City Media - Page 168 of 1806 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 168

आज कलेक्ट्रेट घेरेगी कांग्रेस

0
  •  जिला अध्यक्ष मौर्य और शुक्ला ने कांग्रेस जनों से की उपस्थिति की अपील
  • दीपक बैज के नेतृत्व में इंद्रावती बचाओ, बस्तर बचाओ पदयात्रा 

जगदलपुर इंद्रावती बचाओ, बस्तर बचाओ आंदोलन के तहत आज 30 अप्रैल को कांग्रेस ने बस्तर कलेक्ट्रेट के घेराव की व्यापक तैयारी की है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम शंकर शुक्ला ने बस्तर के सभी कार्यकर्ताओं, किसानों एवं आम नागरिकों से घेराव एवं आंदोलन में उपस्थिति की अपील की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में बस्तर की प्राणदायिनी इंद्रावती नदी को बचाने के लिए चित्रकोट से निकाली गई 3 दिवसीय पदयात्रा का आज अंतिम दिन है। आज 30 अप्रैल को इंद्रावती बचाओ पदयात्रा पीजी कालेज ग्राउंड से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां कलेक्ट दफ्तर का घेराव किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय सुशील मौर्य एवं प्रेम शंकर शुक्ला ने कांग्रेस विधायकों, पूर्व विधायकों पूर्व महापौरों, प्रदेश,जिला, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों, सेक्टर प्रभारियों, जोन प्रभारियों, पोलिंग बूथ अध्यक्षों, सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं अन्य प्रकोष्ठ विभाग पदाधिकारियों प्रदेश तथा जिला पदाधिकारियों से दोपहर 2 बजे पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचने की अपील की है।

म्युल अकाउंट में पुलिस की एक और कार्यवाही

0
  • पुलिस अधीक्षक बालोद  योगेश कुमार पटेल (भा०पु० से० )के निर्देशन में बालोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता सायबर फ्राड का आरोपी कानपुर (उ0प्र0) से गिरफ्तार।
  • आरोपी पंकज कुमार सिंह (उ0प्र0) के द्वारा छत्तीसगढ के कमलेश रावटे से संपर्क कर उसे कमीशन देकर गांव के भोले भाले लोगो से बैंक खाता उपलब्ध कराता था।

बालोद पुलिस द्वारा साइबर सेल एवं थाना देवरी से टीम बनाकर आरोपी की पतातलाश में कानपुर (उ0प्र0) हुई थी रवाना ।

प्रकरण में पुर्व में कमलेश रावटे की हो चुकी है गिरफ्तारी कुल 02 आरोपी गिरफ्तार

खिलेश देवांगन पिता शेखर देंवागन निवासी पिनकापार ने थाना देवरी के साइबर पोर्टल से प्राप्त शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कराया है कि संदेही कमलेश रावटे ने अवैध रूप से किसी अन्य व्यक्ति के रकम को ट्रांजेक्शन कराकर किसन यादव के खाता में कुल 174900/- रूपये अवैध रूप से ट्रांसफर कराया गया। उक्त रकम में से आवेदक खिलेश देवांगन का खाता का उपयोग कर घटना दिनांक 02.04.2025 से 05.04.2025 तक अपने गांव के ग्राहक सेवा केन्द्र में कुल 77200/- रूपये संदेही द्वारा नगद निकालकर प्राप्त किया गया। संदेही कमलेश रावटे के द्वारा किशन के बैंक खाते से छत्रपाल के खाता में फाने पे, क्यूआर कोड से 42000/- रूपये ट्रांजेक्शन कराकर नगदी रकम प्राप्त किया है। संदेही कमलेश रावटे के बैंक खाता का उपयोग म्यूल एकाउन्ट के रूप में अवैध राशि ट्रांजेक्शन होने से उसका बैंक खाता होल्ड होने से संदेही ने गांव के किशन, छत्रपाल व खिलेश देवांगन के खाता से नगदी रकम प्राप्त किया गया है यह जानते हुए कि वह रकम उसका नही है। सायबर फ्राड से अवैध धन राशि धोखाधडी से बेईमानी पूर्वक लाभ अर्जित करने के लिए किया जाना पाया जाने से थाना देवरी में अपराध क्रमांक 44/2024 धारा 317(2),317(4),318(4) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग श्री राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल(भा0पु0से0) के निर्देशन , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार जोशी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण में एसडीओपी बालोद श्री देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना देवरी के अपराध क्रमांक 44/2025 धारा 317(2),317(4),318(4) बीएनएस के प्रकरण में आरोपियों के संबध्ं में तकनीकी साक्ष्य, बैंक डिटेल , केवायसी डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की जानकारी एकत्र कर प्रकरण के आरोपी कमलेश रावटे पिता रामचरण रावटे पता ग्राम परना डोंगरगांव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कमलेश रावटे से पूछताछ करने पर वह बताया की वह उ0प्र0 निवासी पंकज सिंह के कहने पर उसे सायबर फ्राड मे उपयोग करने हेतु कुछ बैंक खाता कमीशन पर उपलब्ध कराता था। और फ्राड रकम को चॉइस सेन्टर के माध्यम से और गांव के कुछ लोगेा के बैंक खाता का उपयोग कर नगदी रकम प्राप्त कर कमीशन की रकम अपने पास रख्कर बाकी राशि पंकज सिंह के बताये बैंक खाता डाल देता था।

