City Media - Page 417 of 1853 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 417

अब घर में तोता पाला, तो खुद हो जाएंगे ‘सरकारी पिंजरे` में कैद, 3 साल तक खटना होगा जेल में

0
  •  तोतों को घरों में रखना अवैध, छोड़ने का फरमान

अर्जुन झा

जगदलपुर अगर आपने अपने घर में तोता पाल रखा है, तो सावधान हो जाइए। यह तोता आपको सरकारी पिंजरे में कैद करवा सकता है। मिट्ठू यानि तोता को घरों में पालना गैर कानूनी है। अगर किसी घर के पिंजरे में तोता पाया जाता है, तो उस घर के मालिक को सरकारी पिंजरे यानि जेल में कैद कर दिया जाएगा। बस्तर वन मंडल अधिकारी ने इस आशय का फरमान जारी कर दिया है।

वैसे किसी भी वन्य प्राणी को घरों में बंधक बनाकर रखना गैर कानूनी है, चाहे वह तोता ही क्यों न हो। वैसे तोते व कुत्ते का मनुष्य के साथ अनादि काल से मधुर रिश्ता चला आ रहा है। सनातन धर्म में तोते को बड़ा ही शुभ पक्षी माना जाता है। यह वाचाल पक्षी बहुत जल्दी मनुष्य की भाषा सीख जाता है और मनुष्य की भाषा में ही बोलने लग जाता है। एक दौर था जब अमूमन हर घर में तोता नजर आ जाता था। राजा महाराजा भी तोता पालते थे। तोता को लेकर कई कहावतें प्रचलित हैं, जैसे तोता रटंत, अपने मुंह मिया मिट्ठू बनना, हाथ से तोते उड़ जाना, रट्टू तोता, तोते की तरह टर्र टर्र करना आदि। वही तोते बोलने में सिद्धहस्त होते हैं, जिसे शिशु अवस्था से पाला जाता है। तोते की वाचालता और मिलनसारिता के चलते ही मनुष्य शुरू से तोते पालने का शौकीन रहा है। घर घर में तोतों की आवाज सुनाई देती थी। उनके मुंह से राम राम सुनना बड़ा ही सुखद लगता है। मगर अब छत्तीसगढ़ शासन के वन विभाग को मनुष्य और तोते का यह रिश्ता रास नहीं आ रहा है। तोता या किसी भी पक्षी अथवा जानवर को घरों में बंधक रखना वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत गैर कानूनी है। इसी अधिनियम का हवाला देते हुए वन विभाग ने तोते बेचने या पालने पर रोक लगा दी है। बस्तर डीएफओ ने इसी तारतम्य में एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में कहा गया है कि जिन भी घरों में तोते हैं, उन घरों के मालिक तोतों को जगदलपुर लामनी पार्क में पंछी विहार में पहुंचा दें। ऐसा न करने वालों को 3 साल के कारावास की सजा हो सकती है। यानि जिस तोते को आपने वर्षों पिंजरे में रखकर अपने अपने परिवार के सदस्य की तरह उसकी देखभाल की है, उसी तोते की वजह से आपको सरकारी पिंजरे में तीन साल तक बंद रहना पड़ सकता है।

 

