City Media - Page 240 of 1847 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 240

एकबार फिर प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के बच्चों ने नवोदय विद्यालय की चयन परीक्षा में लहराया परचम

0

बकावंड बस्तर ब्लाक के अंतर्गत आने वाले ग्राम मधोता-2 की शासकीय प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के चार बच्चों ने जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठवीं के लिए हुई प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। चार बच्चों का चयन होने पर विद्यालय में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के प्रधान अध्यापक छन्नूराम मंडावी ने बताया कि विद्यालय की पांचवी कक्षा के चार बच्चे दीक्षा ठाकुर, रिंकी बघेल, भोमेश ठाकुर व शैलेंद्र ठाकुर ने नवोदय विद्यालय की परीक्षा पास कर कक्षा छह में प्रवेश के लिए अपना स्थान पक्का किया और अपने अध्यापको, अभिभावकों व सभी मार्गदर्शकों का नाम रोशन किया है। विद्यालय की अध्यापिका इंदुमति ने बताया कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत एवं पढ़ाई के प्रति जागरूकता के चलते इस बार एकसाथ चार छात्र छात्राओं का चयन हुआ है। बीते साल विद्यालय से एक छात्रा का चयन हो हुआ था। लगातार दो साल से प्राथमिक शाला खैरगुड़ा से नवोदय विद्यालय के लिए चयन हो रहा है। नवोदय विद्यालय में चयन होने पर बच्चों के पालक इसका श्रेय स्कूल के प्रधान अध्यापक छन्नूराम मंडावी व शिक्षिका इंदूमती को दे रहे हैं। वार्ड पंच गोमती ठाकुर ने सभी चयनित बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

बोर कराने बाद नहीं हटाया मलबा, क्षेत्र के दुकानदार परेशान

0
  • ठेले खोमचे वाले व्यापारी हो रहे हैं परेशान

जगदलपुर शहर के हृदय स्थल पुराना बस स्टैंड डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व्यावसायिक परिसर से लगे क्षेत्र में वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई थी। महापौर संजय पांडे ने क्षेत्र के दुकानदारों से किए गए वादे को पूरा करते हुए वहां बोर करवा दिया है। इससे क्षेत्र के दुकानदारों में पानी की समस्या दूर होने की खुशी है, लेकिन बोर कराने के 7 दिन बाद भी बोर से निकले कीचड़ और मलबे की सफाई नहीं कराई गई है। इससे क्षेत्र के दुकानदार परेशान हैं। उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। चाय और पान के ठेले भी 6–7 दिनों से बंद हैं। एक दो पान ठेले ही संचालित हो रहे हैं।

सोमवार सुबह सफाई के लिए जेसीबी पहुंची थी इससे क्षेत्र के दुकानदारों में खुशी के लहर दौड़ गई थी, लेकिन जेसीबी ऑपरेटर ने जेसीबी और ट्रक गंदा होने की बात कहते हुए पूरे कीचड़ की सफाई नहीं की और काम अधूरा छोड़कर चला गया। इससे क्षेत्र के व्यवसायियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सफाई नहीं होने से उनका व्यवसाय विगत 6 –7 दिनों से बंद पड़ा हुआ है, उन्हें जीवन यापन करने में परेशानी हो रही है।

कांग्रेस पार्षद अब्दुल रशीद का निधन

0

जगदलपुर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व इंदिरा वार्ड के पार्षद अब्दुल रशीद खान का आज 26 मार्च को सुबह 4.30 बजे दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। जगदलपुर स्थित कब्रिस्तान में बाद आज रात 10 बजे उन्हें सुपुर्दे खाक किया जाएगा। सनसिटी सूर्य मंदिर के पास स्थित निवास से रात 9.15 बजे जनाजा निकाला जाएगा। रशीद खान के निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य आदि ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

बकावंड में भीषण जलसंकट; बोरवेल सूखे, हैंडपंपों ने भी दे दिया जवाब, कुएं का दूषित पानी पी रहे लोग

