दुर्ग, 22 मई 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। आर्य नगर स्थित एक मकान में पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पारिवारिक तनाव के चलते परिवार ने आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि दो बच्चों की मौत जहरीला पदार्थ सेवन करने से हुई, जबकि पति-पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृत बच्चों की उम्र करीब 13 और 17 वर्ष बताई जा रही है।शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके हुए पाए, जबकि दोनों बच्चों के शव कमरे में पड़े मिले। घटना का दृश्य देखकर इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक विशेषज्ञ घर से मिले साक्ष्यों को जुटाने में लगे हैं, वहीं पुलिस पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर पारिवारिक परिस्थितियों की जानकारी एकत्र कर रही है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव की बात सामने आ रही है। हालांकि अभी तक किसी सुसाइड नोट मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आर्थिक परेशानी, घरेलू विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे आर्य नगर क्षेत्र में शोक का माहौल है। पड़ोसियों के अनुसार परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी को इस तरह की घटना की आशंका नहीं थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था, लेकिन बच्चे अक्सर आसपास खेलते दिखाई देते थे।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