लामनी पार्क की हकीकत

जिस लामनी पार्क के हवाले पालतू तोतों को करने का फरमान जारी किया गया है, उस लामनी पार्क की हकीकत भी जान लीजिए।करोड़ों रुपए खर्च कर बनाया गया लामनी आज बड़ा बदहाल हो चला है। वहां के सारे पंछी या तो उड़ चुके हैं अथवा मर गए हैं। पार्क में दाना पानी और रख रखाव का समुचित प्रबंध न होने के कारण लमानी पार्क परिंदों को रास नहीं आया। अब उसी मौत के मुंह में तोतों को ठीक है की पंछी को भी धकेलने का फरमान वन मंडल अधिकारी ने जारी किया है। सनातन काल से मनुष्य का सहचर रहे तोतों के अस्तित्व के लिहाज से वन विभाग का यह फरमान तुगलकी साबित हो सकता है। वैसे भी कृषि कार्य में बढ़ते कीटनाशकों के प्रयोग और भारी प्रदूषण के चलते कई प्रजातियों के पक्षियों का अस्तित्व लगभग खत्म हो चुका है। जो गौरैया हर घर में चहकती रहती थी, उसके दर्शन तक दुर्लभ हो गए हैं। गिद्ध और कौव्वे भी नजर नहीं आते। ऐसे में बचे खुचे तोतों को मौत के मुंह में धकेलना भला कहां तक जायज होगा? ऐसा करना तोतों के अस्तित्व से ही खिलवाड़ नहीं, बल्कि सनातन आस्था पर भी प्रहार होगा।

समिति को मिला इस्पात सचिव से सकारात्मक संकेत

0
  •  इस्पात सचिव एवं सीएमडी से मिले जय झाडेश्वर समिति के प्रतिनधि

नगरनार नगरनार स्टील प्लांट विजिट पर आए इस्पात सचिव एवं सीएमडी से काफी जद्दोजहद के बाद जय झाड़ेश्वर समिति के प्रतिनिधि मंडल की भेंट हो सकी। यह मुलाकात सकारात्मक रही। इस्पात सचिव के नजरिए से समिति एवं प्रभावित गांवों के लोगों की आस बंधी है।

इस्पात सचिव और सीएमडी का रविवार को नगरनार स्टील प्लांट आगमन हुआ। इसकी खबर स्थानीय भू प्रभावित जय झाड़देश्वर समिति के पदाधकारियों को लगने पर सभी पदाधिकारी व सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण इस्पात संयंत्र के गेट नंबर एक के सामने पर एकत्रित होकर दोनों अधिकारियों से मिलने की मांग करने लगे। समिति के लोग काफिले को रोकने बात पर अड़ गए थे। वे शांतिपूर्ण तरीके से मिलने पर ज्यादा जोर दे रहे थे। संयंत्र के अधिकारियों एवं सुरक्षा जवानों के साथ उनकी तीखी नोकझोक भी हुई। फिर सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मिलवाने के आश्वासन के बाद जय झाडेश्वर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य एक नंबर गेट से हटे। कुछ ही देर बाद फिर इस्पात सचिव का काफिला बिना रुके गुजरने लगा तो समिति के सदस्य नारेबाजी करते हुए मांगपत्र की कॉपी लहराने लगे। उन्होंने अल्टीमेटम दे दिया कि हमारी बातचीत नहीं कराई गई तो वापसी के दौरान इस्पात सचिव के काफिले को रोककर ज्ञापन दिया जाएगा। इस चेतावनी के बाद स्थानीय प्रबंधन के हाथ पांव फूल गए और आनन फानन में समिति के पांच सदस्सीय प्रतिनधि मंडल को इस्पात सचिव से मिलवाने के लिए प्रबंधन तैयार हुआ। दिनभर चले घटनाक्रम के बाद शाम को पांच सदस्यीय दल जिसमें अमित पांडे, बनमाली नाग, गीता मिश्रा, खगेश्वर पुजारी व लेखन बघेल शामिल थे, ने इस्पात संयंत्र में इस्पात सचिव एवं सीएमडी से मुलाक़ात की। प्रतिनिधि मंडल ने इस्पात सचिव और सीएमडी के समक्ष अपनी मांगों को रखा। इस्पात सचिव ने प्रभावित ग्रामों का समग्र विकास सीधे एनएमडीसी के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। नगरनार में हॉस्पिटल अपोलो ग्रुप के द्वारा संचालित कराने की मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया एवं अन्य मांगों पर नगरनार इस्पात सयंत्र प्रबंधन को बातचीत कर पूरा करने का निर्देश दिए। इस्पात सचिव ने साफ शब्दों में कहा कि बिना प्रभावितों एवं आसपास की जनता को विश्वास में लिए उद्योग का संचालन संभव नहीं है। इसके लिए समिति सदस्यों ने इस्पात सचिव को धन्यवाद दिया एवं आगे की रणनीति तक एवं प्रबंधन को पहल के लिए दो दिन का समय दिया गया है, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले को रोककर अभद्रता अस्वीकार्य: बैज

