City Media - Page 461 of 1854 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 461

बस्तर लोकसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक में लखमा को उनकी करनी याद दिला दी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने

0
  • दिल्ली के नेताओं के सामने खोलकर रख दी लखमा की कुंडली
  •  विधानसभा चुनाव में की गई करतूत का खोल कर रख दिया कच्चा चिट्ठा

अर्जुन झा-

जगदलपुर दो दिन पहले जो कवासी लखमा रायपुर में हुई समीक्षा बैठक में अपनी हार का ठीकरा प्रदेश के नेताओं पर फोड़ते हुए आग बबूला हुए जा रहे थे, उन्हीं कवासी लखमा को कांकेर में हुई फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की बैठक में मुंह की खानी पड़ गई। कवासी लखमा पर कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा था। कार्यकर्ताओं ने उन्हें जमकर खरी खोटी सुनाई और विधानसभा चुनाव के दौरान उनके द्वारा कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ की गई साजिश का कच्चा चिट्ठा बड़े नेताओं के सामने खोलकर रख दिया।

लोकसभा चुनावों के परिणामों के मद्देनजर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के सदस्य हरीश चौधरी ने कांकेर और बस्तर लोकसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से मिलकर लोकसभा चुनाव परिणाम के मसले पर चर्चा एवं समीक्षा की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री कवासी लखमा, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, विधायक सावित्री मंडावी, कांकेर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बीरेश ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। बस्तर लोकसभा क्षेत्र से पहुंचे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भरी बैठक में बस्तर लोकसभा सीट से प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री कवासी लखमा का पूरा काला चिट्ठा खोलकर रख दिया। लखमा के मुंह के सामने कार्यकर्ताओं ने कहा कि बस्तर के प्रभारी मंत्री रहते कवासी लखमा ने पार्टी कार्यकर्ताओं का जरा भी सम्मान नहीं किया और न ही किसी कार्यकर्ता का कोई काम किया। इसका

खामियाजा कवासी लखमा को भोगना पड़ा और उनकी करतूत के कारण ही बस्तर में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। कवासी लखमा की बस्तर से उम्मीदवारी का दुष्प्रभाव पड़ोसी कांकेर लोकसभा सीट पर भी पड़ा है। बैठक में कोंडागांव, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और चित्रकोट विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कवासी लखमा के हर कृत्य की पोल खोलते हुए नेताओं के समक्ष उनकी शिकायत की। क्षेत्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का आक्रोश इस कदर बढ़ चुका था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को बीच बचाव करना पड़ा। दीपक बैज ने नेताओं कार्यकर्ताओं को बीती बातें भूल जाने की नसीहत देते हुए स्थानीय निकायों के चुनावों में एकजुट होकर काम करने को कहा। दीपक बैज कवासी लखमा का बचाव करते भी नजर आए।

विस चुनाव में किया भितरघात

गुस्साए क्षेत्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा विधानसभा चुनाव में कवासी लखमा ने पार्टी प्रत्याशियों को हराने के लिए हर दांव खेला, भितरघात किया। कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा व चित्रकोट विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच रुपए, मुर्गे, बकरे और शराब बांटकर उन्हें पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ भड़काया, कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव हराने में बड़ी भूमिका निभाई। इस वजह से नुकसान लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को हुआ। सभी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कवासी लखमा ने संगठन के नेताओं को दरकिनार कर चुनाव लड़ा। बिना सिर पैर की बातें करना, उल जलूल भाषण देना, गाली गलौज करना भी भारी पड़ा है लखमा को। नेताओं कार्यकर्ताओं ने कहा कि कवासी लखमा ने बस्तर का सबसे बड़ा नेता होने का दंभ पाल लिया था। अभिमान उन पर इस कदर हावी हो गया था कि वे दूसरे नेताओं को अपने सामने तुच्छ समझने लगे थे। यह अभिमान भी उन्हें भारी पड़ा है। कार्यकर्ताओं का साफ कहना था कि बस्तर से लखमा की जगह कोई और प्रत्याशी होता तो हम यह सीट बड़ी आसानी से निकाल लेते। नेताओं व कार्यकर्ताओं ने तो कवासी लखमा के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की मांग भी वरिष्ठ नेताओं से कर डाली। सूत्र बताते हैं कि क्षेत्रीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के ऐसे तेवर को देख कवासी लखमा की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई थी।

