सिलाई प्रशिक्षण के बीच पंचायत भवन की छत का प्लास्टर गिरा, दो युवतियां घायल

0
11

बकावंड की मालगांव पंचायत का मामला

बुरी तरह जर्जर हो चुका है ग्राम पंचायत भवन

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मालगांव के पंचायत भवन में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां सिलाई प्रशिक्षण के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से दो युवतियां घायल हो गईं। हादसे के समय भवन में करीब दर्जनभर महिलाएं और युवतियां सिलाई का प्रशिक्षण ले रहीं थीं। मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शासन की योजना के तहत मालगांव के पंचायत भवन में शासन की योजना के तहत महिलाओं और युवतियों को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

शनिवार को प्रशिक्षण के दौरान अचानक जर्जर छत के बड़े हिस्से का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से दो युवतियों को मामूली चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना से प्रशिक्षण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद महिलाओं ने भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की है। घटना स्थल की तस्वीरों में छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिरा हुआ दिखाई दे रहा है तथा सरिया भी बाहर निकल आया है। क्षेत्र क्रमांक 25 की जनपद सदस्य नमिता भोलानाथ नाग ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से पंचायत भवन की तत्काल मरम्मत कराने तथा भवन सुरक्षित होने तक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से घायल छात्राओं के उपचार में सहायता उपलब्ध कराने और पंचायत भवन की मरम्मत शीघ्र कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here