थाना देवरी व सायबर सेल बालोद से संयुक्त टीम रवाना होकर कानपुर उ0प्र0 गये। टीम द्वारा लोकल स्तर पर ग्रामीण वेशभूषा में कैम्प कर आरोपी के संबंध में जानकारी प्राप्त कर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी पंकज सिंह को चिंन्हाकित कर लोकल पुलिस की मदद से रेड कार्यवाही किया गया। आरोपी पंकज कुमार सिंह पिता रविंद्र सिंह उम्र 27 साल निवासी एलआईजी 97 प्लाट जरौली फेस2 बर्रा 8 कानपुर नगर थाना गुजैनी पुलिस चौकी जरौली कानपुर उत्तरप्रदेश को विधिवत गिरफ्तार कर बालोद लाया गया।

आरोपी के नाम पताः-

पंकज कुमार सिंह पिता रविंद्र सिंह उम्र 27 साल निवासी एलआईजी 97 प्लाट जरौली फेस 2 बर्रा 8 कानपुर नगर थाना गुजैनी पुलिस चौकी जरौली कानपुर उत्तरप्रदेश

जप्त मशरूका- 01 नग आईफोन मोबाईल हैण्डसेट ,आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट।

उक्त प्रकरण में आरोपियों के पतासाजी व गिरफ्तारी में विशेष भूमिकाः-

थाना प्रभारी देवरी निरीक्षक  दिनेश कुर्रे, स0उ0नि भरत कुमार यादव, आरक्षक पवन आनंदधीर, नितिन देवांगन।

सायबर सेल -प्रभारी उपनिरीक्षक श्री जोगेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक गुलझारी साहू, मिथलेश यादव की सराहनीय भूमिका रही।

5 साल के कार्यकाल में कांग्रेस ने इंद्रावती के लिए कुछ नही किया: बस्तर सांसद महेश कश्यप

0
  • अब पदयात्रा निकाल कर नौटंकी कर रहे हैं कांग्रेसी 
  • कांग्रेस की पदयात्रा को ढोंग बताया कश्यप ने 

जगदलपुर इंद्रावती नदी के जल संकट के नाम पर कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही पदयात्रा को बस्तर सांसद महेश कश्यप ने राजनैतिक नौटंकी करार दिया है। उनका कहना है कि कांग्रेस ढोंगी पदयात्रा का आयोजन कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

सांसद महेश कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 साल सत्ता में बैठे रहने के दौरान पीसीसी चीफ दीपक बैज को बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी की तनिक भी चिंता नही हुई। अगर इंद्रावती नदी के बारे में अपने कार्यकाल में सोच लेते तो आज यह स्थिति उतपन्न ही नही होती। श्री कश्यप ने कहा कि इंद्रावती नदी सहित जनता की हर समस्या को दूर करने में डबल इंजन की सरकार प्रतिबद्ध है। इंद्रावती नदी को वापस उसके स्वरूप में लाने भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधि तत्परता से कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के यशश्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप द्वारा लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है।