कुछ नेताओं की फजीहत

खबर है कि फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की कांकेर में हुई बैठक में बस्तर के कुछ नेताओं की बड़ी फजीहत भी हुई है। दरअसल ये नेता बिन बुलाए मेहमान की तरह बैठक में पहुंच गए थे और चर्चा के बीच टांग अड़ाने की कोशिश कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक राज्य में कांग्रेस की सत्ता के दौरान बड़े पदों पर रहे जगदलपुर के नेता मिथिलेश स्वर्णकार, राजीव शर्मा व कुछ अन्य नेता पर्यवेक्षक से मिलने की कोशिश कर रहे थे। इन नेताओं ने बीच बैठक में जबरिया घुसने की कोशिश की और बीच बीच में वे टोका टाकी भी करने लगे थे। बताते हैं कि इन नेताओं की बेजा हरकत को देख दिल्ली से आए नेता बेहद नाराज हो उठे थे। अंततः वरिष्ठ नेता हरीश चौधरी द्वारा मिथिलेश स्वर्णकार व राजीव शर्मा व उनके साथ गए अन्य नेताओं को बुरी तरह डांट कर बाहर निकाल दिया गया। इस दौरान इन नेताओं की हालत बड़े बे- आबरू होकर तेरे कूंचे से निकले जैसी हो गई थी। सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं को रायपुर में बैठे उनके आका ने बैठक की गतिविधियों की टोह लेने, अपने (रायपुर के नेता) खिलाफ उठने वाली आवाज के विरोध में आवाज बुलंद करने तथा कवासी लखमा की पुरजोर हिमायत करने के लिए भेजा था। मगर उनकी दाल नहीं गल पाई। बैठक से इन दोनों नेताओं को बाहर कर दिए जाने के बाद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगदलपुर के इन दोनों नेताओं के खिलाफ भी आवाज उठाई। शिकायत की कि इन दोनों नेताओं ने रायपुर में बैठे अपने आका के इशारे पर कवासी लखमा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव के दौरान दंतेवाड़ा, चित्रकोट, नारायणपुर व कुछ अन्य सीटों के प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया था।

दफ्तर में ताला जड़ा कलेक्टर ने

0

जगदलपुर कलेक्टर द्वारा ली जाने वाली टाइम लिमिट बैठकों में टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति से नाराज कलेक्टर ने विभाग के कार्यालय में ताला जड़ दिया है। कार्यालय में पिछले सात दिनों से ताला लटका हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी और विभाग के कुछ कर्मचारियों के बताए अनुसार के हर सप्ताह कलेक्टोरेट में होने वाली टाइम लिमिट बैठक में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारियों की लगातार अनुपस्थिति को कलेक्टर ने गंभीता से लेकर यह कदम उठाया है। ऐसा करके कलेक्टर ने सभी विभागों के अफसरों को साफ संदेश दे दिया है कि अगर आप समय सीमा में विभागीय प्रकरणों के निपटारे में और टाइम लिमिट बैठक में आकर अपने विभाग की जानकारी दे पाने में असक्षम हैं, तो आपके कार्यालय का भी कोई औचित्य नहीं है। कलेक्टर के इस सख्त तेवर से दूसरे विभागों के अधिकारियों में भी हड़कंप के हालात हैं।

बस्तर को बेहतर और खुशहाल बनाने के लिए एकजुट प्रयास की जरूरत: केदार कश्यप

0
  • परिचर्चा में वन मंत्री कश्यप ने रखे बेहतरीन विचार
    जगदलपुर प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप रविवार शाम को जगदलपुर के एक निजी होटल में एक दैनिक समाचार पत्र के जगदलपुर संस्करण के स्थापना समारोह के दौरान बस्तर का विकास एवं चुनौतियां विषय पर परिचर्चा में शामिल हुए।