0
  • पानी की समस्या का नहीं हो रहा है स्थायी समाधान 

बकावंड बस्तर जिले का सबसे शिक्षित ब्लॉक माने जाने वाले बकावंड में इन दिनों पानी की भारी समस्या पैदा हो गई है। राजनगर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले कांडकीगुड़ा पारा, कॉलोनी पारा, भोरागुड़ा पारा और आवासपारा में करीब 1500 की आबादी निवास करती है। पानी की किल्लत से सभी लोग त्रस्त हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही इलाके के अधिकांश बोरवेल, ट्यूबवेल और हैंडपंप सूख गए हैं। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।

पोल्ट्री फॉर्म के सहारे कर्मचारी 

जेडी कॉलोनी में भी जलसंकट के हालात हैं। कर्मचारी और उनके परिजन हलाकान हैं। जेडी कॉलोनी में करीब 200 लोग रहते हैं, जिनमें ज्यादातर सरकारी कर्मचारी हैं। यहां 3 एचपी का बोरवेल संचालित था, लेकिन गर्मी के चलते वह भी सूख गया है। कर्मचारियों को मजबूरन एक पोल्ट्री फार्म से पानी लाना पड़ रहा है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी पानी की व्यवस्था करते-करते लेट हो जाते हैं, जिससे उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है।

कुएं का गंदा पानी पी रहे ग्रामीण

ग्राम पंचायत के अन्य इलाकों में स्थिति और भी खराब है। कई परिवार कुएं का गंदा और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, क्योंकि भीषण गर्मी में कुएं का जलस्तर भी नीचे चला गया है। ग्रामीणों ने बताया कि यह पानी पीने से बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियां बढ़ने लगी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार सरपंच, सचिव और जनपद सीईओ के पास शिकायत लेकर गए, लेकिन हर बार अस्थायी समाधान देकर मामले को टाल दिया जाता है। कुछ दिन के लिए टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाता है, फिर स्थिति जस की तस हो जाती है। ग्रामीण गंगाराम बिसाई, भुवनेश्वर बघेल, कमलेश, संतोष, रामलाल और रेनू सहित अन्य लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

जनप्रतिनिधि कर रहे अनदेखी

गांव के जनप्रतिनिधियों का जनपद मुख्यालय में रोजाना आना-जाना लगा रहता है, लेकिन जलसंकट को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही। ग्रामीणों का कहना है कि नेता और अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और भी विकराल हो सकती है। प्रशासन को चाहिए कि तुरंत जलसंकट का स्थायी हल निकाले, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

वर्सन:

जल्द दूर होगी समस्या

जल संकट के बारे में पीएचई के अधिकारियों से चर्चा की है, उम्मीद है जल्द समाधान हो जाएगा।

पारेश्वर कुर्रे,

         सीईओ, जनपद पंचायत बकावंड

भूपेश बघेल, देवेंद्र यादव और पुलिस अफसरों के बंगलों में सीबीआई की रेड

0
  •  महादेव सट्टा एप मामले में आईजी, एसएसपी, एएसपी भी जांच के दायरे में 

जगदलपुर महादेव सट्टा एप मामले को लेकर एकबार फिर छत्तीसगढ़ में सीबीआई ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की है। बुधवार सुबह से सीबीआई की टीमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेंद्र यादव और करीब छह बड़े पुलिस अधिकारियों के बंगलों में जांच कर रही हैं। केपीएस ग्रुप के संचालक त्रिपाठी तथा भूपेश बघेल के ओएसडी रहे मनीष बंछोर के यहां भी छापेमारी चल रही है।

भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पदुमनगर भिलाई-3 स्थित निवास, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर-5 निवास एवं सेक्टर 9 सड़क 17 में आईजी आनंद छाबड़ा व एसएसपी अभिषेक पल्लव के बंगलों के साथ ही 32 बंगला स्थित एएसपी संजय ध्रुव के बंगले, केपीएस ग्रुप व इंजीनियरिंग कॉलेज के संचालक त्रिपाठी के निवास एवं भूपेश बघेल के ओएसडी रहे मनीष बंछोर के निवास में सीबीआई की छापेमारी चल रही है। वहीं रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पुलिस महानिरीक्षक शेख आरिफ, प्रशांत अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक महेश्वरी, आईपीएस अनिल टुटेजा के बंगलों में छापे की कार्रवाई जारी है। महादेव सट्टा एप मामले में सीबीआई द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है।