कांग्रेस सिर्फ राज करने की नीति पर ही कार्य करती है। इंद्रावती नदी को वापस स्वरूप में लाने की ओर हम लगातार कार्य कर रहे हैं, जो कांग्रेस को नही पच रहा है। झूठा फैलाकर ढोंगी पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस श्रेय लेने का कार्य कर रही है। जनता को सभी चीजें पता है कौन इस ओर कार्य कर रहा है और कौन सिर्फ राजनीतिक स्टंट कर रहा है।

ये हैं भाजपा की उपलब्धियां

सांसद महेश कश्यप ने कहा है कि इंद्रावती नदी पर नए बैराज बनाया जाएगा, जिससे 35 हजार हेक्टेयर में सिंचाई, 50 टीएमसी जल भंडारण क्षमता होगी। बस्तर जिले के निराबोया क्षेत्रफल 2 लाख हेक्टेयर है। वर्ष 2018 तक जल संसाधन विभाग ने जिले में 1 मध्यम, 31 जलाशय, व्यपवर्तन, 7 उद्वहन और 29 एनीकट सहित कुल 75 योजनाएं बनाई थीं इनसे 32 हजार हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा जिले में निर्मित हुई।

वर्ष 2019-20 में 25, 2020-21 में 26, 2021-22 में 23 और 2022-23 में 67 योजनाएं बजट में शामिल की गई। पांच वर्षों में कुल 141 योजनाओं को बजट में शामिल किया गया। केवल रू. 150 करोड़ की लागत से 25 योजनाओं की मंजूरी मिली। इनमें से सिर्फ 5 योजनाओं का निर्माण पूरा हुआ। इससे सिंचाई क्षमता में केवल 285 हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई। वर्तमान सरकार द्वारा वर्ष 2024 में बाकी 15 योजनाओं की निविदा जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। वर्तमान सरकार द्वारा बस्तर में सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण एवं सिंचाई सुविधा के विस्तार हेतु वर्ष 2024- 25 में 80 योजनाओं को बजट में शामिल कर एक साथ लागत 200 करोड़ से 52 योजनाओं की मंजूरी दी गई। इनसे 12 हजार हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा मिलेगी। वर्ष 2025-26 में 65 योजनाओं को बजट में शामिल किया गया है इनका सर्वेक्षण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच तत्कालीन सरकार ने इंद्रावती नदी पर केवल एक योजना को मंजूरी दी थी। यह करेकोट एनीकट योजना थी, जिसकी लागत 18 करोड़ रुपए थी। इसका कार्यादेश वर्ष 2024 में वर्तमान सरकार द्वारा जारी किया गया है। तत्कालीन सरकार द्वारा 26 अगस्त 2021 को इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण का गठन हुआ लेकिन इसकी एक भी बैठक नहीं हुई न ही किसी योजना की अनुशंसा की गई। जबकि वर्तमान सरकार द्वरा वर्ष 2024-25 में मटनार, देउरगांव और महादेवघाट बैराज सह उद्वहन सिंचाई योजना को शामिल किया गया है। वर्ष 2025-26 में नगरनार, एरपुंड, ककनार,

बाकेल, नारंगी और भास्केल बैराज को जोड़ा गया है। इन योजनाओं से 50 टीएमसी जल का भंडारण होगा। साथ ही 35 हजार हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा मिलेगी। बस्तर संभाग को कुल 372 टीएमसी जल आबंटित है। इसके मुकाबले केवल 5 प्रतिशत जल भंडारण क्षमता बनी है। 200 टीएमसी जल के उपयोग के लिए इंद्रावती- महानदी नदी जोड़ो परियोजना का सर्वेक्षण कार्य स्वीकृत किया गया है। इससे 4 लाख हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा बनेगी। 15 अप्रैल 2025 को प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग में सिंचाई परियोजनाओं को गति देने के लिए नवीन मुख्य अभियंता कार्यालय का शुभारंभ किया है।