0
  • भाजपा के नेता भी इसी प्रकार के प्रतिरोध के लिए तैयार रहे: दीपक बैज

जगदलपुर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले को रोकने की कोशिश और उनके सुरक्षा कर्मियो के साथ विहिप और बजरंगदल के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई अभद्रता को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बुरी तरह नाराज हो उठे हैं। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा की है और चेतावनी दी है कि भाजपा के नेताओं के साथ भी कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसा ही सलूक करने लग जाएं तो भाजपा की बड़ी फजीहत हो जाएगी।

.प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद भी भाजपा के ही अनुषांगिक संगठन हैं।भाजपा से जुड़े बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह हमारे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के काफिले को रोकने की कोशिश की और उनके सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्रता की है, यह आचरण सर्वथा अस्वीकार्य है। दीपक बैज ने कहा कि विपक्ष के प्रमुख नेता जिन्हें उच्च सुरक्षा प्राप्त है उनके काफिले को रोककर अभद्रता करने का दुस्साहस भाजपा को भारी पड़ेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस मामले में सरकार और भारतीय जनता पार्टी तथा संघ नेतृत्व स्पष्टीकरण जारी करे तथा दोषी कार्यकर्ताओं पर कार्यवाही करे। अन्यथा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे। मुख्यमंत्री, मंत्रियों और भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों का भी विरोध किया जाएगा। सरकार यह न भूले की केंद्रीय गृहमंत्री छत्तीसगढ़ में ही हैं। यदि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ हुई अभद्रता का जवाब कांग्रेस भी उन्हीं की भाषा में देने पर आ जाएगी तो राज्य सरकार की बड़ी फजीहत होगी। साथ ही श्री बैज ने कहा कि हम कांग्रेस संस्कारी लोग हैं, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अहिंसा के मार्ग पर विश्वास करने वाले लोग हैं, हम नाथूराम गोडसे जैसा आचरण नहीं कर सकते, मगर प्रतिकार जरूर कर सकते हैं।

अब नहीं चलेगी सड़कों पर दुकानदारी

0

जगदलपुर नगर पालिक निगम आयुक्त हरेश मंडावी के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर दुकान फैलाकर लगाने वालों पर निगम अमले द्वारा कार्रवाई शुरू की गई है। नगर निगम की टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क पर सामान रखकर व्यवसाय करने वालों पर कारवाई करने का कार्य शुरू किया गया है। नगर निगम द्वारा लगातार सड़क पर दुकान फैलाकर लगाने वालों को सड़क पर दुकान न लगाने की समझाइए दी जा रही थी। परंतु दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान फैलाकर व्यवसाय किया जा रहा था। जिसकी वजह से आमजनों को परेशानी होने के साथ ही यातायात व्यवस्था में भी व्यावधान उत्पन्न हो रहा था। आयुक्त हरेश मंडावी के निर्देश पर नगर निगम की टीम का गठन कर उक्त दुकानदारों पर कार्रवाई करने का कार्य शुरू किया गया है।आयुक्त हरेश मंडावी ने बताया नगर निगम क्षेत्र में सड़क पर सामान फैलाकर दुकानें लगाने की शिकायत लगातार आ रही थीं। इस संबंध में निगम अमले द्वारा लगातार उन दुकानदारों को समझाईश दी जा रही थी। परंतु दुकानदार सड़कों पर सामान फैलाकर व्यवसाय करते रहे। इसे लेकर नगर निगम की टीम द्वारा ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कारवाई प्रारंभ कर दी गई है। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आगामी दिनों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डोनेट ब्लड वेलफेयर फाउंडेशन 