इस दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में विकास की असीम संभावनाएं हैं, इसे दृष्टिगत रखते हुए हम सभी बस्तरवासियों को एकजुट होकर बस्तर के समग्र विकास और यहां के आदिवासियों के हितों की दिशा में पहल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने बस्तर को हर तरह से समृद्ध बनाया है। यहां किसी चीज की कमी नहीं है।विकास के द्वार खुल गए हैं, विकास और शांति की राह पर माओवाद ने चुनौतियों की जो दीवार खड़ी कर रखी थी, वह भी तेजी से दरकती जा रही है। बस्तर तेजी से अमन और विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। अब चुनौती सिर्फ इतनी है कि दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर के सुदूर गांवों तक मौलिक सुविधाएं और विकास की रौशनी कैसे पहुंचाएं। इसके लिए हम सभी को दलगत और हर तरह की भावना से ऊपर उठकर शासन प्रशासन के सकारात्मक प्रयासों में सहचर बनना होगा। मुझे भरोसा है कि ऐसा करके हम बस्तर को और भी बेहतर बनाने में जरूर कामयाब हो जाएंगे।
कार्यक्रम में विधायक जगदलपुर किरणदेव और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कुलपति शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव, बस्तर अंचल के नवाचारी कृषक व पर्यावरणविद डॉ. राजाराम त्रिपाठी और प्रबुद्ध समाज विज्ञानी प्रोफ्रेसर एम. अली सहित बस्तर ईलाके के प्रबुद्ध अध्येता, साहित्यकार, रचनाकार, स्थानीय लोक साहित्यकार, बुद्विजीवी पत्रकारवृन्द,समाजसेवी एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ही बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

रोटरी क्लब जगदलपुर ने किया रोटरी डायबिटीज क्लीनिक का शुभारंभ

0
  • होगा डायबिटीज और बीपी का निशुल्क इलाज
    जगदलपुर रोटरी क्लब और स्पर्श पॉली क्लीनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा रोटरी डायबिटीज क्लीनिक का शुभारंभ बस्तर जिले के सीएमएचओ डॉ. आरके चतुर्वेदी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर संस्था रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन दिनेश कागोत ने बताया कि रोटरी क्लब द्वारा पहली बार एक साल के लिए डायबिटीज क्लीनिक रोटरी भवन में खोला जा रहा है। यहां हर माह के दूसरे ओर चौथे रविवार को डायबिटीज एवं बीपी से संबंधित बीमारियों का विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निशुल्क इलाज किया जाएगा। वहीं मुख्य अतिथि सीएमएचओ डॉ. आरके चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य जागरुकता के बहुत कार्य करती है और रोटरी क्लब का यह किया जाने वाला कार्य सरकार प्रयासों में मददगार साबित होगा।


इस मौके पर संस्था के एवं पूर्व वन विकास निगम अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि रोटरी क्लब का यह कार्य सराहनीय है और सरकार की तरफ से और भी सहयोग करने की बात कही। स्पर्श क्लीनिक के स्टाफ और डॉ. वजना ठाकुर ने इस कार्य में रोटरी क्लब की हर संभव मदद करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन रोटेरियन विवेक सोनी ने किया। मंच संचालन क्लब सचिव रोटेरियन डॉ. मनोज थॉमस ने किया। इस मौके पर सत्यनारायण अग्रवाल, विजय हेलीवाल, पुष्पी अग्रवाल, संजय बथवाल, प्रकाश चावड़ा, जेपीएस आहुवालिया, डॉ. सरिता थॉमस, संदीप पारख, राहुल पारख सहित रोटरी एवं स्पर्श क्लीनिक के सदस्य उपस्थित थे।

