राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र के परिवार को 50 लाख दे सरकार : दीपक बैज

0
23
  •  हाथी – मानव द्वंद बना मौत की वजह : पीसीसी चीफ
  • साय सरकार के संरक्षण में हसदेव के जंगलों की कटाई

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि सरगुजा में मानव और हाथियों के द्वंद में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र पहाड़ी कोरवा जनजाति के शिवचरण की मौत के लिए विष्णुदेव साय की सरकार जिम्मेदार है। राज्य सरकार शिवचरण के परिजनों को 50 लाख रू मुआवजा और उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तत्काल दे। जंगलों की कटाई रोकने का निर्देश भी तत्काल देना चाहिए। वन्य प्राणियों के साथ जंगलों के आसपास के गांवों में रहने वालों की सुरक्षा पुख्ता करने की भी सख्त जरूरत है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार में हसदेव अरण्य के पास एलिफेंट रिजर्व बनाने के लिए जो जगह आरक्षित की गई थी, वहां पर भी विष्णुदेव साय सरकार के संरक्षण में हसदेव के जंगलों में बेधड़क कटाई हो रही है।जंगलों की कटाई से डरे वन्य प्राणी अब गांवों में जाकर लोगों पर हमला कर रहे हैं।हाथी भी भयभीत हैं और जंगलों से बाहर निकल गांव में घुस रहे हैं। इसी का परिणाम है कि शिवचरण की मौत हाथी के कुचलना से हुई है। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हसदेव अरण्य में कटाई पर रोक लगाई थी और केंद्र की भाजपा सरकार से हसदेव क्षेत्र में खदानों के आवंटन को निरस्त करने की मांग भी की थी। कांग्रेस सरकार के दौरान भाजपा हसदेव क्षेत्र में खनन और जंगलों की कटाई के विरोध में थे, अब उन्हें कांग्रेस सरकार के द्वारा पारित संकल्प को आधार बनाकर केंद्र सरकार से हसदेव अरण्य क्षेत्र में जंगलों की कटाई और खदानों के आवंटन को रद्द करना चाहिए। दुर्भाग्य की बात है प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री होने के बावजूद आदिवासी वर्ग की आवाज सुनी नहीं जा रही है। जंगलों की कटाई का विरोध कर रहे आदिवासियों को डराया, धमकाया जा रहा है, जेल में बंद किया जा रहा है।