City Media - Page 97 of 1806 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 97

भोपालपटनम नगर पंचायत का निर्माण कार्य फिर विवादों में, आबंटित भवनों में आईं दरारें और सीपेज

0
  •  पांच लाख रुपये जमा करने के बाद भी दुकानदार को नहीं मिला हक
  • शॉपिंग काम्प्लेक्स निर्माण में भारी लापरवाही 

-मुरुगेश कुमार शेट्टी-

भोपालपटनम नगर पंचायत भोपालपटनम एक बार फिर सुर्खियों में है।तालाब निर्माण की गड़बड़ी को लेकर मंडल भाजपा अध्यक्ष राकेश केतारप के आरोप, सांस्कृतिक भवन के सामने सीसी कांक्रीट से बेस व नाली निर्माण कार्य अधूरा होने के बाद एक और बड़ा मामला उजागर हुआ है। हाई स्कूल के सामने बने व्यावसायिक काम्प्लेक्स निर्माण में गड़बड़ी और गुणवत्ता की भारी कमी के आरोप लगे हैं।

नगर पंचायत द्वारा बनवाए गए कुल 17 शॉपिंग काम्प्लेक्सों में से केवल 2 की दुकानों को नीलामी के माध्यम से आबंटित किया गया है। इनमें से लाभार्थी दुर्गाराव ने बताया कि उसने नगर पंचायत में 5 लाख 10 हजार की राशि जमा की थी लेकिन अब तक उससे न तो एग्रीमेंट किया गया और न ही कोई दस्तावेज सौंपे गए हैं। उन्होंने बताया कि भवनों की हालत बेहद खराब है दीवारों में दरारें, स्लैब से पानी टपकने और बेस धंसने लगा है। आसपास के हिस्सों में गड्ढे भी बन चुके हैं जिससे भवन की नींव पर खतरा मंडरा रहा है।

बिना बीम के ईंट जोड़ाई

सूत्रों के अनुसार भवन निर्माण में बिना उचित बीम के ईंटों की जोड़ाई की गई है, जो एक बड़ी तकनीकी लापरवाही है। इससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि उपयोग करने वालों की सुरक्षा का भी खतरा बना हुआ है। निर्माण को करीब 5 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन शेष 15 काम्प्लेक्स अभी भी ठेकेदार दीनू केला द्वारा नगर पंचायत को हैंडओवर नहीं किए गए हैं। इन काम्प्लेक्सों की दीवारों में भी दरारें देखी जा रही हैं और स्लैब से पानी अंदर गिर रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है।

ठेकेदार पर इस कदर मेहरबानी!

पूर्व में भी नगर पंचायत में निविदा प्रक्रिया को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया था और यह टेंडर सीधे ठेकेदार दीनू केला को सौंपा गया था। जैसे ही इस गोपनीय टेंडर की जानकारी जिले के अन्य ठेकेदारों को मिली, उनमें आक्रोश फैल गया। भैरमगढ़ के ठेकेदार अजय सिंह समेत कई ठेकेदारों ने इसका विरोध किया और मीडिया के समक्ष आकर इसे निरस्त करवाया। हालांकि सूत्रों के अनुसार इस निरस्त टेंडर को बाद में फिर से उसी ठेकेदार दीनू केला को गोपनीय तरीके से दे दिया गया। बताया गया की ठेकेदार ने मंत्रालय स्तर पर ‘सेटिंग’ कर कार्य लाया गया।

बहुत कुछ कहती है ये चुप्पी

नगर पंचायत द्वारा इन पूरे मामलों पर चुप्पी साधे रखने से लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लगातार सामने आ रहे निर्माण से जुड़े घोटालों से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या नगर पंचायत जानबूझकर खास ठेकेदार को फायदा पहुंचा रही है? भोपालपटनम नगर पंचायत में निर्माण कार्यों से जुड़े एक के बाद एक खुलासे प्रशासन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

मसला है बड़ा गंभीर

निर्माण में लापरवाही, गोपनीय टेंडर और मंत्रालय स्तर पर कथित सेटिंग जैसे आरोपों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। अब आवश्यकता है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि जनता का भरोसा कायम रह सके।