विधायक विक्रम मंडावी की संवेदनशील पहल, लगाएंगे जनदर्शन

0
  • हर सोमवार को जनता से करेंगे भेंट मुलाकात 
    जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए विधायक विक्रम मंडावी भी जनदर्शन आयोजित कर रहे हैं। विधायक मंडावी ने बताया कि जनदर्शन प्रत्येक सोमवार को सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक विधायक कार्यालय में चलेगा।
    जनदर्शन में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी अपने निर्वाचन क्षेत्र के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से भेंट मुलाकात कर उनकी समस्याओं से रूबरू होंगे, गांवों और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण की ठोस पहल करेंगे। जनदर्शन में जन सरोकार की बातें होंगी। बस्तर संभाग के अति नक्सल प्रभावित बीजापुर क्षेत्र में जन दर्शन का आयोजन निसंदेह मील का पत्थर साबित होगा।

 

विधायक विक्रम मंडावी ने ऐसा कदम उठाकर बड़ी ही संवेदनशीलता दिखाई है। ऐसे ही सदप्रयासों से जनता का दिल और भरोसा जीता जाता है। बस्तर संभाग में संभवतः पहली बार किसी विधायक ने ऎसी शानदार पहल की है। विधायक विक्रम मंडावी की इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और जन सुविधाएं तेजी से गांवों तक पहुंच पाएंगी। विधायक विक्रम मंडावी जमीन और जनता से जुड़ाव रखने वाले नेता माने जाते हैं। वे अपने क्षेत्र की जनता के सतत संपर्क में रहते हैं। किसी कार्यक्रम का आयोजन न हो तब भी वे गांवों में जाते हैं, लोगों का दुख दर्द सुनते हैं और यथा संभव निराकरण की पहल भी करते हैं। अपने पिछले पंच वर्षीय कार्यकाल में विधायक विक्रम मंडावी ने जनहित के बहुत सारे कार्य किए हैं। यही वजह है कि बीते विधानसभा चुनाव में बीजापुर की जनता ने उन्हें फिर से प्रतिनिधित्व सौंपा है। विधायक विक्रम मंडावी कहते हैं कि क्षेत्र के ग्रामीण ही मेरे परिवारजन हैं। उनके हर दुख दर्द में सहभागी बनना मेरा कर्तव्य है।

खिलाड़ियों में खेल भावना का होना बहुत ही जरूरी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव

0
  • संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के खिलाड़ियों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष 
  • विजेता- उपविजेता को किया पुरूस्कार वितरित 
    जगदलपुर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ शतरंज संघ द्वारा जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के रविवार को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव सिंह शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया।
    शतरंज प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक देव ने कहा कि बस्तर में हर तरह की खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। छत्तीसगढ़ के खेल संघ उन्हें प्लेटफार्म उपलब्ध करा रहे हैं, यह खुशी की बात है। संभाग स्तरीय शंतरज प्रतियोगिता में पूरे बस्तर संभाग से लगभग 400 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शंतरज प्रतियोगिता चार वर्गों में आयोजित की गई।

जिसमें विजयी सभी प्रतियोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए किरण देव ने कहा कि उप विजेता एवं समस्त खिलाड़ियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। प्रयास करते रहें, सफलता अवश्य प्राप्त होगी। सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वही समापन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सचिव हेमंत खुंटे एवं बस्तर जिला शतरंज संघ अध्यक्ष शशांक शेंडे ने भी अपनी बात रखी। इस दौरान भाजपा बस्तर जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, सचिव छत्तीसगढ़ शंतरज संघ हेमंत खुंटे, अध्यक्ष बस्तर जिला शतरंज संघ शशांक शेंडे, सचिव हितेश तिवारी एवं अशोक तिवारी, आलोक दुबे के अलावा अन्य पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

पंचायतों की रकम दबाए बैठे पूर्व सरपंचों और सचिवों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट

0
  • आठ ग्राम पंचायतों के पूर्व सरपंच और सचिव घेरे में 
    जगदलपुर ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के लिए स्वीकृत राशि का उपयोग नहीं करने और राशि वापस नहीं करने पर कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी, (राजस्व) बस्तर द्वारा अनुभाग अंतर्गत ग्राम पंचायतों की पंचायत निधि की वसूली प्रकरण में लगातार अनुपस्थित रहने वाले आठ ग्राम पंचायतों के पूर्व सरपंचों और सचिवों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
    आरआरसी प्रकरण के तहत एसडीएम बस्तर एआर राणा द्वारा जारी आदेश में ग्राम पंचायत बाकेल की पूर्व सरपंच पर सुनीता मौर्य पर एक लाख 50 हजार रुपए, पूर्व सरपंच जयत्री बघेल पर 19 लाख 16 हजार 575 रुपए और बाकेल के पूर्व सचिव साधुराम मौर्य पर 19 लाख 16 हजार 575 रुपए वसूली हेतु शेष है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत चपका के पूर्व सचिव पनकू राम से अलग-अलग वित्तीय वर्ष के 60 हजार, 83 हजार 200 और 1 लाख 47 हजार 400 रुपए, ग्राम पंचायत बनियागांव के पूर्व सरपंच बालोबाई से 1 लाख 50 हजार और पूर्व सचिव मनबोध बघेल से भी 1 लाख 50 हजार की वसूली की जानी है। ग्राम पंचायत कुम्हली के पूर्व सरपंच टीकम कश्यप से 1 लाख 50 हजार रुपए और पूर्व सचिव राजेश कश्यप से 1 लाख 50 हजार रुपए, ग्राम पंचायत इच्छापुर के पूर्व सरपंच जदूराम कुंजान से 35 हजार रुपए और ग्राम पंचायत रेटावंड के पूर्व सरपंच हरिराम बघेल से 75 हजार रुपए की वसूली शेष है। न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बस्तर द्वारा थाना भानपुरी को उपरोक्त पूर्व सरपंचों को 10 जुलाई की तिथि पर न्यायालय में उपस्थित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। नियत तिथि को उपस्थित नहीं होने की स्थिति में इन सरपंच सचिवों को सिविल कारागार भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

विधायक किरण देव ने पौधा वितरण केंद्र का किया लोकार्पण

0
  • हरियाली प्रचार वाहन को रवाना किया किरण देव ने 
    जगदलपुर छत्तीसगढ़ शासन वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा बस्तर वन मंडल के अंतर्गत निशुल्क पौधा वितरण केंद्र का लोकार्पण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव द्वारा फीता काटकर किया गया।
    बस्तर वन मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पौधा तुंहर दुआर एवं एक पेड़ मां के नाम के तहत निशुल्क पौधों का वितरण विधायक किरण देव के हाथों किया गया। साथ ही विधायक किरण देव ने हरियाली प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। कार्यक्रम में महापौर सफीरा साहू, वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीसीएफ आरसी दुग्गा, डीएफओ उमेश गुप्ता, जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह, श्रीनिवास मिश्र, मनोहर दत्त तिवारी, रिंकू पांडे तथा अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड का चल रहा है राहुकाल निगम चुनाव में दूर कर देंगे इसे : जावेद खान

0
  • वार्ड में न आंगनबाड़ी और पीडीएस दुकान भवन नहीं
  • मौलिक सुविधाओं से वंचित हैं वार्ड के लोग
    जगदलपुर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपर नगर निगम के वार्ड 9 नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड में वर्षों से चल रहे राहुकाल के लिए भाजपा के पार्षदों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा है कि इस राहु काल को कांग्रेस आगामी निकाय चुनाव में खत्म कर देगी।
    जावेद खान ने एक बयान में वार्ड के वर्तमान पार्षद एवं पूर्व पार्षदों को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि शहर का हृदय स्थल कहलाने वाले, क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़े और धार्मिक तथा ऐतिहासिक महत्व वाले नेताजी सुभाष वार्ड में चल रहा राहुकाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक के वार्ड पार्षदों और वर्तमान पार्षद के चलते यह स्थिति बनी है, जिसका खामियाजा वार्ड के लोग भुगत रहे हैं। वार्ड में शुरू से ही भाजपा का कब्जा रहा है। पर किसी ने भी सुभाष वार्ड की सुध नहीं ली।