0

डीबी ग्रुप के 9वे स्थापना दिवस के उपलक्ष पौधो को सुरक्षा प्रदान करने लोहे का ट्री गार्ड लगाया गया जिसमे काटेदार झाड़ी से घेरा कर सुरक्षित किया गया संस्था के सचिव पवन सोनी,लक्ष्मण देवांगन ने बताया कि पिछले वर्ष विभिन्न प्रजाति के पौधे संस्था के द्वारा नगर के टाउनशिप चौपाटी चौक, राजहरा बाबा सरोवर में लगाए गए।

थे,जिसे अस्थायी रूप से घेरा किया गया था। उसे संरक्षित करने के उद्देश्य से लोहे का ट्री गार्ड लगाया गया,संस्था द्वारा पौधे से पेड़ बनते तक की जिम्मेदारी स्वयं से लिया गया है ताकि पौधा पेड़ बन कर शुद्ध वातावरण प्रदान कर सके इस वर्ष गर्मी में तेज धूप का सामना करना पड़ा जिसमे बे जुबानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा हर घर से एक पौधा लगाने की जरूरत है।जिम्मेदारी हम सबकी है अपने पर्यावरण को बचाने हेतु आगे आना चाहिए पौधा रोपण के कार्य को हम सभी मिल कर करे तो सब तरफ हरा भरा होगा संस्था के सभी सदस्य का सहयोग रहा।

दीपक बैज का खुला चैलेंज – हिम्मत है तो हर कांग्रेसी का करा लो नार्को टेस्ट

0
  • देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर जमकर बरसे पीसीसी चीफ दीपक बैज
  • मुख्यमंत्री और गृहमंत्री का भी कराया जाए नार्को टेस्ट

जगदलपुर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज बेहद आक्रामक मुद्रा में नजर आए। उन्होंने साय सरकार को नार्को टेस्ट कराने के लिए खुलेआम चुनौती दी।

विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में रायपुर में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का ऐसा रौद्र रूप पहली बार देखने को मिला। धरना के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने कहा कि बलौदा बाजार कांड में अपनी नाकामी छुपाने और कांग्रेस को बदनाम करने के लिए विष्णु देव साय सरकार चुन चुन कर सतनामी समाज के निर्दोष और निरीह लोगों को तथा कांग्रेस के विधायकों और जनप्रतिनिधियो को गिरफ्तार करवा कर प्रताड़ित कर रही है। बलौदा बाजार में जो कुछ भी हुआ, वह भाजपा की साजिश का नतीजा था। श्री बैज ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव बेकसूर है। कांग्रेस और सभ्य सतनामी समाज की बलौदा बाजार की हिंसा में कोई भूमिका नहीं है। यह सब सतनामी समाज और कांग्रेस को बदनाम करने का हथकंडा है। दीपक बैज ने कहा कि देवेंद्र यादव का नार्को टेस्ट करा लें, सुबोध हरितवाल का नार्को टेस्ट करा लें, गिरीश देवांगन का नार्को टेस्ट करा लें, मलकीत सिंह गैदू का नार्को टेस्ट करा लें, दीपक बैज का नार्को टेस्ट करा लें, सतनामी समाज के लोगों का भी नार्को टेस्ट करा लें। हम कांग्रेसी और सतनामी समाज के लोग बाबा गुरु घासीदास जी के बताए सत्य के मार्ग पर चलने वाले लोग हैं, हम डरने वालों में से नहीं हैं। हां मगर नार्को टेस्ट मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा के लोगों का भी होना चाहिए। हम सत्य की लड़ाई लड़ते रहेंगे, भाजपा साजिश के दम पर हमें परेशान तो कर सकती है मगर झुका नहीं सकती।