इंद्रावती- जोरानाला समस्या

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि इंद्रावती जोरानाला संकट के समाधान हेतु कंट्रोल स्ट्रक्चर के निर्माण हेतु वर्ष 2010 से 2016 तक कुल 49 करोड़ रु के जल संसाधन विभाग उड़ीसा को प्रदान कर निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया, जिससे प्रदेश को समझौता के अनुसार 50 प्रतिशत जल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई. किंतु वर्ष 2021 से 2023 तक छत्तीसगढ़ राज्य को कंट्रोल स्ट्रक्चर के अप स्ट्रीम एवं डाउन स्ट्रीम में सिल्ट, बोल्डर के जमा होने से मात्र 23 प्रतिशत जल उपलब्ध हो रहा था जिससे बस्तर जिले में गम्भीर पेयजल संकट उतपन्न हो गया,जिसके समाधान हेतु जिले के कृषकों एवं रहवासियों द्वारा मांग एवं आंदोलन किया गया। किंतु वर्ष 2023 तक इस समस्या की तरह छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कोई ध्यान नही दिया गया,जिसके फलस्वरूप वर्ष 2024 में बस्तर जिले को मात्र 16 प्रतिशत जल उपलब्ध हो रहा था जिससे बस्तर जिले में भीषण जल संकट उतपन्न हो गया जिसके निराकरण हेतु छत्तीसगढ़ राज्य के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा ओड़िसा राज्य के मुख्यमंत्री से आवश्यक चर्चा कर समस्या के समाधान हेतु तत्काल कार्यवाही करने के आग्रह पर इंद्रावती- जोरानाला मुहाने पर निर्मित हाइड्रोलिक कंट्रोल स्ट्रक्चर के अप स्ट्रीम एवं डाउन स्ट्रीम में जमा सिल्ट, लूज बोल्डर, रेत बोरी एवं अन्य अवरोधों के बीच अस्थायी रुप से रास्ता बनाकर तात्कालिक समाधान से छत्तीसगढ़ राज्य को 16 प्रतिशत से बढ़कर 49 प्रतिशत जल प्रवाह सुनिश्चित हुआ। समझौते के अनुसार जल बटवारा को सुनिश्चित करने हेतु इंद्रावती – जोरानाला संगम पर निर्मित हाइड्रोलिक कंट्रोल स्ट्रक्चर के अप स्ट्रीम एवं डाउन स्ट्रीम में जमा सिल्ट, लूज बोल्डर, रेत बोरी एवं अन्य अवरोधों को स्थायी रूप से नदी के बाहर हटाने हेतु राशि 4 करोड़ रु लागत से जून 2025 तक कार्य पूर्ण करने की सहमति उड़ीसा राज्य द्वारा दी गई है।

नक्सल प्रभावित गांव जुड़े शेष दुनिया से, गूंजेपर्ती में लगा मोबाइल टॉवर

0
  • करीब आधा दर्जन गांवों को मिली संचार सुविधा

जगदलपुर अब तक शेष दुनिया से कटे रहे बस्तर संभाग के बीजापुर जिले केआधा दर्जन नक्सल प्रभावित गांव अब देश दुनिया से जुड़ गए हैं। इन गांवों के लोगों को बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गूंजेपर्ती गांव में सुरक्षा बलों की मदद से मोबइल टावर स्थापित किया गया है।

बीजापुर जिले का उसूर क्षेत्र घोर नक्सल प्रभावित है। उसूर के ग्राम गूंजेपर्ती में मोबाइल टॉवर ने काम भी शुरू कर दिया है।यह गूंजेपर्ती के ग्रामीणों के लिए ही नहीं बल्कि आसपास के 5-6 अन्य गांवों के लिए भी बड़ी सौगात है। यहां जिओ का मोबाइल टॉवर प्रारंभ हो जाने से ग्रामीणों को बेहतर संचार सुविधा का लाभ मिलने लगा है। जिला बीजापुर के सुदूर ग्राम गूंजेपर्ती, पुजारी कांकेर, चिंगनपल्ली, नेला कांकेर, कमलापुर के ग्रामीणों को संचार सुविधा का लाभ मिल रहा है।

 