सट्टा मामले में सौम्या का रोल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की खासमखास रही सौम्या चौरसिया पाटन में एसडीएम रह चुकी हैं। विदित हो कि भूपेश बघेल पाटन से लगातार विधायक चुनकर आ रहे हैं। शुरू से ही सौम्या चौरसिया पर भूपेश बघेल की विशेष कृपा दृष्टि रही है। वहीं दूसरी ओर सीबीआई के लपेटे में आए एडिशनल एसपी संजय ध्रुव को सौम्या चौरसिया का मुहबोला भाई बताया जाता है। सौम्या चौरसिया ने दुर्ग जिले में संजय ध्रुव को पूरा पावर दे रखा था। महादेव सट्टा एप मामले में जब दुर्ग एसपी रहे अभिषेक पल्लव ने मुख्य सटोरिया को पकड़ा, तो सौम्या चौरसिया ने उसे छोड़ने के लिए अभिषेक पल्लव से कहा था। कहा जाता है कि इसके बाद इन सभी के पास लक्ष्मी की कृपा बरसने लगी थी।

जगदलपुर से ठाकुरनगर के बीच 26 से चलेंगी विशेष ट्रेनें

0

जगदलपुर यात्रियों को आरामदायक यात्रा प्रदान करने के लिए रेलवे ने जगदलपुर और ठाकुरनगर के बीच कोरापुट, रायगढ़ व संबलपुर के रास्ते विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

ट्रेन संख्या 08563 जगदलपुर- ठाकुरनगर स्पेशल 26 मार्च को जगदलपुर से 8 बजे रवाना होगी जो 10 बजे कोरापुट पहुंचेगी और 10.25 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रायगढ़ 13.45 बजे आगमन और 14.10 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 10.45 बजे ठाकुरनगर पहुंचेगी। वापसी में 28 मार्च को ट्रेन संख्या 0856428 शाम 6 बजे बजे ठाकुरनगर से रवाना होगी जो अगले दिन 2.40 बजे रायगडा पहुंचेगी और 3.05 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन कोरापुट शाम 7.25 बजे आगमन और 7.50 बजे प्रस्थान करेगी और शनिवार को 10.45 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का स्टॉपेज जयपुर, कोरापुट, रायगडा, सिंगापुर रोड, मुनिगुडा, केसिंगा, टिटलागढ़, बलांगीर, बारागढ़ रोड, संबलपुर, झारसुगुडा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर, अंदुल, भटनागर जादलपुर और ठाकुरनगर के बीच है। ट्रेन में द्वितीय एसी-1, तृतीय एसी-2, स्लीपर-6, सामान्य द्वितीय श्रेणी-4 और दिव्यांगजन-सामान द्वितीय श्रेणी कोच-2 हैं।

जगदलपुर के शहीद पार्क में पार्क ग्रुप के सदस्यों ने किया पौधरोपण

0
  • हरियाली से आच्छादित करने का उठाया बीड़ा 

जगदलपुर शहर की धरोहर शहीद पार्क को हरियाली से पूर्ण करने का संकल्प शहीद पार्क ग्रुप ने लिया है। इसी के तहत ग्रुप के सदस्यों ने पार्क में पौधरोपण किया है।

जगदलपुर शहर के मध्य में स्थित शहीद पार्क में शहीद पार्क ग्रुप के सदस्यों द्वारा पौधारोपण किया गया। ज्ञात हो कि शहीद पार्क में सुबह और शाम को जगदलपुर के नागरिकों के साथ ही आसपास के भी ग्रामीण बड़ी संख्या में स्वास्थ लाभ, योग करने और पैदल चलने आते हैं। आमतौर पर शहरवासी परिवार के साथ समय व्यत्ति करने पार्क में आते हैं। इसी को देखते हुए शहीद पार्क ग्रुप के सदस्यों ने शहीद पार्क में खूबसूरत पौधों का रोपण का कार्य शुरू किया है।