भाजपा ने सदस्यता अभियान के मण्डल प्रभारी व संयोजक नियुक्त किये

0
  •  जिले के सभी 11 मण्डलों में संयोजक व चार सदस्यीय टीम गठित
  • भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने भाजपा सदस्यता अभियान को गंभीरता से पूर्ण करने कहा

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी पहली सितम्बर से आरंभ हो रहे सदस्यता अभियान के लिये जिले के सभी 11 मण्डलों के प्रभारी और मण्डल वार संयोजक व सदस्यों की नियुक्ति भाजपा जिला अध्यक्ष रूप सिंह मण्डावी ने की है। जिसमें योगेन्द्र पाण्डेय तोकापाल व करपावण्ड मण्डल के होंगे। ऐसे ही रामाश्रय सिंह को नगरनार व जगदलपुर मण्डल, रजनीश पाणिग्रही नानगूर व दरभा, नरसिंह राव लोहण्डीगुड़ा व बास्तानार, व्हीएस राजपूत भानपुरी व बस्तर मण्डल एवं स्नेहलता बैस को बकावण्ड मण्डल का सदस्यता अभियान प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा सदस्यता अभियान को गति देने जिले के सभी मण्डल में संयोजक सहित चार सदस्यों की नियुक्ति की गयी है। जिसके तहत बस्तर मण्डल में संयोजक नरेंद्र जोशी व सदस्य गणेश बघेल, चमरू राम, चमेली साहू, मानसाय बघेल, नगरनार मण्डल में संयोजक रघु सेठिया व सदस्य महादेव बघेल, मोहन सेठिया, चमेली जिराम,फूल सिंह नायर, करपावण्ड मण्डल में संयोजक पुलकेश्वर पाण्डेय व सदस्य जेपी बैद्य, विषम ठाकुर, तरूण पाण्डेय, ललिता कश्यप, तोकापाल मण्डल में संयोजक सोमारूराम कश्यप व सदस्य परदेशी कश्यप, रैतुराम बघेल, शांति नाग, रामबती भण्डारी, बास्तानार मण्डल में संयोजक संतोष सिंह ठाकुर व सदस्य सुनील कुर्राम,कमल सिंह ठाकुर, प्रिया मुचाकी,सोहन पोशाक, नानगूर मण्डल में संयोजक नीलाम्बर सेठिया व सदस्य धरमु मण्डावी, कमल कुमारी सेठिया, लखमु बघेल, राजू पोयाम, बकावण्ड मण्डल में संयोजक पुरूषोत्तम जोशी व सदस्य दामोदर बघेल, धनमती बिसाई,भोलानाथ नाग, गुड्डू राम भद्रे,भानपुरी मण्डल में संयोजक प्रवीण सांखला व सदस्य राजेश सागर, खुलेश्वर कश्यप, तुलसू कश्यप, नील कुमारी बघेल, दरभा मण्डल में संयोजक हरी प्रसाद कश्यप व सदस्य देवी प्रसाद बेंजाम,महादेव कवासी, नारायण कुरानी, सोनम राजपूत, लोहण्डीगुड़ा मण्डल में संयोजक नरसिंह ठाकुर व सदस्य मंगतूराम कश्यप, बसंत कश्यप, सावेन्द्र सेठिया, रंजीता जोशी और जगदलपुर मण्डल में संयोजक मनोहर दत्त तिवारी व सदस्य राकेश तिवारी, शशिनाथ पाठक, अतुल सिम्हा, गीता नाम बनाये गये हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने सभी से सदस्यता अभियान के दायित्वों को गंभीरता से पूरा करने कहा है।