 

वर्सन

जल्द कराएंगे मरम्मत

आपके द्वारा मामला मेरे संज्ञान में आया है यह सभी कार्य मेरे कार्यकाल का नहीं है इस पर मैं जिम्मेदारों से जानकारी लेकर बता पाऊंगा। जो भी मरम्मत होगा कराया जायेगा। *-विकास पाटले,* सीएमओ, नगर पंचायत भोपालपटनम

कोसमी गांव में शिक्षा की अलख जगाने निकले सरपंच नीलम कश्यप

0
  • बच्चों संग किया भोजन, परखी गुणवत्ता; पढ़ाई के लिए किया प्रोत्साहित 

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत कोसमी के युवा एवं शिक्षित सरपंच नीलम कश्यप ने गांव में शिक्षा की अलख जगाने का बीड़ा उठाया है। वे स्कूलों में दस्तक देकर शाला त्यागी एवं ज्यादातर गैर हाजिर रहने वाले बच्चों की जानकारी लेते हैं और बच्चों के पालकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

इसी क्रम में सरपंच नीलम कश्यप और पंचों ने प्राथमिक शाला कोसमी में स्कूली बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता परखी। श्री कश्यप ने भोजन करते करते बच्चों से संवाद किया और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। सरपंच के आत्मीय व्यवहार ने बच्चों का दिल जीत लिया। इस दौरान सरपंच नीलम कश्यप ने प्रतिक्रिया दी कि आज पंचों की उपस्थिति में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए चर्चा करना एक बहुत ही सकारात्मक पहल रही है। महिला समूह को मध्यान्ह भोजन में पौष्टिक आहार प्रदान करने के लिए कहा, जिससे बच्चों को स्वस्थ और पौष्टिक भोजन मिल सके। मध्यान्ह भोजन योजना का उद्देश्य न केवल बच्चों को पौष्टिक भोजन प्रदान करना है, बल्कि उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देना है। सरपंच नीलम कश्यप ने आगे कहा- आज मेरे छात्र जीवन की यादें ताज़ा हो गईं। जब मैं बच्चों के साथ भोजन कर रहा था, तो मेरा स्कूली जीवन भी याद आया यह अनुभव निश्चित रूप से मेरे लिए बहुत ही भावपूर्ण और यादगार रहा। मैं आगे भी बच्चों के हित में ऐसे ही कदम उठाता रहूंगा।

बदलते बस्तर की शानदार तस्वीर आई तिरिया गांव से

0
  •  तिरिया ने लिखा प्राकृतिक पर्यटन और आजीविका का नया अध्याय
  • जल, जंगल और जमीन को बनाया आजीविका का बड़ा साधन

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर के आदिवासियों से जल, जंगल और जमीन का हक छीनने के आरोपों को जिला एवं संभाग मुख्यालय जगदलपुर से सटे तिरिया गांव ने सिरे से खारिज कर दिया है। इस गांव में मोदी सरकार की प्रतिबद्धता और साय सरकार के सुशासन की शानदार झलक देखने को मिल रही है। गांव के जल, जमीन और जंगल पर आज यहां के ग्रामीणों का राज है। ये लोग न सिर्फ जल, जंगल, जमीन और प्रकृति पर्यावरण को संरक्षित कर रहे हैं, बल्कि उन्हें आजीविका का बड़ा साधन भी बना लिया है।

