अंतिम छोर तक हो और अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचे, इसके श्री कश्यप ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को मंच के माध्यम से लाभान्वित किया गया। शिविर के माध्यम से प्राप्त 87 आवेदनों में से 75 आवेदनों के निराकरण एवं शेष 12 आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं शिकायत के प्राप्त 3 आवेदनों का शत प्रतिशत निराकरण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी ने उपस्थित जनसमुदाय को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर कलेक्टर संबित मिश्रा, डीएफओ रामाकृष्णा वाय, एसडीएम बीजापुर जागेश्वर कौशल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

नगर के हालात का जायजा लेने निगम अमले के साथ निकले महापौर संजय पाण्डेय

0

 

  •  आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जा रहा व्यावसायिक परिसर 

जगदलपुर महापौर संजय पाण्डे आज सुबह एमआईसी सदस्यों व निगम आयुक्त के साथ निरीक्षण पर निकल पड़े। लालबाग एसएलआरएम सेंटर, पुराना बस स्टैंड स्थित दीनदयाल व्यावसायिक परिसर सहित अनेक स्थानों पर निगम का अमला पहुंचा। व्यवसायिक परिसर को अब आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा।

व्यापारियों को व्यावसायिक परिसर के अंदर व्यापार के अवसर मिलेंगे। महापौर के निर्देश के बाद परिसर के बेसमेंट में सफाई कार्य कर लिया गया है। चमगादड़ के बदबू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में सफाई के बाद ब्लीचिंग पावडर डाला गया है। अब यहां दुकानें लगेंगी और लोगों को इसका फायदा मिलेगा।

ज्ञात हो कि नगर निगम में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान वर्षों से बंद पड़े व्यावसायिक परिसर को संवारने का बीड़ा महापौर ने संजय पाण्डेय ने उठाया है। इसके लिए प्रोजेक्ट तैयार कर काम करना शुरू कर दिया गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व्यावसायिक परिसर में सफाई कार्य किया जा रहा है। सुविधाओं के साथ अब इसे संवारने की कवायद शुरू कर दी गई है। बेसमेंट में वर्षो से बंद पड़े कामों को नए सिरे से किया जा रहा है। यहां चमगादड़ एक बड़ी समस्या थी, जिन्हे भगाने का काम पूरा हो चुका है। चारों ओर बदबू से बचने के लिए ब्लीचिंग पावडर डाला गया है। कुछ दिनों में बेसमेंट को पार्किंग के लिए तैयार कर लिया जाएगा। करोडो की लागत से बने व्यवसायिक परिसर के दिन अब फिरने लगे हैं। दुरुपयोग होने की बजाय अब इसका सदुपयोग होगा। परिसर के अंदर की दुकान बिक चुकी है लेकिन पर्याप्त सुविधा न होने के कारण व्यापारी यहां दुकान संचालित करने से बच रहे थे। परिसर का जीर्णोद्धार होने से अब यह कयास लगाया जा रहा है कि तेज गति से व्यवसाय के अवसर बढ़ेंगे।

महापौर संजय पाण्डे ने कहा है निगम ने वर्षों बाद साफ सफाई की सुध ली है। लंबे समय से यह बंद पड़ा था। हमने बनाया है हम ही सवारेंगे की तर्ज पर काम शुरू कर दिया गया है।

असामाजिक तत्वों ने यहां अपना डेरा जमाया था, जो कि अब नही होगा। देखरेख के अभाव में यहां गंदगी पसरी थी, चमगादड़ों का जमावड़ा था। हमारी पहल पर निगम प्रशासन ने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। जल्द ही यहां विभिन्न प्रकार की दुकानें सजेंगी व लोगों को इसका लाभ मिलेगा। संजय पाण्डे ने परिसर एवं आसपास के रहवासियों से निवेदन किया है कि वह अपने वाहन परिसर के अंदर ग्राउंड पार्किंग में रखें। इस संबंध में उन्होने यातायात विभाग से भी सहयोग मांगा है। अंडर ग्राउंड पार्किंग स्थल पर यदि कोई अस्थाई सेल लगाना चाहे तो निगम उनके आवेदन पर प्रमुखता से विचार करेगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के स्पीकर खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, शशिनाथ पाठक, पंकज आचार्य, नगर निगम के आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा सहित नगर निगम के स्टाफ मौजूद रहे।

रेत माफिया के खिलाफ मोर्चा खोला

0

बकावंड, विकासखंड में सुशासन लाने के उद्देश्य से sdm ऋषिकेश तिवारी द्वारा आजकल रेत माफिया के खिलाफ मोर्चा खोला है, लगातार इस क्षेत्र में रेत माफिया द्वारा रेत के अवैध खनन पर खबरें भी सामने आई है , सरकार के स्पष्ट आदेश के बावजूद माइनिंग विभाग चुप बैठा है परेशान लोगों ने जब बार बार इसकी शिकायत sdm तक पहुंचाई तब इन माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाए जाने के संकेत दिखे है आज ही अवैध रूप से रेत परिवहन करते इस ट्रक को जब ग्रामीणों की मदद से जब sdm ने पकड़ा तो ड्राइवर सबके सामने ही फरार हो गया, अब तक माइनिंग विभाग अथवा sdm बकावंड कार्यालय से इस पर कार्यवाही की जानकारी सामने नहीं आई है

MOST POPULAR

HOT NEWS