समाज के सभी वर्ग भाजपा से नाराज: जैन

0
  • कांग्रेसियों ने दंतेवाड़ा में दिया धरना

जगदलपुर साय सरकार रिमोट सरकार है। मात्र आठ माह में ही जितने निर्णय लिया है, उससे समाज के सभी वर्गों में नाराजगी है। शनिवार को दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में आयोजित कांग्रेस के धरना प्रदर्शन के दौरान जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने यह बात कही। बलोदाबाजार में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती रही और शासन- प्रशासन खामोश रहे। अब साजिश रचकर ऊर्जावान विधायक देवेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया है। रेत के कालाबाजारी की रिपोर्टिंग करने कोंटा गए बस्तर के पत्रकारों को फंसाया गया है। सरकार तथा भाजपा नेताओं के संरक्षण में रेत की तस्करी चल रही है। छत्तीसगढ़ में कोई भी संगठन सरकार से खुश नहीं है। नगरनार स्टील प्लांट को एक चर्चित व्यक्ति की कंपनी को सौंपे जाने के प्रयास की भी जैन ने निंदा की। बस्तरियों व बस्तर के साथ इसे भाजपा के धोखे की संज्ञा देते उन्होने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले जगदलपुर आए प्रधानमंत्री मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह ने प्लांट को बस्तर के लोगों की सम्पत्ति बताते उनका अधिकार स्वीकार किया था।

पत्रकारों की गिरफ्तारी की निंदा

जैन के साथ धरने में मौजूद दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा, छविंद्र कर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा समेत अन्य वक्ताओं ने आंध्र पुलिस के द्वारा बस्तर के पत्रकारों की गिरफ्तारी की निंदा की। इन्होने कहा कि भाजपा शासनकाल में पत्रकारों पर दमन बढ़ गया है, कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। बस्तर के पत्रकार कोंटा में रेत की कालाबाजारी की रिपोर्टिंग करने गए थे। इन पत्रकारों को गांजा की अवैध तस्करी के नाम पर इसलिए हिरासत में लिया गया है क्योंकि यह बस्तर से रेत चोरी व राजस्व हानि समेत भाजपा शासन व प्रशासन की पोल खोलने वाले थे। श्री जैन ने विगत दिनों पीसीसी के निर्देश पर गठित कांग्रेस के जांच दल द्वारा मामले की जांच करने की जानकारी भी दी।

जेपीसी जांच की मांग

वक्ताओं ने विधायक देवेन्द्र यादव की रिहाई तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। साथ ही, बलोदाबाजार कलेक्टोरेट व एसपी कार्यालय को आग लगाने की घटना को राज्य के लिए कलंक निरुपित किया। जातिगत जनगणना की कांग्रेस की मांग से अजा, अजजा, अपिव आदि को शीघ्र न्याय मिलने की बात कही। हिंडनबर्ग रिपोर्ट के आलोक में सेबी अध्यक्ष के द्वारा पद त्यागने तथा पूरे मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग भी की गई। धरना के दौरान श्री जैन के साथ दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा, छविंद्र कर्मा, विमल सुराना, तुलिका कर्मा, सुलोचना कर्मा, पूजा साव, साक्षी सुराना, इंदिरा शर्मा, कोपा कुंजाम, अनिल कर्मा, राजू रेड्डी, शंकर कुंजाम, प्रवीण राणा, मनीष भट्टाचार्य, परमजीत सिंह जसवाल, अमजद खान, हेमू उपाध्याय, संतोष सिंह, राकेश मंडावी समेत कांग्रेस पार्षद, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई आदि संगठनों के पदाधिकारी- कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन सलीम रजा उस्मानी ने किया।

स्कूलों में शिक्षकों का टोंटा, शिक्षकों को सालों से फिजूल के काम में लगाया

0
  • संलग्नीकरण के नाम पर जिला मुख्यालय में तैनाती

अर्जुन झा

बकावंड एक ओर तो विकासखंड बकावंड की शालाएं शिक्षकों की कमी से जूझ रही हैं, वहीं कई शालाओं के शिक्षकों को अनाप शनाप कार्यों में सालों से लगा दिया गया है। अटैचमेंट के नाम पर विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।