तिरिया गांव अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। तिरिया अब ग्रामसभा की एक अनूठी पहल के कारण स्थानीय आजीविका और पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरणादायक केंद्र बन गया है। वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत सामुदायिक वन संसाधनों पर अधिकार मिलने के बाद तिरिया ग्रामसभा ने सतत विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में 27 जुलाई को ग्रामसभा और सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने मिलकर तिरिया संगम पिकनिक स्पॉट पर एक व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह स्थल ग्रामसभा द्वारा ही संचालित एक प्राकृतिक पर्यटन स्थल है, जहां ग्रामीण पहले से ही पर्यटकों के लिए बांस से बनी नावों (बैंबू राफ्टिंग) और पिकनिक की सुविधा प्रदान कर रहे थे। ग्रामसभा को वन अधिकार पत्र मिलने से पहले भी ग्रामीण जंगल की सुरक्षा के लिए 23-23 सदस्यों की गश्ती टीमें बनाकर सक्रिय थे। हालांकि, इन प्रयासों से कोई स्थायी आय का साधन नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में, ग्रामसभा की बैठक में सर्वसम्मति से तिरिया संगम को एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया, जिसका दोहरा उद्देश्य था। एक पर्यावरण संरक्षण और दूसरा रोजगार का सृजन। पिछले दो वर्षों से पर्यटकों से एकत्रित किए गए शुल्क का उपयोग इस वर्ष आम, जामुन, आंवला, बेर, नारियल, बादाम, कचनार, बांस, कदंब, जाम, नीम और विभिन्न प्रकार के फूलों सहित मिश्रित प्रजातियों के पौधे खरीदने और रोपण करने के लिए किया गया। यह पौधरोपण केवल पर्यटन क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नालों के किनारे किनारे भी किया गया।

यह दूरगामी सोच आने वाले वर्षों में न केवल हरियाली बढ़ाएगी, बल्कि फलों और औषधीय पौधों से आय का अतिरिक्त स्रोत भी विकसित करेगी। ग्रामसभा की इस पहल की सराहना करते हुए, वन विभाग ने भी विभिन्न प्रकार के पौधे प्रदान किए, जिनका रोपण ग्रामसभा द्वारा उसी पर्यटन स्थल पर किया गया।

मॉडल बन गया तिरिया

ग्राम तिरिया का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह इस बात का भी प्रमाण है कि जब स्थानीय समुदायों को अधिकार और संसाधन मिलते हैं, तो वे अपने क्षेत्र के विकास और संरक्षण में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। तिरिया ग्राम का यह मॉडल निश्चित रूप से अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ग्रामीण बताते हैं हैं कि गांव के युवा, अधेड़ सभी दिनभर रचनात्मक कार्यों में रत रहते हैं। ज्यादातर युवा नशे से दूर हो गए हैं। यह वास्तव में बदलते बस्तर की शानदार तस्वीर है।

अवैध रेत भंडारण पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक; 1200 ट्रक रेत जप्त, लगाया 45 लाख का जुर्माना भी

0
  • कवासी लखमा के क्षेत्र में प्रशासन का बड़ा एक्शन
  • सुकमा जिला प्रशासन के ऑपरेशन सैंड से खलबली

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले के जिस कोंटा इलाके में रेत के अवैध भंडारण और कारोबार ने सियासी खलबली मचा रखी थी, उस क्षेत्र में प्रशासन ने रेत माफियाओं पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक कर दिखाया है। यह वही क्षेत्र है जिसका प्रतिनिधित्व पिछले सात पंचवार्षीय कार्यकाल से कांग्रेस के विधायक कवासी लखमा करते आ रहे हैं। लखमा का खौफ ऐसा था कि अधिकारी भी रेत माफिया पर हाथ डालने से घबराते थे।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने कोंटा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण के तीन मामलों में प्रकरण दर्ज किया है। प्रभारी खनिज अधिकारी छबिलेश्वर मौर्य एवं खनिज अमला द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई जांच में लगभग 1200 हाइवा रेत जप्त की गई। भंडारंण कर्ताओं पर 44 लाख 97 हजार 460 रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। जांच के दौरान जिन स्थलों पर अवैध भंडारण पाया गया, उनमें भंडारण करने वाले एसडी राज निवासी धरमपुरा ब्रिज नगर, जगदलपुर, बस्तर भंडारण स्थल ग्राम फंदीगुड़ा, तहसील कोंटा, जिला सुकमा, भंडारण कर्ता पी. युवराज पिता पी. विजय निवासी कोंटा भंडारण स्थल ग्राम ढोंढरा, तहसील कोंटा, जिला सुकमा तथा भंडारण कर्ता एसडी सैफ अली पिता उस्मान अली निवासी कोंटा  भंडारण स्थल नगर पंचायत कोंटा, तहसील कोंटा, जिला सुकमा शामिल हैं। जांच के समय तीनों भंडारंण कर्ताओं द्वारा वैध अभिवहन पास अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 एवं छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रभारी खनि अधिकारी श्री मौर्य ने बताया कि उक्त कार्रवाई में जप्त रेत का बाजार मूल्य लगभग 44 लाख 97 हजार रुपए है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई कलेक्टर के सख्त निर्देशों के अनुरूप की गई है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में प्रभारी खनि अधिकारी छबिलेश्वर मौर्य के साथ खनिज अमला सुकमा की पूरी टीम मौजूद रही।