छग शासन की नियद नेल्ला नार योजना एवं केंद्र की यूएसओएफ योजना के तहत 28 अप्रैल को ग्राम पुजारीकांकेर में मोबाइल टावर की सुविधा शुरू की गई है। मोबाइल टावर की स्थापना से ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क का लाभ मिलना संभव हो गया है। साथ ही मजबूत नेटवर्क एवं इंटरनेट की सुविधा से ग्रामीण अंचल के पढ़ने वाले छात्रों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को इससे लाभ मिलेगा। क्षेत्र में सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन की सुविधा के साथ पुलिस एवं प्रशासन द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम से क्षेत्र में अब संचार की सुविधा बहाल हो चुकी है। स्थानीय निवासियों को अब अपने परिवार के सदस्यों और अन्य व्यक्तियों से संपर्क स्थापित करने में आसानी होगी।वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट की जरूरत और सुविधा को देखते हुए क्षेत्र में संचार के सुदृढ़ीकरण के लिए मोबाइल टावर स्थापित किए जा रहे हैं। यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर संचार सुविधा मिलेगी और वे देश-विदेश से जुड़ सकेंगे। इसके अलावा यह कदम क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अब नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व ने रखी शांति वार्ता की पेशकश, ये है सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का नतीजा

0
  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा ने दिखाई अपनी ताकत
  • सुरक्षा बलों ने कर दिया नक्सलियों को निढाल

अर्जुन झा-

जगदलपुर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर बता दिया है कि सरकार की ताकत कैसी होती है। सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के मजबूत हौसले का ही नतीजा है कि अब नक्सलियों का शीर्ष नेतृत्व भी शांति वार्ता के लिए चिरौरी करने लगा है। देश के इतिहास में पहली बार नक्सलियों के केंद्रीय नेतृत्व ने शांति वार्ता की पेशकश की है।

दरअसल केंद्र और राज्य की सरकारों के कड़े तेवर और सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे प्रहार ने अब नक्सलियों को नाक रगड़ने के लिए मजबूर कर दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के बार बार बस्तर संभाग के दौरे पर आने, नक्सल प्रभावित गांवों में जाकर वहां के लोगों से मेल मुलाकात करने और एंटी नक्सल मिशन पर लगे विभिन्न सुरक्षा बलों के जवानों की हौसला अफजाई करने के शानदार परिणाम बस्तर की जमीन पर दिखने लगे हैं। ये परिणाम बताते हैं कि अमित शाह बस्तर को बेचने के लिए नहीं, बल्कि बचाने के लिए बार बार यहां आते हैं। सुरक्षा बलों को फ्री हैंड कर दिया गया है और जवानों का जोश हाई नहीं बल्कि हाईएस्ट है। हमारे जवान और अधिकारी नक्सलवाद को जड़ से मिटाने के लिए जी जान लगाकर जुटे हुए हैं। वे रोज बड़ी संख्या में नक्सलियों को मिट्टी में मिला रहे हैं। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के करेगुट्टा पहाड़ी पर जारी एंटी नक्सल ऑपरेशन सबसे बड़ा ऑपरेशन है। इसके तहत नक्सली ठिकानों पर धरती और आकाश से गोले बरसाए जा रहे हैं। इस आपरेशन में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। यही वजह है कि इस ऑपरेशन के बीच नक्सलियों के केंद्रीय नेतृत्व ने एक पत्र सरकार के नाम जारी किया है। सात दिनों के भीतर नक्सल संगठन की तरफ से शांति वार्ता के लिए भेजा गया यह दूसरा पत्र है। अबकी बार सीधे केंद्रीय नक्सली नेतृत्व ने पत्र भेजा है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय कमेटी की ओर से प्रवक्ता अभय ने यह पत्र जारी किया है। पत्र में सरकारों को नक्सलियों की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया गया है। साथ ही कहा गया है कि समस्या का हल बंदूक से नहीं बल्कि बातचीत से ही हो सकता है। करेगुट्टा आपरेशन के बीच नक्सलियों की तरफ से दूसरी दफा शांति वार्ता के लिए जारी किए गए इस पत्र में आगे कहा गया है कि हमारे संगठन की तरफ से सरकारों से बारंबार शांति वार्ता का प्रस्ताव रखने तथा शांति वार्ता हेतु अनुकूल वातावरण तैयार करने की अपील हम करते आए हैं। पत्र में स्वीकार किया गया है कि करेगुट्टा मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। वहीं सरकार से बिना शर्त छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र आदि राज्यों में एक समय सीमा में युद्ध विराम कर शांति वार्ता करने की मांग रखी गई है। केंद्रीय कमेटी के इस पत्र से जाहिर होता है कि नक्सलियों की कमर बुरी तरह टूट चुकी है और उनके सामने शांति वार्ता के सिवाय और कोई विकल्प नहीं बचा है।