संलग्नीकरण के नाम पर आदिवासी विकासखंडों के शिक्षको को शहर में रखकर मामूली कार्य लिया जा रहा है ये वर्षो से तनखाह तो अपने मूल स्कूल से लेते आ रहे हैं और ड्यूटी अधिकारी की मर्जी से कर रहे हैं। शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने सरकार प्रयास करती है, लेकिन विभागीय मनमानी और लचर व्यवस्था का का फायदा उठाकर कई शिक्षक अपनी मनचाही जगह पर पोस्टिंग पा रहे हैं।ऐसे मुफ्तखोर शिक्षकों को गांवों के बच्चों की जिंदगी संवारने की चिंता नहीं है। अटैचमेंट के नाम पर अधिकारी भेंट पूजा लेकर ऐसे शिक्षकों को जिला मुख्यालय में ऎसी जगह पर संलग्न कर रखे हैं, जहां उनकी योग्यता की कोई उपयोगिता ही नहीं है। जैसे विषय विशेषज्ञ व्याख्याता को ग्रंथपाल बना दिया गया है, व्यायाम प्रशिक्षक को स्टेडियम में तैनात कर दिया गया है, विद्यार्थियों का भविष्य जाए भाड़ में। बकावंड विकासखंड के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय करीतगांव के व्याख्याता सुशील कुमार साहू को जिला ग्रंथालय जगदलपुर में अटैच किया गया है। सुशील कुमार साहू को ग्रंथालय में ड्यूटी बजाते 1 साल 2 माह हो चुके हैं। वहीं इसी स्कूल के व्यायाम शिक्षक श्रवण कुमार साहू को जिला ओलंपिक संघ बस्तर का सचिव बनाकर इंदिरा स्टेडियम जगदीश में साढ़े छह साल से अटैच कर रखा गया है। इन दोनों का अटैचमेंट तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी ने किया था। सोचने वाली बात है कि विषय विशेषज्ञ व्यख्याता का लाइब्रेरी में भला क्या काम? वहीं व्यायाम प्रशिक्षक को साढ़े छह साल से स्टेडियम अटैच रखना भी हास्यास्पद ही नहीं चिंतनीय भी है। स्कूल के प्राचार्य ने मौजूदा जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर व्यायाम प्रशिक्षक श्रवण कुमार साहू और व्याख्याता सुशील कुमार साहू का संलग्ननीकरण रद्द कर उनकी नियुक्ति मूल शाला में करने का आग्रह किया है। वैसे संलग्ननीकरण के यही दो मामले नहीं हैं, बल्कि जिले की कई शालाओं के शिक्षक शिक्षिकाओं ने जिला मुख्यालय में अपने को एडजस्ट करवा लिया है।

मुखबिर के शक में ग्रामीण को मार डाला नक्सलियों ने

0
  •  बीजापुर जिले गंगालूर थाना क्षेत्र का मामला

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने बीती रात पुलिस के लिए मुखबिरी करने के शक में एक ग्रामीण की धारदार हथियार से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। नक्सली वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात गंगालुर थाना क्षेत्र के पुसनार गांव में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में ग्रामीण लांचा पुनेम की धारदार हथियार से निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। नक्सलियों ने जिस ग्रामीण की हत्या की है, वह बुजुर्ग और क्षेत्र का जमींदार कहलाता है। नक्सलियों ने हत्या के बाद वहां एक पर्चा भी छोड़ा है। जिसमें नक्सलियों ने लिखा है की 4 बार जन अदालत लगाकर बुजुर्ग जमींदार को समझाया गया था कि पुलिस की मुखबिरी मत करो, लेकिन ये लगातार पुलिस की मुखबिरी कर रहा था। जिसके चलते इसे मौत की सजा दी गई है। नक्सलियों की गंगालूर एरिया कमेटी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। वही दूसरी ओर खबर लिखे जाने तक इस घटना की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई थी।

MOST POPULAR

HOT NEWS