*बॉक्स*

*पत्रकारों को जाना पड़ा था जेल*

इसी रेत माफिया द्वारा उनके अवैध कार्य का भंडाफोड़ करने की कोशिश करने पर 4 पत्रकारों को गांजा के झूठे प्रकरण में फंसा दिया गया था। इन बेकसूर पत्रकारों को कई दिन और कई रातें जेल में गुजारनी पड़ी थीं। इन रेत माफियाओं ने अपने संरक्षण दाता आका से कहलवा कर कोंटा के तत्कालीन थानेदार और तेलंगाना पुलिस की मदद से चारों पत्रकारों को तेलंगाना में कथित गांजा केस में पकड़ा गया था। पत्रकारों की गिरफ्तारी के बाद कोंटा के तत्कालीन थानेदार ने किसी शख्स (संभवतः रेत माफिया) को फोन कर कहा था- साहब को बता देना, उनके कहे अनुसार काम हो गया है। उस समय छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कांग्रेस की सरकारें थीं और सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र से कवासी लखमा विधायक एवं राज्य सरकार में आबकारी मंत्री थे। माना जाता रहा है कि एक साजिश और बड़े गठजोड़ के तहत पत्रकारों को फंसाया गया था। गांजा रखना गैर जमानती अपराध की श्रेणी में आता है, लिहाजा चारों पत्रकारों को लगभग माह भर तक तेलंगाना की जेल में रहना पड़ा था। अब रेत माफिया पर हुई कार्रवाई ने साजिश से पर्दा हटा दिया है।

हर हर महादेव के जयघोष के साथ निकली कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज की भव्य कांवड़ यात्रा

0
  • महादेव घाट से इंद्रावती नदी का जल लेकर कांवड़ियों ने श्री शंकर देवालय, प्रतापगंज में किया भोलेनाथ का जलाभिषेक
  • समाज के वरिष्ठों ने शिव भक्त कांवड़ियों के पैर धुलाये, महाआरती के बाद मंदिर में हुआ भण्डारा
  • कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज ने बाबा भोलेनाथ की सेवा कर संपूर्ण जगत की सुख, समृद्धि और कल्याण के लिये मंगलकामना की

जगदलपुर पावन श्रावण मास में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज द्वारा आज रविवार को संपूर्ण भक्ति भाव से कांवड़ यात्रा निकाली गयी। हर हर महादेव व बाबा भोलेनाथ के जयकारों के साथ महादेव घाट से इंद्रावती नदी का जल लेकर कांवड़ियों ने शंकर देवालय, प्रतापगंज में भगवान श्री भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज की कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में समाज की महिलायें, युवा, नन्हें बच्चे, बुजुर्ग सभी सहभागी बने।

कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज द्वारा श्रावण मास में प्रथम बार कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। जिसकी भव्य रुप देने सहित सभी तैयारियां कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज युवा संगठन के द्वारा निभायी गयी। महादेव घाट से कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज की कांवड़ यात्रा सीरासार चौक, दंतेश्वरी मंदिर के समक्ष से गोल बाजार से होते श्री शंकर देवालय पहुंची। गोल बाजार चौक में शिव भक्ति में लीन कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। मंदिर के द्वार पर कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ जनों ने कांवड़ियों का पैर धोकर स्वागत किया। कांवड़ियों द्वारा भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के बाद महाआरती, प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही भंडारे का आयोजन भी हुआ। कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान भोलेनाथ की सेवा कर संपूर्ण जगत की सुख, समृद्धि, शांति के लिये मंगलकामना की गयी।