24 लाख की ईनामी तीन महिला नक्सली ढेर

बीजापुर जिले की कोरागुटटा पहाड़ी एरिया में जारी ऑपरेशन में 24 लाख की ईनामी तीन महिला नक्सली मारी गई हैं। तीनों महिला नक्सलियों की शिनाख्त हो गई है। माना जा रहा है कि मारी गई तीनों माओवादी पीएलजीए बटालियन नंबर 1 की सदस्य रही हैं। मृतकाओं में हुंगी पीएलजीए बटालियन नम्बर 1 की सदस्या, इ्नाम 8 लाख रूपये, सिंटू पीएलजीए बटालियन नम्बर 1 की सदस्या इनाम 8 लाख रूपए और शांति पीएलजीए बटालियन नम्बर 1 की सदस्या इ्नाम 8 लाख रूपए शामिल हैं। तीनों के शव मरच्युरी में रखे गए हैं।परिजनों के आने पर शव उनके हवाले कर दिए जाएंगे।

अवैध विज्ञापन होंडिंग्स के खिलाफ एक्शन मोड पर महापौर संजय पांडे और राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा

0
  • नगर निगम की अनुमति से ही शहर में लगाए जा सकेंगे विज्ञापन होर्डिंग्स
  • चांदनी चौक, एयरपोर्ट चौक, पनामा चौक, सिटी कोतवाली चौक, संपूर्ण डिवाईडर एवं पेड़ पर फ्लेक्स लगाने पर बैन
  • विज्ञापन ट्रॉली हटाने 24 घंटे की दी गई मोहलत

जगदलपुर नगर पालिक निगम जगदलपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न चौक चौराहों पर विज्ञापन ट्राली खड़ा किया जाता है। विगत दिनों आंधी तूफान आने से ट्रॉली सड़क पर गिरा पाया गया साथ ही यातायात बाधित भी हो रहा है। कभी भी दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। निकाय क्षेत्र के अंतर्गत समस्त विज्ञापन ट्रॉली बंद करने का निर्णय निगम ने लिया है। निगम ने 24 घंटे के अंदर निकाय क्षेत्र से विज्ञापन ट्रॉली हटाने का निर्देश दिया है अन्यथा निगम द्वारा ट्राली जप्ती एवं जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।

निगम क्षेत्र में बिना अनुमति विज्ञापन होर्डिंग लगाना अवैधानिक है। निगम ने विज्ञापन होर्डिंग लगाने के पूर्व इन शर्तो का पालन करने कहा है। विज्ञापन होर्डिंग्स को निगम से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही लगाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक होर्डिंग्स में प्रकाशक एवं मुद्रक का नाम अंकित करना अनिवार्य है तथा विज्ञापन होर्डिंग्स लगाने की तिथि तथा कब से कब तक लगाना है वह भी निगम ने अंकित करने कहा है। राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक, जन्मदिवस एवं अन्य विज्ञापनों को बिना अनुमति के न लगाने का निर्देश निगम में दिया है। नगर निगम ने चांदनी चौक, एयरपोर्ट चौक, पनामा चौक, सिटी कोतवाली चौक एवं संपूर्ण डिवाइडर तथा विद्युत पोल, पेड़ में फ्लेक्स विज्ञापन लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। निगम ने इन शर्तों का पालन सुनिश्चित करने कहा है। अन्यथा निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नियम का करें पालन

महापौर संजय पांडे एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने नागरिकों से अपील की है कि शहर अव्यवस्थित हो रहा है। गंदगी भी फैल रही है जिसके कारण स्वच्छता रैंकिंग हमारा गिरता है। सभी जिम्मेदार नागरिक इस बात को जरूर अमल करें। सभी नागरिक बिना अनुमति के फ्लेक्स न लगाएं, नगर निगम द्वारा बनाए गए नियम के अनुसार ही हम सब मिलकर शहर विकास पर ध्यान देंगे।