पार्क में पूर्व से मौजूद पौधों को भी खाद पानी देकर उनका संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य पार्क ग्रुप के सदस्यों द्वारा प्रतिदिन किया जा रहा है। ताकि शहर वासियों को स्वच्छ व हरियाली से परिपूर्ण वातावरण शहीद पार्क मिल सके। पौधा रोपण के दौरान मौजूद रहे शहीद पार्क ग्रुप के सदस्य योगेश त्रिपाठी, अविनाश श्रीवास्तव, महेंद्र महापात्र और मस्तान ने बताया कि शहीद पार्क के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए शहर के नागरिकों से श्रम दान के माध्यम से सहयोग लेते हुए लगातार कार्य किया जा रहा है। आने वाले दिनों में पार्क में मौजूद पेड़ों पर पंछियों के लिए घोसले बनाकर दाना- पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे पार्क में और भी अधिक सुंदर पक्षियों की तादाद में वृद्धि होगी। शहीद पार्क में मौजूद पेड़ों के साथ छोटे-छोटे सुंदर पौधों का भी संवर्धन बेहद जरूरी है। इस हेतु पार्क ग्रुप द्वारा लगातार प्रतिदिन खाद पानी दिया जा रहा है जिससे उन पौधों में अब नई पत्तियों के साथ फूल खिलने लगे हैं। पौधरोपण में दिनेश साहू, संतोष महंती, शेखर यादव, शिवा राव, जितेंद्र श्रीवास्तव, राकेश दास, मिनेश पांडे, नवीन गुप्ता, अनिल पटेल, धनंजय सिम्हा, कृष्णा देवांगन, तरुण चौधरी, लाला, अर्जुन मानिकपुरी, अनिल ठाकुर, रोमा राव, कृष्णा राव सहित शहीद पार्क ग्रुप के अन्य सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यशाला में डीएसओ को दी गई टसर रेशम कृषि की महत्वपूर्ण जानकारियां

0
  •  टसर विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने दिया शानदार प्रेजेंटेशन 

जगदलपुर बीएसएमटीसी बस्तर और बीएसएमटीसी नबरंगपुर द्वारा संयुक्त रूप से देवांश रेसीडेंसी जगदलपुर में रेशम टसर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 25 डीओएस अधिकारियों ने भाग लिया, जिन्होंने चर्चा की और प्रस्तुतियां दी।

कार्यशाला की अध्यक्षता बीटीएसएसओ बिलासपुर के निदेशक डॉ. सेल्वा कुमार ने की। डॉ. कुमार ने तसर अनाज की सफलता के लिए महत्वपूर्ण कारकों पर मुख्य प्रस्तुति दी। एसडीओ वन, आईपी बंजारे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को सुनील कुमार मिस्रो, वैज्ञानिक डीआरएसआरएस जगदलपुर ने टसर संस्कृति में प्रसारित होने वाली नवीनतम प्रौद्योगिकियों पर चर्चा की। डॉ. बी. थिरुपम रेड्डी वैज्ञानिक सी बीएसएमटीसी बस्तर ने टसर रेशम कीटों को प्रभावित करने वाले विभिन्न कीटों और उनके प्रबंधन पर विस्तार से बताया। कार्यक्रम में रेड्डीगौरी शंकर, वैज्ञानिक-सीबीएसएमटीसी नबरंगपुर ने टसर रेशम कीटों के भोजन के पौधों के कीटों पर जानकारी साझा की। एआर रिज़वी फील्ड ऑफिसर जगदलपुर ने ककून के बाद के नुकसान प्रबंधन पर जानकारी दी। जी. गोपाल राव, एसटीए, बीएसएमटीसी बस्तर ने टसर रेशम कीट की वैज्ञानिक पालना गतिविधियों पर जानकारी दी। कार्यक्रम में उर्मिला नाग, एसटीए, बीएसएमटीसी बस्तर और ताहिर सिद्दीकी एसटीए, बीएसएमटीसी बस्तर ने सक्रिय भूमिका निभाई।कार्यशाला ने प्रतिभागियों के लिए टसर रेशम कृषि से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने और हल करने के लिए एक मूल्यवान मंच प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लिया, और प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का समापन डॉ. बीटी रेड्डी द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