कांवड़ यात्रा आयोजन में समाज के कृष्ण मूर्ति शुक्ला, सज्जन लाल अवस्थी, अवधेश शुक्ला, सतीश तिवारी, राजेन्द्र शुक्ला,शैलेंद्र शुक्ला, सुधीर पाण्डेय, रमन शुक्ला, अजय त्रिवेदी, अरूण त्रिवेदी, शैलेंद्र तिवारी, आलोक अवस्थी, वेदान्त दीक्षित, संतोष शुक्ला, अभय दुबे, दीपक त्रिवेदी, अतिरिक्त शुक्ला,परेश पाण्डेय, सत्येंद्र शुक्ला,मनीष मिश्रा,आशुतोष त्रिवेदी, मयंक शुक्ला, प्रशांत तिवारी, त्रिलोक अवस्थी,योगेश शुक्ला, संतोष बाजपेयी, राकेश तिवारी, अभय दीक्षित, रूपेश त्रिपाठी, युवा संगठन में राजा तिवारी, शुभम तिवारी, सुरेश मिश्रा, विकास त्रिवेदी, संदीप अवस्थी, अनुज बाजपेयी, शीतल अवस्थी, जीतेन्द्र तिवारी, अभिषेक दुबे, राहुल बाजपेयी, शुभम शुक्ला, सिद्धार्थ तिवारी, शांतनु तिवारी,श्रीष मिश्रा, विनीत शुक्ला, सूरज मिश्रा, शुभम मिश्रा, आशीष अवस्थी, आशु शुक्ला,नीतेश तिवारी, आदित्य दीक्षित, शिवम दीक्षित, कमलेश त्रिवेदी, अरविंद मिश्रा,प्रथम बाजपेयी, शांतनु शुक्ला, अविलाष भट्ट, नितिन बाजपेयी,सौरभ बाजपेयी, नितेश दीक्षित,संदीप मिश्रा, अंजेश द्विवेदी, संकेत शुक्ला, अर्जुन अवस्थी, अमित मिश्रा आदि सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य शामिल रहे।

भोपालपटनम में भाव कावड़ यात्रा की भव्य तैयारी: 500 कावड़िए करेंगे शिव जलाभिषेक 

0

भोपालपटनम, 3 अगस्त श्रावण मास के पावन अवसर पर भोपालपटनम स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चौथा वार्षिक भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। इस शुभ आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का वातावरण है।

शिव मंदिर समिति एवं नवयुवकों की टोली द्वारा इस वर्ष 500 से अधिक कावड़ियों के लिए विशेष कावड़ियाँ तैयार की जा रही हैं। शिव मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गेंदा फूलों एवं भगवा रंग की तोरणों और झंडों से सजाया जा चुका है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति दे रहा है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण:

दिनांक 4 अगस्त 2025, सोमवार को सुबह 8:00 बजे इंद्रावती नदी, तिमेड में माँ गंगा जी की विधिवत पूजा अर्चना कर जल भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद हर हर महादेव और बम भोले के जयघोष के साथ कावड़िए कतारबद्ध रूप से शिव मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे।कावड़ियों का रस्ते में जगह जगह फूलो से स्वागत किया जाता हैं

भगवान शिव का जलाभिषेक मंदिर पहुँचकर किया जाएगा, जिसमें इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं भी कलश लेकर भाग लेंगी।

जलाभिषेक उपरांत समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

स्थानीय सहभागिता:

यह आयोजन पिछले चार वर्षों से लगातार श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक सहयोग के साथ सम्पन्न होता आ रहा है। न केवल भोपालपटनम, बल्कि आस-पास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस भव्य कावड़ यात्रा में भाग लेने और दर्शन लाभ के लिए आते हैं।

विशेष झलकियाँ:

कावड़ यात्रा के दृश्य आकर्षक व भक्तिभाव से ओतप्रोत होंगे।

महिलाओं की भागीदारी इस बार विशेष रूप से देखने योग्य होगी।

मंदिर को एक अलौकिक रूप में सजाया गया है जो भक्तों के मन को शांति प्रदान करेगा।

अपने जन्मदिन पर महापौर संजय पाण्डेय ने किया प्रकृति एवं धरती माता का श्रृंगार

0
  • महापौर संजय पाण्डे के जन्मदिन पर वृक्षारोपण और न्योता भोज का आयोजन

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर के महापौर एवं स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त संजय पाण्डे का जन्मदिन आज भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में सेजेस गर्ल्स स्कूल क्रमांक 2 में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नील मोहर का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। महापौर संजय पाण्डेय ने पौधरोपण के जरिए प्रकृति एवं धरती माता का श्रृंगार कर अपने जन्मदिन को सार्थक बना दिया। पौधरोपण के बाद सभी उपस्थितजनों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में गाइड कलर पार्टी द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। संजय पाण्डे के साथ नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, निर्मल पाणिग्रही, राणा घोष, श्रीमती कसेर, हरीश पारेख, श्रीमती साहू और वृक्ष मित्र श्री संपत झा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मंचीय कार्यक्रम में स्काउट्स एवं गाइड्स परंपरा के अनुसार अतिथियों को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया गया। छात्रों द्वारा तैयार किए गए पौधे अतिथियों को भेंट कर उनका सम्मान किया गया। स्वागत उद्बोधन श्रीमती सुधा परमार द्वारा दिया गया, जिसमें उन्होंने सभी का हार्दिक अभिनंदन किया। वृक्ष मित्र संपत झा ने इस अवसर पर पौधरोपण कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपने नाम को पौधों से वृक्ष बनाकर अमर हो जाना। उन्होंने इस पहल को महापौर के जन्मदिन को एक स्थायी और सार्थक अंदाज में मनाने का बेहतरीन तरीका बताया।

अपने उद्बोधन में महापौर संजय पाण्डे ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पुनीत कार्य करने से हमें प्रकृति मां से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने वृक्षों को ‘प्राण वायु ऑक्सीजन’ प्रदान करने वाला बताते हुए उनके रोपण और संरक्षण के महत्व पर जोर दिया, ठीक उसी प्रकार जैसे एक मां अपनी संतान का आजीवन ध्यान रखती है। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव लिलेश देवांगन ने किया। मंचीय कार्यक्रम के पश्चात् वृक्षारोपण किया गया, जिसमें संजय पाण्डे ने नीलमोहर का पौधा लगाया। खेमसिंह देवांगन ने चीकू का पौधा रोपा, जबकि अन्य अतिथियों ने जामुन, आम, कटहल और काजू के पौधे लगाए। वृक्षारोपण के बाद, सभी अतिथियों और छात्र-छात्राओं को ‘न्योता भोज कराया गया। वृक्षारोपण और भोजन की समस्त व्यवस्था वृक्ष मित्र संपत झा द्वारा की गई थी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टाफ सदस्यों में संजय मूर्ति, संजीव शील, रज्जी वर्गीस और स्काउट्स गाइड्स से मनोज महापात्र, दसरुराम यादव, मीरा हिरवानी, जयंती लोहाना, जमुना ठाकुर, दीपा ठाकुर, गिरवर रावटे के साथ-साथ अन्य स्काउट्स एवं गाइड्स का विशेष योगदान रहा। स्टाफ के सभी साथियों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विष्णु के सुशासन में छात्रों की बेरहमी से पिटाई, आरोपी शिक्षक को भाजपा नेताओं का संरक्षण – मोहनीश नाग।

0

राज्य में सुशासन के दावों के बीच तोकापाल ब्लॉक के शासकीय हाई स्कूल पोटानार में शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। छात्रों द्वारा झाड़ू लगाने से मना करने पर एक शिक्षक ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। शिक्षा के मंदिर में बच्चों के साथ की गई यह हिंसा अब राजनीतिक रंग भी लेती नजर आ रही है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए युवा कांग्रेस नेता मोहनीश नाग ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “विष्णु के सुशासन में छात्र सुरक्षित नहीं हैं। बच्चों से झाड़ू लगवाना और इंकार करने पर बेरहमी से पीटना न केवल शिक्षा के मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि यह अमानवीय कृत्य भी है। चिंता की बात यह है कि इस निर्दयी शिक्षक को भाजपा के स्थानीय नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिससे प्रशासन भी मौन है।”

मोहनीश नाग ने आगे कहा कि सरकार का तथाकथित सुशासन अब बच्चों की चीखों में बदल चुका है। उन्होंने मांग की कि आरोपी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की जाए और भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह ऐसे असंवेदनशील लोगों के साथ क्यों खड़ी है।

घटना के बाद से क्षेत्र में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी स्कूल प्रशासन और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बीएसपी के इंजीनियर से किए थे शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ देने का झांसा 35 लाख का किए थे ठगी

0
  • पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देशन में बालोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 35 लाख की ठगी करने वाले गिरोह के 3 आरोपी को झुंझुनूं राजस्थान से गिरफ्तार करने में मिली कामयाबी।
  • थाना राजहरा व सायबर सेल बालोद से बनी थी विशेष टीम
  • दीगर राज्य से साइबर अपराधियों को पकड़ने में लगातार मिल रही बालोद पुलिस को सफलता
  • आरोपियों के कब्जे से 3 लाख नगदी व 6 नग मोबाइल सेट, IDBI,CANARA,HDFC बैंक चेकबुक बरामद

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर व उप पुलिस अधीक्षक बालोद देवांश सिंह राठौर व सीएसपी राजहरा श्रीमती चित्रा वर्मा के प्रवेक्षण में थाना प्रभारी राजहरा निरीक्षक रवि शंकर पांडे के साथ साइबर सेल से एक टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी हेतु झुंझुनूं राजस्थान राज्य भेजा गया , टीम द्वारा झुंझुनूं राजस्थान जाकर वहां कैम्प कर लोकल हिंट मुखबिर लगाकर और लोकल थाना के सहयोग से प्रकरण में 3 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

मामला थाना राजहरा क्षेत्र का है, कि दिनांक 17/07/25 को प्रार्थी/पीड़ित जो बीएसपी में इंजीनियर के पद पर राजहरा के कार्यरत है ने थाना हाजिर होकर एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 28/05/25 से 30/06/25 तक

शेयर ट्रेडिंग ग्रुप में का ऐड होकर अधिक लाभ देने के नाम से प्रार्थी को अलग अलग किस्तों में UPI/RTGS के माध्यम से कुल 35,86,740 रुपए बैंक खाते में डलवा कर धोखाधड़ी किया गया है की रिपोर्ट पर थाना राजहरा में अपराध क्रमांक 232/25 धारा 317(4),3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद द्वारा थाना राजहरा और साइबर सेल से विशेष टीम बना कर प्रकरण के आरोपियों को जल्द पकड़ने निर्देशित किया गया । टीम शेयर ट्रेडिंग के ऐप , बैंक खातों की जानकारी, तकनीकी जानकारी के साथ आरोपियों की पुख्ता जानकारी होने पर टीम झुंझुनू राजस्थान रवाना किया गया । टीम वहां पहुंच कर कैंप कर लोकल सनसूचना पर लोकल पुलिस की मदद से संदेहियों की जानकारी प्राप्त कर आरोपियों को घेरा बंदी कर टीम ने प्रकरण में तीन आरोपियों

1.रामनिवास मुंड पिता महावीर प्रसाद उम्र 36 साल ग्राम खुदास थाना गोठड़ा जिला झुंझुनू राजस्थान

2. मनीष कुमार पिता महेश सिंह उम्र 26 साल पता ग्राम कैसेरु थाना मुकुंदगढ़ जिला झुंझुनू राजस्थान

3. विवेक दतुसेलीया पिता उमेद सिंह उम्र 26 साल पता ग्राम कैसेरु थाना मुकुंदगढ़ जिला झुंझुनू राजस्थान

को विधिवत गिरफ्तार कर जिला बालोद लाया गया ।

आरोपियों के कब्जे से HDFC BANK, CANARA BANK, चेकबुक, एवं घटना के दौरान प्रयुक्त 6 मोबाइल फोन को जप्त किया गया है।तीनों आरोपियों गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी- 

1. रामनिवास मुंड पिता महावीर प्रसाद उम्र 36 साल ग्राम खुदास थाना गोठड़ा जिला झुंझुनू राजस्थान

2. मनीष कुमार पिता महेश सिंह उम्र 26 साल पता ग्राम कैसेरु थाना मुकुंदगढ़ जिला झुंझुनू राजस्थान

3. विवेक दतुसेलीया पिता उमेद सिंह उम्र 26 साल पता ग्राम कैसेरु थाना मुकुंदगढ़ जिला झुंझुनू राजस्थान

जप्ती- 01.घटना में प्रयुक्त CANARA ,HDFC ,IDBI बैंक चेक बुक,

02. 06 नग मोबाइल फोन ।

03. 3 लाख रुपए नगदी।

04. बैंक खाता में जमा फ्रॉड रकम करोड़ों रुपए सीज किया गया।

शेयर ट्रेडिंग के धोखाधड़ी के 03 आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी राजहरा से निरीक्षक  रविशंकर पांडेय, साइबर सेल प्रभारी स ०उ०नि ० धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक रूम लाल चुरेंद्र, आरक्षक राहुल मनहरे, संदीप यादव, पुरण देवांगन, मिथिलेश यादव , भोप साहू ,विपिन गुप्ता ,योगेश पटेल, गुलझारी साहू साइबर सेल,सुरेंद्र देशुख थाना राजहरा का विशेष सराहनीय योगदान रहा।

सोमवार को डौंडी नगर बंद व चक्काजाम का ऐलान 

0

डौंडी – दो सूत्रीय मांगों को लेकर डौंडी व्यापारी संघ का समर्थन प्राप्त कर कांग्रेस ने 4 अगस्त को डौंडी नगर बंद व चक्काजाम का ऐलान किया गया है। वहीं गौवध के विरोध में शिवसेना भी इस चक्काजाम मैदान में साथ उतरने घोषणा की है। इसके साथ ही कुछ अन्य संगठन के लोग भी सड़कजाम में शामिल होने की खबर है। यह चक्काजाम किसी राजनीतिक दल का अखाड़ा नहीं इसे गौमाता का सम्मान व किसान हित में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ठोस आंदोलन बताया गया है।

गौरतलब है कि नगरपंचायत डौंडी गोठान से 350 गौवंश तस्करी का मामला एवं ब्लाक के समस्त सहकारी समिति केंद्रों में कृषि कार्य के जरूरी खाद्य किल्लत सामाग्री को लेकर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमेश कोर्राम के नेतृत्व में 18 जुलाई को एसडीएम ऑफिस का घेराव किया गया था। जहां कृषि विभाग के जिम्मेदार अफसर व राजस्व अधिकारी द्वारा इस मामले में दो से तीन दिनों का समय देकर समस्या निदान के लिखित आश्वासन जवाब प्रस्तुत किया गया था। वहीं गौवंश तस्करी मामले की जांच जिम्मेदारी निभा रहे सीएसपी द्वारा चार दिनों में जांच कंपलीट हो जाने व दोषियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही करने मौखिक जानकारी दी गई थी।

कांग्रेस ने 18 जुलाई को प्रदर्शन किया था। ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने कहा है कि प्रशासन द्वारा दोनों मामले में अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। जिसके विरोध में कांग्रेस द्वारा प्रशासन को नियमानुसार सूचना देकर 4 अगस्त सोमवार को नगर के मथाई चौक में चक्काजाम किए जाने का ऐलान किया गया है।

शिवसेना प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने कहा है कि डौंडी के सरकारी गौठान की निष्पक्ष जांच अब तक नहीं हो पाई है,मुख्य दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है जिसके विरोध में उद्धव बालासाहेब ठाकरे शिवसेना वचन बद्ध है कि हिंदुत्व रक्षा के प्रति गौवंश को बचाने कोई भी दल का साथ देते हुए शिवसेना मैदान उतरेगी और गौ तस्करी व गौवध के दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की मांग को लेकर अंतिम दौर तक लड़ाई लड़ेगी। खबर है कि इस चक्काजाम में कुछ अन्य संगठन गुप्त रूप से मैदान में उतरेगी।

MOST POPULAR

HOT NEWS