बालोद। जिले के संजारी चौकी क्षेत्र अंतर्गत मंगचुआ भट्टी के पास नीम के पेड़ के नीचे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भीमपुरी निवासी बिशे कुमार भुआर्य (33 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बिशे कुमार 13 तारीख की सुबह घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। 14 तारीख की सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मंगचुआ भट्टी के पास नीम के पेड़ के नीचे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही संजारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान युवक को मृत पाया गया।सूत्रों के अनुसार मृतक बचपन से ही शारीरिक रूप से कमजोर था तथा किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित था। चिकित्सकों ने उसे शराब का सेवन नहीं करने की सलाह दी थी, लेकिन वह शराब पीने का आदी था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



