विश्वदीप्ति इंग्लिश मीडियम स्कूल में यातायात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
नारायणपुर यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा बंग्लापारा स्थित विश्वदीप्ति इंग्लिश मीडियम स्कूल में ‘यातायात की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी दी गई।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को यातायात संकेतों, जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक लाइट और सुरक्षित सड़क पार करने के तरीके बताए गए। विद्यार्थियों को नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने तथा अपने परिजनों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की समझाइश दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए प्रधानमंत्री राहत योजना एवं राहवीर योजना की जानकारी दी गई।इस दौरान स्कूल बसों एवं अन्य वाहनों की जांच कर फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालकों के लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।कार्यक्रम में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मोहम्मद मोहसिन खान, विद्यालय के प्राचार्य जेमोन टी. डी., उप प्राचार्य, शिक्षकगण एवं यातायात पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। यातायात प्रभारी ने कहा कि नियमों का पालन स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।