बस्तर महाराज प्रवीरचंद्र भंजदेव को दी पुण्यांजलि

0
  • 59वीं पुण्यतिथि पर भाजपा न किया स्मरण 

जगदलपुर बस्तर के अमर शहीद महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव की 59वीं पुण्यतिथि एवं बलिदान दिवस पर मंगलवार को राजा मठ में पहुंच कर भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रवीरचंद्र भंजदेव की पुण्यतिथि पर सभी ने शहीद महाराजा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही प्रवीरचंद्र भंजदेव के योगदान को याद करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी शहादत को श्रद्धा के साथ नमन किया गया। इस मौके पर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, पार्षद निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, दिलीप दास, खगेंद्र ठाकुर, गायत्री बघेल, उर्मिला यादव, संतोष गौर, पूनम सिन्हा, दिगम्बर राव, बी जयराम, शशिनाथ पाठक, रोशन झा, प्रेम सेठिया, विकास पांडे, प्रदीप मेश्राम, विनोद सोनी, अनिल, राजू पांडे, रितेश सिन्हा आदि उपस्थित रहे।

फिर मुठभेड़ में मारे गए तीन पुरुष नक्सली, तीनों के शव बरामद

0
  •  मारा गया 25 लाख ईनामी नक्सली मुरली भी
  • इंसास समेत आधुनिक राइफल और गोला बारूद मुठभेड़ स्थल से बरामद

अर्जुन झा-

जगदलपुर एक दौर था जब नक्सली हरदम रक्तपात किया करते थे। ऐसा कोई भी दिन नहीं गुजरता था जब नक्सलियों द्वारा लाशें बिछाए जाने की खबरें न आती हों। अब दौर बदल चुका है। अब तो ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जबकि नक्सलियों के मारे जाने की खबर न आती हो। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की सरहद पर हमारे जवानों ने तीन नक्सली मार गिराए हैं। तीनों नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार एवं गोला बारूद बरामद किए गए हैं। बस्तर रेंज में वर्ष 2025 में अब तक विभिन्न मुठभेड़ों के बाद 100 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। जबकि इन मुठभेड़ों और भी कई नक्सली मारे गए होंगे, जिनक लाशें उनके साथी उठा ले गए होंगे। इन आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रतिदिन औसतन तीन से अधिक नक्सली मारे जा रहे हैं।

दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की सरहद पर गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम गिरसापारा, नेलगोड़ा, बोड़गा तथा इकेली के आसपास नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना के आधार पर डीआरजी दंतेवाड़ा एवं बस्तर फाइटर्स की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी।अभियान के दौरान आज 25 मार्च की सुबह 8 बजे से नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच लगातार फायरिंग हुई। मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान के दौरान मौके से 3 पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर एक माओवादी की पहचान डंकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (डीकेएसजेडसीएम) सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली के रूप में हुई है। तेलंगाना के वारंगल जिले के निवासी मुरली पर 25 लाख का ईनाम घोषित था। दो अन्य नक्सलियों की पहचान प्रक्रिया जारी है। मुठभेड़ स्थल से इंसास राइफल, 303 राइफल, 12 बोर राइफल और अन्य विस्फोटक सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद की गई हैं। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि सरकार की मंशा और जनता की इच्छा के अनुसार पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन में रेंज में तैनात डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स, कोबरा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी सीएएफ और अन्य सुरक्षा बलों के सदस्य मजबूत मनोबल एवं स्पष्ट लक्ष्य के साथ बस्तर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा व विकास हेतु समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2025 में बस्तर संभाग अंतर्गत सुरक्षा बलों द्वारा प्रभावी रूप से प्रतिबंधित एवं गैर कानूनी सीपीआई माओवादी संगठन के विरूद्ध माओवादी विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके जाने परिणाम स्वरूप विगत 83 दिनों में कुल 100 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग जारी है।

MOST POPULAR

HOT NEWS