आशा आर्य ने संजय बैस के प्रयासों की सराहना की, कहा– क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में निभा रहे हैं महत्वपूर्ण भूमिका
जुनवानी। ग्राम पंचायत भर्रीटोला के आश्रित ग्राम जुनवानी में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस के मुख्य आतिथ्य में विधिवत संपन्न हुआ। सड़क निर्माण की सौगात मिलने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती राजकुमारी देहरी ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर गांव में विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत की।आशा आर्य ने की संजय बैस के प्रयासों की सराहनाकार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य ने कहा कि हमारे क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने वाले संजय बैस जी का हम स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जिस भी समस्या को लेकर हम उनके पास जाते हैं, उसके समाधान के लिए वे पूरी तत्परता से प्रयास करते हैं।

उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही हम अपने क्षेत्र के बहुमुखी विकास के लिए लगातार कार्य कर पा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आम नागरिकों एवं किसानों के हित में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की भी जानकारी दी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास को मिली नई गति – संजय बैसकार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय बैस ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनहितैषी सरकार कार्य कर रही है। एक समय था जब यह क्षेत्र विकास की बुनियादी सुविधाओं के लिए मोहताज था, लेकिन आज मुख्यमंत्री जी के आशीर्वाद और सहयोग से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है।
उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जुनवानी से चिखली तक लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार जुनवानी गांव में राशन दुकान नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लगभग 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी होती थी। अब गांव में ही राशन दुकान का शुभारंभ हो चुका है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।उन्होंने आगे बताया कि भर्रीटोला से राजही तक सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। वहीं जनपद सदस्य श्रीमती आशा आर्य के क्षेत्र अंतर्गत करियाटोला से शिकारीटोला तक सड़क निर्माण के लिए भी एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि की स्वीकृति मिल चुकी है। इसी कड़ी में आज जुनवानी गांव को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड का भूमिपूजन किया जा रहा है।श्री बैस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। हमारा संकल्प है कि हम सभी जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मिलकर विकास के इन कार्यों को आगे बढ़ाएं तथा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने इस विकास कार्य की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में संतोष जैन, पुष्पजीत बैस, गौरीशंकर साहू एवं योगी साहू उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत के पंचगण, ग्राम पटेल एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।ग्रामीणों ने गांव में सीसी रोड निर्माण की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। यह सड़क निर्माण कार्य गांव की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।











