रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर पर्यावरण प्रेमियों ने वृक्षारोपण कर दी श्रद्धांजलि, कहा– पौधे लगाना ही प्रकृति और राष्ट्र के प्रति सच्ची सेवा

0
8


दल्ली राजहरा। भारत की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना, अदम्य साहस, शौर्य और देशभक्ति की प्रतीक झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को दल्ली राजहरा के पर्यावरण प्रेमियों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पर्यावरण प्रेमियों ने पौधारोपण कर यह संदेश दिया कि महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का सबसे सार्थक तरीका उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना और समाज एवं प्रकृति के हित में कार्य करना है।

इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी टिकेश्वर साहू ने लोगों को संदेश देते हुए कहा :- रानी लक्ष्मीबाई का जन्म 19 नवंबर 1828 को वाराणसी में हुआ था। उनके बचपन का नाम मणिकर्णिका था, जिन्हें प्यार से मनु कहा जाता था।
उनका प्रसिद्ध उद्घोष “मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी” आज भी देशवासियों के भीतर देशभक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष की भावना जागृत करता है।
रानी लक्ष्मीबाई का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी साहस, आत्मसम्मान और अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए।
स्वतंत्रता सेनानियों को याद रखने का अनूठा प्रयास

इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी आधुनिकता की दौड़ में हमारे देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और उनके इतिहास को धीरे-धीरे भूलती जा रही है। ऐसे में महापुरुषों एवं वीरांगनाओं की जयंती पर केवल माल्यार्पण और श्रद्धांजलि तक सीमित न रहकर समाजहित के कार्य करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रानी लक्ष्मीबाई ने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसी प्रकार आज हम सभी का कर्तव्य है कि हम अपनी धरती, जल, जंगल और पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आएं।
प्रकृति हमारी मातृभूमि का अभिन्न अंग है। जिस धरती ने हमें जन्म दिया, उसी धरती को हरा-भरा और सुरक्षित रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और बेहतर भविष्य देने का संकल्प है।
पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब हम उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
इन पर्यावरण प्रेमियों की रही सहभागिता
इस वृक्षारोपण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू, टिकेश्वर साहू, कौशल साहू, ताराचंद रावटे, चेलाराम निर्मलकर, लोकेंद्र देवांगन, हेमशंकर साहू, राजकुमार साहू, कोमल साहू एवं राजू मेश्राम शामिल हुए।
सभी पर्यावरण प्रेमियों ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
संदेश:
🌱 महापुरुषों को याद करें, उनके आदर्शों को अपनाएं।
🌳 वीरांगनाओं को सम्मान दें, धरती को हरित बनाएं।
🇮🇳 देशभक्ति केवल सीमा की रक्षा नहीं, बल्कि देश की प्रकृति और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करना भी है।
प्रकृति ही शाश्वत भगवान है।
वृक्ष लगाएं, प्रकृति बचाएं और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here