नगर की सत्ता फिर होगी कांग्रेस के हाथ में : मौर्य

0
23
  • नगर निगम चुनाव की तैयारी में जुटे शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य 

जगदलपुर नगर निगम चुनाव को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने शहीद गुंडाधुर वार्ड-45 में वार्डवासियों की बैठक ली।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कार्यकर्ताओं और वार्ड के नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने जगदलपुर के साथ हमेशा छल किया है। जब प्रदेश में हमारी कांग्रेस सरकार थी, तब शहर के विकास के लिए कभी धन की कमी नहीं होने दी। जगदलपुर के विधायक एवं संसदीय सचिव रहते रेखचंद जैन हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नगरीय प्रशासन मंत्री शिवकुमार डहरिया से निरंतर संपर्क में रहकर शहर के विकास के लिए करोड़ों रुपए स्वीकृत कराए थे। उस राशि से बिना भेदभाव किए सभी वार्डों में विकास कार्य कराए जाते थे। महापौर ने अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए भाजपा का दामन थामा है। ऐसे दल बदलुओं और भाजपा के दोहरे चरित्र को शहर की जनता अच्छे से जान समझ चुकी है। श्री मौर्य ने कहा कि शहर के मतदाता बदलाव के मूड में है। हमें मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखकर भाजपा और उसकी सरकार की सच्चाई के बारे में उन्हें बताना है। सुशील मौर्य ने कहा कि पार्षद पद के लिए कांग्रेस पार्टी जिस व्यक्ति को टिकट दे, उसी अधिकृत प्रत्याशी को जिताने के लिए हमें और आप सभी को ईमानदारी के साथ जुटना होगा। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस बार भी शहर की सत्ता कांग्रेस के हाथ में होगी। इस दौरान ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश नाग, महामंत्री जाहिद हुसैन, अशोक मंडावी, रवि शंकर तिवारी, अनुराग महतो, विजय ध्रुव, राजीव चालकी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।