किसानों के हक की खातिर सड़क पर उतरे सैकड़ों कांग्रेसी

0
  • देशभक्ति गीतों के बीच नापने निकले 40 किलोमीटर की दूरी
  • इंद्रावती नदी को बचाने सड़क की लड़ाई शुरू

जगदलपुर बस्तर की प्राणदायिनी इंद्रावती नदी के किनारे बसे सैकड़ों गांवों के किसान दो माह से आंदोलनरत हैं और अब किसानों को कांग्रेसियों का समर्थन मिला है। बस्तर जिले के चित्रकोट जलप्रपात के मुहाने से किसानों ने तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली इसके पूर्व किसानों ने अपनी मांगों को फिर दोहराया। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर के किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को बस्तर के सभी संघ संगठनों का समर्थन मिल रहा है।

बैज ने आगे कहा कि किसानों के साथ कांग्रेसी गांवों में रात गुजारेंगे और गांधीवादी तरीके से किसानों की मांगों को पूरजोर तरीके से उठाएंगे। बैज ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ओड़िशा व छत्तीसगढ़ तथा केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस पदयात्रा में बीजापुर विधायक विक्रम सिंह मंडावी, इंद्रावती बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक द्वय चंदन कश्यप व राजमन बेंजाम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश रायके अलावा कांग्रेस पार्टी के विभिन्न हिस्सों से आए नेता कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए। पदयात्रा में महिलाओं की उपस्थिति उत्साहजनक है। इंद्रावती नदी बचाओ आंदोलन के संयोजक लखेश्वर बघेल सहित अन्य लोग पदयात्रा की कमान संभालें हुए हैं। यात्रा के दौरान साउंड सिस्टम से देशभक्ति गीत बजाए जा रहे हैं और महिला पुरुष तुमड़ी बर्तन, ढोल मांदल लेकर चल रहे हैं।

प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में प्रतिभा सम्मान और वार्षिक उत्सव का आयोजन

0
  • स्कूल के बच्चों को कराया गया न्योता भोज भी

जगदलपुर बस्तर ब्लाक की ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा की प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में प्रतिभा सम्मान समारोह सह वार्षिकोत्सव एवं न्यौता भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप ने अपने संबोधन में प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के शिक्षकों और बच्चों को नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। श्रीमती कश्यप ने आगे कहा कि शिक्षकों और बच्चों को इसी तरह मेहनत और लगन से काम कर अधिक से अधिक बच्चों का चयन कराने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सभी स्कूलों में होने चाहिए ताकि बच्चों को प्रोत्साहन और प्रेरणा मिल सके। श्रीमती कश्यप ने शिक्षकों, बच्चों और उनके पालकों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विकास खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने शिक्षकों और बच्चों को नवोदय विद्यालय में चयन पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस संस्था के बच्चे, शिक्षक और पालक जागरूक हैं और इसी का परिणाम है कि बच्चे नवोदय विद्यालय और एकलव्य जैसे प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयनित होकर प्रवेश ले रहे हैं। श्रीमती देवांगन ने शाला संग्रहालय की भी प्रशंसा की, जहां विलुप्त होती पारंपरिक वस्तुओं और संस्कृति को संजोया गया है। सरपंच ईस्पर मंडावी ने प्राथमिक शाला खैरगुड़ा के शिक्षकों और बच्चों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा की। सरपंच श्री मंडावी ने ग्राम पंचायत की ओर से शिक्षकों को सम्मानित भी किया। सीएसी कृष्णा सिंह ठाकुर ने सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीण जनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, सरपंच ईस्पर मंडावी, उपसरपंच सामबती ठाकुर, जनपद सदस्य समली कश्यप,

विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन, एबीईओ सुशील तिवारी, बीआरसी अजंबर कोर्राम, सीएसी कृष्णा सिंह ठाकुर, प्रधान अध्यापक छन्नूराम मंडावी, इंदुमती, रामनिवास देहारी, राजेंद्र सिंह, हिरेंद्र देवांगन, मनोज कुमार ठाकुर संजय ठाकुर,नरेश ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, लखेश्वर ठाकुर, जंयती ठाकुर, कुसुमलता, बालमती, उर्मिला, सुदनी, जगरू कश्यप, बलदेव ठाकुर, उर्धश्वर ठाकुर, त्रिनाथ गिरी, बोगलू, पारो, गोमती ठाकुर, मोहनबती, भूषण बघेल और अन्य गणमान्य नागरिक व छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

