धारदार कड़े-चूड़े उतरवाकर किए जब्त, रातभर शहर में तैनात रही पुलिस
बालोद। गणेश विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बालोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए। वहीं शोभायात्रा में शामिल कुछ युवकों के हाथों में पाए गए धारदार कड़े-चूड़े भी पुलिस ने उतरवाकर जब्त किए। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।मंगलवार रात करीब 9 बजे से शुरू हुई गणेश विसर्जन शोभायात्रा बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान विभिन्न गणेश समितियों द्वारा प्रतिमाओं एवं झांकियों के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई।

पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी।शोभायात्रा के दौरान डीजे साउंड सिस्टम एवं ध्वनि स्तर की भी पुलिस टीमों द्वारा निगरानी की गई। निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 9 डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए गए। जब्त डीजे के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।इसी तरह भीड़भाड़ वाले विसर्जन मार्गों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीमों ने शोभायात्रा में शामिल लोगों की जांच की। इस दौरान कुछ युवकों के हाथों में धारदार कड़े-चूड़े पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें तत्काल उतरवाकर जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य भीड़ के बीच किसी विवाद, चोट अथवा अप्रिय घटना की संभावना को रोकना था।
गणेश विसर्जन के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस टीमों ने विद्युत तारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा अन्य संभावित सुरक्षा जोखिमों पर भी विशेष निगरानी रखी। पुलिस की सतत मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच गणेश विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ।बालोद पुलिस ने आमजन से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों और ध्वनि मानकों का पालन करने, डीजे का उपयोग नियमानुसार करने, शोभायात्रा में धारदार वस्तुएं नहीं रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने विद्युत तारों एवं अन्य संभावित सुरक्षा जोखिमों से दूरी बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।






