ओएमआर शीट से ऑफलाइन परीक्षा कराने की मांग
जगदलपुर। टीईटी की विभागीय परीक्षा आयोजित कराने की दिशा में सकारात्मक पहल के लिए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा धन्यवाद व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया गया।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बस्तर संभाग के प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से राज्य में टीईटी विभागीय परीक्षा को सीबीटी ऑनलाइन के स्थान पर ऑफलाइन ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित कराने की मांग का ज्ञापन देते हुए कहा कि ऑनलाइन परीक्षा में तकनीकी एवं व्यावहारिक कठिनाइयों, नेटवर्क, सर्वर संबंधी समस्याओं का सामना शिक्षक करेंगे। शिक्षकों की सुविधा, परीक्षा की पारदर्शिता और व्यावहारिकता एवं निष्पक्षता और सुगमता को ध्यान में रखते हुए ओएमआर आधारित ऑफलाइन परीक्षा को अभ्यर्थियों के हित में अधिक व्यावहारिक और सुविधाजनक विकल्प के रूप में अपनाने का आग्रह किया गया। पुराने शिक्षकों से ऑफलाइन ओएमआर आधारित ऑफलाइन परीक्षा का निर्णय लिया जाना समय की आवश्यकता है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इस विषय को गंभीरता एवं सहानुभूतिपूर्वक सुना तथा अभ्यर्थियों की वास्तविक कठिनाइयों और व्यावहारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक एवं उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बस्तर से संभाग अध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष लुदरसन कश्यप, राजेश गुप्ता, मोहम्मद ताहिर शेख, तुलादास मानिकपुरी, गजराज सिंह, रामप्रसाद ठाकुर, ओमप्रकाश पटेल, विकासखंड अध्यक्ष जगदलपुर मनीष ठाकुर सहित शिक्षक उपस्थित थे।






