जन्म से लेकर मृत्यु तक आमजन के साथ है कांग्रेस : दीपक बैज

0
41
  • चुनाव घोषणा पत्र जारी किया प्रदेश अध्यक्ष ने
  • धान की खरीदी 32 सौ रु. प्रति क्विंटल की दर से

जगदलपुर चुनावी घोषणा पत्र के मामले में कांग्रेस और भाजपा के बीच तू डाल -डाल, तो मैं पात – पात वाला खेल चला और इस खेल में कांग्रेस बाजी मार ले गई। कांग्रेस के घोषणा पत्र में जन्म से लेकर मृत्यु तक साथ खड़े रहने की बात नजर आई है। भाजपा जहां धान की खरीदी 31 सौ रु. प्रति क्विंटल की दर से करने की बात कही है, वहीं कांग्रेस ने एक कदम आगे बढ़कर 32 सौ रु. क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा कर दिया है।

कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र रविवार को राज्य के सभी संभाग मुख्यालयों में जारी किया गया। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। श्री बैज ने कहा कि कांग्रेस पूर्व कार्यकाल की तरह नए कार्यकाल में भी किसानों का पूरा कर्जा माफ करेगी। किसानों का धान 32 सौ रुपए प्रति क्विंटल के भाव से और प्रति एकड़ बीस क्विंटल धान खरीदा जाएगा। इस बार तिवरा भी समर्थन मूल्य पर क्रय किया जाएगा। सभी प्रकार की वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी तथा प्रति किलो 10 रु. अतिरिक्त दिए जाएंगे। तेंदूपत्ता की राशि प्रति मानक बोरा 6000 हजार रुपए दी जाएगी और हर तेंदूपत्ता श्रमिक परिवार को प्रति वर्ष 4000 रु. का बोनस दिया जाएगा। ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों का कर्ज और टैक्स माफ किया जाएगा। महिला स्व सहायता समूहों द्वारा सक्षम योजना के तहत लिया गया ऋण भी माफ होगा। पीसीसी चीफ एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई के खर्च की चिंता से पालकों को मुक्त करने का बीड़ा कांग्रेस उठाने जा रही है। इसके तहत केजी से पीजी तक की शिक्षा मुफ्त कर दी जाएगी। राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूल में तब्दील किया जाएगा। मजदूरों को सालाना दस हजार रुपए का मानदेय दिया जाएगा। हर उपभोक्ता को प्रति माह दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी, गैस सिलेंडर मात्र 500 रु. में दिया जाएगा। 17 लाख 50 हजार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा। दस लाख रु. तक का ईलाज और दुर्घटना में घायल हुए लोगों का भी ईलाज मुफ्त में होगा। युवाओं को उद्योग व्यवसाय के ऋण में 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी, राज्य में सात सौ नए रीपा केंद्र खोले जाएंगे, जातिगत जनगणना कराई जाएगी और अंत्येष्टि के लिए मुफ्त लकड़ी उपलब्ध कराई जाएगी। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस जो कहती है, उसे पूरा करके भी दिखाती है, इसलिए हमारा यह घोषणा पत्र भरोसे का घोषणा पत्र है।