हेल्थ केयर के स्टूडेंट्स ने सिखाए गए इलाज के गुर

0
  •  बकावंड स्कूल के विद्यार्थियों का इंटर्नशिप 

बकावंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकावंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकावंड के हेल्थ केयर के 11वीं और 12वीं के छात्र छात्राओं का इंटर्नशिप कार्यकम संपन्न हुआ।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकावंड में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत हेल्थ केयर पाठयक्रम में अध्ययनरत 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकावंड में 10 दिवसीय इंटर्नशिप आयोजित किया गया।इंटर्नशिप के अंतर्गत हेल्थ केयर के विद्यार्थियों को हॉस्पिटल से संबंधित प्रायोगिक प्रशिक्षण जैसे ब्लड प्रेशर टेम्प्रेचर मापना, प्लस रेट जांचना, श्वसन परखना, ब्लड सैंपल लेना, ओपीडी पर्ची बनाना, इंजेक्शन के प्रकार एवम डिग्री इत्यादि लेना सिखाया गया। यह 10 दिवसीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक छात्रों द्वारा पूर्ण किया गया। इस दौरान हॉस्पिटल स्टाफ एवं विद्यायल के व्यावसायिक प्रशिक्षक अक्षय बंजारे उपस्थित थे।

केशलूर चौक में खुला पुलिस सहायता केंद्र

0
  •  सुलभ शौचालय की मांग पर अड़े रहे सैकड़ों ग्रामीण

तोकापाल तीन राज्यों को जोड़ने वाले केशलूर चौक पर आम लोगों की मदद के लिए पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। पहले तो ग्रामीणों ने पुलिस सहायता केंद्र का विरोध किया मगर प्रशासन की समझाईश पर वे राजी हो गए।

एसडीएम के निर्देश पर केशलूर के सरपंच से चर्चा कर केशलूर चौक नेशनल हाईवे 63 के किनारे पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया। इसके लिए पुलिस और राजस्व के कर्मचारियों को भारी मशक्कत करना पड़ी। क्योंकि ग्रामवासियों ने इसका जमकर विरोध किया। हालांकि केशलूर चौक के व्यापारी तथा ग्रामीण पुलिस सहायता केंद्र का विरोध नहीं कर रहे थे उनकी मांग थी कि केशलूर चौक बहुत व्यस्तम चौक है और यहां अन्य राज्यों से लोग रोजाना आते जाते हैं और उन्हें सार्वजनिक शौचालय की कमी खलती है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को होती है। चौक के व्यापारी एसडीएम तोकापाल को पिछले कई वर्षों से सार्वजनिक शौचालय चौक पर बनाने जगह निर्धारित करने की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। जब 27 अप्रैल को पुलिस सहायता केंद्र बनाने पुलिस और राजस्व के अधिकारी पहुंचकर अतिक्रमण हटाने लगे तो सरपंच सहित ग्रामीण स्थल पहुंच कर अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे। उनकी मांग थी कि पहले सार्वजनिक शौचालय बनाया जाए फिर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जाए। जिसके लिए चौक में व्यापारी और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। एसडीएम तोकापाल, तहसीलदार और परपा थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही चौक पर सुलभ शौचालय बनाने जगह निर्धारित कर सुलभ शौचालय बनाया जाएगा। इसके बाद ही चौक के लोग शांत हुए और प्रशासन ने पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया। वहीं चौक के हाईवे किनारे लगाए जा रही साग सब्जी दुकानों को भी हटाकर सड़क से दूर लगाने को कहा गया।

वर्सन:

सबको होगा लाभ

केशलूर चौक अति व्यस्तम चौक है जहां अन्य राज्यों से रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। इनकी सहायता तथा अव्यवस्थित वाहनों को व्यवस्थित करने पुलिस के जवान तपती धूप और बारिश में ड्यूटी करते हैं। इसलिए पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। इससे सभी को लाभ मिलेगा।

 

MOST POPULAR

HOT NEWS