 

भाजपा के नेता सुभाष वार्ड के मतदाताओं से वोट तो ले लेते हैं परंतु बदले में वार्ड वासियों को गंदी नाली, प्रदूषित चौक चौराहे देते हैं तथा मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखते हैं। जावेद ने कहा यह बड़ा ही दुर्भाग्य जनक है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की शासकीय राशन दुकान के लिए आज तक न तो निगम प्रशासन ने और न ही भाजपा पार्षद भवन तक का निर्माण नहीं करा पाए। राशन दुकान संचालकों को निजी भवन किराए पर लेकर इसका संचालन करना पड़ता है और समय-समय पर भवन का स्थान बदलते भी रहता है जिसके चलते वार्डवासियों को परेशानी होती है। इसी प्रकार आंगनबाड़ी के लिए सुभाष वार्ड में भवन तक की व्यवस्था नहीं है।

 

भाजपा पार्षदों को वार्डवासियों के हक की मूलभूत सुविधाओं से भी सरोकार नहीं है। वे वार्डवासियों को इससे भी वंचित रखते आए हैं। सुभाष वार्ड का एक बड़ा हिस्सा राजमहल के अंतर्गत आता है। यह इलाका चारों ओर फैली गंदगी, जल भराव, कच्ची सड़क, स्ट्रीट लाइट, बिजली की समस्या से वर्षों से पीड़ित है। परंतु कोई भी भाजपाई पार्षद इन समस्याओं को दूर नहीं कर पाया। जावेद खान ने कहा है कि वर्षों से चल रहे नेताजी सुभाष वार्ड के राहुकाल को अब खत्म करने का समय आ गया है,और इस राहुकाल को खत्म करने का मन अब वार्डवासी भी बना चुके हैं। आगामी नगरीय निकाय चुनाव में सुभाष वार्ड के मतदाताओं को भाजपाइयों के चंगुल से छुड़ाकर वार्डवासियों के सहयोग से सुभाष वार्ड को भाजपा मुक्त कर राहुकाल समाप्त किया जाएगा।

वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर में सुनी मोदी के मन की बात, किया पौधरोपण भी

0
  • हरियाली प्रसार योजना के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना 
    जगदलपुर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप रविवार को बस्तर जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। मंत्री कश्यप बस्तर नगर पंचायत के सदभावना भवन में मन की बात श्रवण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम का तन्मयता के साथ श्रवण किया।प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के मंशानुसार जन कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास शासन-प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।

इसके बाद मंत्री कश्यप ने नगर पंचायत बस्तर के मुख्यमार्ग में पौधरोपण कार्यक्रम में पीपल के पौधे का रोपण किया। ज्ञात हो कि वन विभाग द्वारा पूरे बस्तर वन मंडल में मुख्य मार्ग के किनारे करीब 7400 पौधरोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में मंत्री के साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप और अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरियाली प्रसार योजनांतर्गत प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले में किसानों और ग्रामीणों को निःशुल्क पौधों का वितरण करेगा। वहीं किसानों और ग्रामीणों को अधिकाधिक पौधरोपण के लिए जागरूक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वन विभाग द्वारा हरियाली प्रसार योजनांतर्गत किसानों को उनके स्वयं की भूमि पर पौधरोपण के लिए सागौन, खम्हार, बांस, नीलगिरी इत्यादि प्रजातियों के पौधे निःशुल्क प्रदान किए जाते है। जिससे किसान अपने खाली पड़े टिकरा- मरहान सहित खेत के मेड़ पर भी पौधरोपण कर आय अर्जित कर सकते हैं। कार्यक्रम के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS